खेल प्रतियोगिता, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, रक्तदान शिविर और शोभायात्रा से सजेगा समारोह
कोटा। श्री महर्षि दधीचि छात्रावास समिति कोटा की ओर से 17 से 19 सितंबर तक श्री महर्षि दधीचि जयंती समारोह का आयोजन होगा। समारोह में हाड़ौती सहित देशभर से सैकड़ो समाजबंधु सपरिवार शामिल होंगे।
समिति के अध्यक्ष रविन्द्र जोशी ने बताया कि 19 सितंबर को आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में परबतसर निवासी एवं अखिल भारतवर्षीय दाधीच ब्राह्मण महासभा के पूर्व राष्ट्रीय महामंत्री ओमप्रकाश शर्मा मुख्य अतिथि होंगे। डॉ. चंद्र प्रकाश आचार्य, जयपुर तथा भंवरलाल दाधीच, नयागांव बारां विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
समिति के मंत्री निमेष पुरोहित ने बताया कि समारोह का शुभारंभ 17 सितंबर को अपराह्न 3 बजे महिला एवं पुरुष खेल प्रतियोगिताओं के साथ होगा। महिला वर्ग में मेहंदी, रंगोली, थाली सजाओ और कुर्सी दौड़ जैसी प्रतियोगिताएं होंगी। वहीं पुरुष वर्ग में बैडमिंटन, कैरम और रस्साकशी सहित विभिन्न खेल आयोजित किए जाएंगे।
प्रश्नोत्तरी और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में दिखेगी प्रतिभा
18 सितंबर को शाम 7 बजे महर्षि दधीचि के जीवन एवं योगदान पर आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता होगी। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें विभिन्न आयु वर्ग के प्रतिभागी गायन, वादन और नृत्य की प्रस्तुतियां देंगे। महिला मंडल अध्यक्ष स्मिता शर्मा ने बताया कि सांस्कृतिक कार्यक्रम में डॉ. रीना दाधीच, डॉ. हर्षिता दाधीच एवं डॉ. मनीषा दाधीच को अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है।
वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन-अभिषेक
समिति के मुख्य सलाहकार नागेश दाधीच ने बताया कि 19 सितंबर को सुबह 9 बजे श्री महर्षि दधीचि एवं मां दधिमती का पूजन, अभिषेक और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ धार्मिक अनुष्ठान होंगे। इसके बाद हवन एवं आरती का आयोजन किया जाएगा। सुबह 11 बजे दधिमती भवन के नवनिर्मित हॉल में श्री महर्षि दधीचि के जीवन चरित्र एवं योगदान पर आधारित प्रदर्शनी का शुभारंभ होगा। प्रदर्शनी के माध्यम से समाजबंधुओं को महर्षि दधीचि के त्याग, तपस्या और समाज के प्रति योगदान से परिचित कराया जाएगा।
प्रतिभाओं और समाजसेवियों का होगा सम्मान
समिति के द्वितीय मुख्य सलाहकार नरेन्द्र मोहन दाधीच ने बताया कि 19 सितंबर को दोपहर 2 बजे प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें समाज के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं, कन्या जन्म देने वाली माताओं, खेल एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के विजेताओं तथा जिला, संभाग एवं राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित दाधीच समाजबंधुओं का सम्मान किया जाएगा। इसके साथ ही राजकीय सेवा में नवनियुक्त एवं सेवानिवृत्त समाजबंधुओं, अंगदान एवं देहदान करने वाले व्यक्तियों तथा हाड़ौती के दाधीच समाज के चिकित्सकों और अधिवक्ताओं को प्रमाणपत्र एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया जाएगा।
शिविर में मिलेंगी चिकित्सा सेवाएं
डा एल एन शर्मा ने बताया कि 19 सितंबर को सुबह 10 बजे विशाल रक्तदान शिविर एवं निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का शुभारंभ होगा। शिविर में वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. रामपाल, आयुर्वेदाचार्य डॉ. पत्ता सिंह सोलंकी, डॉ. मुक्ति शर्मा, डॉ. नेहा मारू एवं डॉ. भावेश जिंदल सहित चिकित्सक सेवाएं देंगे। वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ साकेत गोयल सीपीआर तकनीक का प्रदर्शन कर लोगों को आपात स्थिति में सीपीआर देने की प्रक्रिया की जानकारी देंगे।
शाम 5 बजे निकलेगी विशाल शोभायात्रा
समिति के कोषाध्यक्ष सुनील शर्मा ने बताया कि 19 सितंबर को शाम 5 बजे विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसमें श्री महर्षि दधीचि की झांकियों सहित विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक झांकियां शामिल होंगी। शोभायात्रा के बाद समाजबंधुओं के लिए सामूहिक भोजन-प्रसादी का आयोजन किया जाएगा।

