Thursday, July 9, 2026
Home Blog Page 4759

इंदौर मंडी : उपलब्धता की कमी से उड़द महंगी

इंदौर। स्थानीय संयोगितागंज अनाज मंडी में शनिवार को चना कांटा 50 रुपये, चना देसी 50 रुपये, मसूर 25 रुपये और मूंग के भाव में 200 रुपये (शुक्रवार की तुलना में) प्रति क्विंटल की कमी दर्ज की गई। उपलब्धता की कमी से उड़द 100 रुपये प्रति क्विंटल महंगी बिकी।कारोबारियों के अनुमान के मुताबिक संयोगितागंज अनाज मंडी में शनिवार को तीन हजार बोरी गेहूं की आवक हुई।

दलहन चना (कांटा) 4200 से 4225, चना (देसी) 4100 से 4125, डबल डॉलर 4500 से 4800, मसूर 4075 से 4100, हल्की 3650 से 3700, बटला (मटर) 4100 से 4150, मूंग 5600 से 5700, हल्की 5000 से 5300, तुअर निमाड़ी (अरहर) 5000 से 5300, महाराष्ट्र तुअर (अरहर) 5800 से 5850, उड़द 5100 से 5300, हल्की 4000 से 4100 रुपये प्रति क्विंटल।

दाल तुअर (अरहर) दाल सवा नंबर 7000 से 7200, तुअर दाल फूल 7400 से 7600, तुअर दाल बोल्ड 7800 से 8000, आयातित तुअर दाल 6200 से 6400चना दाल 5450 से 5650, आयातित चना दाल 5500 से 5200 मसूर दाल 5300 से 5400 मूंग दाल 7400 से 7600, मूंग मोगर 8200 से 8400 उड़द दाल 7200 से 7400, उड़द मोगर 7600 से 7800 रुपये प्रति क्विंटल।

अनाज गेहूं हल्का 1720 से 1820, गेहूं 147- 1870 से 2070, गेहूं लोकवन 1770 से 2070, गेहूं चंद्रौसी 3200 से 3300 रुपये प्रति क्विंटल। ज्वार हल्की 1800 से 1900, ज्वार संकर 2000 से 2100, ज्वार देसी 2500 से 3000, मक्का पीली 2100 से 2150, मक्का गजर 2000 से 2050 रुपये प्रति क्विंटल।

चावल बासमती 8500 से 9000, तिबार 7000 से 7500, दुबार 6000 से 6500, मिनी दुबार 5500 से 6000, मोगरा 3500 से 5000, बासमती सैला 5500 से 8500, कालीमूंछ 5900 से 6000, राजभोग 4900 से 5000, दूबराज 3500 से 4000, परमल 2500 से 2700, हंसा सैला 2400 से 2650, हंसा सफेद 2200 से 2400, पोहा 4200 से 4400 रुपये प्रति क्विंटल।
.

OnePlus 7 स्मार्टफोन फ्री में पाएं, जानिए क्या है तरीका

नई दिल्ली। OnePlus 7 खरीदने की सोच रहे हैं, लेकिन बजट कम है तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। एक तरीका है जिससे आप इस शानदार फोन को फ्री में पा सकते हैं। ऐमजॉन ऐलेक्सा यूजर्स को फ्री में वनप्लस जीतने का मौका दिया जा रहा है। इसे पाने के लिए आपको ऐलेक्सा स्किल्स डाउनलोड करके कुछ सवालों के जवाब देने होंगे। जवाब सही होने पर मुफ्त में यह फोन आपका हो सकता है।

दरअसल, हाल ही में कंंपनी ने ऐमजॉन ऐलेक्सा के लिए वनप्लस 7 सीरीज की एक डेडिकेटेड स्किल का ऐलान किया है। वनप्लस ऐलेक्सा स्किल को ऐमजॉन एको प्लस, एको स्पॉट, एको डॉट और एको शो जैसे किसी भी ऐलेक्सा स्किल्ड डिवाइस के जरिए ऐक्सेस किया जा सकेगा।

