वंदे भारत ट्रेन के खाने में परोसा बोल्ट बड़ा, जानिए IRCTC ने क्या कहा

0
1

नई दिल्ली। वंदे भारत ट्रेन में सफर कर रहे एक यात्री को नाश्ते में परोसे गए वड़े में जंग लगा लोहे का बोल्ट मिला। यात्री ने इसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर कर रेलवे और आईआरसीटीसी से शिकायत की।

मामला सामने आने के बाद आईआरसीटीसी ने असुविधा के लिए माफी मांगी और संबंधित कैटरिंग ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जानकारी दी। यात्री की यह पोस्ट काफी वायरल हो गई और यूजर्स ने अपनी-अपनी प्रतिक्रियाएं दीं।

यह मामला बेंगलुरु से बेलगावी जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस का है। यात्री समर्थ कोडियल (Samarth Kodial) ट्रेन में सफर कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें नाश्ते में दिए गए वड़े के साथ एक बड़ा और जंग लगा हुआ धातु का बोल्ट मिला।

यात्री ने वड़े और बोल्ट की तस्वीरें एक्स पर पोस्ट कीं। उन्होंने लिखा कि वंदे भारत के खाने में बोल्ट मिलना फूड क्वॉलिटी की जांच में बड़ी चूक है। उन्होंने अपनी पोस्ट में भारतीय रेलवे और आईआरसीटीसी को भी टैग किया, ताकि अधिकारियों तक शिकायत पहुंच सके।

तस्वीरों में प्लेट में रखा आधा खाया हुआ वड़ा और उसके पास एक मोटा, जंग लगा बोल्ट दिखाई दे रहा है। इस पोस्ट के सामने आने के बाद रेलवे में यात्रियों को दिए जाने वाले खाने की गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर सवाल उठने लगे।

सोशल मीडिया पर शिकायत वायरल होने के बाद आईआरसीटीसी ने यात्री से माफी मांगी। संस्था ने जवाब में कहा कि हुई असुविधा के लिए उसे खेद है। आईआरसीटीसी के मुताबिक, खाना सप्लाई करने वाले कैटरिंग ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है। साथ ही रसोई कर्मचारियों को खाने की तैयारी के दौरान तय मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का सख्ती से पालन करने की चेतावनी दी गई है।

आईआरसीटीसी ने स्थानीय अधिकारियों को संबंधित बेस किचन का विस्तार से निरीक्षण करने और खाना बनाने से पहले वहां इस्तेमाल होने वाली मशीनों की जांच करने के निर्देश भी दिए हैं।

सोशल मीडिया पर लोगों ने लिए मजे
इस घटना पर सोशल मीडिया यूजर्स ने नाराजगी जताने के साथ-साथ मजाकिया टिप्पणियां भी कीं। कई लोगों ने वड़े में मिले बोल्ट को लेकर इसे ‘बोल्ट वड़ा’ नाम दे दिया।

Raveen K Pai नामक यूजर ने मजाक में लिखा कि रेलवे यात्रियों के शरीर में आयरन की मात्रा बढ़ाने में मदद कर रहा है। Adv. Manan Agrawal नामक यूजर ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को टैग करते हुए इसे ‘आयरन से भरपूर खाना’ बताया।

nallagandla common man नामक यूजर ने लिखा, ‘यह IRCTC का नया आइटम है- वंदे भारत का बोल्ट वड़ा।’ वहीं, Uthkand Capital नामक यूजर ने मजाक में कहा कि यात्री ने खाने में ज्यादा आयरन मांगा था और पेंट्री कार ने 99% आयरन वाला खाना दे दिया।