Monday, June 29, 2026
Home Blog Page 4695

कोटा मंडी : आवक की कमी से चना, मूंग और उड़द में उछाल

कोटा। भामाशाह अनाज मंडी में बुधवार को लिवाली के अभाव में गेहूं 25 रुपये प्रति क्विंटल मंदा रहा। आवक की कमी से चना 50 रुपये तेज बिका। मूंग और उड़द 100 रुपये प्रति क्विंटल उछल गया। मंडी में सभी जिंसों का मिलाकर करीब 25,000 बोरी जिंस का कारोबार हुआ। लहसुन की आवक 4500 की कट्टे की रही।

गेहूं लस्टर 1700 से 1850 गेहूं मिल क्वालिटी 1775 से 1875 एवरेज 1850 से 1900 लोकवान 1850 से 1900 पीडी 1850 से 2000 गेहूं टुकडी 1900 से 1971 मक्का 1900 से 2100 जौ 1500 से 1750 ज्वार 1500 से 4500 रुपये प्रति क्विंटल।

धान सुगंधा 2400 से 2800 पूसा 1 2500 से 2801 पूसा 4 (1121) 3200 से 3500 धान लाजवाब (1509) 2800 से 3005 रुपये प्रति क्विंटल। सोयाबीन 3200 से 3581सरसों 3400 से 3601अलसी 4000 से 4501 तिल्ली 9000 से 10000 रुपये प्रति क्विंटल।

मैथी 4000 से 4200 कलौजी 8500 से 10000 धनिया बादामी 5500 से 6100 ईगल 6200 से 6501 रंगदार नया 6500 से 7500 रुपये प्रति क्विंटल। लहसुन 2000 से 8000 रुपये प्रति क्विंटल रहा।

मूंग 5500 से 6100 उड़द 2000 से 4350 चना 3600 से 4125 चना कांटिया 3950 चना काबुली 3500 से 4500 चना पेप्सी 3800 से 4100 चना मौसमी 3000 से 4100 मसूर 3800 से 4550 रुपये प्रति क्विंटल। ग्वार 2500 से 3800 रुपये प्रति क्विंटल।

राजस्थान बजट : 75,000 युवाओं को नौकरी, मोहल्लों में जनता क्लिनिक खुलेंगे

बजट में कोई नया कर प्रस्तावित नहीं, विभिन्न मदों में 301 करोड़ रुपये की राहत देने की घोषणा

जयपुर। राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार इस साल विभिन्न विभागों में 75,000 भर्तियां करेगी तथा किसानों के लिए 1000 करोड़ रुपये का कोष बनाएगी। इसके साथ ही सरकार ने राजधानी जयपुर को ‘भिक्षुक मुक्त’ शहर बनाने तथा मोहल्लों में जनता क्लिनिक खोलने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री गहलोत ने बुधवार को राज्य विधानसभा में वित्त वर्ष 2019—20 के लिए सालाना बजट पेश करते हुए उक्त घोषणाएं कीं।

बजट को पंचवर्षीय दृष्टि पर आधारित बताते हुए गहलोत ने कहा कि यह जनता का बजट है जिसे उनकी भावनाओं व सुझावों के आधार पर बनाया गया है। बजट में कोई नया कर प्रस्तावित नहीं किया गया है जबकि विभिन्न मदों में 301 करोड़ रुपये की राहत देने की घोषणा की गयी है।

मुख्यमंत्री ने कहा, ”कारोबार सुगमता की तर्ज पर कृषि सुगमता की ओर पहला बड़ा कदम उठाते हुए मैं 1000 करोड़ रुपये के कृषक कल्याण कोष के गठन की घोषणा करता हूं। इस कोष का इस्तेमाल किसानों को उनके उत्पादों का यथोचित मूल्य दिलाने में किया जाएगा।” गहलोत ने कहा, ‘खेती में जान तो सशक्त किसान’ की सोच रखते हुए हम कृषि लागत को कम करने के लिए प्राकृतिक खेती को बढावा देते हुए ‘शून्य बजट प्राकृतिक खेती’ को प्रोत्साहित करेंगे।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बहुपयोगी फूड प्रोसेसिंग व निर्यात प्रोत्साहन नीति बनाएगी। कौशल व रोजगार के मुद्दे पर गहलोत ने कहा, ”हमारी सरकार की प्राथमिकता युवाओं में बढ़ती बेरोजगारी की समस्या को कारगर तरीके से दूर करना है।

