Friday, July 10, 2026
Home Blog Page 4767

GST रिटर्न के लिए नई प्रणाली अक्टूबर से होगी लागू

0

नई दिल्ली। वित्त मंत्रालय ने मंगलवार को नई जीएसटी रिटर्न सिस्टम जीएसटी एएनएक्स-1 (GST ANX-1) को लागू करने का रोडमैप जारी किया, जो कि अक्टूबर 2019 से लागू होगा। यह मौजूदा जीएसटी रिटर्न सिस्टम जीएसटीआर-1 (GSTR-1) की जगह लेगा। नए सिस्टम में तीन मुख्य कंपोनेंट होंगे। पहला मेन रिटर्न (फॉर्म जीएसटी रिटर्न-1) होगा और दो एनेक्सर (फॉर्म जीएसटी एनेक्सर- और फॉर्म जीएसटी एनेक्सर-2) होंगे।

ट्रायल के लिए ऑफलाइन रहेगा उपलब्ध
जुलाई से लेकर सितंबर तक तीन माह के लिए नया रिटर्न सिस्टम (एनेक्सर-1 और एनेक्सर-2) टैक्सपेयर के लिए ट्रायल के लिए मौजूद रहेगा। इस ट्रायल के दौरान टैक्सपेयर पर पिछली टैक्स लायबिलिटी और इनपुट टैक्स क्रेडिट का पर असर नहीं होगा। जुलाई से टैक्सपेयर ट्रायल बेस पर ऑफलाइन फॉर्म जीएसटी एनेक्सर-1 के इनवॉयस अपलोड कर सकेंगे।

मुख्य बिंदु

  1. बड़े टैक्सपेयर अक्टूबर और नवंबर 2019 से मंथली बेसिस पर GSTR-3S भर सकेंगे।
  2. यह अपना पहला जीएसटी रिटर्न-01 फार्म दिसंबर 2019 से 20 जनवरी 2020 तक भर सकेंगे।
  3. छोटे टैक्सपेयर अक्टूबर 2019 से फॉर्म GSTR-3B को भरना बंद कर सकते है, जबकि फॉर्म जीएसटी पीएमटी-08 भरना शूरु कर सकते हैं। वो अपना पहला जीएसटी रिटर्न-01 फॉर्म अक्टूबर 2019 की तिमाही से 20 जनवरी 2020 तक भर सकते हैं।
  4. जुलाई 2020 से सभी टैक्सपेयर फॉर्म जीएसटी रिटर्न-01 भर सकेंगे, जबिक GSTR-3B चरणबद्ध ढंग से हट जाएगा।

बैंकिंग सेक्टर में लिवाली से सेंसेक्स 165 अंक उछल कर 39,950 पर बंद

नई दिल्ली। बैंकिंग और मेटल सेक्टर में छाई लिवाली के कारण भारतीय शेयर बाजार मंगलवार को तेजी के साथ बंद हुए। बंबई स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों का संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 165 अंकों के उछाल के साथ 39,950 अंकों पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का 50 शेयरों का संवेदी सूचकांक निफ्टी 42 अंकों की तेजी के साथ 11,965 अंकों पर जाकर बंद हुआ।

सेक्टोरियल इंडेक्स का हाल
मंगलवार को सेंसेक्स में अधिकांश सेक्टर बढ़त के साथ हरे निशान में बंद हुए। बैंकिंग सेक्टर में सबसे ज्यादा बढ़त दर्ज की गई और यह 302 अंक बढ़कर 35,134 अंकों पर बंद हुआ। इसके अलावा आईटी में 78 अंक, कंज्यूमर ड्यूरेबल में 79 अंक, मेटल में 144 अंक, ऑयल एंड गैस में 136 अंक, टेक में 44 अंकों की तेजी रही।

कुछ ऐसा ही हाल निफ्टी में रहा। निफ्टी में एफएमसीजी और फार्मा सेक्टर को छोड़कर अन्य सभी सेक्टर बढ़त के साथ लाल निशान में बंद हुए। सबसे ज्यादा मेटल सेक्टर 1.32 फीसदी यानी 38 अंकों की बढ़त के साथ बंद हुआ।

