Monday, July 27, 2026
Home Blog Page 4948

24MP सेल्फी कैमरे के साथ Honor 10 Lite भारत में लॉन्च

नई दिल्ली। Huawei के सब-ब्रैंड ऑनर ने सोमवार को भारत में Honor 10 Lite स्मार्टफोन का नया 3GB+32GB स्टोरेज वेरियंट लॉन्च किया है। पहले इसके 4GB और 6GB रैम वेरिएंट में उपलब्ध थे, लेकिन अब आप इसका 3GB रैम वेरियंट भी खरीद सकेंगे। फोन में 6.21 इंच डिस्प्ले और आर्टिफिशल इंटेलिजेंस वाले 24 मेगापिक्सल सेल्फी कैमरे जैसी कई खूबियां हैं।

भारत में इसके 3GB रैम और 32GB इंटरनल स्टोरेज वेरियंट की कीमत 11,999 रुपये रखी गई है। सफायर ब्लू और मिडनाइट ब्लैक कलर में आने वाला ऑनर 10 लाइट आज से फ्लिपकार्ट पर बिक्री के लिए उपलब्ध है। लॉन्च ऑफर के तहत इसपर नो कॉस्ट ईएमआई ऑफर और 11,950 रुपये तक का एक्सचेंज डिस्काउंट दिया जा रहा है।

HDFC बैंक के डेबिट कार्ड से ईएमआई पर खरीदने वालों ग्राहकों को 5 पर्सेंट का इंस्टेंट डिस्काउंट भी दिया जाएगा, वहीं ऐक्सिस बैंक बज क्रेडिट कार्ड पर भी 5 पर्सेंट का इस्टेंट डिस्काउंट दिया जा रहा है।ऑनर 10 लाइट में ड्यूड्रॉप स्टाइल नॉच के साथ 6.21 इंच का डिस्प्ले दिया गया है। ग्रेडिएंट फिनिश के साथ फोन के बैक में 3D कर्व्ड डिजाइन है।

इसका सबसे बड़ा फीचर आर्टिफिशल इंटेलिजेंस वाला 24 मेगापिक्सल का सेल्फी कैमरा। वहीं, फोन में के बैक में दो कैमरे दिए गए हैं। स्मार्टफोन के बैक में पहला कैमरा 13 मेगापिक्सल का और दूसरा कैमरा 2 मेगापिक्सल का है।

फ्रट कैमरे की तरह बैक कैमरे में भी कई आर्टिफिशल इंटेलिजेंस मोड हैं। इस स्मार्टफोन में पावरफुल Kirin 710 प्रोसेसर दिया गया है। बाजार में इसके 4GB रैम और 64GB इंटरनल स्टोरेज वेरियंट की कीमत 13,999 रुपये और 6GB रैम और 64GB इंटरनल स्टोरेज वेरियंट की कीमत 17,999 रुपये है।

GST काउंसिल की बैठक आज ,दरों में कमी पर नहीं होगा कोई फैसला

0

नई दिल्ली । जीएसटी काउंसिल की 34वीं बैठक में रियल्टी सेक्टर के लिए जीएसटी की घटी दर को लागू किए जाने से जुड़े मुद्दों पर विचार होगा। सूत्रों के मुताबिक आज होने वाली इस बैठक में सिर्फ रियल एस्टेट सेक्टर के लिए जीएसटी की घटी दर को लागू करने के प्रावधान और उससे संबंधित मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है।

गौरतलब है कि चुनावी तारीखों की घोषणा होने के बाद आचार संहिता की वजह से जीएसटी की दरों से जुड़ा कोई भी मुद्दा इस बैठक में शामिल नहीं है। काउंसिल की पिछली बैठक में निर्माणाधीन फ्लैट्स के लिए जीएसटी दर को घटाकर पांच फीसद और किफायती श्रेणी के मकानों के लिए इस दर को घटाकर एक फीसद कर दिया गया था। नई दरें एक अप्रैल से लागू होंगी।

आज की बैठक में काउंसिल यह फैसला ले सकता है कि बिल्डर्स अपनी टैक्स देनदारी तय करते समय कच्चे माल और सेवाओं पर भुगतान किए गए टैक्स के लिए कब तक क्रेडिट का उपयोग कर सकते हैं।

