कोटा। शुद्धाद्वैत प्रथम पीठ श्री बड़े मथुराधीश मंदिर पाटनपोल पर रथयात्रा मनोरथ शनिवार को होगा। मथुरेश टेंपल बोर्ड के महामंत्री मोनू व्यास ने बताया कि पुष्टिमार्ग में पुष्य नक्षत्र की उदय तिथि पर रथयात्रा महोत्सव होता है।
महोत्सव के दौरान मथुराधीश प्रभु रथ पर सवार होकर निज तिबारी में भक्तों को दर्शन देंगे। प्रभु को मंगला आरती के बाद अभ्यंग कराया जाएगा। पहले दर्शन प्रातः 10 बजे होंगे।
मनोरथ के दौरान मथुराधीश प्रभु रथ पर सवार होंगे। इस दौरान मंगला प्रातः 5 बजे, रथयात्रा मनोरथ के दर्शन प्रातः 10 बजे, उत्थापन: अपराह्न 4 बजे, भोग आरती के दर्शन शामिल सायं 5 बजे होंगे।
उन्होंने बताया कि रथ यात्रा के बाद से प्रभु की ग्रीष्मकालीन सेवा प्रणाली में भी बदलाव कर दिया जाता है। रथ यात्रा महोत्सव के बाद प्रभु के सामने जल का छिड़काव, फव्वारा, खस, कुंजा और चंदन के परदे हटा दिए जाते हैं।
सिंहासन के सामने जल का प्रयोग भी बंद कर दिया जाता है। प्रभु के राजभोग में दही भात, पना समेत अन्य शीतल सामग्री बन्द हो जाएगी। प्रभु को भोग में आम, जामुन, अंकुरी, आमरस और आम व खोपरा से बनी अन्य सामग्री अर्पित की जाएगी। वर्षा काल के समय प्रभु के कीर्तनों में राग मल्हार की आलापचारी प्रारंभ होगी।

