Wednesday, July 15, 2026
Home Blog Page 4841

हाजिर मांग के कारण बिनौला तेल खली वायदा कीमत में तेजी

नयी दिल्ली। हाजिर बाजार में मजबूती के रुख के बीच सटोरियों ने अपने सौदों के आकार को बढ़ाया जिससे मंगलवार को वायदा कारोबार में बिनौला तेल खली की कीमत 18 रुपये तक की तेजी के साथ 2,584 रुपये प्रति क्विन्टल हो गई।

एनसीडीईएक्स में जुलाई महीने में डिलिवरी वाले बिनौला तेल खली के अनुबंध के भाव 18 रुपये यानी 0.7 प्रतिशत की तेजी के साथ 2,584 रुपये प्रति क्विन्टल हो गये जिसमें 12,505 लॉट का कारोबार हुआ।

बाजार सूत्रों ने कहा कि भारी मांग के कारण हाजिर बाजार में मजबूती के रुख को देखते हुए कारोबारियों द्वारा ताजा सौदों की लिवाली से मुख्यत: वायदा कारोबार में बिनौला तेल खली की कीमतों में तेजी आई।

CBSE परीक्षा में एसआर पब्लिक स्कूल के टॉपर्स का किया सम्मान

कोटा। एसआर पब्लिक सी.सै. स्कूल के छात्रों ने CBSE परीक्षा-2019 में विद्यालय के टॉपर्स छात्र-छात्रा आदित्य जामने 95.8, रोहित कश्यप व शुभम गौरव 95.4, भारत मेघवाल 93.8, रेजुअल करीम 93.2 प्रतिशत अंक अर्जित करने पर विद्यालय के चेयरमैन आनंद राठी, निदेशक अंकित राठी व प्रधानाचार्या सीमा शर्मा ने छात्र-छात्राओं को फूलमाला पहनाकर व मुँह मीठा करवाकर सम्मानित किया।

विद्यालय के निदेशक ने बताया कि इन्होंने विद्यालय का ही नहीं वरन् पूरे जिले का नाम रोशन किया है । विद्यालय के 13 छात्र-छात्राओं ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए हैं। अंत में टॉपर्स छात्रों ने अपनी सफलता के सूत्र बताते हुए विद्यालय के छात्रों को उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की ।

Twitter पर अब GIF और फोटो के साथ कर सकेंगे रीट्वीट

नई दिल्ली।माइक्रो ब्लॉगिंग साइट Twitter ने एक नया फीचर पेश किया है, जिससे यूजर्स अब रीट्वीट्स में फोटो, विडियो और जीआईएफ ऐड कर सकेंगे। यह फीचर ऐंड्रॉयड और आईओएस- दोनों यूजर्स के लिए उपलब्ध है। बता दें कि दुनिया भर में ट्विटर के 32.6 करोड़ यूजर्स हैं।

ट्विटर सपॉर्ट ने ट्वीट किया, ‘किसी कॉमेंट को रीट्वीट कर अपनी बात रखना आसान होता है। अगर आप एक कदम आगे बढ़कर इसमें मीडिया भी जोड़ लें तो? आज से शुरू इस फीचर के तहत आप रीट्वीट में फोटोज, एक जीआईएफ या एक विडियो भी ऐड कर सकेंगे।’ यह फीचर ट्विटर की मोबाइल वेबसाइट के लिए उपलब्ध किया गया है।

द वर्ज ने ट्विटर के प्रवक्ता के हवाले से बताया, ‘हमने पाया कि लोगों को मीडिया के साथ रीट्वीट कर समझाना चुनौती भरा था। ऐसा लेआउट की वजह से होता था।’ रिपोर्ट के अनुसार, इस परेशानी को दूर करने के लिए, ट्विटर ने अब ऑरिजनल ट्वीट के साइज को थोड़ा छोटा कर दिया है और रीट्वीट करने वाले यूजर्स की मीडिया को पूरी जगह दे दी गई है।

