Monday, July 27, 2026
Home Blog Page 4950

5 लाख से ज्यादा कैश का लेनदेन करने वालों को आयकर विभाग के नोटिस

नई दिल्ली। बेनामी संपत्ति और कालेधन पर रोकथाम के लिए इनकम टैक्स विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। विभाग ने 2000 ऐसे लोगों को नोटिस भेजा है जिन्होंने संपत्ति की खरीद-फरोख्त में 5 लाख रुपए से ज्यादा का नकद लेनदेन किया है। नोटिस में इन सभी से धन का स्रोत बताने को कहा गया है। यह नोटिस उन लोगों को भेजे गए हैं जिन्होंने जून 2015 से दिसंबर 2018 के बीच संपत्ति की खरीद फरोख्त की है।

इनकम टैक्स विभाग के एक अधिकारी ने कहा है कि अभी केवल उन लोगों को नोटिस भेजे गए हैं जिन्होंने किसी भी प्रकार की संपत्ति खरीदने में 5 लाख रुपए या इससे उपर नकद लेनदेन किया है। अधिकारी का कहना है कि इन 2000 मामलों में कार्रवाई पूरी होने के बाद आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

अधिकारी के अनुसार, अगले चरण में उन लोगों को नोटिस भेजे जाएंगे जिन्होंने संपत्ति खरीदने में 5 लाख से कम नकद लेनदेन किया है। अधिकारी के अनुसार, संपत्ति खरीदने और बेचने वाले दोनों को भेजे जा रहे हैं।

20 हजार से अधिक के नकद लेनदेन पर है रोक
कालेधन पर लगाम लगाने के लिए 2015 में इनकम टैक्स एक्ट के सेक्शन 269SS में बदलाव किया गया था। केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (CBDT) के अनुसार, इस बदलाव के बाद किसी भी प्रकार की संपत्ति की खरीद-फरोख्त में 20 हजार रुपए से अधिक का लेनदेन अवैध माना जाएगा।

लेनदेन के बराबर जुर्माने का है प्रावधान
CBDT के अनुसार, नए बदलावों के तहत 1 जून 2015 के बाद संपत्ति खरीद-फरोख्त में 20 हजार रुपए से अधिक का नकद लेनदेन पाए जाने पर सेक्शन 271डी के तहत उतनी ही राशि का जुर्माना लगाया जाएगा।

तेजी के साथ खुला बाजार, सेंसेक्स 38,343 एवं निफ्टी 11,526 के पार

नई दिल्ली।कारोबारी सप्ताह के पहले दिन सोमवार को शेयर बाजार शानदार तेजी के साथ खुला। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का संवेदी सूचकांक बीएसई 108.64 अंक (0.23) चढ़कर 38,132.96 पर खुला। वहीं नैशनल स्टॉक एक्सचेंज निफ्टी 47 अंक (0.41) मजबूत होकर 11,473.85 के साथ खुला।

9.27 बजे तक सेंसेक्स (बीएसई) पर 26 शेयरों में लिवाली जबकि 5 शेयरों में बिकवाली चल रही थी। वहीं निफ्टी में इस समय तक 37 में लिवाली और 13 में बिकवाली चल रही थी। 9.38 मिनट तक सेंसेक्स 319.64 अंक (0.84 फीसदी) अंक की मजबूती के साथ 38,343.96 पर जबकि निफ्टी पर 99.40 अंक (0.87 फीसदी) की मजबूती के साथ 11,526.25 पर कारोबार चल रहा था।

बाजार खुलने के बाद बीएसई पर जिन शेयरों में तेजी देखी गई उनमें पावर ग्रिड (2.60%), कोटक बैंक (1.86%), भारती एयरटेल (1.68%), एक्सिस बैंक (1.62%), एशियन पेंट (1.45%), महिंद्रा एंड महिंद्रा (1.37%), एचडीएफसी बैंक (1.35%), इंडसइंड बैंक (1.31%), रिलायंस (1.19%) और यस बैंक (1.12%) शामिल हैं।

