कोटा नगर निगम चुनाव: वार्ड 11, 44 और 87 में भी खिलेगा कमल: हरिकृष्ण बिरला

0
11

कोटा। भाजपा शहर जिलाध्यक्ष राकेश जैन ने कहा कि कोटा के मतदाताओं ने कोटा निकाय चुनाव में 97 में से 55 सीटे देकर भारतीय जनता पार्टी को स्पष्ट बहुमत दे दिया है। भाजपा की डबल इंजन की सरकार में निगम का एक ओर इंजन जोडकर ट्रिपल इंजन की ताकत बना दी है ।

उपभोक्ता होलसेल भंडार अध्यक्ष हरिकृष्ण बिरला के सानिध्य में वार्ड 44 से निर्दलीय प्रत्याशी ओम राठौर ने भाजपा प्रत्याशी प्रेम गौड को समर्थन दिया। जिलाध्यक्ष राकेश जैन ने पार्टी दुपट्टा पहनाकर भाजपा की सदस्यता दिलवाई।

हरिकृष्ण बिरला ने कहा कि अब कोटा नगर निगम में भाजपा का बोर्ड बनना तय है। तीन वार्डों 11, 44 व 87 में कुछ भागों में 16 सितंबर को पुनः मतदान होना है। कोटा के मतदाताओं के रूझान से स्पष्ट है कि निश्चित रूप से इन वार्डों में भी कमल खिलेगा एवं विकास की गंगा पूरे कोटा शहर में बहेगी।

कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा ने कहा की कांग्रेस कहती थी , पांच साल में सात हजार करोड़ के काम करवाये,जबकि भाजपा की सरकार ने सिर्फ ढाई साल में ही नौ हजार करोड़ से ज्यादा के विकासात्मक कार्य करवा दिये। आने वाले समय में कोटा विकसित शहर बनने वाला है।

भाजपा जिलाध्यक्ष ने वार्ड 11 और 44 में भाजपा के पक्ष में समर्थन मांगा वहीं विधायक संदीप शर्मा ने वार्ड 87 में समर्थन की अपील की। इसके साथ ही उन्होंने भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं के साथ बैठकर, मतदान की रूपरेखा तय की,एवं कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया।