शोभायात्रा में चांदी की पालकी में अग्रसेन की झांकी को मातृशक्ति कंधों पर उठाएगी

0
13

कोटा। अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन, कोटा के तत्वावधान में 11 अक्टूबर को भव्य शोभायात्रा एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। संस्था के अध्यक्ष विजय गुप्ता एवं महामंत्री सत्यनारायण अग्रवाल ने बताया कि मुख्य शोभायात्रा दोपहर 2 बजे गीता भवन से प्रारंभ होगी।

शोभायात्रा में मातृशक्ति चांदी की पालकी में महाराजा अग्रसेन की झांकी को अपने कंधों पर उठाएगी। इसके अलावा माता माधवी, श्याम बाबा की सजीव झांकियां, घोड़ी नृत्य, बैंड-बाजे और पारंपरिक ड्रेस कोड में शामिल महिला-पुरुष मुख्य आकर्षण रहेंगे।

प्रवक्ता संजय गोयल ने बताया कि शोभायात्रा पर ड्रोन से पुष्प वर्षा की जाएगी और मार्ग में 101 स्वागत द्वार बनाए जाएंगे। समाज की 40 प्रमुख इकाइयां इसमें भाग लेंगी। यह यात्रा सब्जी मंडी, अग्रसेन बाजार, रामपुरा और खाई रोड होते हुए अग्रसेन सर्किल पहुंचेगी, जहां पूजन व महाआरती होगी।

तत्पश्चात नयापुरा स्थित स्टेडियम में विशाल महासंगम व सम्मान समारोह आयोजित होगा, जिसमें 10,000 से अधिक समाजजन जुटेंगे। समारोह में समाज की 40 संस्थाओं के पदाधिकारियों व भामाशाहों को सम्मानित किया जाएगा।

युवा सम्मेलन के अध्यक्ष अजय गोयल व महामंत्री धर्मेंद्र मित्तल ने बताया कि शोभायात्रा के लिए घर-घर पीले चावल देकर निमंत्रण दिया जा रहा है। संयोजक राजेंद्र अग्रवाल व मोहनलाल अग्रवाल ने अपील की है कि 11 अक्टूबर को सभी अग्रवाल बंधु अपने घरों पर अग्रवंश का भगवा ध्वज फहराएं और शाम को दीपक जलाकर दीपोत्सव मनाएं।

महिला अध्यक्ष शालू अग्रवाल ने बताया कि कार्यक्रम में मुख्य अतिथि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला होंगे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक संदीप शर्मा, उप महापौर विवेक राजवंशी, अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बसंत कुमार मित्तल, महामंत्री गोपाल गोयल, पार्षद सुरेंद्र अग्रवाल, लोकेश गुप्ता, जगदीश जिंदल और समाजसेवी संदीप अग्रवाल चांदीवाला उपस्थित रहेंगे।

अग्रसेन चौराहे पर आज सजेगा फूल बंगला
शहर में विभिन्न सामाजिक व धार्मिक संगठनों द्वारा विविध सांस्कृतिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन होंगे। जयंती की पूर्व संध्या पर शनिवार को ​501 दीपों से महाआरती और डांडिया रास का आयोजन किया जाएगा।

अध्यक्ष आशु गुप्ता ने बताया कि एवंअग्रवाल फ्रेंड्स क्लब के तत्वावधान में शनिवार शाम 6 बजे अग्रसेन चौराहे पर महाराजा अग्रसेन जी की प्रतिमा का आकर्षक पुष्पों से भव्य श्रृंगार कर ‘फूल बंगला’ सजाया जाएगा। महामंत्री दीपांशु अग्रवाल ने संयुक्त रूप से बताया कि कार्यक्रमों की शुरुआत शाम 5 बजे बाराद्वारी पर महिलाओं द्वारा पारंपरिक दीपदान के साथ होगी।

संगीतमय सुंदरकांड पाठ
समाज शिरोमणि महाराजा अग्रसेन जी की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित अग्रसेन जयंती महोत्सव 2026 के अंतर्गत अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन सुंदरकांड ग्रुप एवं महिला मंडल की ओर से अग्रसेन भवन में भव्य संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। इस धार्मिक आयोजन से पूरा परिसर भक्ति रस में सराबोर हो गया और श्रद्धालुओं ने हनुमान जी महाराज की संगीतमय आराधना कर समाज व शहर की सुख-समृद्धि की कामना की।

सुंदरकांड मंडली द्वारा प्रस्तुत की गई मधुर चौपाइयों और हनुमान जी के भजनों ने संपूर्ण वातावरण को अलौकिक एवं भक्तिमय बना दिया। पाठ के दौरान उपस्थित श्रद्धालुओं द्वारा लगाए गए ‘जय श्री राम’ और ‘जय श्री अग्रसेन’ के गगनभेदी जयकारों से अग्रसेन भवन गूंज उठा।