तीन दिन बाद बाजार में रौनक लौटी, सेंसेक्स 1046 अंक उछला, निफ्टी 25 हजार के पार

0
11

नई दिल्ली। भारतीय शेयर बाजार में हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को जोरदार तेजी देखने को मिली। तीन दिनों की गिरावट के बाद आज बाजार ने मजबूती से वापसी की है। बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स 1046 अंक चढ़ गया। निफ्टी-50 में भी 319 अंकों की तेजी देखी गई।

30 शेयरों वाला BSE सेंसेक्स ने 8 अंक की मामूली गिरावट के साथ कारोबार की शुरुआत की। दिन के कारोबार के दौरान इंडेक्स ने 82,494.49 और 81,323.20 के रेंज में कारोबार किया। अंत में सेंसेक्स 1046.30 अंक यानी 1.29% उछलकर 82,408.17 के स्तर पर बंद हुआ।

इसी तरह, 50 शेयरों वाले NSE निफ्टी-50 में भी तेजी देखने को मिली। आज यह इंडेक्स 24,787.65 के स्तर पर खुला। कारोबार के दौरान निफ्टी-50 25,136.20 के हाई और 24,783.65 के निचले स्तर पर गया।

अंत में यह 319.15 अंक यानी 1.29% चढ़कर 25,112.40 के स्तर पर बंद हुआ। ब्रॉडर मार्केट ने बेंचमार्क इंडेक्स की चाल को दोहराया, जहां निफ्टी मिडकैप 100 और स्मॉलकैप 100 इंडेक्स क्रमशः 1.46% और 1.01% की बढ़त के साथ बंद हुए।

एनएसई के सभी सेक्टोरल इंडेक्स हरे निशान में बंद हुए। इनमें निफ्टी रियल्टी इंडेक्स 2.11% की तेजी के साथ सबसे ज्यादा बढ़त में रहा। एनएसई पर तीनों बैंकिंग इंडेक्स—बैंक निफ्टी, निफ्टी पीएसयू बैंक और निफ्टी प्राइवेट बैंक—भी 1% से ज्यादा की तेजी के साथ बंद हुए। इसके अलावा, निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज, मेटल, ऑटो और हेल्थकेयर इंडेक्स में भी 1% से ज्यादा की बढ़त दर्ज की गई।