Wednesday, July 15, 2026
Home Blog Page 4842

PF पर 8.65% ब्याज को लेकर वित्त मंत्रालय ने लगाया सवालिया निशान

नई दिल्ली। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) की ओर से वित्त वर्ष 2018-19 के लिए प्रोविडेंट फंड (PF) के लिए 8.65 फीसदी की ब्याज दर मुश्किल हो सकता है। वित्त मंत्रालय ने 8.65 फीसदी ब्याज दर देने के लिए EPFO के फंड पर सवाल उठाए हैं। वित्त मंत्रालय ने कहा है कि कुछ निवेश के खराब होने के बाद भी क्या EPFO के पास बीते वित्त वर्ष में 8.65 फीसदी की दर से ब्याज देने के लिए पर्याप्त फंड है।

इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के अनुसार, पिछले सप्ताह वित्त मंत्रालय ने श्रम सचिव को एक पत्र भेजकर सवाल उठाया है कि पिछले वर्षों में ईपीएफ ब्याज दर के भुगतान के बाद सरप्लस को केवल ईपीएफओ के अनुमानों में क्यों दिखाया है जबकि यह वास्तव में नहीं दिखता है। साथ ही वित्त मंत्रालय ने आईएलएंडएफएस और इसके जैसे जोखिम भरे निवेश के बारे में जानकारी मांगी है। यह पत्र दोनों मंत्रालयों के बीच कई दौर की चर्चा के बाद भेजा गया है।

आय से ज्यादा खर्च कर रहा ईपीएफओ
2016-17 के लिए ईपीएफओ के सार्वजनिक रूप से उपलब्ध ऑडिट खातों में आय से अधिक व्यय दर्ज है। हालांकि, यह डाटा विशिष्ट विवरण नहीं देता है। वित्त मंत्रालय के एक अधिकारी के अनुसार, हम पहले भी सरप्लस फंड को लेकर श्रम मंत्रालय के सामने सवाल उठा चुके हैं। अधिकारी का कहना है कि यदि ईपीएफओ डिफॉल्ट करता है तो ग्राहकों को भुगतान की जिम्मेदारी सरकार के पास होगी।

सभी गणना सही हैं: EPFO
उधर, ईपीएफओ के एक अधिकारी का कहना है कि हमारी सभी गणनाएं एकदम सही हैं। हम 20 से ज्यादा वर्षों से यह काम कर रहे हैं। हम जिस तरीके का इस्तेमाल कर रहे हैं, वह कोई नया नहीं है। अधिकारी का कहना है कि वित्त मंत्रालय ने कुछ सवाल उठाए हैं जिनका उत्तर दिया जा रहा है। आईएलएंडएफएस में निवेश डूबने के सवाल पर अधिकारी ने कहा कि इससे चिंतित नहीं होना चाहिए। अभी तक कुछ भी नहीं हुआ है।

तेजी के साथ खुला बाजार, सेंसेक्स 162 अंक उछला, निफ्टी 11,600 के पार

नई दिल्ली। कारोबारी सप्ताह के पहले दिन बड़ी गिरावट दर्ज होने के बाद भारतीय शेयर बाजारों की मंगलवार को तेज शुरुआत रही। बंबई स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों का संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 166 अंकों की तेजी के साथ 38,766 अंकों पर खुला। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 44 अंकों की तेजी के साथ 11,642 अंकों पर खुला। सुबह 9.28 बजे सेंसेक्स 162 अंकों की तेजी के साथ 38,762 अंकों पर और निफ्टी 37 अंकों की तेजी के साथ 11,636 अंकों पर कारोबार कर रहे हैं।

इन शेयरों में तेजी का माहौल
सेंसेक्स में मारिको लिमिटेड, रिलायंस कम्युनिकेशन लिमिटेड, स्टरलाइट टेक्नोलॉजी लिमिटेड, टाटा कम्युनिकेशन, जेके सीमेंट में तेजी का माहौल है। निफ्टी में बीपीसीएल, टीसीएस, बजाज फिनसर्व, आईटीसी, भारती एयरटेल में तेजी का माहौल है।

