रामगढ़ क्रेटर, भण्डदेवरा, केपाटन मंदिर विश्व हेरिटेज साइट पर दर्ज हो: माहेश्वरी

0
67

होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान कोटा डिवीजन ने स्पीकर बिरला को ज्ञापन सौंपा

कोटा। होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को हाड़ौती में विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों को विश्व के मानचित्र पर लाने के लिए चंबल नदी घाटी एवं गराडिया महादेव को यूनेस्को विश्व धरोहर की जियोलॉजिकल साइट एवं रामगढ़ क्रेटर, भण्डदेवरा मंदिर व केशोरायपाटन मंदिर को विश्व हेरिटेज साइट पर दर्ज करवाने के लिए ज्ञापन सौंपा।

फेडरेशन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने लोकसभा अध्यक्ष को बताया कि इन साइट्स पर नाम दर्ज होने से यह पर्यटन स्थल देश व विश्व के मानचित्र पर अपना स्थान बनाएंगे। इससे भारी मात्रा में देसी- विदेशी पर्यटकों का हाड़ौती के प्रति रूझान बढ़ेगा।

सभी चीजों का अध्ययन करने के बाद होटल फेडरेशन आफ राजस्थान के पदाधिकारी अध्यक्ष हुसैन खान, संरक्षक सुरेंद्र सिंह शाहपुरा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष रणविजय सिंह एवं सचिव शैलेश प्रधान ने भी जयपुर में इसी मांग का ज्ञापन राज्य के मुख्यमंत्री एवं पर्यटन मंत्री को 1 अक्टूबर को दिया था। उन्होंने भी इन पर्यटन स्थलों को यूनेस्को विश्व घरोहर की ज्यूलॉजिकल साइड एवं हेरिटेज साइट पर दर्ज होने की सभी पात्रता से संपूर्ण बताया।

माहेश्वरी ने कहा कि झालावाड़ का गागरोन किला विश्व की ऐतिहासिक धरोहर के रूप में दर्ज हो चुका है। उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष से राज्य सरकार द्वारा बनने वाली नई पर्यटन नीति एवं उद्योग नीति में रीको औद्योगिक क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियां संचालित करने की अनुमति दिलाए जाने की मांग की है।

उन्होंने होटल फेडरेशन द्वारा गागरोन दुर्ग के विकास के लिए पिछले दिनों की जा रही मांग को केंद्र सरकार द्वारा CRIF योजना के तहत 100 करोड़ के विकास कार्य किए जाने की स्वीकृति का भी स्वागत किया। ज्ञातव्य है कि पिछले दिनों संभागीय आयुक्त के साथ बैठक में होटल फेडरेशन ऑफ़ राजस्थान कोटा डिवीजन ने गागरोन दुर्ग विकास के लिए गागरोन दुर्ग के विकास का मुद्दा उठाया था। इसके बाद ही यह राशि मंजूर हुई है।

उन्होंने बताया कि शेरगढ़ अभ्यारण्य को विकसित करने के लिए इसे इको सेंसेटिव जोन में विकसित किया जा रहा है। पर्यावरण व वन मंत्रालय द्वारा शेरगढ़ अभ्यारण्य को पूर्ण विकसित करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, जिसके तहत 38 गांव भी चिन्हित कर लिए गए हैं। शेरगढ़ अभ्यारण्य के साथ-साथ परवन नदी में भी नौकायन चलाने की योजना प्रस्तावित है, जिससे हाडोती के बांरा एवं झालावाड़ के पर्यटकों के लिए यह आकर्षण का केंद्र बनेंगे।

माहेश्वरी ने कहा कि हाड़ौती पर्यटन विकास के अच्छे संकेत सामने नजर आ रहे हैं । फेडरेशन निरंतर इस दिशा में प्रयास कर रही है। प्रतिनिधिमंडल में होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान कोटा डिवीजन के उपाध्यक्ष सचिन माहेश्वरी, नवजोत सिंह, सचिव कोशल बंसल, कोषाध्यक्ष अंकुर गुप्ता, सलाहकार बोर्ड के निदेशक अनिल मूंदड़ा, काका हरविन्द्र सिंह, सदस्य जसकरण सिंह, नवदीप सिंह, राजेंद्र चावला एवं जयपाल भुल्लर सहित कई पदाधिकारी शामिल थे।