ये हैं टॉप गेनर
सेंसेक्स में डिश टीवी 12.71 फीसदी, स्टरलाइट टेक्नोलॉजीज लिमिटेड 10.78 फीसदी, पीसी ज्वैलर्स 9.43 फीसदीस, जैन इरीगेशन सिस्ट्म्स लिमिटेड 9.24 फीसदी, थर्मेक्स लिमिटेड 6.80 फीसदी की तेजी के साथ टॉप गेनर रहे। निफ्टी में वीईडीएल 2.33 फीसदी, ओएनजीसी 2.13 फीसदी, जी एंटरटेनमेंट 2.13 फीसदी, यस बैंक 2.13 फीसदी, टाटा मोटर्स 2.08 फीसदी की तेजी के साथ टॉप गेनर रहे।

ये हैं टॉप लूजर
सेंसेक्स में जेट एयरवेज 12.34 फीसदी, इंडियाबुल्स इंटीग्रेटिड सर्विसेज लिमिटेड 10 फीसदी, इंडियाबुल्स हाउसिंग फाइनेंस लिमिटेड 8.06 फीसदी, जेएंडके बैंक 6.35 फीसदी, लक्ष्मी विलास बैंक 5.97 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर रहे। निफ्टी में इंडियाबुल्स हाउसिंग फाइनेंस 4 फीसदी, सन फार्मा 3.78 फीसदी, डॉ. रेड्डीज लैब 1.04 फीसदी, बीपीसीएल 0.99 फीसदी, महिंद्रा एंड महिंद्रा 0.85 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर रहे।

Honor 20i स्मार्टफोन भारत में लॉन्च, जानिए स्पेसिफिकेशन

नई दिल्ली।ऑनर ने भारत में आज अपने नए मिड-रेंज स्मार्टफोन ऑनर 20आई को लॉन्च कर दिया है। इससे पहले कंपनी ने इस फोन को अप्रैल में चीन में लॉन्च किया था। ऑनर 20आई को आज नई दिल्ली में हुए एक इवेंट में लॉन्च किया है। आइए जानते हैं ऑनर के इस नए मिड-रेंज स्मार्टफोन में क्या कुछ है खास।

ऑनर 20आई के स्पेसिफिकेशन्स
ऑनर 20आई में 1080X2340 पिक्सल रेजॉलूशन के साथ 6.21 इंच का फुल एचडी+ वॉटरड्रॉप नॉच डिस्प्ले दिया गया है। फोन का आस्पेक्ट रेशियो 19.5:9 है। यह फोन ऐंड्रॉयड 9 पाई पर बेस्ड ईएमयूआई 9.0.1 पर काम करता है। 4जीबी रैम और 128जीबी इंटरनल स्टोरेज वेरियंट में पेश किए गए इस फोन ऑक्टा-कोर किरिन 710एसओसी प्रोसेसर दिया गया है। बेहतरीन गेमिंग एक्पीरियंस के लिए यह फोन जीपीयू टर्बो 2.0 फीचर के साथ आता है।

फोटोग्राफी की बात करें तो इस फोन में ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप दिया गया है। इसमें 24 मेगापिक्सल के प्राइमरी सेंसर के साथ 8 मेगापिक्सल का अल्ट्रा वाइड कैमरा और 2 मेगापिक्सल का डेप्थ सेंसर दिया गया है। सेल्फी के लिए फोन में एचडीआर सपॉर्ट और फेस अनलॉक फीचर के साथ 32 मेगापिक्सल का कैमरा दिया गया है।

फोन को पावर देने के लिए इसमें 3,400 mAh की बैटरी दी गई है। हालांकि यह फास्ट चार्जिंग सपॉर्ट के बिना आती है। कनेक्टिविटी के लिए फोन में 4G LTE, वाई-फाई 802.11 a/g/b/n/ac, ब्लूटूथ 4.2, क्वालकॉम ऐप्टएक्स एचडी ऑडियो, माइक्रो यूएसबी 2.0 पोर्ट और 3.5 एमएम हेडफोन जैक ऑप्शन दिए गए है।