बीएसई पर जो शेयर कमजोर रहे, उनमें मारुति (2.65%), सन फार्मा (0.67%), वेदांता (0.60%), एनटीपीसी (0.51%), हिंदुस्तान यूनीलिवर (0.49%), हीरो मोटरकॉर्प (0.12%) और एचसीएल टेक (0.07%) शामिल हैं।

अब बात नैशनल स्टॉक एक्सचेंज यानी निफ्टी पर जिन शेयरों में तेजी देखी गई, उनमें इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (3.97%), कोटक बैंक (2.08%), बीपीसीएल (1.97%), पावर ग्रिड (1.86%) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम (1.46%) शामिल हैं। वहीं मारुति के शेयर में 2.12 फीसदी, ग्रासिम के शेयर में 2.04 फीसदी, वेदांता के शेयर में 1.25 फीसदी, एनटीपीसी के शेयर में 1.11 फीसदी और सनफार्मा के शेयर में 0.94 फीसदी की गिरावट देखी गई।

प्रिया प्रकाश की फिल्‍म ‘श्रीदेवी बंगलो’ का दूसरा टीजर रिलीज

मुंबई। अपने विडियो के कारण चर्चा में आईं और रातोंरात इंटरनेट सेंसेशन बनीं ऐक्‍ट्रेस प्रिया प्रकाश वारियर ने हाल ही में मलयालम फिल्‍म ‘ओरू अदार लव’ से अपना फिल्‍मी डेब्‍यू किया था। फिल्‍म को तमिल, तेलुगू और कन्‍नड़ के डब वर्जन के साथ भी रिलीज किया गया था। इस सबके बाद से प्रिया लगातार चर्चा में रहीं।

अब वह डायरेक्‍टर प्रशांत की फिल्‍म ‘श्रीदेवी बंगलो’ से अपना बॉलिवुड डेब्‍यू करने के लिए तैयार हैं। पहले टीजर के रिलीज होने के साथ ही यह फिल्‍म कानूनी विवादों में फंस गई थी। इस बीच मेकर्स ने सस्‍पेंस थ्रिलर फिल्‍म का दूसरा टीजर भी रिलीज कर दिया है जो कि काफी इंट्रेस्टिंग दिख रहा है। दिवंगत ऐक्‍ट्रेस श्रीदेवी के हज्‍बंड और प्रड्यूसर बोनी कपूर ने फिल्‍म के पहले टीजर के रिलीज होने के बाद इसके मेकर्स के खिलाफ लीगल नोटिस फाइल किया था। देखें, फिल्‍म का दूसरा टीजर:

पहले टीजर में श्रीदेवी की मौत से जुड़े सीन्‍स दिखाए गए थे। हालांकि, मेकर्स ने इस बात से इनकार कर दिया था कि इन सीन्‍स का असल घटनाओं से कोई लेना-देना नहीं है। इस विवाद पर हाल ही में ऐक्ट्रेस प्रिया ने कहा था कि अगर टीजर से किसी भी समानता का पता चलता है तो वह सिर्फ एक एलिमेंट है जिससे दर्शक फिल्‍म को देखें।

Tesla की यह इलेक्ट्रिक SUV सिंगल चार्ज पर चलेगी 482 किमी.

नई दिल्ली।इलेक्ट्रिक कार निर्माता कंपनी Tesla ने अपनी नई इलेक्ट्रिक एसयूवी Model Y से पर्दा उठा दिया। टेस्ला के सीईओ एलन मस्क ने कहा है कि यह कॉम्पैक्ट एसयूवी Model 3 वाले प्लैटफॉर्म पर बनाई गई है। Tesla Model Y का लॉन्ग रेंज वर्जन बाजार में पहले आएगा, जो एक बार फुल चार्ज करने पर 300 माइल यानी 482 किलोमीटर की दूरी तय करेगा। इसकी कीमत 47 हजार डॉलर यानी करीब 32.41 लाख रुपये है।