अभी निर्माणाधीन फ्लैट्स के लिए होने वाले भुगतान पर जीएसटी की दर 12 फीसद है और इसके साथ ही इनपुट टैक्स क्रेडिट (आइटीसी) का प्रावधान भी है। यही व्यवस्था ऐसे रेडी-टु-मूव-इन फ्लैट्स के लिए भी है, जिनके लिए बिक्री के वक्त कंप्लीशन सर्टिफिकेट्स जारी नहीं किए गए होते हैं। किफायती श्रेणी में आने वाली आवासीय इकाई के लिए अभी जीएसटी की दर आठ फीसद है।

Skype अपडेट: अब एक साथ कर सकेंगे 50 लोग वीडियो चैट

नई दिल्ली। आने वाले समय में Skype पर 50 लोग एक साथ वीडियो या ऑडियो कॉल से जुड़ सकेंगे। Microsoft ने Skype के प्रिव्यू वर्जन को अपडेट किया जिसमें कुल 50 लोग वीडियो कॉल में हिस्सा ले पाएंगे। इससे पहले लिमिट 25 लोगों की ही थी। इस बदलाव की घोषणा Microsoft Skype Community Website पर की गई। इससे स्काइप यूजर्स को एक नया एक्सपीरियंस मिलेगा। कंपनी जल्द ही इस फीचर को रोलआउट कर देगी। कंपनी अभी इस फीचर की टेस्टिंग कर रही है।

ये फीचर्स सभी प्लेटफॉर्म्स पर बीटा टेस्टर्स के लिए उपलब्ध करा दिया गया है और जल्द ही टेस्टिंग के बाद ऑफिशियल तौर पर पेश कर दिया जाएगा। एक कॉल पर 50 लोगों को मैनेज करना कठिन है, यही कारण है कि जब आप ग्रुप्स में कॉल करेंगे, तो सभी सदस्यों को रिंग जाने की बजाय उनके पास इसका नोटिफिकेशन जाएगा जिससे उस समय ग्रुप कॉल से जुड़ने में असमर्थ लोगों को व्यवधान न हो।

इस अपडेट के साथ स्काइप बड़े ग्रुप्स में ऑडियो और वीडियो बटन इनेबल कर देगा जिससे यूजर्स अपनी सुविधानुसार अपने माइक्रोफोन्स आसानी से म्यूट कर सकेंगे या अपने वेबकैम ऑन या ऑफ कर सकेंगे। स्काइप वर्जन 8.41.76.55′ में कॉल रिंगिंग फीचर को पूरी तरह वैकल्पिक रखते हुए यूजर्स को इनकमिंग कॉल के बारे में ग्रुप पर सिर्फ नोटिफिकेशन भेजने पर ही पता चल जाएगा। ये फीचर्स सभी प्लेटफॉर्म्स पर बीटा टेस्टर्स के लिए उपलब्ध हैं ।

सरसों समर्थन मूल्य से कम में बिकने से किसानों को चार करोड़ का नुकसान

कोटा। संभाग में प्रतिदिन 50 हजार क्विंटल सरसों समर्थन मूल्य से कम में खुले बाजार में 3200 से 3400 रुपए क्विंटल में बिक रही है। इससे संभाग के किसानों को प्रतिदिन 4 करोड़ रुपए का नुकसान हो रहा है। किसान मंडी में खुली नीलामी में समर्थन मूल्य से करीब 900 रुपए कम भाव में अपनी सरसों बेचने को मजबूर हैं।

किसान नेता दशरथ कुमार ने बताया कि राजफैड ने 24 केंद्रों पर कांटे लगाए हैं, लेकिन 7 से ज्यादा स्थानों पर रजिस्ट्रेशन 14 मार्च को ही बंद हो गए। इससे पहले सरकार ने यह कह दिया कि एक गिरदावरी पर एक ही किसान का रजिस्ट्रेशन होगा। तब किसान नहीं करा पाए, 13 मार्च को फिर सरकार ने आदेश बदले और एक गिरदावरी में 4 किसानों को मंजूर किया, इसके बाद 14 मार्च से रजिस्ट्रेशन बंद हो गए।