इन शेयरों में मंदी की माहौल
सेंसेक्स में सीजी पावर, केपीआर मिल्स, जेट एयरवेज, हिन्दुस्तान पेट्रोलियम, नवीन फ्लोराइन इंटरनेशनल लिमिटेड में मंदी का माहौल है। निफ्टी में जी एंटरटेनमेंट, टाइटन, यस बैंक, टाटा मोटर्स, जीएसडब्ल्यू स्टील में मंदी का माहौल है।

Nokia 4.2 भारत में आज होगा लॉन्च, टीजर में देखें खूबियां

नई दिल्ली। नोकिया 7 मई को यानी आज भारत में अपना नया स्मार्टफोन Nokia 4.2 लॉन्च करने वाली है। कंपनी ट्विटर पर अब तक इसके कई टीजर जारी कर चुकी है। टीजर में इस फोन के पावर बटन को LED नोटिफिकेशन लाइट और एक डेडिकेटेड गूगल असिस्टेंट बटन को हाइलाइट किया गया है। बता दें कि नोकिया ने इस फोन को हाल ही में अपनी ऑफिशल वेबसाइट पर लिस्ट किया था।

नोकिया ने फरवरी में स्पेन में आयोजित Mobile World Congress में Nokia 3.2 और Nokia 4.2 को शोकेस किया था। हालांकि एचएमडी ग्लोबल नोकिया 3.2 को भारत में कब लॉन्च करेगी इस बारे में अभी कुछ नहीं कहा जा सकता।

नोकिया 4.2 के स्पेसिफिकेशन्स
नोकिया 4.2 में 720X1520 पिक्सल रेजॉलूशन के साथ 5.71 इंच का एचडी+ Si TFT डिस्प्ले दिया गया है। स्क्रीन का आस्पेक्ट रेशियो 19:9 है। क्वालकॉम स्नैपड्रैगन 439 एसओसी प्रोसेसर के साथ आने वाले इस फोन में ऑउट ऑफ द बॉक्स ऐंड्रॉयड 9 पाई ऑपरेटिंग सिस्टम मौजूद है।

फोन 3जीबी रैम + 32जीबी स्टोरेज वेरियंट में आएगा। जरूरत पड़ने पर फोन की मेमरी को माइक्रो एसजी कार्ड की मदद से 400 जीबी तक बढ़ाया जा सकता है। फटॉग्रफी के लिए फोन के रियर में 13 मेगापिक्सल + 2 मेगापिकक्सल का ड्यूल रियर कैमरा सेटअप दिया गया है। वहीं सेल्फी के लिए इसमें 8 मेगापिक्सल का कैमरा मौजूद है। फोन को पावर देने के लिए इसमें 3,000mAh की बैटरी दी गई है।

कीमत : कीमत की बात करें तो इस फोन 2जीबी रैम + 16जीबी स्टोरेज वेरियंट को MWC में 169 डॉलर (करीब 11,700 रुपये) बताया गया था। वहीं फोन के 3जीबी+32जीबी वाले वेरियंट की कीमत 199 डॉलर (करीब 13,800 रुपये) बताई गई थी। भारत में इस फोन की कीमत क्या होगी, इसकी खुलासा कल फोन के लॉन्च के बाद ही होगा।

Google Pixel 3a XL की भारत में लॉन्च से पहले कीमत हुई लीक

नई दिल्ली।दिग्गज कंपनी गूगल 7 मई को Google I/O 2019 डिवेलपर कॉन्फ्रेंस में अपने दो नए स्मार्टफोन Pixel 3a और Pixel 3a XL लॉन्च करेगी। दोनों ही स्मार्टफोन अगले दिन यानी 8 मई को भारत में लॉन्च होंगे। अब तक इस फोन के स्पेसिफिकेशन्स से जुड़ी कई जानकारियां लीक हो चुकी हैं, अब लॉन्च से कुछ देर पहले ही इनमें से एक फोन की कीमत लीक हो गई है।

लीक हुई नई रिपोर्ट के मुताबिक भारत में Pixel 3a XL की कीमत 44,999 रुपये से शुरू होगी। यह कीमत इसके 6GB रैम और 64GB इंटरनल स्टोरेज वेरियंट की होगी। हालांकि, पिछले हफ्ते जो लीक रिपोर्ट आई थी उसमें इस फोन की शुरुआती कीमत करीब 27,800 रुपये होने की बात कही जा रही थी।

Google Pixel के नए स्मार्टफोन में क्या होगा खास
लीक्स के मुताबिक, गूगल पिक्सल 3a में 5.6 इंच का OLED डिस्प्ले दिया जा सकता है जिसका रेजॉलूशन 2,220 x 1,080 पिक्सल्स होगा। वहीं, पिक्सल 3a XL मॉडल की स्क्रीन साइज 6 इंच हो सकती है। फोन्स में फ्रंट पर ही सिंगल सेल्फी कैमरा सेंसर दिया गया है। इनमें 3.5mm हेडफोन जैक भी देखने को मिल सकता है। Pixel 3a में Snapdragon 670 और Pixel 3a XL में Snapdragon 710 चिपसेट दिया जा सकता है।

कैमरा फीचर्स की बात करें तो कंपनी का कहना है कि इसमें सेल्फी और विडियो कॉलिंग के लिए 8 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा और 12 मेगापिक्सल का रियर कैमरा दिया जा सकता है। दोनों ही स्मार्टफोन्स ऐंड्रॉयड 9.0 पाई ओएस पर चलेंगे। बैटरी की बात करें तो स्मार्टफोन में 3,000mAh की बैटरी दी जा सकती है।

मिनी स्कर्ट पहनने पर ट्रोल हुईं सपना चौधरी, लोगों ने किए कॉमेंट

हरियाणवी सिंगर, डांसर और बॉलिवुड ऐक्ट्रेस सपना चौधरी बेहद बोल्ड और बिंदास रही हैं। उनकी यह क्वॉलिटी उनके डांस और बयानों में भी झलकती है। लेकिन बीते कुछ महीनों में सपना चौधरी का अंदाज काफी बदला-बदला सा नजर आ रहा है। पहले सपना अधिकतर ट्रडिशनल लिबास में ही दिखती थीं, लेकिन अब वह काफी मॉडर्न हो गई हैं। पर लगता है कि उनका यह मॉडर्न आउटलुक कुछ लोगों को रास नहीं आ रहा है।

दरअसल हाल ही में सपना चौधरी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक फोटो शेयर की, जिसमें उन्होंने मिनी स्कर्ट पहनी हुई है। कुछ यूजर्स ने सपना चौधरी के इस लुक का मजाक उड़ाया और भद्दे कॉमेंट किए। एक यूजर ने लिखा, ‘एक यही कमी रह गई थी, बिकनी सूट कब पहन रही हो ये बताओ।’

वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा, ‘ओ मैडम जी, ये तेरा गांव नी है, जहां तू लेटी वहां छांव नहीं है।’ सपना चौधरी की यह पोस्ट इसी तरह के ढेरों कॉमेंट्स से भरी पड़ी है। हालांकि कुछ लोग ऐसे भी थे जिन्होंने सपना चौधरी के इस मॉडर्न पहनावे की तारीफ की और ट्रोलर्स को करारा जवाब भी दिया। एक यूजर ने लिखा, ‘मैम आप किसी की भी बात पर ध्यान मत दो।

यह आपकी लाइफ है और आप अपनी मर्जी से जियो। लोगों का क्या है। अगर आप अच्छे हो तब भी आप ही की कमी है। और ये वही लोग हैं जो ड्रेस की लंबाई से पता लगाते हैं कि लड़की कैसी है। कभी अपने घरों में नहीं देखेंगे। मैंने अब आपको इतना खुश देखा है। लाइफ एक ही बार तो मिलती है। बस इसे ऐसे जियो जैसे आपका मन करे ना कि वैसे जैसे लोग कहें।’