ऑनर 20आई की कीमत व उपलब्धता
ऑनर 20आई को भारत में 14,999 रुपये की कीमत के साथ लॉन्च किया गया है। फोन की बिक्री 18 जून से फ्लिपकार्ट के साथ ही ऑफलाइन स्टोर्स पर भी शुरू हो जाएगी। लॉन्च ऑफर में फोन की खरीद पर जियो की तरफ से 2.2टीबी तक डेटा के साथ 2,200 रुपये का कैशबैक भी मिलेगा। इसके साथ ही फोन को नॉ-कॉस्ट ईएमआई पर भी खरीदा जा सकेगा। फोन की नो-कॉस्ट ईएमआई 2,500 रुपये प्रति माह से शुरू होगी।

5 कैमरे वाले ऑनर 20 प्रो और ऑनर 20 स्मार्टफोन भारत में लॉन्च

नई दिल्ली।चीन की स्मार्टफोन बनाने वाली कंपनी ऑनर ने भारत में आज अपने दो नए स्मार्टफोन ऑनर 20 प्रो और ऑनर 20 को लॉन्च कर दिया है। भारत में ऑनर ने इन डिवाइसेज को नई दिल्ली में हुए एक इवेंट में लॉन्च किया है। भारत से पहले कंपनी ने ऑनर 20 प्रो और ऑनर 20 को यूरोप में लॉन्च किया था। आइए जानते हैं इन नए स्मार्टफोन्स के फीचर, स्पेसिफिकेशन और कीमत के बारे में।

ऑनर 20 प्रो के स्पेसिफिकेशन्स
ऑनर 20 प्रो प्रीमियम फीचर्स से लैस स्मार्टफोन है। फोन में 412पीपीआई पिक्सल डेन्सिटी के साथ 6.26 इंच का फुलएचडी+ डिस्प्ले दिया गया है। फोन में 91.7 प्रतिशत का स्क्रीन-टू-बॉडी रेशियो दिया गया है। 8जीबी रैम और 256जीबी इंटरनल स्टोरेज के साथ आने वाले इस फोन में 7एनएम किरिन 980 प्रोसेसर दिया गया है। फोन ऐंड्रॉयड 9 पाई पर बेस्ड मैजिक यूआई 2.1.0 पर काम करता है।

ऑनर 20 प्रो की सबसे बड़ी खासियत है इसमें दिया गया कैमरा सेटअप। फोन के रियर में क्वॉड कैमरा सेटअप दिया गया है। इसमें 48 मेगापिक्सल के प्राइमरी सेंसर के साथ 16 मेगापिक्सल का सुपर वाइड ऐंगल कैमरा, 8 मेगापिक्सल का टेलिफोटो कैमरा और 2 मेगापिक्सल का मैक्रो कैमरा मौजूद है।

सेल्फी के लिए ऑनर 20 प्रो में 32 मेगापिक्सल का कैमरा मौजूद है जो 3डी पोर्ट्रेट लाइटनिंग सपॉर्ट के साथ आता है। फोन को पावर देने के लिए इसमें 4,000mAh की बैटरी मौजूद है। फोन की बैटरी कम समय में चार्ज हो इसके लिए इसमें 22.5 वॉट की ऑनर सुपर चार्ज टेक्नॉलजी दी गई है।

ऑनर 20 प्रो की कीमत
भारत में ऑनर 20 प्रो को 8जीबी रैम और 256 जीबी सेटोरेज ऑप्शन के साथ पेश किया गया है। कीमत की बात करें तो इसकी कीमत भारत में 39,999 रुपये रखी गई है।

ऑनर 20 के स्पेसिफिकेशन्स
ऑनर 20 प्रो की तरह ऑनर 20 भी क्वॉड कैमरा सेटअप के साथ आता है। फोन में सोनी आएमएक्स586 सेंसर के साथ 48 मेगापिक्सल का प्राइमरी सेंसर दिया गया है। इसके अलावा फोन में 16 मेगापिक्सल का सेकंडरी कैमरा के साथ 2 मेगापिक्सल का डेप्थ सेंसिंग सेंसर और मैक्रो लेंस के साथ एक 2 मेगापिक्सल का सेंसर मौजूद है। सेल्फी के लिए इसमें 32 मेगापिक्सल का कैमरा मौजूद है।