अब जहां भी रजिस्ट्रेशन हो रहे हैं, लेकिन सर्वर इतना कमजोर है कि दो-दो घंटे में रजिस्ट्रेशन नहीं हो पा रहा ताे परेशान होने की बजाए खुले बाजार में माल बेचना पड़ रहा है। वहीं चलना भी लगा रहे हैं और गीला भी बता रहे हैं। इससे भी दुखी होकर किसान समर्थन मूल्य पर जिंस नहीं बेच रहे। उन्हें वहां तुरंत भुगतान मिल जाता है और 25 क्विंटल तो समर्थन मूल्य पर बेचे बाकी बेचने कहां जाए।

उन्होंने बताया कि पहले तो रजिस्ट्रेशन में दिक्कतें आई। कई जगहों पर रजिस्ट्रेशन बंद हो गए। जहां हा़े रहे हैं, वहां भी दो दिन से सर्वर डाउन होने से किसान का रजिस्ट्रेशन नहीं हो रहा। अब जिन्हें टोकन जारी हो गए हैं तो सेंटर पर सफाई के नाम पर चलना लगाया जा रहा है। इससे किसान को 25 से 30 फीसदी का नुकसान हो रहा है। वहीं दूसरी और उपज गीली बताते हुए नमूने फेल किए जा रहे हैं। इसकी वजह से समर्थन मूल्य पर दो दिन में केवल 30 से 32 किसानों की सरसों तुली है।

राज्य सरकार के बस में नहीं सरसों खरीदना : राजावत
भाजपा नेता और पूर्व विधायक भवानी सिंह राजावत ने समर्थन मूल्य पर खरीद में अनियमितता और ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन में किसानों को हो रही परेशानी देखते हुए सोमवार को भामाशाह मंडी स्थित भामाशाह चौराहा पर धरना दिया।

धरने को व्यापारियों, मुनीमों, हम्मालों, पल्लेदारों, मजदूरों ने खुला समर्थन किया। धरने के चलते 10.30 से 12 बजे तक मंडी में विभिन्न कृषि जिंसों की नीलामी बंद रही। धरने के दौरान राजावत ने किसानों के मामले में यूडीएच मंत्री शांति धारीवाल द्वारा की गई बयानबाजी को निराधार बताया।

डर के मारे मंडी ही नहीं पहुंचे अधिकारी
राजावत ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी थी कि अगर हालात नहीं सुधरे तो वे अधिकारियों को कमरे में बंद कर ताला लगा देंगे। इस चेतावनी के डर के मारे एफसीआई, राजफेड, कोऑपरेटिव मार्केटिंग सोसायटी के अधिकारी सोमवार काे मंडी ही नहीं पहुंचे। यहां तक की भामाशाह मंडी कार्यालय का गेट बंद कर राजावत वहीं किसानों के साथ धरने पर बैठ गए। इससे मंडी के अधिकारी-कर्मचारी कार्यालय तक में नहीं पहुंच पाए।

Jee Main: अप्रैल में होने वाली परीक्षा के प्रवेश पत्र कल होंगे जारी

कोटा। जेईई मेन-2 परीक्षा के एडमिट कार्ड 20 मार्च को जारी होंगे। परीक्षा 7, 8, 9, 10 एवं 12 अप्रैल को दो शिफ्टों में सुबह 9.30 से 12.30 व दोपहर 2.30 से 5.30 तक देश के 273 शहरों में व विदेश के 09 शहरों में होगी। जेईई मेन अप्रैल परीक्षा 7 अप्रैल को बीआर्क एवं 8, 9, 10 व 12 अप्रैल को बीई-बीटेक के लिए आयोजित होगी।

इस परीक्षा के लिए करीब 3 लाख से ज्यादा ऐसे नए विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया है, जिन्होंने जनवरी में जेईई मेन परीक्षा नहीं दी थी। अप्रैल परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र बुधवार को जारी किए जाएंगे। जिसमें विद्यार्थी को अपनी परीक्षा तिथि एवं शिफ्ट के साथ-साथ परीक्षा केंद्र की जानकारी भी मिल पाएगी।