इतना ही नहीं, वनप्लस ऐलेक्सा स्किल को स्मार्ट स्पीकर्स के अलावा ऐलेक्सा ऐप से भी ऐक्सेस किया जा सकता है, जो कि ऐंड्रॉयड और iOS दोनों पर ही उपलब्ध है। ऐलेक्सा स्किल इनेबल होने के बाद यूजर्स वॉइस कमांड के जरिए वनप्लस से इनट्रैक्ट करके सवालों के जवाब दे पाएंगे। इसके तहत हर दिन आपसे 3 सवाल पूछे जाएंगे और जो भी 30 जून तक पूछे गए सभी सवालों में से 7 के सही जवाब देगा उसे कंपनी की तरफ से गिफ्ट दिए जाएंगे।

इन गिफ्ट्स में वनप्लस 7 फोन और वनप्स 7 सीरीज की जर्सी जैसे गिफ्ट शामिल हैं। 32,999 रुपये की शुरुआती कीमत में लॉन्च किए गए इस फोन के साथ आपको एक साल का फ्री स्क्रीन रिप्लेसमेंट भी दिया जाएगा। ऐसे में अगर आप भी इस फोन को जीतना चाहते हैं तो जानें इसका पूरा तरीका…

  • सबसे पहले यूजर्स को ऐलेक्सा ऐप के जरिए वनप्लस स्किल को इनेबल करना होगा।
  • इसके बाद यूजर्स ‘ऐलेक्सा, ओपन वनप्लस’ प्रॉम्प्ट के साथ वनप्लस स्किल ओपन कर सकेंगे।
  • अब ऐलेक्सा आपको ‘स्टार्ट द क्विज’ कहने के लिए कहेगा। इसके साथ ही आप क्विज में भाग लेने के हकदार हो पाएंगे।

OnePlus 7 की खूबियां: वनप्लस 7 स्मार्टफोन में 6.41 इंच का फुल एचडी प्लस ऑप्टिक ऐमोलेड डिस्प्ले दिया गया है, जिसका ऑस्पेक्ट रेशियो 1080×2340 पिक्सल है। फोन में कॉर्निंग गोरिला ग्लास 6 प्रोटेक्शन दिया गया है। ऐंड्रॉयड 9 पाई बेस्ड oxygenOS ओएस पर चलने वाले इस फोन में ऑक्टा-कोर क्वॉलकॉम स्नैपड्रैगन 855 प्रोसेसर है।

बात की जाए कैमरे की तो फोन में 2 रियर कैमरे दिए गए हैं, जिसमें से एक 48 मेगापिक्सल सोनी IMX586 सेंसर और 5 मेगापिक्सल डेफ्थ सेंसर दिया है। सेल्फी के लिए इसमें प्रो वेरियंट की तरह ही 16 मेगापिक्सल का Sony IMX471 सेंसर दिया गया है। फोन में कंपनी ने 3,700mAh की बैटरी दी है जो 20W फास्ट चार्जिंग सपॉर्ट करती है। कंपनी ने इसके दो वेरियंट 6GB रैम / 128GB इंटरनल स्टोरेज और 8GB रैम/256 GB स्टोरेज वेरियंट पेश किया है।

टाटा अल्ट्रॉज का ऑफिशल टीजर जारी, बलेनो को देगी टक्कर

0

नई दिल्ली। टाटा मोटर्स की पहली प्रीमियम हैचबैक टाटा अल्ट्रॉज जल्द ही भारतीय बाजार में लॉन्च होने वाली है। कंपनी ने इस बारे में कोई ऑफिशल डेट नहीं बताई है पर माना जा रहा है कुछ ही महीनों में यह कार भारत में लॉन्च कर दी जाएगी। कंपनी ने इस प्रीमियम हैचबैक का ऑफिशल टीजर लॉन्च किया है। टीजर विडियो में यह कार टेस्ट ट्रैक पर ड्राइव करते हुए देखी जा सकती है। भारत में इस कार की टक्कर मारुति सुजुकी बलेनो, टोयोटा ग्लैंजा और होंडा जैज जैसी कारों से होगी।

