Pesticides: पतंजलि के आटे में कीटनाशक, 552 का शेयर 344 पर आ गया

0
4

जांच में क्लोरपायरीफोस कीटनाशक अधिकतम तय लिमिट से ज्यादा निकला

हरिद्वार। बाबा रामदेव की पतंजलि फूड्स ने अपनी एक ब्रांडेड गेहूं के आटे की खेप को वापस लेने (Recall) का आदेश दिया है। कंपनी ने स्टॉक एक्सचेंज को दी गई जानकारी में बताया कि यह कदम इसलिए उठाया गया, क्योंकि जांच में इस आटे में कीटनाशक की मात्रा तय सीमा से अधिक पाई गई।

यह आदेश केरल के कोट्टायम में खाद्य सुरक्षा सहायक आयुक्त के कार्यालय की ओर से जारी किया गया था। दरअसल, इस खेप में क्लोरपायरीफोस नामक कीटनाशक का अंश अधिकतम तय लिमिट से कहीं ज्यादा निकला, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।

रिकॉल का आदेश 20 जुलाई को जारी हुआ था और पतंजलि फूड्स को यह 24 जुलाई को प्राप्त हुआ। कंपनी ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि इस प्रभावित खेप का बैच नंबर क्या है, कितनी मात्रा में आटा प्रभावित हुआ है, और यह आटा किन बाजारों में बेचा गया था।

हालांकि, पतंजलि फूड्स ने यह भी कहा कि इस रिकॉल का उनके वित्तीय या परिचालन गतिविधियों पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ेगा, सिवाय उस प्रभावित खेप के मूल्य के, जिसे वापस मंगाया जा रहा है। यानी माना जा रहा है कि यह घटना उनके कारोबार के लिए बड़ी चुनौती नहीं बनेगी।

पतंजलि फूड्स के लिए यह साल अच्छा नहीं जा रहा, खासकर इसके शेयरों में निवेश करने वाले निवेशकों का। पतंजलि फूड्स के शेयर इस साल अबतक 37 प्रतिशत से अधिक टूट चुके हैं।

यह 552 रुपये से अब 344 रुपये के आसपास आ गया है। बाजार में कंपनी के शेयर की बात करें तो आटे की खेप को मार्केट से वापस लेने की जानकारी के बाद पतंजलि फूड का शेयर आज सुबह सवा दस बजे के करीब एक प्रतिशत से ऊपर चढ़कर 344.50 रुपये पर ट्रेड कर रहा था।

15 जुलाई को शेयर हुआ था क्रैश
27 जुलाई सोमवार को शुरुआती कारोबार में पतंजलि फूड्स के शेयर 341 रुपये प्रति शेयर पर ट्रेड कर रहे थे। हालांकि पिछले कुछ हफ्तों में शेयर का प्रदर्शन खासा अच्छा नहीं रहा। बीती 15 जुलाई को ही कंपनी के शेयर में जनवरी 2020 के बाद से एक ही दिन में सबसे बड़ी गिरावट दर्ज की गई थी, जब यह करीब 20 प्रतिशत तक लुढ़क गया था।