विद्यार्थियों को अपना प्रवेश पत्र जेईई मेन वेबसाइट पर दिए गए विकल्प पर जाकर अपना एप्लीकेशन नंबर एवं ऑनलाइन फार्म फिलिंग के दौरान बनाए गए पासवर्ड या जन्मतिथि भरकर डाउनलोड करना होगा।

कॅरियर काउंसलिंग एक्सपर्ट अमित आहूजा ने बताया कि अप्रैल परीक्षा के लिए किए गए आवेदन में विद्यार्थियों का एप्लीकेशन नंबर एवं जेईई मेन जनवरी के एप्लीकेशन नंबर दोनों एक समान थे।

ऐसे में संभावना है कि प्रवेश पत्र में जारी किए गए रोल नंबर भी एक समान हो सकते हैं। यदि विद्यार्थी जनवरी व अप्रैल दोनों जेईई मेन परीक्षाएं देता है तो विद्यार्थी का अधिकतम एनटीए स्कोर के आधार पर आॅल इंडिया रैंक एवं जेईई एडवांस देने की पात्रता जारी की जाएगी।

गेट रिजल्ट में चमके एलन स्टूडेंट्स

कोटा। ग्रेजुएट एप्टीट्यूड टेस्ट इन इंजीनियरिंग (गेट-2019) के जारी परिणाम में एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट के विद्यार्थियों ने श्रेष्ठता साबित करते हुए शानदार प्रदर्शन किया है। निदेशक नवीन माहेश्वरी ने बताया कि आईआईटी मद्रास की ओर से जारी गेट 2019 के परिणाम में ‘एलन गेट ऑनलाइन सीरीज’ के चार विद्यार्थियों ने टाॅप 100 में स्थान प्राप्त किया।

इसमें कम्प्यूटर साइंस में कर्तव्य कोठारी ने 45वां, मोहम्मद कोशिफ खान ने 60वां स्थान प्राप्त किया। इसी तरह इलेक्ट्रोनिक्स इंजीनियरिंग में गौरांग मिश्रा ने 60वां तथा मेटलर्जी एंड मटिरियल इंजीनियरिंग में मंतोष मंडल ने 75वां स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार टाॅप 500 में संस्थान के 14 विद्यार्थियों ने स्थान हासिल किया। जिनकी क्रमशः में 45, 60, 60, 75, 132, 211, 240, 276, 330, 330, 360, 478, 489 एवं 498वीं रैंक रही।

माहेश्वरी ने बताया कि परिणाम के आंकलन तक एलन गेट ऑनलाइन सीरीज के कुल 22 विद्यार्थियों ने टाॅप 1000 में स्थान प्राप्त किया है। गेट 2019 की परीक्षा 2, 3, 9 एवं 10 फरवरी को देशभर में विभिन्न परीक्षा केन्द्रों पर ऑनलाइन मोड में आयोजित की गई थी। गेट एक राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा है। गेट स्कोर के माध्यम से आईआईटी एवं अन्य उच्च शिक्षण संस्थानों में होने वाली स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम जैसे एमई, एमटेक व पीएचडी पाठ्यक्रमों में प्रवेश मिलता है।

कमजोर वैश्विक संकेतों से सोना- चांदी सस्ते, जानिए आज के दाम

नई दिल्ली /कोटा। ऑल इंडिया सर्राफा एसोसिएशन के मुताबिक बुलियन मार्केट में आज के कारोबार में सोने की कीमतों में गिरावट देखने को मिली है। कमजोर वैश्विक संकेत और स्थानीय ज्वैलर्स की ओर से सुस्त मांग के कारण आज के कारोबार में सोना 280 रुपये की गिरावट के साथ 32,8390 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर बंद हुआ है।

इसके अलावा चांदी की कीमतें 345 रुपये घटकर 38,725 रुपये प्रति किलोग्राम हो गईं हैं। चांदी की कीमतों में गिरावट की वजह औद्योगिक इकाईयों और सिक्का निर्माताओं की ओर से सुस्त उठान रही है।

ट्रेडर्स का कहना है कि कमजोर वैश्विक संकेतों के अलावा, जैसे ही इक्विटी मार्केट में तेजी आई है और फेड की अगले हफ्ते होने वाली बैठक से पहले जो डॉलर में जो स्थिरता आई है ने स्थानीय ज्वैलर्स और रिटेलर्स की मांग को मंद करने का काम किया है। इसी वजह से सोने की कीमतों में असर पड़ा है।