हालांकि डेस्कटॉप पर इस फीचर की उपलब्धता की पूरी जानकारी अभी भी स्पष्ट नहीं है। रिपोर्ट के अनुसार, ‘अगर आप इसे डेस्कटॉप ब्राउजर पर देखते हैं, तो यह आपको अभी नहीं मिलेगा। उम्मीद है कि ट्विटर इसे जल्द ठीक कर देगा।’

दीपिका, प्रियंका और निक Met Gala के बाद इस अंदाज में

प्रेस्टीजियस MET Gala 2019 में प्रियंका चोपड़ा और दीपिका पादुकोण ने दूसरे साल भी बॉलिवुड का प्रतिनिधित्व किया। प्रियंका ने बीते साल राल्फ लॉरेन का 10 फीट लंबे ट्रेल वाला गाउन पहनकर सुर्खियां बटोरी थीं। इस साल वह सिल्वर डायोर गाउन में नजर आईं।

लुक कंप्लीट करने के लिए उन्होंने डार्क वाइन कलर की लिपस्टिक लगाई थी। उनका लुक इस बार भी काफी चर्चा में रहा। पीसी इवेंट में हज्बंड निक जोनस के साथ पहुंची थीं। निक ने वाइट टक्सीडो और उसके साथ डायमंड अक्सेसरीज और स्पार्कलिंग शूज पहने थे।

वहीं दीपिका पिंक गाउन में बार्बी डॉल नजर आ रही थीं। इवेंट के आखिर में दीपिका और प्रियंका साथ में मस्ती करती दिखाई दीं। उन्होंने नताशा पूनावाला, अनाइता श्रॉफ अदजानिया, और हुमा अबेदीन के साथ पोज भी दिए।

भारत अगले 5 साल में तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा : राजनाथ

गोड्डा। केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को दावा किया कि अगले पांच साल में भारत तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता ने कहा, ‘‘अगले पांच साल में भारत तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा । हमारी सरकार विकास कार्य करके लोगों के मन में विश्वास पैदा करने में सक्षम रही है। यह सरकार का काम करने का तरीका है ।’’

गोड्डा लोकसभा क्षेत्र के पथरगामा प्रखंड में एक रैली को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने दावा किया कि पिछले चार सालों में सरकार ने देश में 1.3 करोड़ लोगों को पक्के आवास प्रदान किए और अगले पांच से सात वर्षों में एक भी परिवार गरीबी रेखा के नीचे नहीं होगा। उन्होंने यह भी दावा किया कि भाजपा सरकार ने अपने मौजूदा कार्यकाल के दौरान साढे सात करोड़ परिवारों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला है।

सिंह ने यह भी कहा कि 2014 से पहले केवल 12 करोड़ गैस सिलेंडर मुहैया कराये गए थे जबकि पिछले चार साल में भाजपा सरकार ने 13 करोड़ लोगों को यह सुविधा दी है । इसके अलावा, सड़क निर्माण का कार्य पांच छह किलोमीटर प्रतिदिन से बढ़ा कर 30 से 32 किलोमीटर प्रतिदिन कर दिया है।

लोगों से भाजपा प्रत्याशी निशिकांत दुबे के पक्ष में मतदान करने की अपील करते हुए सिंह ने कहा कि दुबे ने संसदीय क्षेत्र की समस्याओं को हमेशा लोकसभा में उठाया है । गोड्डा लोकसभा क्षेत्र में 12 मई को मतदान कराया जाएगा ।

32 MP फ्रंट कैमरे और बड़ी स्क्रीन के साथ Honor 20 Lite लॉन्च

नई दिल्ली। हुवावे की सब-ब्रैंड ऑनर 21 मई को होने वाले ग्रैंड इवेंट में नए Honor 20 स्मार्टफोन से पर्दा उठाने वाली है। इस इवेंट से पहले ही कंपनी ने आज Honor 20 Lite लॉन्च कर दिया है। नया फोन ऑनर 10 लाइट का अपग्रेडेड वेरियंट है, जिसे पिछले साल नवंबर में लॉन्च किया गया था। हालांकि, अपग्रेडेड वेरियंट होने के बावजूद नए फोन के फीचर्स में कोई खास अंतर नहीं है।

