कोटा। ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर की विशेष अनुशंसा व प्रयासों के फलस्वरूप जिले के सांगोद विधानसभा क्षेत्र की तीन ग्राम पंचायतों मोरपा, बनेटिया और सारोला को आबादी विस्तार के लिए निशुल्क भूमि का आवंटन किया गया है।
जिला प्रशासन द्वारा राजस्थान भू-राजस्व अधिनियम 1956 की धारा 92 एवं 102 (क) के तहत जारी स्वीकृतियों के अनुसार, ग्रामीण सेवा शिविरों और राज्य सरकार के निर्देशों के अनुसरण में इन भूमियों को संबंधित ग्राम पंचायतों के अधीन आबादी विस्तार प्रयोजनार्थ निशुल्क आवंटित किया गया है।
ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में निरंतर बढ़ रही आबादी को ध्यान में रखते हुए आवास एवं विकास कार्यों के लिए भूमि की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इस आवंटन से ग्रामीण परिवारों को आवास निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध हो सकेगी तथा पंचायतों के बुनियादी ढांचे का सुचारू विकास संभव हो पाएगा।
जिला कलक्टर कार्यालय द्वारा तहसीलदार दीगोद को उक्त आवंटित भूमियों का अमल-दरामद अभिलंब राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि विकास कार्यों को बिना किसी विलंब के गति दी जा सके।
ग्राम पंचायतवार भूमि आवंटन का विवरण
- ग्राम पंचायत मोरपा:
क्षेत्रफल: विभिन्न खसरा नंबरों (खसरा नं. 430, 431, 501, 552/924, 749, 750, 751, 765, 766, 767, 768, 769, 771, 800) की कुल 14 किता में दर्ज 16.99 हेक्टेयर सिवायचक व बंजड़ भूमि। - ग्राम पंचायत बनेटिया:
क्षेत्रफल: खसरा नं. 278/603 (0.36 हेटेयर), खसरा नं. 131 (0.05 हेक्टेयर) एवं खसरा नं. 151 (0.12 हेक्टेयर) सहित कुल 0.53 हेक्टेयर (नहरी, बंजड़ व बारानी प्रथम) भूमि। - ग्राम पंचायत सारोला:
क्षेत्रफल: ग्राम मोतीकुआ में खसरा नं. 472/897, 472/946 एवं 473 की कुल 1.14 हेक्टेयर भूमि।
ग्राम डाबर में खसरा नं. 602 व 521 की कुल 0.52 हेक्टेयर भूमि।