वहीं वैश्विक स्तर पर न्यूयॉर्क में सोना 0.31 फीसद की गिरावट के साथ 1,299.30 डॉलर प्रति औंस और चांदी 0.13 फीसद की गिरावट के साथ 15.34 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर बंद हुई है।

वहीं राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 99.9 ग्राम और 99.5 ग्राम शुद्धता वाला सोना 280 रुपये की गिरावट के साथ क्रमश: 32,830 रुपये और 32,660 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर बंद हुआ है। शुक्रवार को सोने की कीमत में 260 रुपये की गिरावट देखने को मिली थी। हालांकि गिन्नी के भाव 26,400 प्रति 8 ग्राम पीस पर बरकरार रहे हैं।

कोटा सर्राफा
चांदी 38800 रुपये प्रति किलोग्राम।
सोना केटबरी 32800 रुपये प्रति दस ग्राम, सोना 38260 रुपये प्रति तोला।
सोना शुद्ध 32970 रुपये प्रति दस ग्राम, सोना 38460 रुपये प्रति तोला।

कोटा मंडी : आवक बढ़ने से सरसों और चना लुढ़का, मसूर मंदी

कोटा । भामाशाह अनाज मंडी में सोमवार को कमजोर उठाव से गेहूं और मसूर 50 -50 रुपये प्रति क्विंटल मंदी बोली गई। आवक बढ़ने से सरसों 25 रुपये और चना 100 रुपये प्रति क्विंटल लुढ़क गया । नये लहसुन की आवक 1000 कट्टे की हुई । सभी जिंसों का मिलाकर 35 हजार बोरी का कारोबार हुआ ।

गेहूं मिल 1800 से 1850 लोकवान 1800 से 1900 पीडी 1900 से 2000 गेहूं टुकडी नया 1950 से 2075 मक्का 1800 से 2100 जौ 1400 से 1650 ज्वार 1300 से 3700 रुपये प्रति क्विंटल। धान सुगंधा 2400 से 2500 पूसा 1 2300 से 2600 पूसा 4 (1121) 2700 से 3450 धान लाजवाब ( 1509 ) 3000 से 3201 रुपये प्रति क्विंटल। सोयाबीन 2500 से 3651 सरसों 3000 से 3551अलसी 3600 से 3800 तिल्ली 9000 से 10000 रुपये प्रति क्विंटल।

मैथी 2500 से 3400 कलौजी 6500 से 9000 धनिया बादामी 4300 से 5200 ईगल 4800 से 5401 रंगदार नया 5500 से 7421 रुपये प्रति क्विंटल। लहसुन नया 600 से 3100रुपये प्रति क्विंटल। मूंग 3500 से 5000 उड़द 1500 से 4050 चना 3300 से 3800 चना कांटिया नया 3700 चना काबुली 3000 से 4600 चना पेपसी 3800 से 4300 चना मौसमी 3000 से 3850 मसूर 3000 से 3750 रुपये प्रति क्विंटल। ग्वार 2500 से 3800 रुपये प्रति क्विंटल।

कोटा स्टोन उद्योग पर किसी भी तरह की आंच नहीं आने दी जायेगी: त्यागी

कोटा । शहर जिला कांग्रेस के अध्यक्ष एवं नगर विकास न्यास के पूर्व अध्यक्ष रविन्द्र त्यागी ने स्टोन उद्यमियों को भरोसा दिलाया कि इस उद्योग पर किसी भी स्थिति में आंच नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि वे स्वयं मुख्यमंत्री अशोक गहलोत एवं स्वायत्त शासन मंत्री शांति धारीवाल को अवगत करवाकर इस समस्या से निजात दिलाने का प्रयास करेंगे।

कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव अशोक माहेश्वरी ने एक बैठक में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रविन्द्र त्यागी को बताया कि पिछले 7 दिनोें से कोटा, रामगंजमण्डी, झालावाड़, भवानीमण्डी, रूणजी, एवं चेचट क्षेत्र में कोटा एवं सेण्ड स्टोन का सम्पूर्ण कारोबार ठप्प पड़ा है। इसका मुख्य कारण 1 अप्रेल 2018 से ओवरलोड के नाम पर करोड़ों रुपये के डिमाण्ड राशि ट्रकों पर निकाली गई है, जबकि 15 टन के रवन्ने का भुगतान व्यापारी सरकार को दे रहे है।