इस कार का प्रॉडक्शन रेडी मॉडल जेनेवा मोटर शो में नजर आया था। इस कार कैमोफ्लॉज्ड वर्जन भारत में भी देखा जा चुका है। टाटा अल्ट्रॉज में दो पेट्रोल इंजन और एक डीजल इंजन मिलेगा। इसके बेस वेरियंट्स में टाटा टियागो वाला 1.2-लीटर पेट्रोल इंजन होगा, जो 85hp का पावर जनरेट करता है।

अल्ट्रॉज में दिया जाने वाला यह इंजन टियागो से कुछ ज्यादा पावर जनरेट करेगा। ऐसा अल्ट्रॉज के वजन की वजह से माना जा रहा है, क्योंकि टियागो की तुलना में इस प्रीमियम हैचबैक का वजन करीब 15 किलोग्राम कम है। अल्ट्रॉज के टॉप वेरियंट्स में नेक्सॉन वाला 1.2-लीटर टर्बो-पेट्रोल इंजन और 1.5-लीटर डीजल इंजन होगा।

हालांकि, अल्ट्रॉज में इन दोनों इंजन का पावर और टॉर्क आउटपुट नेक्सॉन की तुलना में कम होगा। 1.2-लीटर वाला पेट्रोल इंजन अल्ट्रॉज में 102hp पावर और 140Nm टॉर्क आउटपुट के साथ आने की संभावना है, जबकि नेक्सॉन में यह इंजन 110hp का पावर और 170Nm टॉर्क जनरेट करता है। डीजल इंजन 90hp पावर के साथ आ सकता है, जो नेक्सॉन से 20hp कम होगा।

माना जा रहा है कि हल्की होने के चलते कम पावर आउटपुट के बावजूद अल्ट्रॉज अपने सेगमेंट में दमदार परफॉर्मेंस वाली कार होगी। टाटा अल्ट्रॉज का वजन कंपनी की नेक्सॉन एसयूवी से करीब 200 किलोग्राम कम है। इस प्रीमियम हैचबैक को इस साल की दूसरी छमाही में लॉन्च किया जाएगा। शुरुआती कीमत 5.5 लाख रुपये के आसपास रहने की संभावना है।

मारुति ने लॉन्च की सीएनजी वाली ऑल्टो, कीमत 4.11 लाख से शुरू

0

नई दिल्ली।Maruti Suzuki ने दो महीने पहले नई Alto लॉन्च की थी। अब कंपनी ने इसका CNG मॉडल भी बाजार में उतार दिया है। नई ऑल्टो के दो वेरियंट LXi और LXi (O) में सीएनजी का ऑप्शन मिलेगा। इनकी कीमत (एक्स शोरूम दिल्ली) क्रमश: 4.11 लाख और 4.14 लाख रुपये है। यह कीमतें इन दोनों वेरियंट्स के पेट्रोल इंजन वाले मॉडल से 60 हजार रुपये ज्यादा है।

मारुति सुजुकी ने सीएनजी वाली नई ऑल्टो की टेक्निकल डीटेल्स की जानकारी नहीं दी है। फीचर्स की बात करें, तो ऑल्टो के पेट्रोल और सीएनजी मॉडल में कोई अंतर नहीं है। दोनों में पावर स्टीयरिंग, एसी, फ्रंट पावर विंडो, सिल्वर इंटीरियर एक्सेंट्स, रिट्रैक्टेबल रियर सीटबेल्ट्स, रियर चाइल्ड लॉक, रिमोट बूट व फ्यूल लिड ओपनर और बॉडी कलर में हैंडल व मिरर्स मिलते हैं। LXi (O) में को-ड्राइवर एयरबैग भी उपलब्ध है।

बता दें कि नई ऑल्टो आने वाले नए सेफ्टी, एमिशन और क्रैश टेस्ट नॉर्म्स के अनुरूप है। इसमें 796cc का बीएस6 इंजन दिया गया है। यह इंजन 5-स्पीड मैन्युअल ट्रांसमिशन से लैस है। नई ऑल्टो की शुरुआती कीमत 2.94 लाख रुपये है। मार्केट में इसकी टक्कर रेनॉ क्विड और दैटसन रेडी-गो जैसी कारों से है।