इस दृष्टि से प्रदेश में इस वर्ष विभिन्न विभागों द्वारा लगभग 75,000 पदों पर भर्तिंया की जाएंगी।” इसके तहत सबसे अधिक शिक्षा विभाग में सबसे अधिक 21,000 नौकरियां दी जाएंगी। मुख्यमंत्री युवा रोजगार योजना के तहत एक लाख युवाओं को एक लाख रुपये तक कर्ज दिया जाएगा। इस साल 25,000 युवाओं को इसका लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने किसानों के 30 नवंबर 2018 तक बकाया रहे 9,513 करोड़ रुपये के अल्पकालीन कर्ज माफ किए हैं। इससे 20,46,000 किसानों को कर्जमाफी की राहत मिली है। सरकार ने 2019-20 में केंद्रीय सहकारी बैंकों के माध्यम से किसानों को 16000 करोड़ रुपये के अल्पकालीन फसली कर्ज देने का लक्ष्य रखा है।

उन्होंने कहा कि सरकार एक लाख नये कृषि कनेक्शन जारी करने के लक्ष्य को इस साल के आखिर तक हासिल कर लेगी। गहलोत ने उद्यमों को प्रतिस्पर्धा योग्य बनाने के लिए मुख्यमंत्री लघु उद्योग प्रोत्साहन योजना की घोषणा की जिसमें 10 करोड़ रुपये तक के कर्ज पर ब्याज अनुदान दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि जयपुर के परकोटे शहर में मेट्रो इस साल के अंत तक शुरू हो जाएगी। राज्य में मोहल्ले गली में जनता क्लिनिक खोलने की घोषणा करते हुए गहलोत ने कहा कि इन क्लिनिकों में नि:शुल्क दवा योजना की दवाएं उपलब्ध होंगी।

गहलोत ने नि:शुल्क दवा योजना में दवाओं की संख्या भी 608 से बढाकर 712 करने की घोषणा की। भिक्षावृत्ति को सामाजिक अभिशाप बताते हुए गहलोत ने कहा कि सरकार जयपुर को भिक्षावृत्ति मुक्त शहर बनाएगी।

मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत पात्र कन्याओं को विवाह के समय 21 रुपये की सहायता ‘हथलेवा’ के रूप में दी जाएगी। उन्होंने 1000 करोड़ रुपये की प्रियदर्शिनी इंदिरा गांधी महिला शक्ति निधि व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व सहायिकाओं का मानदेय बढाने की घोषणा की।

5 रियर कैमरे के साथ नोकिया 9 Pure View लॉन्च

नई दिल्ली। पांच रियर कैमरे वाले Nokia 9 PureView का इंतजार आखिर खत्म हो गया है। नोकिया का यह स्मार्टफोन भारत में लॉन्च हो गया है। नोकिया के स्मार्टफोन बनाने वाली कंपनी HMD Global ने बुधवार को भारत में Nokia 9 PureView लॉन्च कर दिया है। नोकिया के इस स्मार्टफोन में कुल 6 कैमरे दिए गए हैं। फोन के बैक में 5 कैमरे हैं। वहीं, इसके फ्रंट में एक कैमरा दिया गया है। इस स्मार्टफोन को बार्सिलोना में हुए मोबाइल वर्ल्ड कांग्रेस में पेश किया गया था।

