Monday, July 27, 2026
Home Blog Page 4949

एरिक्सन को 462 करोड़ चुकाकर जेल जाने से बचे अनिल अंबानी

मुंबई। रिलायंस कॉम्युनिकेशंस ने स्विडिश टेलिकॉम इक्विपमेंट कंपनी एरिक्सन को बकाया 462 करोड़ रुपये का भुगतान करके अपने चेयरमैन अनिल अंबानी को जेल जाने से बचा लिया है। यह भुगतान नहीं होने पर अनिल अंबानी को तीन महीने जेल की सजा होती। दोनों कंपनियों के बीच 1 साल से कानूनी लड़ाई चल रही थी।

एरिक्शन के वकील ने भुगतान प्राप्त होने की पुष्टि की है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के मुताबिक बकाया भुगतान के लिए आखिरी तारिख 19 मार्च थी। आरकॉम पहले ही एरिक्सन को 118 करोड़ रुपये का भुगतान कर चुकी है। पिछले महीने सुप्रीम कोर्ट ने रिलायंस कम्‍युनिकेशंस के अध्यक्ष अनिल अंबानी को जानबूझ कर उसके आदेश का उल्लंघन करने और टेलिकॉम उपकरण बनाने वाली कंपनी एरिक्सन को बकाया भुगतान नहीं करने पर अदालत की अवमानना का दोषी करार दिया था।

सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि अंबानी, रिलायंस टेलिकॉम के अध्यक्ष सतीश सेठ और रिलायंस इंफ्राटेल की अध्यक्ष छाया विरानी ने कोर्ट में दिए गए आश्वासनों और इससे जुड़े आदेशों का उल्लंघन किया है। कोर्ट ने सख्ती से कहा कि एरिक्सन को 4 हफ्ते में 453 करोड़ रुपये चुकाने होंगे। तय समय में भुगतान नहीं करने पर उन्हें तीन महीने जेल की सजा भुगतनी होगी।

इंदौर किराना: ग्राहकी से शक्कर के भाव मजबूत

इंदौर। स्थानीय सियागंज किराना बाजार में सोमवार को शक्कर में ग्राहकी बढ़ने से भाव मजबूती लिए रहे। कारोबारियों के अनुमान के मुताबिक सियागंज किराना बाजार में सोमवार को 14 गाड़ी शक्कर की आवक हुई।

शक्कर -गोला: शक्कर-3290 से 3320 रुपये प्रति क्विंटल। खोपरा गोला 195 से 210 रुपये प्रति किलोग्राम। खोपरा बूरा 2550 से 4300 रुपये प्रति 15 किलोग्राम। हल्दी: हल्दी खड़ी सांगली 125 से 130, निजामाबाद 80 से 100, पिसी 135 से 155 रुपये प्रति किलोग्राम।

साबूदाना: साबूदाना 4600 से 5400, पैकिंग में 5900 से 6200 रुपये प्रति क्विंटल। आटा-मैदा: गेहूं आटा 1120 से 1130, तन्दूरी आटा 1290 से 1300, मैदा 1200 से 1210, रवा 1240 से 1250, चना बेसन 2875 तथा बटला बेसन 2550 रुपये प्रति 50 किलोग्राम।

इंदौर बाजार: ग्राहकी से मूंगफली तेल एवं कपास्या खली में तेजी

इंदौर। स्थानीय खाद्य तेल बाजार में सोमवार को मूंगफली तेल के भाव में दस रुपये प्रति 10 किलोग्राम (शनिवार की तुलना में) की वृद्धि हुई। वहीं सोयाबीन रिफाइंड तेल में भाव दो रुपये प्रति 10 किलोग्राम कम हुए। पशु आहार कपास्या खली के भाव में 100 रुपये प्रति 60 किलोग्राम की तेजी दर्ज की गई। वहीं कपास्या तेल में दो रुपये प्रति 10 किलोग्राम बढ़ गए।

