नई दिल्ली। होंडा सिटी’ (Honda City) एक बार फिर नए अवतार में हमारे सामने आ गई है। होंडा ने अपनी पांचवीं जनरेशन वाली सिटी का दूसरा बड़ा अपडेटेड मॉडल भारत में लॉन्च कर दिया है। नई चमचमाती कार की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 12 लाख रुपये रखी गई है।
कंपनी ने इस कार को चार अलग-अलग वैरिएंट्स SV, V, ZX और ZX+ में पेश किया है। कार के इंजन में कोई बदलाव नहीं किया गया है। हालांकि, इसके लुक और फीचर्स को पहले से कहीं ज्यादा मॉडर्न बना दिया गया है। साथ ही, कंपनी ने इसमें एक नया ब्लैक कलर ऑप्शन भी जोड़ा है जो कार को बेहद बोल्ड लुक देता है।
इस नए मॉडल में सबसे बड़ा और ध्यान खींचने वाला बदलाव इसके आगे के हिस्से में किया गया है। कार के आगे अब एक छोर से दूसरे छोर तक फैली हुई फुल-विड्थ एलईडी (LED) लाइट पट्टी दी गई है। पुराने मॉडल में दिखने वाले क्रोम को अब पूरी तरह हटा दिया गया है।
उसकी जगह कार के रंग का ही क्लीनर लुक दिया गया है। इसके अलावा, नए डिजाइन के बंपर और पतली एलईडी हेडलाइट्स कार को और भी ज्यादा स्पोर्टी बनाते हैं। साइड प्रोफाइल की बात करें तो इसमें नए डुअल-टोन 16-इंच के अलॉय व्हील्स लगे हैं, और पीछे का बंपर भी अब बदला हुआ नजर आता है।
केबिन
कार के अंदर बैठते ही आपको एक बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। होंडा ने इस बार डैशबोर्ड पर पहले से बड़ा 10.1-इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम दिया है। यह नया स्क्रीन पुराने मॉडल की तरह डैशबोर्ड के अंदर धंसा हुआ नहीं है, बल्कि थोड़ा ऊपर की तरफ उठा हुआ है। इससे इसे इस्तेमाल करना काफी आसान हो जाता है। अच्छी बात यह है कि होंडा ने स्क्रीन के चक्कर में जरूरी बटनों को नहीं हटाया है। एसी और स्टीयरिंग पर मिलने वाले कंट्रोल बटन पहले की तरह ही रखे गए हैं, जो गाड़ी चलाते समय इस्तेमाल करने में बहुत आरामदायक होते हैं।
सेफ्टी
इस बार होंडा ने फीचर्स के मामले में कोई कसर नहीं छोड़ी है। चिलचिलाती गर्मी से राहत देने के लिए इस नई सिटी में अब हवादार सीटें दी गई हैं। साथ ही, तंग जगहों पर कार पार्क करने के लिए 360-डिग्री कैमरा सिस्टम भी जोड़ा गया है। इसके अलावा, कार में वायरलेस एंड्रॉयड ऑटो एंड एप्पल कारप्ले, वायरलेस चार्जर, सनरूफ, शानदार 8-स्पीकर वाला साउंड सिस्टम और एम्बिएंट लाइटिंग जैसे प्रीमियम फीचर्स पहले की तरह मिलते रहेंगे। सेफ्टी के मामले में भी यह कार अव्वल है। इसमें 6-एयरबैग्स और एडवांस ड्राइविंग असिस्ट टेक्नोलॉजी (Level 2 ADAS) जैसी बेहतरीन सुरक्षा दी गई है।
पावरट्रेन
इंजन की बात करें तो इसमें वही भरोसेमंद 1.5-लीटर का पेट्रोल इंजन मिलता है। यह 121bhp की पावर देता है। इसके साथ ग्राहकों को 6-स्पीड मैनुअल और 7-स्टेप ऑटोमैटिक (CVT) गियरबॉक्स का ऑप्शन मिलता है। वहीं, जो लोग तगड़ा माइलेज चाहते हैं उनके लिए 1.5-लीटर पेट्रोल इंजन वाला स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड मॉडल भी मौजूद है। होंडा का दावा है कि इसका हाइब्रिड मॉडल 27.26 किमी प्रति लीटर का शानदार माइलेज देता है। कंपनी अब इसके हाइब्रिड पार्ट्स पर 5 साल की वारंटी भी दे रही है। मार्केट में इस कार का सीधा मुकाबला हुंडई वरना, फॉक्सवैगन वर्टस और स्कोडा स्लाविया जैसी गाड़ियों से होगा।
वैरिएंट वाइज कीमत
नई होंडा सिटी SV वैरिएंट की एक्स-शोरूम कीमत 12 लाख रुपये है। इसके बाद V वैरिएंट के मैनुअल की कीमत 13.30 लाख रुपये और सीवीटी (CVT) ऑटोमैटिक की कीमत 14.30 लाख रुपये रखी गई है। प्रीमियम फीचर्स से लैस इसके ZX वैरिएंट के मैनुअल मॉडल को आप 15.26 लाख रुपये और सीवीटी मॉडल को 16.26 लाख रुपये में घर ला सकते हैं। सबसे टॉप-एंड ZX+ वैरिएंट के मैनुअल मॉडल की कीमत 16.15 लाख रुपये, सीवीटी ऑटोमैटिक की कीमत 17.15 लाख रुपये और सबसे स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड (e:HEV) की कीमत 21 लाख रुपये रखी गई है।