मलेशिया में ऑनर 20 लाइट की कीमत RM 949 (करीब 15,900 रुपये) और यूके में GBP 249 (करीब 22,500 रुपये) रखी गई है। बात की जाए उपलब्धता की तो जहां मलयेशिया में इसकी बिक्री शुरू हो चुकी है, वहीं यूके में 15 मई से इसकी सेल शुरू होगी। रिपोर्ट्स की मानें तो इसे भारत में भी लॉन्च किया जाएगा, लेकिन फिलहाल इसकी लॉन्च डेट की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। फैंटम रेड, फैंटम ब्लू और मिडनाइट ब्लू कलर में आने वाले इस फोन की भारत में कीमत 15,000 रुपये के आस-पास रखी जा सकती है।

Honor 20 Lite के स्पेसिफिकेशन्स
ऑनर 20 लाइट में 6.21 इंच का फुल HD+ डिस्प्ले दिया गया है जिसका रेजॉलूशन 1080×2340 पिक्सल और आस्पेक्ट रेशियो 19.5:9 है। ऐंड्रॉयड 9 पाई पर चलने वाले इस फोन में ऑक्टा-कोर हाईसिलिकन किरिन 710 प्रोसेसर दिया गया है। फोन में 4GB रैम और 128GB इंटरनल स्टोरेज दी गई है, जिसे माइक्रोएसडी कार्ड के जरिए 512GB तक बढ़ाया जा सकता है।

बात की जाए कैमरे की तो हुवावे 20 लाइट में ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप दिया गया है। फोन में f/1.8 अपर्चर वाला 24 मेगापिक्सल का प्राइमरी कैमरा, f/2.4 अपर्चर के साथ 8 मेगापिक्सल का अल्ट्रा वाइड ऐंगर लेंस और 2 मेगापिक्सल डेप्थ सेंसर दिया गया है, जिसका अपर्चर f/2.4 है। सेल्फी के दीवानों के लिए फोन में f/2.0 अपर्चर वाला 32 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा भी दिया गया है।

फिंगरप्रिंट सेंसर के साथ आने वाले ऑनर 20 लाइट में 3,400mAh की बैटरी दी गई है। कनेक्टिविटी के लिए फोन में फेस अनलॉक सपॉर्ट, माइक्रो यूएसबी 2.0, 4G VoLTE, वाई-फाई, ब्लूटूथ और जीपीएस जैसे ऑप्शन शामिल हैं।

ज्वेलर्स की सुस्त मांग से सोना गिरा, चांदी भी फीकी

नयी दिल्ली/ कोटा अक्षय तृतीया के बावजूद दिल्ली सर्राफा बाजार में सोने के भाव में नरमी रही। आभूषण कारोबारियों की सुस्त मांग से सोना 50 रुपये गिरकर 32,670 रुपये प्रति दस ग्राम पर आ गया। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के मुताबिक , चांदी भी मामूली 10 रुपये कमजोर होकर 38,120 रुपये प्रति किलोग्राम पर रही।

कारोबारियों के मुताबिक हाजिर बाजार में स्थानीय आभूषण कारोबारियों और खुदरा विक्रेताओं के मांग कम करने से मंगलवार को अक्षय तृतीया होने के बावजूद सोने के भाव में नरमी रही। अक्षय तृतीया पर सोना खरीदना शुभ माना जाता है। वैश्विक स्तर पर न्यूयॉर्क में सोना मामूली बढ़कर 1,282.20 डॉलर प्रति औंस पर रहा जबकि चांदी गिरकर 14.92 डॉलर प्रति औंस पर रही।

दिल्ली सर्राफा बाजार में, 99.9 प्रतिशत और 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना क्रमश: 50-50 रुपये गिरकर 32,670 रुपये और 32,500 रुपये प्रति दस ग्राम पर रहा। हालांकि, आठ ग्राम वाली गिन्नी 26,400 रुपये प्रति इकाई के पूर्वस्तर पर रही।

