Fashion: भारतीय परिधानों से सजी शाम, रैम्प पर उतरे कोटा डोरिया पहने माॅडल्स

0
8

कोटा। Fashion Show: रंगीन रोशनी, सधे कदमों से कैटवाॅक करती माॅडल्स और भारतीय परिधानों में सजे युवक और युवतियां, इन सभी को देखकर शुक्रवार शाम को विजयश्री रंगमंच पर माया नगरी सा अहसास हो चला था।

मौका था कुतुर इन्स्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलोजी संस्थान की ओर से आयोजित कार्यक्रम परिधान उत्सव का। कार्यक्रम में कोटा डोरिया और खादी से बने परिधानों को पहनकर कैटवाॅक करती माॅडल्स को देखकर हर कोई कोटा डोरिया और खादी पर गर्व की अनुभूति करने लगा।

शो में कुतुर इन्स्टीट्यूट के छोटे व बडे माॅडल्स ने अलग अलग राउण्डस में खादी एवं कोटा डोरिया से बने परिधानों की अलग ही अंदाज में पेश किए। जिसमें 6 राउंड थे। मॉडल्स ने रैम्पवॉक कर विभिन्न कलेक्शन प्रस्तुत किए। पहले राउंड में राजस्थानी पारंपरिक लहंगा शेरवानी पहने मॉडल्स ने धूम मचाई। इसके बाद कोटा डोरिया साड़ी पहने इंद्रधनुष के रंगों से सजे मॉडल्स रैम्पवॉक किया।

राजस्थानी गीतों के बैकग्राउंड म्यूजिक पर लोक संस्कृति के रंग भी बिखरे। तीसरे राउंड में राजस्थान की शान लहरिया थीम पर आधारित थी। जिसमें इंडो वेस्टर्न परिधानों ने बहुत आकर्षित किया। चौथा राउंड किड्स शो ट्रडीशनल ड्रेसेस का था। जिसमें नन्हे मुन्ने बच्चे रैम्प पर उतरकर कैटवॉक करते नजर आए।

परिधान उत्सव का समापन वंदेमातरम थीम के साथ हुआ। जिसमें तिरंगे की थीम पर परिधान पहने मॉडल्स ने वॉक किया। मॉडल्स के हाथों में तिंरगा था तो सीने पर भी तिरंगा लगा था। वहीं राष्ट्रगीत वन्देमातरम.. लिखे दुपट्टे को हवा में लहराया तो राष्ट्रवादी उद्घोष से परिसर गूंज उठा। कुतुर इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलोजी संस्थान की निदेशक पूजा राजवंशी ने बताया कि यह हमारे लिए सबसे बड़ा मंच होता है। जिसके माध्यम से आमजन को खादी एवं कोटा डोरिया के प्रति जागरूक करने का मौका मिलता है l

हिन्दी का बढ़ाया गौरव
रैंप पर हिन्दी भाषा राष्ट्र की भाषा.. थीम पर आधारित पांचवे राउंड ने हिंदी की महिमा का बखान किया। जिसमें” प्रजातंत्र के शास्त्र की भाषा स्वाभिमान से पूर्ण बनी.. जन जन की बोली..” के बैकग्राउंड म्यूजिक पर देवननारी लिपि लिखे परिधान पहनकर रैम्प पर उतरे तो लोगों को गौरव से भर दिया।

दिया गांधी का संदेश
छठे राउंड को फादर ऑफ नेशन नाम दिया गया था। खादी के वस्त्रों पर महात्मा गांधी के फोटो के साथ हे राम लिखा था। फीमेल मॉडल्स ने गांधी के फोटो वाली सफेद टॉपर के साथ रंग बिरंगी फ्रॉक पहनी थी। इस दौरान इंडो वेस्टर्न ड्रेसेस मेल, फीमेल और किड्स कलेक्शन को प्रस्तुत किया गया।