रेल यात्रियों को अब सामान लेकर नहीं घूमना पड़ेगा, डिजिटल लॉकर में ऐसे बुक करें लगेज

0
9

नई दिल्ली। हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार करते समय अब यात्रियों को भारी सामान लेकर घूमना नहीं पड़ेगा। उत्तर रेलवे के दिल्ली मंडल ने नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन समेत चार प्रमुख स्टेशनों पर डिजिटल लगेज लॉकर की सुविधा शुरू की है।

यात्री मोबाइल नंबर और OTP के जरिए लॉकर बुक करके अपना सामान सुरक्षित रख सकेंगे। यह सुविधा नई दिल्ली और निजामुद्दीन स्टेशन पर सुविधा शुरू हो गई है। दिल्ली जंक्शन और आनंद विहार टर्मिनल पर इसे जल्द शुरू किया जाएगा।

रेलवे के अनुसार, नई दिल्ली, हजरत निजामुद्दीन, दिल्ली जंक्शन और आनंद विहार टर्मिनल स्टेशनों पर अब डिजिटल लॉकर सुविधा मिलेगी। यह सुविधा उनके लिए उपयोगी होगी, जिन्हें ट्रेन के लिए लंबे समय इंतजार करना है या जो स्टेशन से बाहर घूमने जाना चाहते हैं, पर भारी लगेज की वजह से नहीं जा पाते।

ऐसे बुक करें लॉकर लॉकर
बुक करने के लिए यात्री को पहले मोबाइल नंबर दर्ज कर OTP सत्यापित करना होगा। इसके बाद लॉकर का आकार और कितने समय के लिए चाहिए, यह तय करने के बाद डिजिटल भुगतान करना होगा। भुगतान Google Pay, Paytm, PhonePe समेत उपलब्ध डिजिटल माध्यमों से किया जा सकता है।

ऐसे वापस ले सकेंगे सामान
सामान वापस लेने के लिए लॉकर मशीन पर अपना मोबाइल नंबर डालना होगा। OTP सत्यापन के बाद ‘Release’ विकल्प पर क्लिक करते ही लॉकर खुल जाएगा। फिर सामान निकाल सकेंगे।

इन जगहों पर हैं लॉकर
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के प्लैटफॉर्म नंबर 16 के पास मेन हॉल में डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड के नीचे लॉकर लगाए गए हैं। वहीं, हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के मुख्य एंट्री गेट के पास सीढ़ियों के बगल में लॉकर की सुविधा उपलब्ध है। दोनों स्टेशनों पर डिजिटल लॉकर सुविधा 24X7 उपलब्ध रहेगी।