धाकड़ समाज का दो दिवसीय धरणीधर जयंती महोत्सव का रंगारंग शुभारंभ आज

0
8

कोटा। धाकड़ समाज के आराध्य देव भगवान धरणीधर की जयंती महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। ​कोषाध्यक्ष महावीर नागर अंथडा ने बताया कि दो दिवसीय धरणीधर जयंती महोत्सव का रंगारंग शुभारंभ 1 सितंबर को भव्य भजन संध्या के साथ होगा। जिसमें सुप्रसिद्ध भजन गायकों द्वारा सुमधुर भजनों की प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इसी दौरान मुख्य कलश की बोली की प्रक्रिया भी संपन्न कराई जाएगी।

महोत्सव के मुख्य दिन 2 सितंबर को सीएडी ग्राउंड से एक विशाल वाहन रैली निकाली जाएगी। जिसे ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा। इसके साथ ही श्री दंडवीर हनुमान मंदिर (महावीर नगर तृतीय) से शोभायात्रा यात्रा प्रारंभ होगी।

इस शोभायात्रा में समाज की महिलाएं पारंपरिक पीली साड़ी और लहरिया परिधान में सम्मिलित होकर धार्मिक छटा बिखेरेंगी। यह मंगल कलश यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई रंगबाड़ी बालाजी मंदिर के रास्ते धरणीधर गार्डन पहुंचेगी। जहां यह एक विशाल धर्म सभा में परिवर्तित होगी।

​समारोह को सुव्यवस्थित और विशाल रूप देने के लिए समाज बंधुओं की प्रमुख कार्य समितियां गठित की गई हैं। इन समितियों में शोभायात्रा प्रमुख पद पर चंद्रप्रकाश नागर प्रणेता, भजन संध्या समिति प्रमुख डॉ. रामेश्वर, भोजन निर्माण समिति प्रमुख फूलचंद ढोटी, भोजन वितरण समिति प्रमुख दीनदयाल चंद्रशेल, जल व्यवस्था समिति प्रमुख रमेश जाखोड़ा, मंच व्यवस्था समिति प्रमुख रमेश चतरपुरा तथा प्रचार-प्रसार समिति प्रमुख पद पर रामकुमार नागर को जिम्मेदारी सौंपी गई है।