बात करें सपना के प्रफेशनल फ्रंट की, तो हाल ही में उनका पंजाबी गाना रिलीज हुआ, जिसे उन्होंने पंजाबी सिंगर दलेर मेहंदी के साथ गाया है और उस पर परफॉर्म किया है। इस गाने को फैंस ने काफी पसंद किया। वहीं फिल्मों में वह 2018 में आई ‘शादी के साइड इफेक्ट्स’ और ‘नानू की जानू’ में नजर आई थीं।

अक्षय तृतीया पर आज कैसे खरीदें शुद्ध सोना, जानिए

नई दिल्ली । अक्षय तृतीया के दिन सोना खरीदना बहुत शुभ माना जाता है। इस वर्ष अक्षय तृतीया 7 मई को पड़ रहा है। देश में काफी सारे लोग सोने की खरीदारी की योजना बना रहे हैं। ऐसे में अगर आप भी आज या कल सोने की खरीदारी की तैयारी कर चुके हैं आपको थोड़ा सावधान रहने की जरूरत हैं।

ऐसा इसलिए क्योंकि ज्वैलर्स आपकी इसी आस्था के मौके पर आपको चूना लगाने से भी बाज नहीं आते हैं। कहीं ऐसा न हो कि आप ज्वैलर्स से 22 कैरेट गोल्ड की मांग करें और वो आपको 18 कैरेट गोल्ड थमाकर आपसे 22 कैरेट का दाम वसूल लें। ऐसे में अगर आप थोड़ी सावधानी बरतेंगे तो आसानी से समझ जाएंगे कि दुकानदार आपको जो सोना दे रहा है वह उतने ही कैरेट का है या नहीं जितने की आपने मांग की थी।

खुद पहचानें कितना शुद्ध है आपका सोना:
24 कैरेट गोल्ड की नहीं बनती ज्वैलरी: सबसे पहले यह बात जान लें कि असली सोना 24 कैरेट का ही होता है, लेकिन इसके आभूषण नहीं बनते, क्योंकि वो बेहद मुलायम होता है। आमतौर पर आभूषणों के लिए 22 कैरेट सोने का इस्तेमाल किया जाता है, जिसमें 91.66 फीसद सोना होता है।

हॉलमार्किंग पर दें ध्यान: हॉलमार्क पर पांच अंक होते हैं। सभी कैरेट का हॉलमार्क अलग होता है। ये अंक ही सोने की शुद्धता को तय करते हैं। मसलन 22 कैरेट पर 916, 21 कैरेट पर 875 और 18 कैरेट पर 750 लिखा होता है। इससे शुद्धता में कोई शक नहीं रहता।

शुद्धता के हिसाब से आभूषणों में ये अंक अंकित होते हैं:
24 कैरेट: 99.9
23 कैरेट: 95.8
22 कैरेट: 91.6
21 कैरेट: 87.5
18 कैरेट: 75.0
17 कैरेट: 70.8
14 कैरेट: 58.5
9 कैरेट: 37.5

हॉलमार्किंग योजना :भारतीय मानक ब्यूरो अधिनियम के तहत संचालन एंव नियमन का काम करती है। हॉलमार्किंग से सोना-चांदी की शुद्धता प्रमाणित होती है। हालांकि कई ज्वैलर्स बिना जांच प्रकिया के ही हॉलमार्क लगा देते हैं। ऐसे में यह जानना जरूरी हो जाता है कि हॉलमार्क ओरिजनल है या नहीं? असली हॉलमार्क पर भारतीय मानक ब्यूरो का तिकोना निशान होता है।

जानिए कैसे तय होती है गोल्ड की कीमत: आप अपने आभूषण में अंकित नंबर को देखकर आसानी से समझ सकते हैं कि आपका आभूषण कितने कैरेट सोने का बना हुआ है। इसी के हिसाब से आपके आभूषण की कीमत भी तय होती है।

मान लीजिए अगर 24 कैरेट सोने का दाम 32,000 रुपये प्रति 10 ग्राम है तो बाजार में इसकी बनी ज्वैलरी की कीमत मेकिंग चार्ज को हटाकर (32000/24)X22=29,333.33 रुपये होगी। ऐसे में कई बार ऐसा होता है जब ग्राहक की लापरवाही का फायदा उठाकर सुनार आपको 22 कैरेट सोना 24 कैरेट के दाम पर बेच देता है।