कीमत और ऑफर
कंपनी ने Nokia 9 PureView की कीमत 49,999 रुपये रखी है। लिमिटेड ऑफर के तहत कंपनी की वेबसाइट से Nokia 9 PureView खरीदने वाले ग्राहकों को 5,000 रुपये का गिफ्ट कार्ड मिलेगा। साथ ही, Nokia 705 ईयरबड्स भी फ्री में मिलेंगे। यह स्मार्टफोन फ्लिपकार्ट और नोकिया की वेबसाइट पर मिलेगा। कंपनी का कहना है कि इस स्मार्टफोन की सेल 10 जुलाई से शुरू होगी। कंपनी ने यह भी बताया है कि 17 जुलाई से यह स्मार्टफोन सभी प्रमुख रिटेलर्स में उपलब्ध होगा।

यह स्मार्टफोन मिडनाइट ब्लू कलर में मिलेगा। इसके अलावा, जो ग्राहक ऑफलाइन रिटेल से यह स्मार्टफोन खरीदेंगे, उन्हें HDFC बैंक के क्रेडिट और डेबिट कार्ड पर 10 फीसदी का कैशबैक मिलेगा। साथ ही, HDFC कंज्यूमर ड्यूरेबल लोन का इस्तेमाल करने पर भी 10 फीसदी का कैशबैक मिलेगा। यह दोनों ऑफर 31 अगस्त तक के लिए हैं। ऑफलाइन रिटेल बायर्स को फोन खरीदने पर फ्री Nokia 705 ईयरबड्स भी मिलेंगे।

कुछ ऐसे हैं Nokia 9 PureView के फीचर
Nokia के इस स्मार्टफोन में 5.99 इंच की क्वॉड HD+ POLED स्क्रीन दी गई है। इसका रेजॉलूशन 1440×2960 पिक्सल है। फोन में इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर दिया गया है। Nokia 9 PureView में 6GB की रैम और 128GB का स्टोरेज दिया गया है। वायरलेस चार्जिंग सपॉर्ट के साथ फोन में 3,320 mAh की बैटरी दी गई है।

स्मार्टफोन में Wi-Fi 5, ब्लूटूथ 5.0 और NFC जैसे कनेक्टिविटी ऑप्शन दिए गए हैं। इस स्मार्टफोन के रियर में 12-12 मेगापिक्सल के 3 मोनोक्रोम सेंसर दिए गए हैं। वहीं, फोन के रियर में 12-12 मेगापिक्सल के 2 RGB सेंसर दिए गए हैं। सेल्फी के लिए फोन के फ्रंट में 20 मेगापिक्सल का कैमरा दिया गया है। फोन में 3.5mm का ऑडियो जैक नहीं दिया गया है।

सोने-चांदी के दाम स्थिर, जानिए आज की कीमत

नई दिल्ली/कोटा। ऑल इंडिया सराफा एसोसिएशन के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में आज बुधवार को सोने के दाम स्थिर बने रहे। राजधानी में आज सोने की कीमत 34,870 प्रति 10 ग्राम पर बनी रही। साथ ही राष्ट्रीय राजधानी में चांदी भी आज 38,900 रुपये प्रति किलोग्राम पर स्थिर बनी रही।

उधर वैश्विक बाजार में सोना आज गिरावट के साथ 1391.39 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था। वहीं, न्यूयॉर्क में चांदी गिरावट के साथ 15.07 डॉलर प्रति औंस पर बनी रही।
राष्ट्रीय राजधानी में आज 99.9 फीसदी शुद्धता वाला सोना 34,870 रुपये प्रति 10 ग्राम पर और 99.5 फीसदी शुद्धता वाला सोना 34,700 रुपये प्रति 10 ग्राम पर स्थिर बना रहा। गौरतलब है कि मंगलवार को सोने में 600 रुपये की तेजी देखी गई थी।