टेस्ला मॉडल Y का स्टैंडर्ड वर्जन 2021 में उपलब्ध होगा, जिसकी कीमत 39 हजार डॉलर यानी करीब 26.90 लाख रुपये है। यह वर्जन एक बार चार्ज करने पर 230 माइल यानी करीब 370 किलोमीटर की दूरी तय करेगा। टेस्ला की इस नई इलेक्ट्रिक एसयूवी में 7-सीटर का ऑप्शन भी दिया गया है, जिसके लिए 3000 डॉलर यानी करीब 2 लाख रुपये अतिरिक्त देने पड़ेंगे।

कंपनी का दावा है कि टेस्ला मॉडल Y के लॉन्ग रेंज वर्जन की टॉप स्पीड 209 किलोमीटर प्रति घंटा है। यह वर्जन मात्र 5.5 सेकंड्स में 0 से 96 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड पकड़ सकता है। इलेक्ट्रिक एसयूवी के स्टैंडर्ड वर्जन की टॉप स्पीड 164 किलोमीटर प्रति घंटा है और 5.9 सेकंड्स में यह वर्जन 0-96 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड पकड़ सकता है। 2020 में इस एसयूवी के लॉन्ग रेंज वर्जन की डिलिवरी शुरू होगी। शुरुआत में यह अमेरिकी बाजार में उपलब्ध होगी।

जल्द ही भारत की सड़कों पर भी टेस्ला की इलेक्ट्रिक कारें दौड़ती नजर आएंगी। टेस्ला के सीईओ Elon Musk ने कहा है कि इस साल या अगले साल तक कंपनी निश्चित रूप से भारत में एंट्री कर लेगी। भारत में इसकी कारें 35 लाख से 55 लाख रुपये के बीच में आने वाली हैं। बता दें कि टेस्ला अमेरिका की इलेक्ट्रिक कार निर्माता कंपनी है। यह हाई परफॉर्मेंस स्पोर्ट्स इलेक्ट्रिक कारें बनाने के लिए जानी जाती है। इलेक्ट्रिक कारों के अलावा कंपनी एनर्जी सेक्टर में भी काम करती है।

देश के सबसे बड़े टैक्‍सपेयर अक्षय कुमार, रितेश ने किया खुलासा

अब तक तमाम ब्‍लॉकबस्‍टर फिल्‍में दे चुके ऐक्‍टर अक्षय कुमार अपनी आने वाली फिल्‍म ‘केसरी’ को लेकर इन दिनों बिजी हैं। डायरेक्‍टर अनुराग सिंह की इस फिल्‍म में अक्षय के ऑपोजिट ऐक्‍ट्रेस परिणीति चोपड़ा नजर आएंगी।इस साल की मच अवेटेड फिल्‍मों में से एक ‘केसरी’ की लीड स्‍टारकास्‍ट हाल ही में सुर्खियों में आ गई।

दरअसल, इंटरनेट पर एक न्‍यूज वायरल हुई जिसमें दावा किया गया कि परिणीति के पास अक्षय के पैसे हैं। इस खबर के जवाब में ऐक्‍ट्रेस ने अक्षय के साथ अपनी एक तस्‍वीर सोशल मीडिया पर पोस्‍ट की जिसमें वह ऐक्‍टर को पैसे देती नजर आ रही हैं।

परिणीति के ट्वीट पर ऐक्‍टर रितेश देशमुख ने खुलासा किया कि क्‍यों अक्षय देश के उन लोगों में से हैं जो सबसे ज्‍यादा टैक्‍स चुकाते हैं। रितेश ने लिखा, ‘अब आप लोगों को पता चल गया होगा कि अक्षय कैसे सबसे ज्‍यादा टैक्‍स चुकाते हैं। हम को-ऐक्‍टर्स भारी मात्रा में योगदान करते हैं। उनके पास सबसे ज्‍यादा इनोवेटिव गेम्‍स हैं… उनके पास अपने मिनी ओलिंपिक हो सकते हैं।’

रितेश के ट्वीट के जवाब में अक्षय ने लिखा, ‘थैंक्‍यू। इससे मुझे कुछ याद आया। दोपहर में आप क्‍या कर रहे हैं? लूडो हो जाए तो कैसा रहेगा।’ इस पर रितेश ने कहा, ‘नहीं!!! खेलूंगा तब, अगर आप आंखों पर पट्टी बांधकर खेलें। रुकिए!!! तब भी ऑड्स मेरे फेवर में नहीं हैं।’