फोन के स्पेसिफिकेशन्स की बात करें तो ऑनर 20 में 1080X2340 पिक्सल रेजॉलूशन के साथ 6.26 इंच का फुल एचडी+ पंच होल डिस्प्ले दिया गया है। डिस्प्ले का आस्पेक्ट रेशियो 19.5:9 है। ऐंड्रॉयड 9 पाई पर बेस्ड मैजिक यूआई 2.1.0 ऑपरेटिंग सिस्टम पर काम करने वाले इस फोन में 7nm Kirin 980 AI प्रोसेसर दिया गया है।

6जीबी रैम ऑप्शन के साथ आने वाले इस फोन में 128जीबी की इनबिल्ट स्टोरेज दी गई है। बता दें कि यह फोन माइक्रो एसडी कार्ड सपॉर्ट के साथ नहीं आता है। फोन में 3,750mAh की बैटरी दी गई है जो 22.5 वॉट सुपर चार्ज टेक्नॉलजी के साथ आती है।

ऑनर 20 की कीमत
6जीबी रैम और 128जीबी की स्टोरेज के साथ लॉन्च हुए इस फोन की कीमत 32,999 रुपये रखी गई है।

पिछले 14 महीनों में चुकाया 35,000 करोड़ का कर्ज, अनिल अंबानी का दावा

नयी दिल्ली। रिलायंस अनिल धीरूभाई अंबानी समूह के प्रमुख अनिल अंबानी ने मंगलवार को कहा कि उनका समूह सभी ऋण देनदारियों को समय से पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। पिछले 14 महीनों में उनके समूह ने 35,000 करोड़ रुपये का कर्ज चुकाया है।

अंबानी ने एक प्रेसवार्ता में संवाददाताओं से कहा कि चुनौतीपूर्ण हालातों और वित्तपोषकों से कोई वित्तीय सहायता नहीं मिलने के बावजूद उनके समूह ने एक अप्रैल, 2018 से लेकर 31 मई, 2019 के बीच अपने ऊपर बकाया ऋण में 24,800 करोड़ रुपये मूलधन और 10,600 करोड़ रुपये ब्याज का भुगतान किया है।

उन्होंने कहा, ‘‘पिछले कुछ हफ्तों के दौरान गैरवाजिब अफवाहों, अटकलों और रिलायंस समूह की सभी कंपनियों के शेयर में गिरावट के चलते हमारे सभी हितधारकों को काफी नुकसान हुआ है।’’ यह 35,000 करोड़ रुपये के ऋण का भुगतान रिलायंस कैपिटल, रिलायंस पावर और रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर और इनसे संबद्ध कंपनियों से जुड़ा है।

अंबानी ने निवेशकों को आश्वस्त किया कि उनका समूह भविष्य में सभी ऋण देनदारियों को समय से पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके लिए उसके पास परिसंपत्तियों के मौद्रिकरण की योजना है जिसे वह कई स्तर पर लागू भी कर चुका है। अंबानी ने समूह की कुछ समस्याओं के लिए नियामकीय संस्थानों और अदालतों को भी जिम्मेदार ठहराया।

उन्होंने कहा कि कुछ मामलों में फैसला आने में देरी की वजह से समूह को 30,000 करोड़ रुपये से अधिक का बकाया नहीं मिल पाया। अंबानी ने कहा कि रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर, रिलायंस पावर और उससे संबद्ध कंपनियों का यह बकाया पांच से 10 साल तक पुराना है। इस पर अंतिम निर्णय आने में एक के बाद एक कारणों से देरी हुई।

उन्होंने कहा कि वित्तीय प्रणाली ने समूह के प्रति पूरी तरह उदासीनता बरती और कहीं से भी कोई समर्थन नहीं मिला जिसका परिणाम यह हुआ कि इसने ऋणदाताओं और अन्य हितधारकों के हितों का नुकसान हुआ।

अंबानी ने भरोसे से कहा कि समूह को बदलने की यात्रा शुरू हो चुकी है जिसमें पूंजी को हल्का रखने, कम से कम ऋण लेने और शेयर पर ऊंचा रिटर्न देने की प्रतिबद्धता है जो सभी हितधारकों के मूल्य को बढ़ाएगा।

