कोटा। राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड, जिला परिषद कोटा का वार्षिक अधिवेशन गुरुवार को केशवपुरा स्थित एक निजी स्कूल परिसर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ स्काउट-गाइड प्रार्थना, ध्वज वंदन एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। अधिवेशन में वर्ष 2025-26 की गतिविधियों की समीक्षा, आगामी वर्ष की योजनाओं पर चर्चा तथा संगठन के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्य सचिव पी.सी. जैन थे, जबकि अध्यक्षता जिला अध्यक्ष प्रकाश जायसवाल ने की। विशिष्ट अतिथियों में राज्य उपप्रधान श्रीमती सुमन श्रृंगी, राजेश दाधीच एवं राज दाधीच मंचासीन रहे। साथ ही जिला उपप्रधान विजय माहेश्वरी एवं जिला कमिश्नर यज्ञदत्त, मुकेश मोहन दाधीच, जिला सचिव रामविलास रखवाला सहित अनेक पदाधिकारी, संस्था प्रधान, कमिश्नर, स्काउट-गाइड सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
सीओ स्काउट कोटा बृजसुंदर मीणा ने बताया कि अधिवेशन के दौरान गाइड प्रीति कुमारी ने विभिन्न शुभकामना संदेशों का वाचन किया। राज्य मुख्य आयुक्त एवं सेवानिवृत्त मुख्य सचिव निरंजन आर्य द्वारा प्रेषित शुभकामना संदेश भी पढ़कर सुनाया गया, जिसमें अधिवेशन की सफलता तथा संगठन के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
अधिवेशन में वर्ष 2025-26 की कार्यवाही एवं वार्षिक प्रतिवेदन का अनुमोदन किया गया। साथ ही आय-व्यय लेखों की पुष्टि, वर्ष 2026-27 के वार्षिक बजट को स्वीकृति, लेखा परीक्षण के लिए ऑडिटर की नियुक्ति तथा आगामी सत्र के प्रस्तावित वार्षिक कार्यक्रमों को मंजूरी प्रदान की गई।
अध्यक्ष की अनुमति से संगठन के विस्तार, प्रशिक्षण गतिविधियों के सुदृढ़ीकरण तथा स्काउट-गाइड आंदोलन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर संगठन को उल्लेखनीय सहयोग प्रदान करने के लिए शिक्षा विभाग कर्मचारीगण सहकारी सभा 696 कोटा-बारां को प्रतिष्ठित भामाशाह सम्मान से सम्मानित किया गया। यह सम्मान संस्था के अध्यक्ष प्रकाश जायसवाल एवं उपाध्यक्ष महेंद्र नागर ने प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्काउट-गाइड सदस्यों को अलंकरण, प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
स्काउटिंग को समर्पित व्यक्तित्व स्वर्गीय रामचंद्र गोचर की स्मृति में पहली बार प्रारंभ की गई चल वैजयंती यूनिट लीडर एवं स्थानीय संघ सचिव, सुल्तानपुर, इंद्रराज दाधीच को प्रदान की गई। इस सम्मान की घोषणा पर उपस्थित सदस्यों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका अभिनंदन किया।
स्थानीय संघ कोटा एवं कोटा दक्षिण का ब्लॉक स्तरीय सम्मान सीबीईओ कोटा सिटी नवीन कुमारी एवं लाडपुरा सीबीईओ ममता चौधरी ने , इटावा का सीबीईओ इंदु हाड़ा ने , सुल्तानपुर का सीबीईओ प्रतिभा त्रिपाठी के साथ सचिव/संयुक्त सचिव साहबान ने प्राप्त किया।
अधिवेशन के दौरान “हमारा संकल्प ग्रीन कोटा, क्लीन कोटा” अभियान के पोस्टर का विधिवत विमोचन भी किया गया। पोस्टर का विमोचन राज्य सचिव पी.सी. जैन, राज्य उपप्रधान सुमन श्रृंगी, जिला अध्यक्ष प्रकाश जायसवाल एवं मंचासीन अतिथियों ने संयुक्त रूप से किया।
अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, हरित विकास एवं जन-जागरूकता का संदेश देते हुए नागरिकों से कोटा को स्वच्छ एवं हरित बनाने में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया गया।
मुख्य अतिथि राज्य सचिव पी.सी. जैन एवं राज्य उपप्रधान श्रीमती सुमन श्रृंगी ने अपने संबोधन में स्काउट-गाइड संगठन की सेवा, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं राष्ट्र निर्माण में निभाई जा रही भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि स्काउटिंग युवाओं में सामाजिक उत्तरदायित्व एवं सेवा भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम है।
अध्यक्षीय उद्बोधन में जिला अध्यक्ष प्रकाश जायसवाल ने राज्य सचिव पी.सी. जैन के समक्ष महत्वपूर्ण मांग रखते हुए कहा कि जिस प्रकार शिक्षा विभाग में ब्लॉक स्तर पर सीबीईओ कार्यरत हैं, उसी प्रकार प्रत्येक ब्लॉक स्तर पर सीओ स्काउट एवं गाइड के पद सृजित किए जाएं, ताकि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में स्काउट-गाइड गतिविधियों का प्रभावी संचालन, समन्वय एवं विस्तार सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने कोटा में एक बालचर विद्यालय स्थापित करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई।

