स्पीकर बिरला व मंत्री नागर 17 को सांगोद में ‘लाडली बहना’ रक्षाबंधन पर्व में लेंगे हिस्सा

0
5

लोकार्पण एवं शिलान्यास के साथ बहनें बाँधेंगी स्नेह की डोर, विकास कार्यों का देंगे उपहार

​कोटा। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला एवं ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर 17 अगस्त को रक्षाबंधन पर्व “लाडली बहना” में हिस्सा लेंगे। इस अवसर पर सांगोद एवं आसपास के क्षेत्रों से जुटने वाली हजारों बहनें लोकसभा अध्यक्ष एवं ऊर्जा मंत्री को रक्षासूत्र बांधकर दीर्घायु व क्षेत्र की समृद्धि का आशीर्वाद देंगी।

सांगोद नगर मण्डल अध्यक्ष चंद्रप्रकाश सोनी एवं देहात मण्डल अध्यक्ष मुरारी मेहता ने बताया कि यह स्नेहपूर्ण कार्यक्रम दोपहर 1 बजे कृषि उपज मण्डी के प्रांगण में आयोजित किया जाएगा।

इस अवसर पर सांगोद क्षेत्र के विकास को नई रफ्तार देने के लिए स्पीकर बिरला के कर कमलों से लगभग 12.05 करोड़ रुपए की लागत वाले विभिन्‍न महत्वपूर्ण विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण भी सम्पन्न होगा। ऊर्जा मंत्री नागर भी समारोह में मौजूद रहेंगे।

उन्होंने बताया कि कृषि उपज मंडी समिति द्वारा 5.49 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले 400×100 फीट विशाल डोम एवं सीसी सड़क कार्य, नगर पालिका क्षेत्र में 5 करोड़ रुपए की नाला/ड्रेनेज निर्माण योजना तथा सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा 85 लाख रुपये की लागत से सोरसन मेन रोड से ग्राम ठीमली (2.5 किमी) डामरीकरण सड़क निर्माण का लोकार्पण किया जाएगा।

इसके अतिरिक्त राजीविका के तहत 22 लाख रुपये से सीएलएफ कार्यशाला, गणेश कुंज मंदिर के पास व वार्ड नं. 24 में विश्राम स्थल, विधायक कोष से कुंदनपुर रोड हरिजन बस्ती में सामुदायिक भवन, महाराणा प्रताप कॉलोनी में गाड़िया लुहार व मारूभाट समाज हेतु टीनशेड तथा चरेलिया बस्ती के पास चौपाल निर्माण जैसे जनहितकारी कार्यों का शिलान्यास किया जाएगा।