चांदी की बात करें, तो यह 38,900 रुपये प्रति किलोग्राम पर स्थिर बनी रही। साप्ताहिक डिलिवरी वाली चांदी में 34 रुपये की तेजी देखी गई और यह 38,034 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई। सोने के सिक्कों की लिवाली कीमत 81,000 रुपये प्रति सैकड़ा और बिकवाली कीमत 82,000 रुपये प्रति सैकड़ा पर स्थिर बनी रही।

कोटा सर्राफा
चांदी 38100 रुपये प्रति किलोग्राम।
सोना केटबरी 34100 रुपये प्रति दस ग्राम, सोना 39770 रुपये प्रति तोला।
सोना शुद्ध 34270 रुपये प्रति दस ग्राम, सोना 39970 रुपये प्रति तोला।

सेंसेक्स 174 अंक गिरकर 38,557 पर बंद, निफ्टी 57 अंक टूटा

नई दिल्ली। शेयर बाजार बुधवार को गिरावट के साथ बंद हुआ। बीएसई के 30 कंपनियों के शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 173.78 अंकों (0.45%) की गिरावट के साथ 38,557.04 पर बंद हुआ। वहीं, नैशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के 50 कंपनियों के शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 57.00 अंकों (0.49%) की कमजोरी के साथ 11,498.90 पर बंद हुआ।

दिनभर के कारोबार में सेंसेक्स ने 38,854.85 का ऊपरी स्तर और 38,474.66 का निचला स्तर छुआ, जबकि निफ्टी ने 11,593.70 का उच्च स्तर और 11,475.65 का निम्न स्तर छुआ। बीएसई पर नौ कंपनियों के शेयर हरे निशान पर तो 21 कंपनियों के शेयर लाल निशान पर बंद हुए। एनएसई पर 14 कंपनियों के शेयरों में लिवाली और 26 कंपनियों के शेयरों में बिकवाली दर्ज की गई।

इन शेयरों में रही तेजी
बीएसई पर यस बैंक के शेयर में सर्वाधिक 1.81 फीसदी, सन फार्मा में 1.44 फीसदी, कोटक बैंक में 0.85 फीसदी, आईसीआईसीआई बैंक में 0.75 फीसदी और पावरग्रिड के शेयर में 0.49 फीसदी की तेजी दर्ज की गई। एनएसई पर भी यस बैंक के शेयर में 2.08 फीसदी, कोल इंडिया में 1.70 फीसदी, सन फार्मा में 1.05 फीसदी, आईसीआईसीआई बैंक में 0.75 फीसदी और कोटक बैंक के शेयर में 0.52 फीसदी की मजबूती देखी गई।

इन शेयरों में रही गिरावट
बीएसई पर बजाज फाइनैंस के शेयर में सर्वाधिक 4.91 फीसदी, टाटा स्टील में 2.94 फीसदी, टाटा मोटर्स में 2.79 फीसदी, एक्सिस बैंक में 2.25 फीसदी और टाटा मोटर्स डीवीआर के शेयर में 2.14 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। एनएसई पर भी बजाज फाइनैंस के शेयर में सर्वाधिक 5.11 फीसदी, इंडियाबुल हाउजिंग फाइनैंस में 4.28 फीसदी, बजाज फिनसर्व में 3.10 फीसदी, टाटा स्टील में 3.05 फीसदी और बीपीसीएल के शेयर में 2.85 फीसदी की कमजोरी देखी गई।

11 फीसदी टूटा इंडिगो का शेयर
प्रमोटर्स के बीच विवाद की खबर सामने आने से उसकी पैरेंट कंपनी इंटरग्लोब एविएशन (InterGlobe Aviation) के शेयर के लिए सेंटीमेंट बिगड़ गया और उसमें 11 फीसदी की बड़ी गिरावट दर्ज की गई।

दिन के कारोबार के दौरान शेयर 18 फीसदी की कमजोरी के साथ 1291 रुपए का दिन का निचला स्तर छूआ। हालांकि बाद में इसमें रिकवरी आई और शेयर 11 फीसदी की कमजोरी के साथ 1397.75 रुपए पर बंद हुआ।