तिलहन: सरसों 3700 से 3750 रायडा 3300 से 3400सोयाबीन 3625 से 3650 रुपये प्रति क्विंटल। तेल: मूंगफली तेल इंदौर 960 से 980, सोयाबीन रिफाइंड इंदौर 762 से 765, सोयाबीन साल्वेंट 720 से 725, पाम तेल 645 से 650 रुपये प्रति10 किलोग्राम।

पशु आहार: कपास्या खली इंदौर 1600, देवास 1600, उज्जैन 1600, खंडवा 1585, बुरहानपुर 1585, अकोला 2375 रुपये प्रति 60 किलोग्राम बोरी। कपास्या तेल: कपास्या तेल इंदौर 690 से 692, महाराष्ट्र 685 से 690 तथा गुजरात 700 से 705 रुपये प्रति दस किलोग्राम।

इंदौर मंडी: लिवाली निकलने से चना उछला

इंदौर। स्थानीय संयोगितागंज अनाज मंडी में सोमवार को लिवाली सुधार से चना (कांटा) 50 रुपये और चना (देसी) के भाव में 50 रुपये प्रति क्विंटल (शनिवार की तुलना में) बढ़ गए। मांग कमी से मसूर 25 रुपये एवं बटला 25 रुपये प्रति क्विंटल कम हुआ। उड़द मोगर 100 रुपये प्रति क्विंटल सस्ती बिकी।

दलहन: चना (कांटा) 4050 से 4075, चना (देसी) 3950 से 3975, डबल डॉलर 5000 से 5500, मसूर 3850 से 3875, हल्की 3550 से 3600, बटला 3500 से 3525, मूंग 5500 से 5600, हल्की 4800 से 5000, तुअर निमाड़ी (अरहर) 4700 से 4800, महाराष्ट्र नई तुअर (अरहर) 5250 से 5400, उड़द 4700 से 4800, हल्की 3600 से 4000 रुपये प्रति क्विंटल।

दाल: तुअर (अरहर) दाल सवा नंबर 6450 से 6650, तुअर दाल फूल 6850 से 7050, तुअर दाल बोल्ड 7250 से 7450, आयातित तुअर दाल 6000 से 6200चना दाल 5150 से 5450, आयातित चना दाल 4950 से 5150 मसूर दाल 5000 से 5100मूंग दाल 6400 से 6600, मूंग मोगर 6700 से 6900 उड़द दाल 5300 से 5500, उड़द मोगर 6300 से 6500 रुपये प्रति क्विंटल।

चावल: बासमती 8500 से 9000, तिबार 7000 से 7500, दुबार 6000 से 6500, मिनी दुबार 5500 से 6000, मोगरा 3500 से 5000, बासमती सैला 5500 से 8500, कालीमूंछ 5900 से 6000, राजभोग 4900 से 5000, दूबराज 3500 से 4000, परमल 2500 से 2700, हंसा सैला 2400 से 2650, हंसा सफेद 2200 से 2400, पोहा 4200 से 4400 रुपये प्रति क्विंटल।

मनोहर पर्रिकर पंचतत्व में विलीन, बेटे ने दी मुखाग्नि

पणजी।गोवा के मुख्यमंत्री और देश के रक्षा मंत्री रहे मनोहर पर्रिकर का निधन रविवार को हुआ था। सोमवार को गोव के ही मीरामार बीच पर राजकीय सम्मान के साथ पर्रिकर का अंतिम संस्कार किया गया। पर्रिकर के शव पर पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद उन्हें गन सल्यूट भी दिया गया। मनोहर पर्रिकर के बेटे ने उनको मुखाग्नि दी।

इस दौरान देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गोवा की राज्यपाल मृदुला सिन्हा, भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) अध्यक्ष अमित शाह, रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण और कई अन्य नेता मौजूद रहे। लंबे समय से कैंसर से जूझ रहे मनोहर पर्रिकर का निधन रविवार रात को गोवा में हुआ था। सोमवार को अंतिम दर्शन के लिए उनका शव कला अकैडमी रखा गया।