प्राइवेट कंपनियां भी बेचेगी सब्सिडी वाली रसोई गैस, पैनल का गठन

नई दिल्ली। केंद्र की मोदी सरकार आने वाले समय में प्राइवेट कंपनियों को सब्सिडी वाली रसोई गैस बेचने की अनुमति दे सकती है। इस पर विचार करने के लिए सरकार ने एक विशेषज्ञ पैनल का गठन किया है। सब्सिडी वाली रसोई गैस बेचने की मांग प्राइवेट कंपनियां लंबे समय से कर रही हैं। इन कंपनियों का तर्क है कि सरकारी कंपनियां ढेर सारी सब्सिडी देकर ग्राहकों को लुभाती हैं।

जुलाई अंत तक रिपोर्ट देगा पांच सदस्यों का पैनल
रिपोर्ट के अनुसार, प्राइवेट कंपनियों को सब्सिडी वाली गैस बेचने की अनुमति देने के लिए तेल मंत्रालय ने पांच सदस्यों के पैनल का गठन किया है। इस पैनल में अर्थशास्त्री किरीट पारिख, पूर्व पेट्रोलियम सचिव जीसी चतुर्वेदी, इंडियन ऑयल के पूर्व चेयरमैन एमए पठान, आईआईएम अहमदाबाद के डायरेक्टर ईरोल डिसूजा और पेट्रोलियम मंत्रालय के जॉइंट सेक्रेटरी शामिल हैं। यह पैनल जुलाई के अंत तक अपनी रिपोर्ट सौंपेगा। इस पैनल में समान विशेषज्ञ हैं जो पेट्रोल पंपों की स्थापना के संबंध में गठित की गई पॉलिसी रिफॉर्म कमेटी में भी शामिल हैं।

वर्तमान प्रणाली का आंकलन करेगा पैनल
हाल ही में तेल मंत्रालय की ओर से जारी किए गए एक मेमो के अनुसार, विशेषज्ञों का यह पैनल एलपीजी वितरण की वर्तमान प्रणाली का आकलन करेगा। साथ ही इस संभावना का भी आकलन किया जाएगा कि पूरी तरह से नियंत्रित इस सेक्टर में प्रतियोगिता शुरू की जा सकती है या नहीं। साथ ही पैनल यह भी आकलन करेगा कि देश में एलपीजी वितरण में निजी क्षेत्र की भागीदारी बढ़ाने के लिए सरकारी नीतियों को उदार बनाने की जरुरत है या नहीं।

79.2 फीसदी घरों तक पहुंची कुकिंग गैस
आंकड़ों के अनुसार, 2018 की शुरुआत तक देश के 79.2 फीसदी घरों तक कुकिंग गैस पहुंच गई है। अप्रैल 2015 से दिसंबर 2017 के बीच 7 करोड़ नए घरों तक कुकिंग गैस पहुंची है। ज्यादा से ज्यादा घरों तक कुकिंग गैस पहुंचाने में केंद्र सरकारी की उज्ज्वला योजना का मुख्य योगदान रहा है। इस योजना के तहत अब तक केंद्र सरकार 6 करोड़ से ज्यादा परिवारों को मुफ्त एलपीजी कलैक्शन और सिलेंडर दे चुकी है।

​​​​​​​रिलायंस को सबसे पहले मिल सकती है अनुमति
मुकेश अंबानी के नेतृत्व वाली रिलायंस इंडस्ट्रीड गुजरात के जामनगर में दुनिया की सबसे बड़ी रिफाइनरी का संचालन करती है। यह एलपीजी गैस की बड़ी उत्पादक कंपनी है। रिपोर्ट के अनुसार, रिलायंस सब्सिडी वाली रसोई गैस बेचने की अनुमति लेने के लिए सरकार के पास लंबे समय से लॉबिंग कर रही है। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि यदि सरकार प्राइवेट कंपनियों को सब्सिडी वाली रसोई गैस बेचने का फैसला करती है तो रिलायंस को सबसे पहले अनुमति मिल सकती है। इसके अलावा कई अन्य प्राइवेट कंपनियां भी रसोई गैस का उत्पादन करती है।