तीन घंटे से ज्यादा ATM खाली रहेगा तो लगेगी बैंक पर पेनल्टी

नई दिल्ली।अक्सर देखने में आता है कि लोग बैंक के एटीएम से कैश निकालने जाते हैं, लेकिन एटीएम खाली मिलता है। एक के बाद एक कई एटीएम में भटकने पर भी पैसा नहीं मिलता। कई बार तो एटीएम में कई-कई दिन नो-कैश के बोर्ड टंगे मिलते हैं। लोगों की समस्याओं को देखते हुए रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) ने इस मामले में कड़ा रुख अपनाने का फैसला किया है।

आरबीआई ने बैंकों से कहा है कि कोई भी एटीएम तीन घंटे से ज्यादा खाली न रहे। अगर किसी एटीएम में कैश खत्म हो जाए तो बैंकों को तीन घंटे के भीतर उस एटीएम में नोट भरने होंगे। सूत्रों के अनुसार, ऐसा न करने पर बैंकों पर जुर्माना भी लगाया जाएगा।

बैंकिंग सेक्टर के एक्सपर्ट्स का मानना है कि एटीएम में कैश भरने में बैंक कई बार लापरवाही बरतते हैं। हालांकि, बैंकों के उच्चाधिकारियों का कहना है कि फिलहाल एटीएम में कैश का फ्लो सही चल रहा है। पिछले दिनों एटीएम में कैश न होने की जो शिकायतें आई थीं, उसका मुख्य कारण वजह बैंकों के पास पर्याप्त मात्रा में कैश न होना था।

फेडरेशन ऑफ एटीएम इंडस्ट्रीज का कहना है कि आरबीआई ने बैंकों से एटीएम अपग्रेड करने को कहा है। इससे बैंकों का खर्चा बढ़ा है। एटीएम ऑपरेट की लागत बढ़ने से भी बैंकों ने कई एटीएम बंद कर रखे हैं।

एटीएम में लगा सेंसर बता देता है, कितना कैश बाकी है
किसी एटीएम में कैश है या नहीं, बैंकों को इसकी जानकारी मिलती रहती है। यही नहीं, एटीएम में कितना कैश बचा है और कितनी देर में वह खाली हो सकता है, इसका अंदाजा भी बैंकों को रियल टाइम बेसिस पर लगता रहता है। दरअसल, एटीएम में ऐसे सेंसर लगते होते हैं जो बताते हैं कि कैश ट्रे में कितने नोट हैं। नोटों की मात्रा से बैंकों का पता चलता रहता है कि कितने वक्त में नोट भरने की जरूरत पड़ेगी।

पेट्रोल-डीजल की कीमतों में गिरावट, दिल्ली में पेट्रोल 19, डीजल 24 पैसे सस्ता

नई दिल्ली। कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी के बावजूद शनिवार को भारतीय तेल बाजार पर इसका विपरीत प्रभाव पड़ रहा है। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन ने शनिवार को पेट्रोल-डीजल की कीमतों में गिरावट की। पेट्रोल की कीमतों में 20 पैसे की तो डीजल की कीमतों में 26 से 25 पैसे की गिरावट की गई है।

राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 19 पैसे की कमी के चलते 69.99 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। कोलकाता में पेट्रोल 19 पैसे की कमी के चलते 75.25 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। मुंबई में पेट्रोल 19 पैसे की कमी के चलते 75.69 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। वहीं, चेन्नई में 20 पैसे की कमी के चलते पेट्रोल 72.70 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है।

दिल्ली में 24 पैसे की कमी के चलते डीजल 63.93 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। कोलकाता में 24 पैसे की कमी के चलते डीजल 65.85 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। मुंबई में 25 पैसे की कमी के चलते डीजल 67.03 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। वहीं चेन्नई में 26 पैसे की कमी के चलते डीजल 67.62 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है।

कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी
अंतरराष्ट्रीय तेल बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में शनिवार को बढ़ोतरी दर्ज की गई है। 0.44 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ डबल्यूटीआई क्रूड 52.51 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा है। वहीं, 1.14 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ ब्रेंट क्रूड 62.01 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा है।