जहां से मीरामार बीच तक पर्रिकर की आखिरी यात्रा निकाली गई। इस दौरान पर्रिकर के दोनों बेटे भी मौजद रहे। पीएम मोदी ने भी उनके दोनों बेटों से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया। मनोहर पर्रिकर की अंतिम यात्रा में पहुंचीं केंद्रीय मंत्री स्मृति इरानी भावुक हो गईं। उन्हें श्रद्धांजलि सभा में आंसू पोंछते देखा गया।

अपनी सादगी और सरलता के लिए चर्चित पर्रिकर की अंतिम यात्रा में लोगों का भारी हुजूम उमड़ा। हर कोई अपने सीएम का आखिरी दर्शन करने को आतुर दिखा। वहीं, देश की तमाम राजनीतिक पार्टियों के नेताओं ने भी पर्रिकर के निधन पर शोक जताया।

सरकार बनाने की कवायद भी तेज
मनोहर पर्रिकर के निधन के बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री की कुर्सी खाली हो गई है। सबसे बड़ी पार्टी कांग्रेस है, जिसके पास 14 विधायक हैं। कांग्रेस ने राज्यपाल मृदुला सिन्हा से मुलाकात करके सरकार बनाने का दावा भी पेश कर दिया है। वहीं, बीजेपी का कहना है कि सोमवार को ही नया मुख्यमंत्री शपथ ले लेगा। हालांकि, अभी इसपर कोई औपचारिक ऐलान नहीं हुआ है।

सेंसेक्स 70 अंक की तेजी के साथ 38,095 पर बंद, निफ्टी 11,450 के पार

नई दिल्ली। कारोबार सप्ताह के पहले दिन भारतीय शेयर बाजार दिनभर की बढ़त खोकर हरे निशान में बंद होने में कामयाब रहे। बंबई स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों का संवेदी सूचकांक सेंसेक्स इंट्रा डे में करीब 300 अंकों की बढ़त खोकर 70 अंकों की तेजी के साथ 38095 अंकों पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 35 अंकों की तेजी के साथ 11,462 अंकों पर बंद हुआ।

सुबह कारोबार की शुरुआत में सेंसेक्स ने तेज छलांग लगाई और यह 9.32 बजे 38,363 अंकों के स्तर तक पहुंच गया। यह इसका दिनभर का उच्चतम स्तर रहा। इसके बाद शुरू हुई मुनाफा वसूली के चलते सेंसेक्स कई बार लाल निशान में चल गया।

अंत में दिनभर के कारोबार के बाद सेंसेक्स 38,095 अंकों पर बंद होने में कामयाब रहा। इस प्रकार इंट्रा डे में सेंसेक्स ने करीब 300 अंकों की बढ़त गंवाई। सेंसेक्स में मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में बिकवाली का माहौल रहा और गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुए।

निफ्टी का हाल
कुछ ऐसा ही हाल निफ्टी की भी रहा। सुबह शुरुआती तेजी के बाद निफ्टी 11,502 के स्तर तक पहुंच गया था। लेकिन दिन के अंत में यह अपनी बढ़त खोते हुए 11,462 अंकों पर बंद हुआ। 50 शेयरों के संवेदी सूचकांक निफ्टी 31 शेयर हरे और 19 शेयर लाल निशान में बंद हुए। निफ्टी-50 मिडकैप और स्मॉलकैप शेयर भी गिरावट के साथ बंद हुए। निफ्टी में ऑटो, आईटी और फार्मा सेक्टर को छोड़कर अन्य सभी सेक्टोरियल इंडेक्स बढ़त के साथ हरे निशान में बंद हुए।

