ऊर्जा मंत्री नागर का सांगोद-कनवास क्षेत्र में दौरा, विद्यालय परिसर में किया पौधरोपण
कोटा। ऊर्जा मंत्री एवं स्थानीय विधायक हीरालाल नागर रविवार को अपने निर्वाचन क्षेत्र के कनवास, सांगोद और बपावर क्षेत्र के सघन प्रवास पर रहे। इस दौरान उन्होंने जहाँ एक ओर पीएम मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम में शिरकत की और सघन पौधरोपण किया, वहीं दूसरी ओर दर्जनों गाँवों का दौरा कर आमजन से सीधा संवाद स्थापित किया।
ऊर्जा मंत्री नागर ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, कनवास में स्थानीय कार्यकर्ताओं और प्रबुद्ध जनों के साथ ‘मन की बात’ का 136वां संस्करण सुना। उन्होंने पीएम के संदेशों को जीवन में उतारने का आह्वान किया। इसके पश्चात पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत विद्यालय परिसर में पौधरोपण किया और सभी से कम से कम एक पौधा लगाने का आग्रह किया।
छात्रावास का औचक निरीक्षण: अधिकारियों को फटकार
पौधरोपण के बाद मंत्री नागर अचानक कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास पहुँचे। बालिकाओं और वार्डन ने खेल के मैदान में पत्थरों के कारण दुर्घटना की आशंका जताई। इस पर मंत्री ने मौके से ही एडीपीसी (समसा) नवल किशोर महावर को फोन लगाकर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य अभी गारंटी और लायबिलिटी पीरियड में है, फिर भी मैदान में पत्थर बिखरे पड़े हैं। एडीपीसी पूरे मामले की जांच कर 2 दिन के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करें, अन्यथा लापरवाही के खिलाफ उच्च स्तरीय जांच कमेटी गठित की जाएगी। निर्माण की कमियों को ठेकेदार से अविलंब दुरुस्त कराया जाए।
विभिन्न गांवों में जनसंवाद एवं शोक संवेदनाएं
अपने विस्तृत दौरे के दौरान ऊर्जा मंत्री ने घानाहेड़ा, तरकस्या, खजूरी ओधपुर, सांगोद शहर, बपावर, बुढनी, मोतीकुआं, मंडोला, डगारिया और पाडलिया गाँवों का दौरा किया। मंत्री नागर ने क्षेत्र के बीमार कार्यकर्ताओं के आवास पर जाकर उनका हालचाल जाना और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। साथ ही, विगत दिनों जिन कार्यकर्ताओं या परिजनों का निधन हुआ, उनके घर पहुँचकर शोक संवेदना व्यक्त की। जनसंवाद कार्यक्रमों में उन्होंने पेयजल, सड़क, सिंचाई और विद्युत आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं को सुना और अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के कड़े निर्देश दिए।

