लाड़ली बहना रक्षासूत्र समारोह: बहनों ने ऊर्जा मंत्री नागर को बांधी स्नेह की डोर
कोटा। रक्षाबंधन के पावन पर्व के सुअवसर पर सांगोद क्षेत्र की मातृशक्ति को समर्पित भव्य “लाड़ली बहना रक्षासूत्र समारोह” का आयोजन पोलाईकलां स्थित कौशलाम फार्म हाउस पर उत्साह एवं श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ।
दीगोद एवं सीमलिया भाजपा मंडल द्वारा आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुँची लाड़ली बहनों ने राजस्थान सरकार के ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर के ललाट पर चंदन का टीका लगाकर, कलाई पर पवित्र रक्षासूत्र बांधा और नारियल भेंटकर उनकी लंबी उम्र की कामना की। ऊर्जा मंत्री ने बहनों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनकी सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा का दायित्व पूर्ण समर्पण के साथ निभाने का संकल्प लिया।
समारोह को संबोधित करते हुए ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि लाड़ली बहना रक्षासूत्र कार्यक्रम के माध्यम से मिलने वाला बहनों का आशीर्वाद एवं प्रेम ही जनता की सेवा करने की असली ताकत देता है।
बहनों द्वारा बांधी गई विश्वास की इस डोर को कभी टूटने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के प्रयासों में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला का भी निरंतर सहयोग मिल रहा है।
ऊर्जा मंत्री ने केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2014 के बाद देश की नारियों की पीड़ा को समझा और शौचालय निर्माण, उज्ज्वला योजना के तहत मुफ्त गैस सिलेंडर, जनधन खाते तथा आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं से महिलाओं का जीवन सुगम बनाया।
उन्होंने बताया कि लखपति दीदी योजना, लाडो प्रोत्साहन योजना तथा पीएम आवास योजना से मातृशक्ति आत्मनिर्भर बन रही है। इसके साथ ही किसान सम्मान निधि में प्रधानमंत्री की 6 हजार रुपये की राशि के साथ मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा द्वारा भी 6 हजार रुपये की अतिरिक्त राशि देने का संकल्प लिया गया है।
देहात जिलाध्यक्ष प्रेम गोचर ने कहा कि ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर के नेतृत्व में सांगोद क्षेत्र विकास और जनसेवा की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। जिला प्रमुख मुकेश मेघवाल ने कहा कि डबल इंजन की सरकार में महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सर्वांगीण विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। प्रधान कृष्णा शर्मा ने कहा कि भारतीय संस्कृति में रक्षाबंधन का पर्व भाई-बहन के अटूट स्नेह और समर्पण का प्रतीक है, जिसे आज सभी ने मिलकर चरितार्थ किया है।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष उछमा मीणा, इंद्र खंडेलवाल, जिला परिषद सदस्य राजनीता मेघवाल, एसटी मोर्चा जिला महामंत्री भीमराज मीणा, घनश्याम यादव, समाजसेवी गणपतलाल शर्मा, नंदकिशोर मालव, एल.एन. शर्मा, गिरिराज तिवारी, सरोज यादव, सुलतानपुर नगर पालिका प्रभारी सांवरिया बैरागी, जगदीश मेघवाल, प्रहलाद मराठा, नरेश नरूका और विशाल गोचर सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