वर्कफ्रंट की बात करें तो अक्षय और रितेश साथ में ‘हाउसफुल 4’ में दिखेंगे। फिल्‍म में बॉबी देओल, कृति सैनन, पूजा हेगड़े जैसे ऐक्‍टर्स भी अहम रोल में नजर आएंगे। फिल्‍म इस साल 26 अक्‍टूबर को रिलीज हो सकती है।

निर्यात बढ़ने के बावजूद बढ़ा देश का व्यापार घाटा

नई दिल्ली। निर्यात में बढ़ोतरी के बावजूद आयात के मुकाबले उसके बेहद कम रहने से देश का व्यापार घाटा बढ़ गया है। पिछले 11 महीने के दौरान माल व सेवा क्षेत्र का कुल व्यापार घाटा 93.32 अरब डॉलर दर्ज किया गया, जो पिछले साल इसी अवधि के दौरान हुए 82.46 अरब डॉलर के व्यापार घाटे से 13 फीसदी ज्यादा है। हालांकि भारतीय रिजर्व बैंक के अंतिम आंकड़े आने के बाद सरकारी आंकड़ों में इस घाटे की रकम में बदलाव भी हो सकता है।

सरकार की तरफ से जारी अस्थाई आंकड़ों के मुताबिक, चालू वित्त वर्ष में अप्रैल से फरवरी तक 11 महीने में देश का कुल निर्यात 483.98 अरब डॉलर रहा, जबकि इसी दौरान 577.31 अरब डॉलर का आयात किया गया। हालांकि भारत ने इस साल सेवा क्षेत्र में आयात के मुकाबले 72.20 अरब डॉलर ज्यादा का निर्यात किया। लेकिन उसे वस्तु व्यापार में घाटा उठाना पड़ा। वस्तु व्यापार में भारत को 165.52 अरब डॉलर का घाटा हुआ।

साथ ही देश का व्यापार घाटा बढ़ने में पेट्रोलियम पदार्थों के आयात में 32 फीसदी बढ़ोतरी ने भी अहम भूमिका निभाई। अप्रैल से फरवरी तक देश ने पिछले वित्त वर्ष के 97.53 अरब डॉलर के मुकाबले चालू वित्त वर्ष में 128.72 अरब डॉलर का आयात किया। गैर पेट्रोलियम वस्तुओं का आयात बिल पिछले साल के मुकाबले 3.09 फीसदी ज्यादा 335.28 अरब डॉलर दर्ज किया गया।

WhatsApp में आने वाला है इन-ऐप ब्राउजर, जानिए इसका फायदा

नई दिल्ली। वॉट्सऐप अपने यूजर्स के लिए कुछ न कुछ नया प्रयोग करता रहता है। जानकारी के अनुसार वॉट्सऐप एक नया फीचर लेकर आ रहा है, जिसका नाम इन-ऐप ब्राउजर है। इस नए फीचर से यूजर्स ऐप के अंदर ही किसी भी लिंक को ओपन कर सकेंगे।

जी हां, वॉट्सऐप इस शानदार फीचर के जरिए यूजर्स को बहुत ही अच्छी सुविधा देने जा रहा है। इसमें यूजर किसी भी वेब पेज को वॉट्सऐप के अंदर ही ओपन कर सकेंगे। वेब पेज ओपन करने के लिए उन्हें ऐप से बाहर नहीं जाना पड़ेगा। हालांकि, एक बात यह भी सामने आ रही है कि इस फीचर को इस्तेमाल करते समय आप कोई भी स्क्रीनशॉट या फिर स्क्रीन को रिकॉर्ड नहीं कर सकेंगे।

इन-ऐप ब्राउजर की अच्छी बात ये है कि यूजर्स को नुकसान पहुंचाने वाले वेब पेज के बारे में भी अलर्ट देगा। इसके अलावा अगर आप इस बात से परेशान हो रहे हैं कि कहीं आपकी वॉट्सऐप या फेसबुक ब्राउजिंग हिस्ट्री चेक न कर लें, तो आपको परेशान होने की जरूरत नहीं है क्योंकि कोई भी आपकी हिस्ट्री नहीं चेक कर सकेगा।

