अमरीका में उत्पादन बढ़ने की संभावना से सोयाबीन का भाव नरम रहने का अनुमान

0
14

शिकागो। अमरीका में इस बार मक्का के कुछ परम्परागत बिजाई क्षेत्र पर सोयाबीन का रकबा हो सकता है। चीन में अमरीकी सोयाबीन का आयात बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं जिससे किसानों का उत्साह एवं आकर्षण बढ़ा है।

अमरीकी कृषि विभाग (उस्डा) की एक रिपोर्ट के अनुसार पिछले साल की तुलना में चालू वर्ष के दौरान सोयाबीन का बिजाई क्षेत्र 4 प्रतिशत बढ़कर 847 लाख एकड़ पर पहुंच जाने का अनुमान है।

रिपोर्ट के मुताबिक अमरीका के जिन 29 राज्यों में सोयाबीन की खेती होती है उसमें से 20 प्रांतों में क्षेत्रफल या तो गत वर्ष के बराबर या उससे अधिक रह सकता है। उधर इंटरनेशनल ग्रेन्स कौंसिल ने सोयाबीन का वैश्विक उत्पादन 2025-26 सीजन के 42.59 करोड़ टन से बढ़कर 2026-27 के सीजन में 44.23 करोड़ टन पर पहुंच जाने की संभावना व्यक्त की है जो एक नया रिकॉर्ड स्तर होगा।

एक अग्रणी रेटिंग एजेंसी के मुताबिक चालू वर्ष के आरंभ से अब तक शिकागो बोर्ड ऑफ ट्रेड (सीबोट) में सोयाबीन के वायदा भाव में करीब 12 प्रतिशत का इजाफा हो चुका है। एजेंसी ने अगले माह के लिए इस महत्वपूर्ण तिलहन का वायदा मूल्य 11.30 डॉलर प्रति बुशेल रहने का अनुमान लगाया है जो गत वर्ष से 7.7 प्रतिशत ज्यादा है।

एजेंसी का कहना है कि अगला उत्पादन बेहतर होने पर चालू वर्ष की अंतिम तिमाही में सोयाबीन का भाव कुछ और नरम पड़ सकता है। उधर ब्राजील में सोयाबीन का उत्पादन तेजी से उछलकर सर्वकालीन सर्वोच्च स्तर पर पहुंच जाने का अनुमान है।

इससे चीन के सोयाबीन बाजार में अमरीका और ब्राजील के बीच कठिन प्रतिस्पर्धा रह सकती है। एजेंसी के मुताबिक अक्टूबर-दिसम्बर 2026 की तिमाही में जब अमरीका में नई फसल की जोरदार आवक होगी तब सोयाबीन का औसत वायदा मूल्य गिरकर 11.05 डॉलर प्रति बुशेल पर आ सकता है।