इन शेयरों में रही तेजी
सेंसेक्स में प्रेस्टीज में 16.23 फीसदी, टाटा स्टील में 9.92 फीसदी, बॉम्बे डाइंग में 9.08 फीसदी, जस्ट डायल में 7.47 फीसदी और डीबीएल में 6.67 फीसदी की तेजी रही। निफ्टी में कोटक बैंक में 4.65 फीसदी, आईओसी में 3.21 फीसदी, हिन्दुस्तान पेट्रोलियम में 2.94 फीसदी, पावर ग्रिड में 2.88 फीसदी और विप्रों में 2.67 फीसदी की तेजी रही।

इन शेयरों में रही गिरावट
सेंसेक्स में आरकॉम में 9.52 फीसदी, मनपसंद बेवरेज में 5.78 फीसदी, स्टरलाइट टेक्नोलॉजी में 5.30 फीसदी, टीटीके प्रेस्टीज लिमिटेड में 5.19 फीसदी और इंडिया बुल्स इंटीग्रेटेड सर्विसेज में 4.99 फीसदी की गिरावट रही।

निफ्टी में हिन्दुस्तान यूनीलिवर में 2.09 फीसदी, यस बैंक में 1.92 फीसदी, रिलायंस इंडस्ट्रीज में 1.33 फीसदी, आईटीसी में 1.32 फीसदी और भारती एयरटेल में 1.30 फीसदी की गिरावट रही।

ड्यूल कैमरा के साथ 6000 रुपये में शाओमी ने लॉन्च किया Redmi 7

नई दिल्ली।चाइनीज स्मार्टफोन मेकर ब्रैंड शाओमी (Xiaomi) हमेशा नए डिवाइस लॉन्च से फैन्स को चौंकाती है। शाओमी ने अपने होम मार्केट में आज अपने दो बजट स्मार्टफोन लॉन्च किए। एक इवेंट के दौरान कंपनी ने रेडमी 7 और रेडमी नोट 7 प्रो स्मार्टफोन्स लॉन्च किए। बता दें कि कंपनी रेडमी नोट 7 प्रो भारत में पहले ही लॉन्च कर चुकी है।

रेडमी 7 कंपनी का लेटेस्ट डिवाइस है और इसके फीचर्स बजट सेगमेंट के हिसाब से कहीं बेहतर हैं। 10 हजार रुपये से कम कीमत में यह फोन रियल ड्यूल कैमरा के साथ क्वालकॉम स्नैपड्रैगन 632 प्रोसेसर ऑफर कर रहा है। कीमत की बात करें तो इसका शुरुआती प्राइस 6,000 रुपये के करीब है।

इसके 2 जीबी रैम और 16 जीबी स्टोरेज वेरियंट की कीमत चीन में 699 युआन (करीब 6,000 रुपये) है। इसका 3 जीबी रैम+32 जीबी स्टोरेज वेरियंट 799 युआन (करीब 8,000 रुपये) और 4 जीबी रैम+ 64 जीबी स्टोरेज वेरियंट 999 युआन (करीब 10,000 रुपये) के प्राइस टैग के साथ लॉन्च किया गया है।

स्पेसिफिकेशंस : रेडमी 7 स्मार्टफोन में 6.26 इंच एचडी डिस्प्ले दिया गया है, जिसका आस्पेक्ट रेशियो 19:9 है। ऑपरेटिंग सिस्टम की बात करें तो यह स्मार्टफोन ऐंड्रॉयड पाई ऑपरेटिंग सिस्टम के साथ लॉन्च किया गया है। इस फोन में क्वालकॉम स्नैपड्रैगन 632 प्रोसेसर दिया गया है। यह Kyro 250 डिजाइन वाला ऑक्टा कोर प्रोसेसर है। इस फोन में 8MP का सेल्फी कैमरा और 12+2MP का रियर ड्यूल कैमरा सेटअप दिया गया है।

स्टोरेज की बात करें तो यह स्मार्टफोन 2GB, 3GB और 4GB रैम ऑप्शन के साथ लॉन्च किया गया है। वहीं इंटरनल स्टोरेज को लिए इसी क्रम में 16GB, 32GB और 64GB के ऑप्शन मिल रहे हैं। रेडमी 7 कई कलर ऑप्शंस के साथ मिलेगा। यह स्मार्टफोन ब्लैक, रेड और ब्लू कलर ऑप्शंस में लॉन्च किया गया है। स्मार्टफोन में 4,000mAh की बैटरी दी गई है।