इस फीचर के अलावा कंपनी रिवर्स इमेज सर्च फीचर की भी टेस्टिंग कर रही है। यह फीचर आपको रिसीव इमेज को गूगल पर अपलोड कर यह चेक करने का मौका देगा कि यह पहले वेब पर दिख चुका है या नहीं। इससे आपको यह पता चल जाएगा कि आपको जो इमेज मिली है वो असली है या फेक।

वॉट्सऐप में रिसीव इमेज सर्च फीचर भारत जैसे देश के लिए एक काम का फीचर हो सकता है, क्योंकि यहां लगातार फर्जी खबरें शेयर की जा रही है। कई लोगों द्वारा वॉट्सऐप का गलत इस्तेमाल किया जा रदहा है। यह दोनों फीचर अभी सिर्फ वॉट्सऐप एंड्रॉयड बीटा ऐप पर देखे गए हैं और अभी यूजर्स के लिए उपलब्ध नहीं है। हालांकि यह फीचर कब तक लॉन्च किया जाएगा इसके बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।

स्वच्छता, अतिक्रमण एवं पार्किंग की व्यवस्था में सुधार जरूरी: व्यापार महासंघ

कोटा। कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव अशोक माहेश्वरी ने कहा कि शहर में स्वच्छता, अतिक्रमण, पार्किग एवं यातायात व्यवस्था में भारी सुधार की आवश्यकता है। उन्होने क्षेत्रीय व्यापार संघों को आव्हान किया कि वो अपने-अपने क्षेत्रों में इन व्यवस्थाओं को सुधारने में जन सहभागिता लाये इनके बिना इन व्यवस्थाओं में स्थाई सुधार नहीं लाया जा सकता है।

वे रविवार को रामपुरा व्यापार समिति की ओर से छोटी समाध रामपुरा में आयोजित होली मिलन समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने उदाहरण दिया की पूर्व में स्वच्छता अभियान के दौरान कोटा व्यापार संघ, यातायात नगर निगम एवं क्षेत्रीय व्यापार संघों को साथ लेकर गांधी चौक पुरानी धानमण्डी को अतिक्रमण मुक्त कर स्वच्छता प्रदान की थी।

माहेश्वरी ने कहा कि अब फिर से वही स्थिति पैदा हो गई है। क्षेत्रीय व्यापार संघों को इन व्यवस्थाओें को माकुल करने के लिये पूर्ण निगरानी एवं सहयोग करना पड़ेगा। जिससे हम अनावश्यक प्रशासन से होने वाले विवाद से बच सकें।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुये कोटा व्यापार महासंघ के अध्यक्ष क्रांति जेैन ने कहा कि रामपुरा बाजार हमारी ऐतिहासिक धरोहर है। इस क्षेत्र के व्यापार संघ के अध्यक्ष अजय कुमार गुप्ता एवं सचिव रामलाल नागर के नेतृत्व में इस क्षेत्र को स्वच्छ एवं अतिक्रमण मुक्त बनाये रखने में सक्रिय योगदान देते हैं।

उन्होंने कहा कि व्यापार महासंघ ने यूडीएच मंत्री शांति धारीवाल से गत दिनों गाड़ी खाना एवं हिन्दू धर्मशाला के पास आर्य समाज रोड़ के लिये नई पार्किग व्यवस्था को स्वीकृत कराने की मांग की है, जिसे आगे बढाया जायेगा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजस्थान कांग्रेस प्रदेश समिति के महासचिव पंकज मेहता ने अपने कहा कि पुराने शहर में कई ऐतिहासिक धरोहर है, इसे हेरीटेज एवं धार्मिक पर्यटन के रूप में विकसित किया जाना चाहिए।

