कोटा। स्वतंत्रता दिवस पर कोटा में “तिरंगा साइकिल रैली” का आयोजन किया जाएगा। यह रैली जहां एक ओर देश के वीर शहीदों को नमन करेगी, वहीं दूसरी ओर पर्यावरण संरक्षण और साइकिल के उपयोग को बढ़ावा देने का संदेश भी देगी।
रैली के आयोजक हेमंत छाबड़िया ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत 15 अगस्त की सुबह 6:00 बजे महावीर नगर द्वितीय से ध्वजारोहण और राष्ट्रगान के साथ की जाएगी। इसके पश्चात साइकिल रैली बंधा धर्मपुरा तक निकाली जाएगी। रैली के समापन पर 151 पौधों का रोपण किया जाएगा। कार्यक्रम के पोस्टर का विमोचन डीसीएफ (वाइल्डलाइफ डिवीजन) अनुराग भटनागर ने किया। इस अवसर पर आशिमा गोयल, हेमंत छाबरिया,प्रणव खींची, मनीष त्रिपाठी, रितेश जैन, आकाश कथूरिया, रामावतार सुमन, मनोहर द्विवेदी, वीर राघवाचार्य, मनोज माली सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
रैली के सह-संयोजक प्रणव राज सिंह खीची ने बताया कि यह आयोजन ‘पैडल फॉर साइकिल’ और ‘ कोटा ग्रीन कम्युनिटी’ के सहयोग से संपन्न होगा। इसमें वाइल्ड लाइफ डिवीजन कोटा , मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिज़र्व और एंटी करप्शन ब्यूरो के अधिकारी और टीम भी भाग लेंगे। रैली लगभग 25 किलोमीटर की दूरी तय करेगी।