वहीं, चांदी हाजिर 10 रुपये गिरकर 38,120 रुपये प्रति किलोग्राम पर जबकि साप्ताहिक डिलिवरी चांदी 44 रुपये बढ़कर 37,334 रुपये प्रति किलोग्राम पर रही। चांदी सिक्का लिवाल और बिकवाल क्रमश: 79,000 रुपये और 80,000 रुपये प्रति सैकड़ा पर स्थिर रहा।

कोटा सर्राफा
चांदी 38100 रुपये प्रति किलोग्राम।
सोना केटबरी 32700 रुपये प्रति दस ग्राम, सोना 38140 रुपये प्रति तोला।
सोना शुद्ध 32860 रुपये प्रति दस ग्राम, सोना 38330 रुपये प्रति तोला।

गूगल असिस्टेंट बटन और ड्यूल रियर कैमरे के साथ Nokia 4.2 लांच

नई दिल्ली। HMD Global ने भारतीय बाजार में Nokia 4.2 को लॉन्च कर दिया है। फोन को सबसे पहले इसी साल स्पेन के बार्सिलोना में हुए MWC में शोकेस किया गया था। नोकिया 4.2 कि बिक्री अमेरिका में एक हफ्ते पहले ही शुरू हो चुकी है। कंपनी लॉन्च से पहले इस फोन के फीचर को कई टीजर्स के जरिए हाइलाइट कर चुकी थी।

टीजर में इस फोन में दिए गए डेडिकेटेड गूगल असिस्टेंट बटन और एलईडी लाइट नोटिफिकेशन वाले पावर बटन पर काफी फोकस किया था। आइए जानते हैं कि भारत में लॉन्च हुए नोकिया के इस नए स्मार्टफोन में क्या फीचर और स्पेसिफिकेशन दिए गए हैं।

नोकिया 4.2 के फीचर व स्पेसिफिकेशन्स
नोकिया 4.2 में 1520X720 पिक्सल रेजॉलूशन के साथ 5.71 इंच का एचडी+ फुलव्यू डिस्प्ले दिया गया है जिसका आस्पेक्ट रेशियो 19:9 है। फोन का डिस्प्ले वॉटरड्रॉप नॉच और 2.5D कर्व्ड ग्लास के साथ आता है। आउट-ऑफ-द-बॉक्स ऐंड्रॉयड 9 पाई पर काम करने वाला यह फोन क्वालकॉम स्नैपड्रैगन 439 प्रोसेसर से लैस है। फोन को 3जीबी रैम+32जीबी इंटरनल स्टोरेज वेरियंट में पेश किया गया है।

फटॉग्रफी के लिए फोन के रियर में 13 मेगापिक्सल का प्राइमरी और 2 मेगापिक्सल का सेकंडरी कैमरा दिया गया है। सेल्फी के लिए फोन में 8 मेगापिक्सल का कैमरा मौजूद है। 3,000mAh की बैटरी वाले इस फोन में 4G LTE, WiFi 802.11 b/g/n, ब्लूटूथ 4.2, जीपीएस/ए-जीपीएस, माइक्रो यूएसबी और 3.5 एमएम हेडफोन जैक जैसे कनेक्टिविटी ऑप्शन मौजूद हैं।

नोकिया 4.2 की कीमत व उपलब्धता
ब्लैक और पिंक सैंड कलर ऑप्शन में लॉन्च किए इस फोन की बिक्री आज से एक्सक्लूसिव तौर पर नोकिया की वेबसाइट पर शुरू होगी। एक हफ्ते बाद इसकी बिक्री क्रोमा, रिलायंस सहित अन्य रिटेल स्टोर पर शुरू होगी।