रिलीज हुआ कलंक का ‘घर मोरे परदेसिया’ गाना: देखिये वीडियो

मुंबई। अगले महीने बड़े पर्दे पर दस्तक देने के लिए तैयार फिल्म कलंक का पहला गाना रिलीज कर दिया गया है। गाने के बोल, ‘घर मोरे परदेसिया’ हैं। गाने को अपनी आवाज श्रेया घोषाल और वैशाली महाड़े ने दी है। गाने की लिरिक्स अमिताभ भट्टाचार्य ने लिखे हैं और गाने को कोरियॉग्राफ रेमो डिसूजा ने किया है। गाने में माधुरी दीक्षित और आलिया भट्ट एकदम प्यारी नजर आ रही हैं।

फिल्म का संगीत प्रीतम ने दिया है। बता दें कि ‘कलंक’ 17 अप्रैल को रिलीज होगी। इससे पहले फिल्म के पहले गाने का टीजर जारी किया गया था। इसे लोगों ने काफी पसंद किया है। फिल्म की स्टारकास्ट की बात करें तो फिल्म में वरुण धवन, आलिया भट्ट, संजय दत्त, माधुरी दीक्षित और सोनाक्षी सिन्हा जैसे ऐक्टर हैं। आप भी देखिए कलंक फिल्म का पहला गाना घर मोरे परदेसिया…

फिल्म में वरुण धवन जफर के रोल में नजर आएंगे तो आदित्य रॉय कपूर देव चौधरी के रूप में दिखेंगे। आलिया भट्ट फिल्म में रूप के किरदार निभाएंगी। बात करें, संजय दत्त की तो फिल्म में वह बलराज चौधरी के रूप में दिखेंगे। ‘कलंक’ को अभिषेक वर्मन निर्देशित कर रहे हैं। फिल्म को प्रड्यूस करने के लिए करण जौहर और साजिद नाडियाडवाला ने हाथ मिलाया है।

कर्जदारों के घरों पर अब नहीं बजेगा ढोल, हाइटेक तरीका अपनाएगा सेबी

नई दिल्ली। किसी नीलामी के लिए डुग-डुगी बजाकर या मुनादी लगाकर जनता को आकर्षिक करने के अपने फायदे होते होंगे, पर बजार विनियामक सेबी को लगता है कि ये तरीके बीते जमाने की बात हो गए हैं और आज के समय में नए तरीकों से अधिक अच्छे परिणाम देखने को मिल सकते हैं।

बाजार नियामक भारतीय प्रतिभूति विनिमय बोर्ड (सेबी) को शुल्क भरने में चूक करने या आदेश के अनुसार भुगतान न करने वाली इकाइयों की सम्पत्ति बेच कर वसूली करने के अधिकार है। इन अधिकारों की समीक्षा के समय नीलामी के दौरान अपनाए जाने वाले इन पुराने तरीकों की बात सामने आयी।

अधिकारियों का कहना है कि सेबी जुर्माना, शुल्क, वसूली की राशि या रिफंड के आदेश के संबंध में वसूली के नए नियम तैयार करने के लिए वित्त मंत्रालय से परामर्श कर रहा है। सेबी के पास कर्ज की किस्तें चुकाने में चूक करने वाले निकाय (डिफॉल्टर) की संपत्ति और बैंक खाते जब्त करने, डिफॉल्टर को गिरफ्तार करने या उसे हिरासत में लेने और डिफॉल्टर की चल एवं अचल संपत्तियों के प्रबंधन के लिए किसी को नियुक्त करने का अधिकार है।

