डांडिया महारास प्रांगण में खड़ा किया इको फ्रेंडली रावण का पुतला, आज होगा दहन

0
11

​कोटा। सर्व हिंदू समाज सोशल क्रांतिकारी महासंघ की ‘पर्यावरण संरक्षण प्रहरी कोटा’ मुहिम के अंतर्गत तृतीय चरण में स्थापित ‘इको फ्रेंडली रावण दहन क्लब’ द्वारा इस वर्ष 15 फीट ऊंचे इको फ्रेंडली रावण के पुतले का मंगलवार को वैदिक रीति से दहन किया जाएगा।

महासंघ के मुख्य संयोजक अध्यक्ष गोविंद नारायण अग्रवाल के संयोजन में तैयार इस विशेष पुतले का मखमली, रेशमी वस्त्रों एवं जरी से भव्य श्रृंगार किया गया है। संस्थापक महामंत्री एवं प्रवक्ता राजाराम जैन ‘कर्मयोगी’ (रावण सरकार) ने जानकारी दी कि रोटेदा रोड गुरुधाम कॉलोनी कोटा जंक्शन पर इको फ्रेंडली नवदुर्गा क्लब द्वारा आयोजित डांडिया महारास कार्यक्रम प्रांगण में पुतले के समक्ष गरबा करते हुए शक्ति स्वरूपा मां दुर्गा की आराधना की।

इको फ्रेंडली रावण दहन क्लब द्वारा आयोजित रावण दहन कार्यक्रम में प्रकांड कर्मकांडी पंडित विनीत शर्मा एवं उनके समूह द्वारा वैदिक मंत्रोचार के साथ रावण दहन (अंतिम संस्कार) संपन्न कराया जाएगा।

​रावण दहन की इस पवित्र एवं पर्यावरण-अनुकूल वैदिक प्रक्रिया में 1 पीपा देसी घी, 108 नारियल , 11 किलोग्राम हवन सामग्री, 5 किलोग्राम चंदन की लकड़ी, 1 किलोग्राम कपूर तथा 2 किलो अगर-तगर व 1 किलो गूगल का उपयोग किया जाएगा।

पुतला दहन से पूर्व ‘राम कला संस्थान’ के निदेशक दीपक शर्मा एवं उनके कलाकार समूह द्वारा प्रभु श्री राम, लक्ष्मण, हनुमान, अंगद एवं जामवंत की लीलाओं तथा रावण वध का जीवंत मंचन किया जाएगा।

​इको फ्रेंडली रावण दहन क्लब के मुख्य संरक्षक अध्यक्ष डॉ. एमएल अग्रवाल ने बताया कि नई पीढ़ी में पर्यावरण-अनुकूल त्योहार मनाने के संस्कार सिंचित करने के उद्देश्य से क्लब द्वारा 7 फीट ऊंचे 10 इको फ्रेंडली रावण के पुतले इको फ्रेंडली रावण दहन करने के इच्छुक व्यक्तियों को नि:शुल्क वितरित किए गए।