मुख्य अतिथि नगर विकास के पूर्व अध्यक्ष रवीन्द्र त्यागी ने कहा कि पुराने शहर को अतिक्रमण मुक्त एवं पार्किग व्यवस्था के लिये हमारी सरकार द्वारा नई कार्य योजना तैयार की जायेगी। रामपुरा व्यापार समिति के अध्यक्ष अजय कुमार गुप्ता ने सभी को होली की शुभकामनायें दी एवं इस क्षेत्र की समस्याओं के बारे में विस्तार से बताया

क्या आप भी डेटा चोरी से परेशान हैं, तो यह खबर जरूर पढ़ें

नई दिल्ली। टेलिकॉम कंपनियों के बीच बढ़ते कॉम्पिटीशन के चलते मोबाइल डेटा पैक्स सस्ते हुए हैं और भारत में मोबाइल डेटा का फ्री-फ्लो तेजी से बढ़ा है। ऐसे में जब यूजर्स को ढेर सारा डेटा मिल रहा है तो वह अपने डेटा यूजेस पैटर्न पर ध्यान नहीं देते। एक ऑनलाइन फ्रॉड के चलते यूजर्स का करीब 10GB मोबाइल डेटा गायब हो रहा है और ज्यादातर यूजर्स को इसकी भनक तक नहीं लगती। ऐसे में कहीं आप भी तो शिकार नहीं हैं, यह समझना जरूरी है।

पिछले महीने सामने आया था कि ऐंड्रॉयड यूजर्स सिर्फ मोबाइल डेटा ही नहीं गंवा रहे, बल्कि इसके चलते उनके स्मार्टफोन की बैटरी भी तेजी से खत्म हो जाती है। Oracle के रिसर्चर्स के मुताबिक, एक ऐड फ्रॉड की वजह से लाखों ऐंड्रॉयड यूजर्स का ढेर सारा मोबाइल डेटा कंज्यूम हुआ है और डिवाइस की बैटरी लाइफ पर भी इसने असर डाला है। वॉशिंगटन पोस्ट की रिपोर्ट में कहा गया है कि इस कोड को ‘DrainerBot’ नाम दिया गया है।

पोस्ट के मुताबिक, यह कोड यूजर्स की जानकारी के बिना कई जीबी ऐड स्मार्टफोन्स में डाउनलोड कर देता है। यह कोड इनफेक्टेड ऐप्स की मदद से यूजर्स का मोबाइल डेटा यूज करता है। Orcle के रिसर्चर्स ने बताया कि सैकड़ों ऐंड्रॉयड ऐप्स ऐसी हैं जिन्हें एक करोड़ से ज्यादा बार डाउनलोड किया गया है और ये ऐप्स इस कोड से इनफेक्टेड हैं। यह ऐड फ्रॉड हर महीने करीब 10 जीबी तक डेटा कंज्यूम कर रहा था।

इस बॉट कोड से डच कंपनी Tapcore का पता लगा है। Tapcore ने इससे जुड़ी जानकारी होने से इनकार किया और कहा कि उसकी ओर से इन्वेस्टिगेशन की जा रही है। ये सारे ऐप्स अब तक गूगल प्ले स्टोर पर अवेलेबल थे और Oracle के मार्क करने के बाद गूगल ने प्लेस्टोर पर इन ऐप्स को ब्लैकलिस्ट कर दिया है। हालांकि Oracle का कहना है कि अब भी ऐसे कई ऐप्स प्लेस्टोर पर अवेलेबल हैं।

Oracle ने अपनी तरफ से इससे बचने के लिए कुछ टिप्स दिए हैं जो आपको ध्यान में रखनी चाहिए। कंपनी ने कुछ ऐप्स के बारे में बताया है जो इससे इन्फेक्टेड हैं। इनमें ड्रॉ क्लैश ऑफ क्लैन्स, सॉलिटायर 4 सीजन्स, परफेक्ट 365 जैसे ऐप्स शामिल हैं। इसके अलावा इस बात का ध्यान रखें कि क्या बिना ज्यादा इस्तेमाल किए भी आपके फोन की बैटरी खत्म हो जा रही है या फोन गर्म हो रहा है। किसी ऐप को डाउनलोड करने के बाद अगर आपका डेटा ज्यादा खर्च हो रहा है तो हो सकता है कि आप इस फ्रॉड के शिकार हों।