कोटा के जवाहर नगर में 12.50 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास

0
4

कोटा। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने रविवार को जवाहर नगर में करीब 12.50 करोड़ रुपए की लागत के विकास कार्यों के लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। बिरला ने कहा कि क्षेत्रवासियों के सुझाव और उनकी आवश्यकताएं ही विकास की प्राथमिकता तय करेंगी।

उन्होंने स्थानीय निवासियों से आग्रह किया कि क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं और भविष्य की आवश्यकताओं से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव साझा करें, ताकि उसी के अनुरूप विकास कार्यों की योजना बनाई जा सके।

विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड को आदर्श वार्ड बनाया जाएगा। क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान किया जाएगा और विकास कार्यों को गति देकर कोटा दक्षिण विधानसभा को प्रदेश की नंबर 1 विधानसभा बनाने का प्रयास करेंगे।

इस दौरान राम मंदिर के सिंहद्वार, काली माता मंदिर पार्क विकास, प्रवेश द्वार, सड़क, ड्रेनेज, डिवाइडर सहित विभिन्न जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास हुआ। इससे क्षेत्र की गलियों, मुख्य मार्गों और सेक्टर में आवागमन तथा जल निकासी की व्यवस्थाएं और बेहतर होंगी।

कार्यक्रम को भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष सुदर्शन गौतम व मण्डल अध्यक्ष दीनू बंजारा ने भी संबोधित किया। पूर्व यूआईटी चेयरमेन रामकुमार मेहता, राजेन्द्र मित्तल, पूर्व पार्षद महक गौतम, सुरेन्द्र कलवार, लहरी शंकर गौतम, अमित गुप्ता, कुशाग्र शर्मा, लवेश सोनी, संजय पारेता, अशोक सिंह, विजय भारद्वाज आदि मौजूद रहे।