SBI का होम लोन आज से सस्ता, जानें 5 बड़ी बातें

नई दिल्ली।स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) ने अपने सभी लोन्स के लिए मिनिमम लेंडिंग रेट यानी एमसीएलआर (MCLR) घटाकर 8.40 फीसदी कर दी है, जो अभी तक 8.45 फीसदी थी। इस कटौती के साथ 10 अप्रैल, 2019 से अब तक एसबीआई के होम लोन 20 आधार अंकों की कटौती हो चुकी है।

जानें अहम बातें

  • इससे पहले सोमवार को आरबीआई गवर्नर शक्तिकांता दास ने कहा था कि लगातार तीन कटौती के साथ रेपो रेट्स में 75 आधार अंकों की कमी हो चुकी है। आरबीआई उम्मीद करता है कि बैंक अपने कस्टमर्स को जल्द से जल्द इसका फायदा पहुंचाएंगे।
  • आरबीआई ने जून में हुई अपनी मॉनिट्री पॉलिसी मीटिंग प्रमुख लेंडिंग रेट यानी रेपो रेट 25 आधार अंक घटाकर 5.75 फीसदी कर दी थी।
  • इससे पहले बैंक ने 1 जुलाई को रेपो रेट लिंक्ड होम लोन प्रोडक्ट्स की पेशकश की थी।
  • जून की मॉनिट्री पॉलिसी में में 25 आधार अंकों की कटौती के बाद बैंक ऑफ महाराष्ट्र, कॉर्पोरेशन बैंक, ओरिएंटल बैंक और आईडीबीआई बैंक एमसीएलआर में 5 से 10 आधार अंकों की कटौती कर चुके हैं।
  • मॉनिट्री पॉलिसी की अगली मीटिंग 5-9 अगस्त को होनी है। एनालिस्ट्स का अनुमान है कि इसमें ब्याज दरों में एक और कटौती देखने को मिल सकती है।

क्या है MCLR
रि
जर्व बैंक द्वारा लोन देने के लिए तय न्यूनतम दर मार्जिनल कॉस्ट आधारित ब्याज दर यानी मिनिमम कॉस्ट लेंडिंग रेट (एमसीएलआर) कहलाती है। बैंक इस दर से कम पर ऋण नहीं दे सकते हैं। 1 अप्रैल 2016 से यह सिस्टम बैंकिंग प्रणाली में शामिल है। यह लोन देने की न्यूनतम दर कहलाती है।

राजस्थान बजट : 10 करोड़ की लागत से बनेगा कैरियर काउंसलिंग सेंटर

जयपुर। राजस्थान में कांग्रेस की अशोक गहलोत सरकार ने अपना पहला बजट बुधवार को विधानसभा में पेश किया। सीएम गहलोत ने बजट में कई घोषणाएं की। सीएम ने जयपुर शहर को भिक्षामुक्त शहर बनाने की घोषणा के साथ ही 10 करोड़ की लागत से यहां करियर कॉउंसलिंग सेंटर बनाने की घोषणा की। 75 हजार नई भर्तियों की घोषणा भी की है। किसानों के लिए बड़ी घोषणा करते हुए गहलोत ने ईज ऑफ डूइंग फार्मिंग के लिए 1000 करोड़ के किसान कल्याण कोष बनाने की घोषणा की है।

