शिविर में 500 से अधिक नागरिक हुए सरकारी योजनाओं से लाभांवित
कोटा। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की प्रेरणा और ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर के कुशल मार्गदर्शन में नगर पालिका सांगोद में आयोजित दो दिवसीय ‘सांसद जन सेवा अभियान’ विशेष शिविर का गुरुवार को समापन हुआ। जन सेवा शिविर में सांगोद क्षेत्र के सैकड़ों नागरिकों ने हिस्सा लिया और केंद्र तथा राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ उठाया।
दो दिवसीय शिविर के दौरान कुल 590 नागरिकों ने पंजीकरण कराया। जबकि कई लाभार्थियों ने एक से अधिक योजनाओं का लाभ प्राप्त किया।आमजन को राहत पहुंचाते हुए विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत सैकड़ों प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारित किया गया। इस दौरान खाद्य सुरक्षा योजना में सर्वाधिक 195 प्रकरण दर्ज कर पात्र परिवारों को जोड़ने की प्रक्रिया पूरी की गई।
आधार पंजीकरण एवं संशोधन के कुल 155 नागरिकों के आधार से जुड़े कार्य संपादित किए गए। वहीं जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र के 119 आवेदनों का निस्तारण किया गया। इसके अलावा 97 परिवारों के जनाधार कार्ड से संबंधित संशोधन व नए नामांकन किए गए, 69 किसानों को किसान सम्मान निधि योजना से जोड़ने व ई-केवाईसी प्रक्रिया पूर्ण की गई। साथ ही 43 श्रमिकों का पंजीकरण किया गया, 49 बुजुर्गों, दिव्यांगों व विधवा महिलाओं के सामाजिक सुरक्षा पेंशन आवेदन स्वीकृत किए गए। इसके अलावा राशन आधार सीडिंग (24 प्रकरण), मतदाता पहचान पत्र (26 प्रकरण), महिला एवं बाल विकास (21 प्रकरण) तथा विवाह प्रमाण पत्र (4 प्रकरण) जारी किए गए।
शिविर के समापन अवसर पर प्रधान जयवीर सिंह अमृतकुआं, उप प्रधान ओम नागर अडूसा तथा मण्डल अध्यक्ष चंद्रप्रकाश सोनी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। अतिथियों ने शिविर स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और लाभार्थियों को प्रमाण पत्र व दस्तावेज सौंपे।
सुशासन का लाभ सीधे धरातल पर
हमारा उद्देश्य अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पहुंचाना है। ‘सांसद जन सेवा अभियान’ के तहत आयोजित ये शिविर आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान का सशक्त माध्यम बने हैं। सांगोद की जनता का उत्साह यह दर्शाता है कि सुशासन का लाभ सीधे धरातल पर पहुंच रहा है। –ओम बिरला, लोकसभा अध्यक्ष
एक ही छत के नीचे सरकारी सेवाओं का लाभ
सांगोद नगर पालिका क्षेत्र में आयोजित इस दो दिवसीय शिविर से सैकड़ों परिवारों को एक ही छत के नीचे विभिन्न सरकारी सेवाओं का लाभ मिला है। आम नागरिक को अपने छोटे-छोटे कार्यों के लिए दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें, यही हमारी सरकार की प्राथमिकता है। हम आगे भी ऐसे जनकल्याणकारी आयोजनों के माध्यम से क्षेत्रवासियों की सेवा में तत्पर रहेंगे। -हीरालाल नागर, ऊर्जा मंत्री