अपना 3D गेम अब खुद बनाएं, जानिए कैसे

नई दिल्ली। कोडिंग सिखाने के लिए कई तरह के प्रोजेक्ट्स लॉन्च करने के बाद गूगल का इन-हाउस इनक्यूबेटर, एरिया 120 ने एक विडियो गेम लॉन्च किया है। इस विडियो गेम की मदद से आप बिना कोडिंग के ही विडियो गेम्स बना सकेंगे। गेम बिल्डर नाम का यह प्लैटफॉर्म वैसे तो रेग्युलर विडियो गेम जैसा ही है लेकिन इसकी मदद से आप बिना कोडिंग के ही माइनक्राफ्ट जैसे 3D गेम तैयार कर सकते हैं।

अच्छी बात यह है कि बिना किसी गेम डिजाइनिंग एक्सपीरियंस के या कोडिंग की जानकारी के कोई भी यूजर इस तरह गेम डिजाइन कर सकता है। गेम बिल्डर की मदद से आप एक खाली सैंडबॉक्स में पहुंच जाते हैं, जहां अपना खुद का गेमिंग वर्ल्ड बनाने के लिए कार्ड्स को ड्रैग और ड्रॉप कर सकते हैं। इस तरह आप खुद की सीनरी और कैरेक्टर डिजाइन कर सकते हैं।

इसके अलावा आप गेम से जुड़ी चीजें (उदाहरण के लिए स्कोरबोर्ड) भी बना सकते हैं और आप पहले से कमांड्स सेट कर सकते हैं, जिससे पता चले कि गेम में कौन सा एलिमेंट एकदूसरे के साथ कैसी प्रतिक्रिया देगा। यह पूरी ‘विजुअल प्रोग्रामिंग’ अपने आप में एक गेम खेलने जैसी और बेहद आसान होगी।

दरअसल, गेम बिल्डर और इसका इंटरैक्शन सिस्टम ‘if this then that’ लॉजिक पर काम करता है। इसे उनके लिए डिजाइन किया गया है, जो कोडिंग करना नहीं जानते। अगर आपको कोडिंग की थोड़ी बहुत जानकारी है तो आप जावा स्क्रिप्ट्स लिखकर अपने कैरेक्टर कार्ड्स भी तैयार कर सकेंगे और एक कदम आगे बढ़कर गेम डिजाइन कर पाएंगे।

बता दें, इसमें हजारों 3D मॉडल्स के साथ काम किया जा सकता है और गेमिंग कैरेक्टर्स डिजाइन किए जा सकते हैं। इसे यूजर्स की ओर से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। गेम बिल्डर में न सिर्फ आप अपने गेम बनाकर दोस्तों के साथ शेयर कर सकते हैं, बल्कि इस प्रोग्राम पर कई दोस्तों के साथ मिलकर एक गेम तैयार कर सकते हैं।

यह इसके बेहतरीन फीचर्स में शामिल है। ऐसे में अगर आप और आपका कोई दोस्त एक गेम बनाकर साथ में खेलना चाहते हैं तो इसमें दोस्त को इनवाइट करने और तैयार किए गए गेम को एक्सप्लोर करने का विकल्प भी दिया गया है। इसका प्रोटोटाइप वर्जन फ्री में अवेलेबल है और स्टीम फॉर विंडोज और मैक दोनों पर काम करता है।

‘टिप टिप बरसा पानी’ पर दिखेगा अब अक्षय-कटरीना का रोमांस!

मुम्बई। फिल्म ‘मोहरा’ का सुपरहिट सॉन्ग ‘टिप टिप बरसा पानी’ का जादू एक बार फिर पर्दे पर दिखाई देने वाला है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, रोहित शेट्टी की अपकमिंग फिल्म में इस गाने को अक्षय कुमार और कटरीना कैफ पर फिल्माया जाएगा। फिल्म ‘सूर्यवंशी’ के लिए रोहित ने इस गाने के राइट्स ले लिए हैं।

फिल्म में इस हिट सॉन्ग को रीक्रिएट करने को लेकर एक और जानकारी भी सामने आई है। रिपोर्ट्स के अनुसार अक्षय और कटरीना का गाने में सेक्सी अंदाज दिखाने के लिए इस सॉन्ग में फराह खान की कोरियॉग्राफी होगी।