इसी तरह अगर 22 कैरेट सोने का दाम 27000 रुपये प्रति 10 ग्राम है तो इससे बने आभूषण की कीमत बिना मेकिंग चार्ज के (27000/24)x22=24750 रुपए होगी।

राजस्थान में 12 सीटों पर 63.10% मतदान, कई केंद्रों पर ईवीएम खराब

जयपुर। लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में सोमवार को राजस्थान की 12 सीटों पर मतदान शाम छह बजे खत्म हो गया। शाम 6 बजे तक प्रदेश में 60.10 प्रतिशत मतदान हुआ है। वर्ष 2014 में हुए चुनाव में इन क्षेत्रों में 61.80 प्रतिशत मतदान हुआ था। प्रदेश में कई स्थानों पर मशीन में खराबी के कारण मतदान आधा घंटे रुका रहा।

इन 12 सीटों पर दाे केंद्रीय मंत्रियों समेत 134 प्रत्याशी मैदान में हैं, इनमें 16 महिलाएं हैं। सबसे ज्यादा प्रत्याशी जयपुर और सबसे कम दौसा संसदीय क्षेत्र में हैं। दूसरे चरण में श्रीगंगानगर, बीकानेर, चूरू, झुंझुनूं, सीकर, जयपुर ग्रामीण, जयपुर, अलवर, भरतपुर, करौली-धौलपुर, दौसा व नागौर सीटों पर मतदान हुआ।

ईवीएम ने अटकाए रखा
राज्य में कई केंद्र पर वोटिंग मशीनों के खराब होने से वोटर परेशान रहे। लालकोठी में सांसद रामचरण बोहरा और भाजपा नेता अशोक परनामी ने तीन लोगों पर फर्जी वोटिंग का आरोप लगाते हुए पकड़ा।

जयपुर : राजधानी में कई पोलिंग बूथ्स पर ईवीएम खराब होने की शिकायतें। हवामहल विधानसभा क्षेत्र के बाजोरिया स्कूल में ईवीएम की खराबी, इस वजह से आधा घंटा देरी से शुरू हुआ मतदान, बाद में भी ईवीएम के अटक अटक कर चलने की शिकायत हुई। वार्ड 85 में भाग संख्या 114 पर शुरू होते ही खराब हुई ईवीएम मशीन, हवामहल भाग 164 में भी आधे घंटे ईवीएम खराब रही, सरस्वती स्कूल में बने पोलिंग बूथ पर ईवीएम खराब हुई।

जयपुर के मानसरोवर में बूथ नंबर 82 पर मशीन खराब होने से मतदान आधा घंटे रुका रहा।
भाजपा प्रदेश कंट्रोल रूम के इंचार्ज निर्मल नाहटा ने बताया की राजस्थान में बहुत जगह ईवीएम मशीन की खराबी के कारण काफी देर तक वोटिंग शुरू नहीं हो पाई।

दूसरे चरण में 23 हजार 783 मतदान केंद्र बनाए गए थे। प्रदेश में 1550 संवेदनशील मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग के जरिए नजर रखी गई। दूसरे चरण की 12 लोकसभा सीटों के लिए कुल 134 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। कांग्रेस से 12, बीजेपी से 11, बसपा से 10, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया से 1 और कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया से 3 जबकि 29 अन्य दल और 68 निर्दलीय प्रत्याशी हैं।

प्रदेश में पहले चरण की 13 सीटों पर 29 अप्रैल को रिकॉर्ड 68.22 प्रतिशत वोटिंग हुई थी। यह 1952 से लेकर अब तक हुए 17 लोकसभा चुनावों में सबसे ज्यादा थी और 2014 के लोकसभा चुनाव से 3.95 प्रतिशत अधिक। पिछले लोकसभा चुनाव में इन 13 सीटों पर 64.27 फीसदी मतदान हुआ था।

हाजिर मांग के कारण बिनौला तेल खली वायदा कीमतों में तेजी

नयी दिल्ली। हाजिर बाजार में मजबूती के रुख के बीच सटोरियों ने अपने सौदों के आकार को बढ़ाया जिससे सोमवार को वायदा कारोबार में बिनौला खली की कीमत 17.5 रुपये तक की तेजी के साथ 2,600 रुपये प्रति क्विन्टल हो गई।