अधिकारी के अनुसार, सेबी ने सरकार के समक्ष प्रस्तुति में कहा है कि आयकर अधिनियम के कुछ प्रावधान पुराने हो गए हैं, जैसे कि ढोल बजाना और सार्वजनिक नीलामी। अखबारों में विज्ञापन और ई-नीलामी जैसे नए तरीके बेहतर परिणाम दे सकते हैं। सेबी ने वसूली के तेज और प्रभावी तरीकों को अमल में लाने के लिये सरकार को नियमों में आवश्श्यक संशोधन करने को कहा है।

आईटी अधिनियम में होगा बदलाव
आईटी अधिनियम के मौजूदा प्रावधानों के तहत किसी भी संपत्ति को जब्त करने से पहले किसी जाने-माने स्थान या जब्त की जाने वाली संपत्ति के पास डुग-डुगी पिटवा कर या मुनादी (पुकार) लगवा कर कुर्की आदि के आदेश की घोषणा करनी होती है।

इसके अलावा जब्ती के आदेश को उक्त संपत्ति के परिसर में जनता को स्पष्ट रूप से दिखने वाले स्थान पर तथा कर वसूली अधिकारी के कार्यालय के बोर्ड पर चिपकाना होता है।

मंत्रालय ने सेबी के सुझाव के जवाब में कहा कि आईटी अधिनियम के वसूली के प्रावधानों को सेबी अधिनियम के तहत संशोधित किया जा सकता है और यह अधिकार केंद्र सरकार के पास है। अत: इसमें संशोधन केंद्र सरकार के बनाए नियमों के आधार पर ही होना चाहिए।

आईफोन 6 और 6s अब भारत में नहीं बिकेगा, बंद होंगे कई स्टोर्स

नई दिल्ली। अमेरिका की फोन निर्माता कंपनी एप्पल ने भारत में आईफोन 6 और आईफोन 6 एस, आईफोन 6 प्लस की बिक्री बंद करने का फैसला लिया है। इसके साथ ही कंपनी ने उन स्टोर्स को भी बंद करने का फैसला लिया है जो एक महीने में 35 से ज्यादा फोन नहीं बेच पा रही हैं। एप्पल इंडस्ट्री के 3 सीनियर एग्जिक्यूटिव ने इस बात की जानकारी दी है।

दरअसल मामला यह है कि कंपनी भारत में एप्पल की प्रीमियम ब्रैंड वैल्यू बनाए रखना चाहती है। कंपनी का कहना है कि इन फोन की बिक्री बंद करने से आईफोन की शुरुआती कीमत लगभग 5 हजार रुपए तक बढ़ जाएगी। आपको बता दें कि एप्पल ने 2014 में आईफोन 6 लॉन्च किया था। इसके 32 जीबी वेरिएंट की कीमत करीब 24,900 रुपये और आईफोन 6एस वर्जन की कीमत 29,900 रुपये है।

एग्जिक्यूटिव ने कहा कि एप्पल ने ‘डिस्काउंटेड ब्रैंड’ का टैग हटाने के लिए पिछले साल आईफोन एसई की शुरुआती कीमत 21,000 रुपये से बढ़ा दी थी और इसे ऑफलाइन स्टोर्स से भी हटा लिया था। एक एग्जिक्यूटिव ने बताया कि कंपनी चाहती है कि भारत में एप्पल प्रीमियम ब्रांड बना रहे। वह आईफोन की औसत कीमत भी बढ़ाना चाहती है।

एप्पल डिस्ट्रीब्यूटर्स ने अपने आस-पास के स्टोर्स को जानकारी दी है कि कंपनी उन आउटलेट्स को बंद करना चाहती है, जिनका एरिया 350-400 वर्ग फुट से कम है और जो एक महीने में 35 आईफोन की बिक्री नहीं कर पाते। एप्पल ऑथराइज्ड रिसेलर्स के नाम से जाने जाने वाले ये स्टोर्स 500 वर्ग फुट से ज्यादा एरिया में खुलते हैं। कंपनी चाहती है कि उसके सभी ट्रेड पार्टनर के पास एक से ज्यादा ऐसे स्टोर्स हों।