एलपीजी उत्पादन करने वाली टॉप कंपनियां

  • इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड
  • ऑयल एंड नेचुरल गैस कॉरपोरेशन लिमिटेड
  • भारत पेट्रोलियम
  • रिलायंस पेट्रोलियम लिमिटेड
  • एस्सार ऑयल लिमिटेड
  • केर्यन इंडिया
  • गैस अथॉरिटी ऑफ इंडिया
  • हिन्दुस्तान पेट्रोलिम कॉरपोरेशन
  • ऑयल इंडिया लिमिटेड
  • टाटा पेट्रोडाइन

भ्रष्टाचार के मामले में कमिश्नर रैंक के 12 आयकर अधिकारी बर्खास्त

नई दिल्ली। सरकार ने भ्रष्टाचार और पेशेवर कदाचार के आरोप में आयकर विभाग के 12 वरिष्ठ अधिकारियों को सेवा से बर्खास्त कर दिया है। इनमें कमिश्नर और जॉइंट कमिश्नर रैंक के अधिकारी भी शामिल हैं। सूत्रों ने यह जानकारी दी। इस सूची में शामिल एक बर्खास्त जॉइंट कमिश्नर के खिलाफ स्वयंभू धर्मगुरु चंद्रास्वामी की मदद करने के आरोपी एक व्यवसायी से जबरन वसूली तथा भ्रष्टाचार की गंभीर शिकायतें हैं।

सूत्रों ने बताया कि इसमें नोएडा में तैनात आयुक्त (अपील) पद के एक आईआरएस अधिकारी भी है। उस पर आयुक्त स्तर की दो महिला आईआरएस अधिकारियों के यौन उत्पीड़न का आरोप है। एक अन्य आईआरएस अधिकारी ने अपने और अपने परिवार के सदस्यों के नाम पर 3.17 करोड़ रुपए की चल और अचल संपत्ति अर्जित की थी।

यह संपत्ति कथित तौर पर पद का दुरुपयोग करके और भ्रष्ट एवं गैर-कानूनी तरीकों से अर्जित की गई थी। इस अधिकारी को समय से पहले सेवानिवृत्ति लेने का निर्देश दिया गया है। आयकर विभाग के एक कमिश्नर के खिलाफ सीबीआई की भ्रष्टाचार रोधी शाखा ने आय से अधिक का मामला दर्ज किया था और उन्हें अक्टूबर 2009 में सेवा से निलंबित कर दिया था। उन्हें भी सरकार ने अनिवार्य सेवानिवृत्त लेने के लिए कहा है।

गलत आदेशों के जरिए वसूली करता था अधिकारी
एक अन्य अफसर जो भ्रष्टाचार और जबरन वसूली में लिप्त था और कई गलत आदेश पारित किए थे। इन आदेशों को बाद में अपीलीय प्राधिकरण ने पलट दिया था। उसे भी सेवा से बर्खास्त किया गया है।

कमिश्नर रैंक के एक अन्य अधिकारी पर मुखौटा कंपनी के मामले में एक व्यवसायी को राहत देने के एवज में 50 लाख रुपए की रिश्वत मांगने का आरोप लगा था। इसके अलावा उसने पद का दुरुपयोग करके चल/अचल संपत्ति इकट्ठा करने का आरोप लगा था। उसे भी जबरिया सेवानिवृत्ति कर दिया गया है।

ये अधिकारी किए गए बर्खास्त

  1. आलोक कुमार मित्र, कमिश्नर
  2. अरुलप्पा बी, कमिश्नर
  3. बीवी राजेंद्र, कमिश्नर
  4. अजय कुमार सिंह, कमिश्नर
  5. एसके श्रीवास्तव, कमिश्नर
  6. होमी राजवंश, कमिश्नर
  7. श्वेताभ सुमन, कमिश्नर
  8. ए रविंदर, एडिशनल कमिश्नर
  9. विवेक बत्रा, एडिशनल कमिश्नर
  10. चंद्रसेन भारती, एडिशनल कमिश्नर
  11. अशोक अग्रवाल,ज्वाइंट कमिश्नर
  12. राजकुमार भार्गव, असिस्टेंट कमिश्नर

