Mayor Election: किसके सिर सजेगा कोटा में मेयर का ताज, अनुसईया या कोई और

0
13

कोटा। Kota Nagar Nigam Mayor Election: नगर निगम चुनाव में स्पष्ट बहुमत मिलने के बाद अब बीजेपी में मेयर पद के चुनाव को लेकर रेस तेज हो गई हैं। कोटा में नया मेयर कौन होगा, इसे लेकर पार्टी के भीतर गहन मंथन जारी है। कोटा दक्षिण विधानसभा क्षेत्र से भाजपा को मिले भारी जनादेश के बाद माना जा रहा है कि शहर की नई ओबीसी महिला मेयर इसी क्षेत्र से चुनी जा सकती हैं।

वर्तमान में मेयर पद की दौड़ में मुख्य रूप से 5 महिला पार्षदों के नाम सामने आ रहे हैं, जिनमें वार्ड 83 से सीमा चौधरी सबसे आगे नज़र आ रही हैं, जबकि पूर्व में रेस में आगे चल रहीं अनुसुइया गोस्वामी अब कुछ पीछे छूटती दिख रही हैं।

पार्टी के विश्वस्त सूत्रों और राजनीतिक रणनीतिकारों के अनुसार, कोटा दक्षिण विधानसभा क्षेत्र से मेयर बनाए जाने की संभावना सबसे अधिक है, क्योंकि भाजपा को यहां से बड़ा बहुमत मिला है। हालांकि, पार्टी नेतृत्व संतुलन बनाए रखने के लिए अन्य विधानसभा क्षेत्रों के प्रमुख दावेदारों के नामों पर भी विचार-विमर्श कर रहा है।

सीमा चौधरी (वार्ड 83): दक्षिण विधानसभा से चुनाव जीतकर आईं सीमा चौधरी इस समय मेयर पद की सबसे प्रबल और मजबूत दावेदार मानी जा रही हैं। गौरतलब है कि जिस वार्ड 83 से वे जीती हैं, उसी वार्ड में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला का निवास स्थान भी है। उनके पति धीरेंद्र चौधरी पूर्व में पार्षद रह चुके हैं। साथ ही पार्टी संगठन में एक कुशल रणनीतिकार के रूप में जाने जाते हैं।

अनुसूइया गोस्वामी (वार्ड 98): भाजपा की पूर्व प्रदेश मंत्री रह चुकीं अनुसूइया गोस्वामी लोकसभा अध्यक्ष की टीम की एक बेहद सक्रिय और मजबूत महिला कार्यकर्ता हैं। शुरुआत में वे दक्षिण विधानसभा से मेयर पद की बेहद मजबूत दावेदार मानी जा रही थीं, लेकिन हालिया राजनीतिक समीकरणों के चलते उनकी दावेदारी थोड़ी कमजोर पड़ी है।

दीपिका शर्मा (वार्ड 94): जांगिड़ समाज और ओबीसी वर्ग से आने वाली दीपिका शर्मा भी मेयर की दौड़ में मजबूती से बनी हुई हैं। माना जा रहा है कि उन्हें एक सोची-समझी रणनीति के तहत चुनाव मैदान में उतारा गया था। यदि पार्टी किसी अप्रत्याशित नाम पर मुहर लगाती है, तो उनका नाम सबको चौंका सकता है।

सुनीता सेन (वार्ड 57): दक्षिण विधानसभा क्षेत्र से चुनाव जीतीं सुनीता सेन राष्ट्र सेविका समिति से जुड़ी रही हैं। वे ओबीसी वर्ग की प्रमुख जाति ‘सैन समाज’ से आती हैं। उन्होंने चुनाव में अपनी मजबूत प्रतिद्वंद्वी अमोलक देवी को हराकर शानदार जीत दर्ज की है, जिसके चलते उनका दावा भी बेहद मजबूत माना जा रहा है।

प्रतिभा सुमन (वार्ड 64): लाडपुरा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले वार्ड 64 से चुनाव जीतीं प्रतिभा सुमन की दावेदारी जातीय समीकरणों के लिहाज से काफी अहम है। माली समाज से आने वाली प्रतिभा सुमन की दावेदारी इसलिए भी मजबूत है क्योंकि पूरे कोटा जिले और संसदीय क्षेत्र में माली समाज का एक बड़ा और निर्णायक वोट बैंक है।