उन्होंने बताया कि स्टोन का रवन्ना काटना बंद कर दिया गया, जिससे पूरा हाड़ौती का स्टोन व्यवसाय उद्योग एवं माईनिंग क्षेत्र की गतिविधियाॅं ठप्प हो गई है। लाखों श्रमिक बेरोजगार हो गये। लोडिंग एवं अनलोडिंग पूरी तरह से ठप्प पड़ी है। 3 दिन बाद होली का त्योहार आ रहा है और श्रमिको एवं कर्मचारियों को त्योहारी भुगतान भी नहीं हो पा रहा है।

माहेश्वरी ने कहा कि इस उद्योग पर संकट सन् 1990 से आता-जाता रहा है। इस वजह से यह उद्योग भारी मंदी की दौर से गुजर रहा है। अतः खनन व्यवसाय एवं उद्योग को केन्द्र एवं राज्य सरकार इस पाबंदी से मुक्त करवाये और कानून में बदलाव कर खनन व्यवसाय को ओवर लोडिंग के दायरे से मुक्त करें। क्योंकि पत्थर का वजन अधिक होता है।

9 टन वजन भरने से इसकी वाईबेलिटी भी नहीं निकलती हैे । गाड़ी आधी खाली रहने के कारण पत्थर टूटता है, जिससे इस उद्योग का विकास भी नहीं हो पा रहा है। हाड़ौती कोटा स्टोन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के संस्थापक अध्यक्ष राजेश गुप्ता ने कहा कि कोटा स्टोन में पिछले 5 वर्षों में भारी मंदी आई है। हजारों स्टोन इकाईयां बन्द हो चुकी हैं।

कल कलेक्टर से मिलेंगे
खादी ग्रामोद्योग संघ के अध्यक्ष राजेन्द्र जैन ने कहा कि हाड़ौती क्षेत्र का यह प्रमुख व्यवसाय था, जो धीरे-धीरे पतन की और अग्रसर हो रहा है। कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव अशोक माहेश्वरी एवं हाड़ौती कोटा स्टोन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के संस्थापक अध्यक्ष राजेश गुप्ता ने बताया कि 19 मार्च मंगलवार को स्टोन उद्यमियों का एक प्रतिनिधिमण्डल कलेक्टर से भेंटकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन देंगे।

न्यू जवाहर नगर की महिलाओं ने धूमधाम से मनाया फागोत्सव

कोटा। न्यू जवाहर नगर होली का चौक मंडल की महिलाओं के द्वारा फागोत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर आयोजित भजन संध्या में महिलाओं ने जमकर नृत्य किया तथा फागोत्सव का आनंद लिया। होली के भक्ति गीत के साथ लोकगीतों की भी प्रस्तुति दी गई ।फागोत्सव की आयोजक अरुणा सक्सेना ने सभी अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया ।

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने ‘‘ब्रज में होली खेले नन्दलाल…’’, ‘‘होली खेले गौरी के ललनवा…’’, ‘‘होली खेले कन्हाई, गगन में उड़े अबीरा…’’, ‘‘रंगने दे मोहे राधा…’’, ‘‘रामजी के हाथ कनक पिचकारी…’’, ‘‘आज बिरज में होली रे रसिया…’’ सरीखे गीतों पर खूब रास किया। वहीं राधा और कृष्ण की झांकी भी सजाई गई थी।

इस दौरान महिलाओं ने एक दूसरे के गुलाल का तिलक लगाकर होली की बधाई दी। इस अवसर पर सुनीता जोशी, मोनिका विजयवर्गीय, चेतना ,मंजू गौतम ,पूजा पारेता, हेमा पारेता, कल्पना ,अंशिका सक्सेना , गीता नगर आदि महिलाओं ने विभिन्न वेशभूषा में सज धज कर श्रीकृष्ण राधा के साथ जमकर फूलों की होली खेली और नृत्य किया।