शुरुआती कारोबार में तेजी, 139 अंक बढ़कर खुला सेंसेक्स

नई दिल्ली। आईटी और टेक कंपनियों में बने लिवाली के माहौल के कारण भारतीय शेयर बाजारों मंगलवार को बढ़त के साथ खुले। बंबई स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों का संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 139 अंकों की तेजी के साथ 39,923 अंकों पर और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 30 अंकों की तेजी के साथ 11,953 अंकों पर खुला। सुबह 9.25 बजे सेंसेक्स 72 अंकों की तेजी के साथ 39,856 अंकों पर और निफ्टी 10 अंकों की तेजी के साथ 11,933 अंकों पर कारोबार कर रहे है।

इन शेयरों में तेजी का माहौल
शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स में स्ट्रैच, गोदरेज एग्रोवेट लिमिटेड, जिंदल स्टेनलैस हिसार लिमिटेड, जेनसार टेक्नोलॉजी लिमिटेड, थर्मेक्स लिमिटेड में तेजी की माहौल है। निफ्टी में ब्रिटानिया, टेक महिंद्रा, टीसीएस, डॉ. रेड्डीज लैब, इंफोसिस में तेजी का माहौल है।

इन शेयरों में मंदी का माहौल
शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स में जेट एयरवेज, इंडियाबुल्स इंटीग्रेटिड सर्विसेज लिमिटेड, पीसी ज्वैलर्स, रिलायंस पावर, लक्ष्मी विलास बैंक में मंदी का माहौल है। निफ्टी में बीपीसीएल, यस बैंक, कोल इंडिया, गेल, आईओसी में मंदी का माहौल है।

इंदौर मंडी: चना महंगा, तुअर और बटला में गिरावट

इंदौर। स्थानीय संयोगितागंज अनाज मंडी में सोमवार को चना कांटा के भाव में 75 रुपये प्रति क्विंटल की तेजी दर्ज की गई। मसूर के 25 रुपये, तुअर (अरहर) के 100 रुपये और बटरा (मटर) के भाव 200 रुपये प्रति क्विंटल कम हुए। ग्राहकी कमी से चना दाल 50, तुअर दाल 100, मूंग दाल 100 एवं उड़द की दाल 100 रुपये प्रति क्विंटल सस्ती बिकी।

दलहन चना (कांटा) 4425 से 4450, चना (देसी) 4300 से 4350, डबल डॉलर 4500 से 5000, मसूर 4100 से 4125, हल्की 3750 से 3800, बटला (मटर) 4100 से 4150, मूंग 5900 से 6000, हल्की 5000 से 5300, तुअर निमाड़ी (अरहर) 5300 से 5500, महाराष्ट्र तुअर (अरहर) 5800 से 5900, उड़द 5100 से 5200, हल्की 3800 से 4000 रुपये प्रति क्विंटल।

दाल तुअर (अरहर) दाल सवा नंबर 6800 से 7000, तुअर दाल फूल 7200 से 7400, तुअर दाल बोल्ड 7600 से 7800, आयातित तुअर दाल 6200 से 6400चना दाल 5550 से 5750, आयातित चना दाल 5500 से 5200मसूर दाल 5300 से 5400मूंग दाल 7400 से 7600, मूंग मोगर 8150 से 8650 उड़द दाल 7100 से 7300, उड़द मोगर 7600 से 7800 रुपये प्रति क्विंटल।

अनाज गेहूं हल्का 1720 से 1820, गेहूं 147- 1870 से 2070, गेहूं लोकवन 1770 से 2070, गेहूं चंद्रौसी 3200 से 3300 रुपये प्रति क्विंटल। ज्वार हल्की 1800 से 1900, ज्वार संकर 2000 से 2100, ज्वार देसी 2500 से 3000, मक्का पीली 2100 से 2150, मक्का गजर 2000 से 2050 रुपये प्रति क्विंटल।

चावल बासमती 8500 से 9000, तिबार 7000 से 7500, दुबार 6000 से 6500, मिनी दुबार 5500 से 6000, मोगरा 3500 से 5000, बासमती सैला 5500 से 8500, कालीमूंछ 5900 से 6000, राजभोग 4900 से 5000, दूबराज 3500 से 4000, परमल 2500 से 2700, हंसा सैला 2400 से 2650, हंसा सफेद 2200 से 2400, पोहा 4200 से 4400 रुपये प्रति क्विंटल।