राजस्थान डोमेस्टिक ट्रेवल मार्ट में देखा टूर ऑपरेटर्स ने हाड़ोती का पर्यटन वैभव

0
19

B2B मीटिंग में हाड़ोती को अपनी आइटनरी में शामिल करने पर बनी सहमति

कोटा। जयपुर के बिरला ऑडिटोरियम में आयोजित तीन दिवसीय राजस्थान डोमेस्टिक ट्रेवल मार्ट में होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन की 15 सदस्यीय टीम ने संभागीय अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी के नेतृत्व में देशभर से आए टूर ऑपरेटरों के साथ B2B मीटिंग कर हाड़ोती के पर्यटन स्थलों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया।

ट्रेवल मार्ट में 26 राज्यों से आए टूर ऑपरेटरों तथा देशभर से लगाए गए करीब 200 स्टॉल्स के माध्यम से हाड़ोती को नई पर्यटन डेस्टिनेशन के रूप में प्रस्तुत किया गया। कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी एवं महासचिव संदीप पाडिया ने बताया कि फेडरेशन की टीम द्वारा कोटा, बूंदी, बारां और झालावाड़ के प्रमुख पर्यटन स्थलों के साथ-साथ हाड़ोती के पर्यटन इंफ्रास्ट्रक्चर, होटल-रिसोर्ट, खान-पान एवं स्थानीय संस्कृति की विस्तृत जानकारी टूर ऑपरेटरों को दी गई।

साथ ही 3 दिन एवं 2 रात से लेकर 7 दिन एवं 6 रात तक के विभिन्न टूर पैकेज की जानकारी भी ट्रेवल मार्ट के स्टॉल्स एवं B2B मीटिंग के माध्यम से दी गई। टीम द्वारा मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व, चंबल सफारी एवं रामगढ़ विषधारी अभयारण्य का विशेष प्रचार-प्रसार किया गया।

इसके साथ ही अक्टूबर माह में आयोजित होने वाले कोटा दशहरा मेला, नवंबर में बूंदी महोत्सव तथा दिसंबर में कोटा महोत्सव के दौरान अधिक से अधिक पर्यटकों को हाड़ोती लाने के लिए टूर ऑपरेटरों से आग्रह किया गया।

B2B मीटिंग के दौरान टूर ऑपरेटरों द्वारा हाड़ोती के लिए विशेष एवं आकर्षक पैकेज उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया। इस पर फेडरेशन के अध्यक्ष माहेश्वरी ने कहा कि हाड़ोती आने वाले पर्यटकों के लिए राज्य के किफायती टूर पैकेज उपलब्ध कराने तथा बेहतर आतिथ्य सत्कार की कार्ययोजना तैयार की जा रही है।

हाड़ोती के सभी होटल एवं रिसोर्ट संचालक कोटा महोत्सव एवं दशहरा मेले के दौरान विशेष रियायती पैकेज की शीघ्र घोषणा करेंगे, जिससे अधिक से अधिक पर्यटक हाड़ोती की संस्कृति, विरासत एवं आयोजनों का आनंद ले सकें।

माहेश्वरी ने कहा कि फेडरेशन के निरंतर प्रयासों, कोटा हाड़ोती ट्रेवल मार्ट की सफलता तथा हाड़ोती के प्रचार-प्रसार से प्रभावित होकर कई टूर ऑपरेटरों ने फेम टूर के माध्यम से हाड़ोती भ्रमण की इच्छा व्यक्त की। साथ ही कोटा हाड़ोती ट्रेवल मार्ट का पुनः कोटा में आयोजन किए जाने और उसमें भाग लेने पर भी सहमति व्यक्त की।

उन्होंने बताया कि विभिन्न टूर ऑपरेटरों ने हाड़ोती को पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण डेस्टिनेशन मानते हुए अपनी आइटनरी में हाड़ोती को शामिल करने की सहमति दी है। इससे आगामी पर्यटन सीजन में हाड़ोती में देशभर से पर्यटकों के आगमन की संभावनाएं बढ़ेंगी।

होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान के अध्यक्ष हुसैन खान एवं सचिव रणविजय सिंह ने कहा कि राजस्थान डोमेस्टिक ट्रेवल मार्ट में हाड़ोती का पांडाल विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। उन्होंने बताया कि हाड़ोती को नई पर्यटन डेस्टिनेशन के रूप में देखा जा रहा है और अनेक टूर ऑपरेटरों ने अपनी आइटनरी में हाड़ोती को शामिल करने की बात कही है।

होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान के संरक्षक सुरेंद्र सिंह शाहपुरा ने राजस्थान डोमेस्टिक ट्रेवल मार्ट-2026 की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि ट्रेवल मार्ट में हाड़ोती द्वारा पहली बार बड़े स्तर पर भागीदारी करना स्वागत योग्य कदम है। उन्होंने कहा कि हाड़ोती को पर्यटन के मानचित्र पर प्रमुख स्थान दिलाने के लिए फेडरेशन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी एवं उनकी टीम द्वारा किए जा रहे प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आने लगे हैं।

राजस्थान डोमेस्टिक ट्रेवल मार्ट के दौरान बीकानेर से वसुंधरा शिखा, राजस्थान एसोसिएशन ऑफ टूर ऑपरेटर्स के अध्यक्ष महेंद्र सिंह तथा होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, अजमेर डिवीजन के अध्यक्ष प्रवीण प्रताप सिंह सहित कई प्रतिनिधियों ने हाड़ोती पर्यटन के बारे में जानकारी ली।

ट्रेवल मार्ट में जयपुर गई कोटा डिवीजन की टीम ने तीन दिनों तक हाड़ोती पर्यटन का प्रचार-प्रसार एवं मार्केटिंग की। टीम में अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी, महासचिव संदीप पाडिया, सलाहकार अनिल मूंदड़ा, गणपत लाल शर्मा, पवन मूंदड़ा, निमेश पाराशर, बूंदी से राज कुमार चौधरी तथा झालावाड़ से वीरेंद्र सिंह झाला प्रमुख रूप से शामिल रहे।