इंटरनेशनल मार्केट में क्रूड आयल 90 डॉलर के नीचे, फिर भी नहीं घटे पेट्रोल के दाम

0
13

नई दिल्ली। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के युद्ध खत्म करने के दावे के चलते कच्चे तेल की कीमतों में आज भारी गिरावट है। ब्रेंट क्रूड 1 प्रतिशत से अधिक टूटकर अब 90 डॉलर प्रति बैरल के नीचे आ गया है। इस बीच भारत में पेट्रोल डीजल के रेट में कोई बदलाव नहीं हुआ है। बता दें मई 2026 में पेट्रोल और डीजल के दाम चार बार में 7.50 रुपये लीटर बढ़े।

युद्ध से पहले क्रूड ऑयल के दाम 64-65 डॉलर प्रति बैरल थे, जो बढ़कर लगभग 126 डॉलर पर पहुंच गए। हालांकि, अब 90 डॉलर से नीचे आने के बाद पेट्रोल-डीजल के रेट कम होने की उम्मीद बढ़ गई है। पेट्रोलियम मंत्रालय ने पेट्रोल, डीजल और गैस को लेकर कहा है कि अभी देश के पास 2 महीने का स्टॉक है। हालांकि, उसने इनकी कीमतों के बारे में कुछ नहीं बताया है।

चार महानगरों में पेट्रोल डीजल के रेट
IOCL द्वारा जारी आज के रेट के मुताबिक दिल्ली में सामान्य पेट्रोल का रेट 102.12 रुपये लीटर है। जबकि, डीजल 95.20 रुपये लीटर बिक रहा है। चेन्नई में पेट्रोल की कीमत 107.77 रुपये और डीजल की 99.55 रुपये लीटर है। कोलकाता में एक लीटर पेट्रोल की कीमत आज 113.51 रुपये और डीजल की कीमत 99.82 रुपये है। मुंबई में एक लीटर पेट्रोल की कीमत 111.21 और डीजल की कीमत 97.83 रुपये है।