21 मई से फोन को देश के सभी प्रमुख मोबाइल रिटेल आउटलेट के साथ ही नोकिया की वेबसाइट से खरीदा जा सकेगा। कीमत की जहां तक बात है तो कंपनी ने इस फोन का केवल 3जीबी रैम और 32जीबी इंटरनल स्टोरेज वाले वेरियंट को ही लॉन्च किया है और इसकी कीमत है 10,990 रुपये।

लॉन्च ऑफर में मिलेंगे ये बेनिफिट
लॉन्च ऑफर के में इस फोन को खरीदने पर 10 जून तक ग्राहकों को 500 रुपये का डिस्काउंट मिलेगा। इस डिस्काउंट के लिए ग्राहकों को ‘LAUNCH OFFER’ प्रोमो कोड का इस्तेमाल करना होगा। इसके साथ ही ग्राहक नोकिया फोन स्क्रीन प्रटेक्शन इंश्योरेंस के तहत 6 महीने के लिए 3,500 रुपये का स्क्रीन रिप्लेसमेंट वॉरंटी भी ऑफर किया जा रहा है।

एचडीएफसी बैंक के क्रेडिट और डेबिट कार्ड यूजर्स को इस फोन की खरीद पर 10% का कैशबैक भी मिलेगा। इतना ही नहीं, नोकिया 4.2 खरीदने वाले वोडाफोन और आइडिया यूजर्स को भी 2,500 रुपये का कैशबैक मिलेगा। हालांकि यह कैशबैक कंपनी 50 रुपये के 50 वाउचर के रूप में देगी। इस वाउचर को 199 रुपये या उससे ऊपर के रिचार्ज पर रिडीम किया जा सकता है।

बिकवाली के कारण 323 अंक लुढ़का सेंसेक्स, निफ्टी 11,500 से नीचे

नई दिल्ली। बैंकिंग, ऑटो, मेटल और ऑयल एंड गैस सेक्टर के शेयरों में अंतिम घंटों में छाई बिकवाली के कारण भारतीय शेयर बाजार लगातार दूसरे दिन गिरावट के साथ बंद हुए। बंबई स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों का संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 323 अंकों की गिरावट के साथ 38,276 अंकों पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का 50 शेयरों का संवेदी सूचकांक निफ्टी 100 अंकों की गिरावट के साथ 11,500 से नीचे आते हुए 11,497 अंकों पर गिरकर बंद हुआ।

ये हैं टॉप गेनर
सेंसेक्स में स्ट्राइड फार्मा साइंस लिमिटेड 6.56 फीसदी, मनपसंद बेवरेजेस 5.95 फीसदी, बजाज कंज्यूमर केयर लिमिटेड 5.82 फीसदी, बिरला कॉरपोरेशन लिमिटेड 5.61 फीसदी, मारिको लिमिटेड 5.54 फीसदी की तेजी के साथ टॉप गेनर रहे। निफ्टी में बीपीसीएल 2.42 फीसदी, टीसीएस 1.09 फीसदी, बजाज फिनसर्व 0.79 फीसदी, आईटीसी 0.64 फीसदी, भारती एयरटेल 0.54 फीसदी की तेजी के साथ टॉप गेनर रहे।

ये हैं टॉप लूजर
सेंसेक्स में डीएचएफएल 12.97 फीसदी, डिश टीवी 9.60 फीसदी, टाटा स्टील पीपी 8.38 फीसदी, आरपावर 7.72 फीसदी, बॉम्बे डाइंग 6.59 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर रहे। निफ्टी में जी एंटरटेनमेंट 6.42 फीसदी, टाइटन 5.47 फीसदी, यस बैंक 5.06 टाटा मोटर्स 4.46 फीसदी, जेएसडब्ल्यू स्टील 4.05 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर रहे।

कारों में 1 जुलाई से 5 सेफ्टी फीचर्स लागू करना जरूरी, जानिए

नई दिल्ली। सड़क परिवहन राजमार्ग मंत्रालय के जारी दिशा-निर्देशों के तहत देश में एक जुलाई 2019 से सभी कार निर्माता कंपनियों को कार में 5 सेफ्टी फीचर्स लगाना अनिवार्य होगा। सरकार ने AIS-145 सेफ्टी नॉर्म्स लागू किए हैं। इसके तहत कार 5 तरह के सेफ्टी फीचर्स कार में लगाना जरूरी होगा।