वैसे फिल्म ‘दे दना दन’ के गाने ‘ गले लग जा’ में कटरीना और अक्षय के बीच कुछ वैसी ही हॉट केमिस्ट्री देखने को मिल चुकी है जैसी अक्षय और रवीना की गाने ‘टिप टिप बरसा पानी’ में थी।

ऐसे में अब इस गाने को रीक्रिएट करने के दौरान दोनों का क्या अंदाज देखने को मिलता है यह देखना दिलचस्प होगा। बता दें कि, ‘सूर्यवंशी’ में अक्षय कुमार एक बार फिर बिग स्क्रीन पर पुलिसवाले के रोल में दिखाई देने वाले हैं। यह फिल्म अगले साल रिलीज की जाएगी।

नीति आयोग की संचालन परिषद की बैठक आज, मोदी करेंगे अध्यक्षता

नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को नीति आयोग की संचालन परिषद की पांचवीं बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इस बैठक में सूखे की स्थिति, कृषि क्षेत्र के संकट, वर्षा जल संचयन और खरीफ फसल के लिए तैयारियों के मुद्दे पर विचार विमर्श होगा। एक आधिकारिक बयान के अनुसार बैठक के पांच सूत्री एजेंडा में आकांक्षी जिला कार्यक्रम, कृषि में बदलाव और सुरक्षा संबंधी मुद्दे भी शामिल हैं।

बैठक में विशेषरूप से नक्सल प्रभावित जिलों पर विचार विमर्श होगा। राष्ट्रपति भवन में होने वाली इस बैठक में राज्यों के मुख्यमंत्री, संघ शासित प्रदेशों के उपराज्यपाल, कई केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ सरकारी अधिकारी भाग लेंगे। नई नरेंद्र मोदी सरकार में यह संचालन परिषद की पहली बैठक है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बैठक में शामिल होने से इनकार कर दिया है।

ममता का कहना है कि नीति आयोग के पास राज्यों की योजनाओं के समर्थन के लिए वित्तीय अधिकार नहीं हैं, ऐसे में इस तरह की बैठक की कवायद बेकार है। प्रधानमंत्री की अगुवाई वाली संचालन परिषद के सदस्यों में वित्त, गृह, रक्षा, कृषि, वाणिज्य और ग्रामीण विकास मंत्रियों के अलावा राज्यों के मुख्यमंत्री, नीति आयोग के उपाध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी अधिकारी शामिल हैं। संचालन परिषद की बैठक में पिछली बैठकों पर हुई कार्रवाई की समीक्षा की जाती है और साथ ही भविष्य की विकास से संबंधित प्राथमिकताएं तय की जाती हैं।

अभी तक प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में संचालन परिषद की चार बैठकें हो चुकी हैं। संचालन परिषद की पहली बैठक आठ फरवरी, 2015 को हुई थी जिसमें प्रधानमंत्री ने नीति आयोग के लिए प्रमुख कामकाज तय किए थे। इनमें सहकारिता के संघवाद को बढ़ावा देना और राज्यों की सक्रिय भागीदारी के जरिये राष्ट्रीय मुद्दों को हल करना प्रमुख रूप से शामिल है। संचालन परिषद की दूसरी बैठक 15 जुलाई, 2015 को हुई थी जिसमें मुख्यमंत्रियों के तीन उप समूहों और दो कार्यबलों की प्रगति की समीक्षा की गई।

इसी तरह संचालन परिषद की तीसरी बैठक 23 अप्रैल, 2017 को हुई जिसमें मोदी ने लोकसभा और राज्य विधानसभाओं के चुनाव साथ साथ कराने तथा वित्त वर्ष को जनवरी-दिसंबर करने पर बल दिया था। संचालन परिषद की चौथी बैठक 17 जून, 2018 को हुई थी जिसमें किसानों की आमदनी दोगुना करने और सरकार की प्रमुख योजनाओं में हुई प्रगति के उपायों पर विचार विमर्श किया गया।