प्रज्ञासागर के 1 करोड़ वृक्ष अभियान को मिली गति, 11 हजार पौधों के संरक्षण का संकल्प

0
8

कोटा। आचार्य प्रज्ञासागर मुनिराज की प्रेरणा एवं आशीर्वाद से संचालित ‘एक करोड़ वृक्ष’ अभियान को गति मिली। राष्ट्रीय गुरु आस्था परिवार, कोटा के तत्वावधान में आयोजित वर्ष 2026 के प्रथम पौधारोपण अभियान में वर्षा ऋतु में 11 हजार पौधों के रोपण एवं उनके संरक्षण का संकल्प लिया गया। अभियान के प्रथम चरण में 51 पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण के इस महाअभियान का शुभारंभ किया गया।

राष्ट्रीय गुरु आस्था परिवार के चेयरमैन यतीश जैन खेड़ावाला ने बताया कि इस अभियान के लिए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के सहयोग से नगर निगम द्वारा पौधारोपण हेतु गड्ढों की तैयारी एवं पौधों की उपलब्धता सुनिश्चित कराई गई। कार्यक्रम में लगभग 250 लोगों ने सहभागिता कर पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

अभियान में मुख्य अतिथि पूर्व नेता प्रतिपक्ष (नगर निगम) विवेक राजवंशी, विशेष अतिथि सकल दिगंबर जैन समाज समिति, कोटा के अध्यक्ष प्रकाश बज, महात्मा गांधी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, महावीर नगर प्रथम की प्राचार्या, विद्यालय के शिक्षक, छात्र-छात्राएं, दिगंबर जैन सफेद मंदिर एवं दिगंबर जैन लाल मंदिर, महावीर नगर प्रथम के समाजजन तथा राष्ट्रीय गुरु आस्था परिवार के सदस्य परिवार सहित बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

लोकेश जैन सीसवाली ने कहा कि यह अभियान केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक पौधे के संरक्षण और संवर्धन का भी संकल्प है। आचार्य प्रज्ञासागर मुनिराज द्वारा निर्धारित ‘एक करोड़ वृक्ष’ लगाने के लक्ष्य की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम है, जिससे अधिक से अधिक लोगों को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

इस अवसर पर राष्ट्रीय गुरु आस्था परिवार के चेयरमैन यतीश जैन खेड़ावाला, अध्यक्ष लोकेश जैन, महामंत्री नवीन दौराया, कोषाध्यक्ष अजय जैन,संस्था की महिला प्रकोष्ठ राजस्थान प्रांत की अध्यक्षा राजश्री शाह, तथा नितेश बडजात्या, गुलाबचंद लुहाड़िया, मिलाप अजमेरा, भूपेन्द्र पिडावा, राजीव पाटनी, अंकुर बाकलीवाल, पंकज लुहाड़िया, रोबिन काला और चेतन जैन सहित अनेक पदाधिकारी एवं समाजजन उपस्थित रहे।