कार निर्माता कंपनियों के मुताबिक इस नए नियम के लागू होने से कार की कीमतों में करीब 20 से 30 हजार रुपए तक की बढ़ोत्तरी हो जाएगी। मारुति सुजुकी कंपनी ने मनी भास्कर को बताया कि सेलेरियो, ईको और ऑल्टो के मॉडल में इन सेफ्टी फीचर्स को अपडेट कर दिया गया है।

ABS के साथ EBD
एबीएस यानी एंटीलॉक ब्रेकिंग सिस्टम। यह कार के ब्रेक्स को पहिए के साथ लॉक होने से रोकता है। खासतौर पर जब गाड़ी खराब या फिसलन भरे रास्तों पर चल रही हो तो यह सिस्टम काफी कारगर रहता है। ईबीडी यानी इलेक्ट्रॉनिक ब्रेक-फोर्स डिस्ट्रिब्यूशन सिस्टम एक ऐसा इंटेलिजेंट सिस्टम है जो एबीएस की मदद करता है। एबीएस ब्रेक को लॉक होने से बचाता है।

वहीं ईबीडी कार में लगाए गए ब्रेक्स की पावर को सड़क की कंडिशन के मुताबिक चारों पहियों में डिस्ट्रिब्यूट करता है। मतलब अगर आप फिसलन भरी सड़क पर गाड़ी में ब्रेक लगाते हैं तो ईबीडी कार के अगले और पिछले पहियों के बीच इस तरह से ब्रेक-फोर्स को विभाजित करेगा कि आपकी कार स्किड नहीं करेगी और ड्राइवर का स्टियरिंग पर कंट्रोल बना रहेगा।

ड्राइवर के साथ एयरबैग
ड्राइविंग सीट के लिए सरकार ने एयरबैग को अनिवार्य कर दिया गया है। बिना ड्राइवर एयरबैग के कार का रजिस्ट्रेशन नहीं होगा। इसे अनिवार्य बनाने की वजह एक्सीडेंट के दौरान ड्राइवर का बचाव करना है। वैसे तो मार्केट में हर सीट के लिए एयरबैग वाली कार मौजूद है। लेकिन एक जुलाई 2019 से कम से कम ड्राइवर एयरबैग लगाना अनिवार्य होगा।

रिवर्स पार्किंग अलर्ट सिस्टम
कार को रिवर्स करते वक्त एक्सीडेंट से बचाव के लिए रिवर्स पार्किंग अलर्ट सिस्टम काफी कारगर साबित होता है। इसलिए सरकार ने कारों में जुलाई 2019 से इसे लगाना अनिवार्य कर दिया है, जबकि बस और ट्रक में इसे अप्रैल 2020 से अनिवार्य बनाया जाएगा। रिवर्स पार्किंग में एक सेंसर और कैमरे की मदद से ड्राइवर को डिटेल दी जाती है, कि कार के पिछले हिस्से में कितना स्पेस है।

स्पीड अलर्ट सिस्टम
सरकार ने जुलाई 2019 से कार में ऑडिबल स्पीड अलर्ट सिस्टम लागू करने का निर्देश दिया है। इसमें जब कार 80 किमी प्रति घंटे की स्पीड को पार करती है, तो कार में लगा डिवाइस स्पीड को कंट्रोल में करने की हिदायत देगा। कार में बैठे सभी लोग कार के स्पीड के बारे में जान सकेंगे। 120 किमी रफ्तार होने तक अलर्ट सिस्टम आवाज करता रहेगा।

ड्राइवर और को-ड्राइवर के लिए सीट बेल्ट रिमाइंडर
सीट बेल्ट रिमांडर भी एक जुलाई 2019 से अनिवार्य हो जाएगा। ऐसे में बिना सीट बेल्ट लगाए कार चलाने पर बीप की आवाज आएगी।