बाजार सूत्रों ने कहा कि बाजार में सीमित आपूर्ति के मुकाबले भारी मांग की वजह से हाजिर बाजार में मजबूती के रुख को देखते हुए कारोबारियों ने ताजा सौदों की लिवाली की जिसके कारण मुख्यत: वायदा कारोबार में बिनौला तेल खली की कीमतों में तेजी आई।

एनसीडीईएक्स में अगस्त महीने में डिलिवरी वाले बिनौला खली के अनुबंध के भाव 17.5 रुपये यानी 0.68 प्रतिशत की तेजी के साथ 2,600 रुपये प्रति क्विन्टल हो गये जिसमें 960 लॉट का कारोबार हुआ।

बिनौला खली के जून माह में डिलिवरी वाले अनुबंध के भाव 25 रुपये अथवा 0.98 प्रतिशत की तेजी के साथ 2,571 रुपये प्रति क्विन्टल हो गये जिसमें 4,810 लॉट का कारोबार हुआ।

हाजिर मांग के कारण ग्वारसीड वायदा कीमतों में तेजी

नयी दिल्ली। हाजिर बाजार में मजबूती के रुख के कारण कारोबारियों ने अपने सौदों के आकार को बढ़ाया जिससे सोमवार को वायदा कारोबार में ग्वारसीड की कीमत 44.5 रुपये की तेजी के साथ 4,410 रुपये प्रति 10 क्विन्टल हो गई।

एनसीडीईएक्स में ग्वारसीड के मई महीने में डिलीवरी वाले अनुबंध की कीमत 44.5 रुपये अथवा 1.02 प्रतिशत की तेजी के साथ 4,410 रुपये प्रति 10 क्विन्टल हो गई जिसमें 40,900 लॉट के लिए कारोबार हुआ।

इसी प्रकार ग्वारसीड के जुलाई महीने में डिलीवरी वाले अनुबंध की कीमत भी 25.5 रुपये अथवा 0.57 प्रतिशत की तेजी के साथ 4,537 रुपये प्रति 10 क्विन्टल हो गई जिसमें 2,750 लॉट के लिए कारोबार हुआ।

बाजार सूत्रों ने ग्वारसीड वायदा कीमतों में तेजी आने का श्रेय हाजिर बाजार में मजबूती के रुख के कारण कारोबारियों द्वारा अपने सौदों के आकार बढ़ाने को दिया।

स्टॉकिस्टों की मांग से जीरा वायदा कीमतों में तेजी

नयी दिल्ली। विदेशों से होने वाली पूछताछ और स्टॉकिस्टों की मांग में तेजी आने के कारण सटोरियों ने ताजा सौदों की लिवाली की जिससे सोमवार को वायदा कारोबार में जीरा की कीमत 0.29 प्रतिशत तक की तेजी के साथ 17,030 रुपये प्रति क्विन्टल हो गयी।

बाजार सूत्रों ने कहा कि इसके अलावा उत्पादक क्षेत्रों से सीमित आवक के बाद स्टॉक कम होने से भी तेजी के रुख को बल मिला। एनसीडीईएक्स में जून महीने में डिलिवरी वाले जीरा अनुबंध के भाव 50 रुपये यानी 0.29 प्रतिशत की तेजी के साथ 17,030 रुपये प्रति क्विन्टल हो गये जिसमें 4,833 लॉट का कारोबार हुआ।

इसी प्रकार मई महीने में डिलिवरी वाले जीरा अनुबंध के भाव 25 रुपये यानी 0.15 प्रतिशत की तेजी के साथ 16,880 रुपये प्रति क्विन्टल हो गये जिसमें 4,002 लॉट का कारोबार हुआ। बाजार सूत्रों ने कहा कि घरेलू के साथ साथ निर्यात मांग में आई तेजी के बीच कारोबारियों की सटोरिया लिवाली से जीरा कीमतों में तेजी आई।