बजट हाइलाइट्स

  • मुख्यमंत्री युवा रोजगार योजना शुरू होगी
  • अलवर में अल्पसंख्यक बालिका छात्रावास खुलेगा
  • मदरसों में स्मार्ट क्लास के लिए 10 करोड़ की योजना
  • जयपुर में 10 करोड़ की लागत से कैरियर काउंसलिंग सेंटर बनेगा
  • सागवाड़ा व उदयपुर में दो उत्कृष्ट कोचिंग सेंटर खुलेंगे
  • कक्षा 6 से 12 की स्कूली शिक्षा में आत्मरक्षा पाठ्यक्रम अनिवार्य होगा
  • राज्य के लिए बनाई जाएगी नवीन शिक्षा नीति
  • शाला विकास के लिए 1581 करोड़ खर्च होंगे
  • 50 नए प्राथमिक विद्यालय खुलेंगे
  • 14 हजार से ज्यादा कक्षाएं, प्रयोगशालाएं बनेंगे, नवीनीकरण होगा – 1 हजार 581 करोड़ खर्च
  • 500 सैकंड्री स्कूल हायर सैंकड्री में क्रमोन्नत होंगे
  • शराब बंदी के लिए प्राण त्याग करने वाले गुरुचरण छाबड़ा की स्मृति में कॉलेज का नाम
  • सभी वंचित उपखंड मुख्यालयों पर चरणपबद्ध ढंग से कॉलेज खोलेंगे
  • सूरतगढ़ कॉलेज का नाम गुरुचरण छाबड़ा की स्मृति में रखा जाएगा
  • शराबबंदी आंदोलन में अनशन के दौरान हुआ था निधन
  • 18 भवनविहिन कॉलेजों के नए भवन बनेंगे
  • सरकार लाएगी बौद्धिक संपदा नीति
  • इस साल 25 हजार युवा योजना से लाभान्वित होंगे
  • एक लाख रुपए तक का ऋण उपलब्ध करवाया जाएगा
  • 75 हजार पदों पर भर्तियां करेंगी सरकार
  • चिकित्सा विभाग में होंगी 15 हजार भर्तियां
  • रेवेन्यू में 4486, शिक्षा 21600 पदों में भर्ती
  • फोरेस्ट में 1474 पदों पर भर्ती
  • ग्रामीण विकास, पंचायतीराज में 5160 पद
  • यूथ मोटिवेशन प्रोग्राम चलाया जाएगा
  • राजस्थान में आईटी और ई कॉमर्स को और प्रबल मनाया जाएगा

राजस्थान बजट : किसानों के लिए 1000 करोड़ का कल्याण कोष

जयपुर। राजस्थान सरकार किसानों की मदद के लिए 1000 करोड़ रुपये का किसान कल्याण कोष स्थापित करेगी। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बुधवार को राज्य विधानसभा में 2019-20 का बजट पेश करते हुए यह घोषणा की। उन्होंने बजट में किसानों को सिंचाई पानी और अबाध बिजली आपूर्ति के लिए अनेक घोषणाएं की।

उन्होंने कहा कि किसानों को निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए पृथक फीडर स्थापित करने के लिए 5200 करोड़ रुपये की योजना शुरू की जाएगी। गहलोत ने गंगानगर में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने तथा मोहल्लों में जनता क्लिनिक खोलने की घोषणा की और कहा कि राजस्थान में राज्य खेलों का आयोजन शुरू होगा।

उन्होंने कहा कि बेरोजगार युवाओं को रोजगार देने के लिए राज्य सरकार 75000 नयी भर्तिंया करेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री युवा रोजगार घोषणा की जिसके तहत इस साल 25000 युवाओ को लाभान्वित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जयपुर के परकोटे शहर में मेट्रो इसी साल शुरू हो जाएगी। उन्होंने आवारा पशुओं की समस्या से निपटने के लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत में नंदी शाला खोलने की घोषणा की।

गहलोत ने कहा कि कांग्रेस सरकार का यह बजट जनता का बजट है जिसे जनता की राय से तैयार किया गया है। इसके साथ ही उन्होंने पूर्ववर्ती वसुंधरा राजे सरकार पर वित्तीय कुप्रबंधन का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण विभाग को बदलकर उसे पर्यावरण व जलवायु परिवर्तन निदेशालय के रूप में गठित किया जाएगा। सरकार नयी जलवायु परिवर्तन नीति लाएगी।

वित्त मंत्रालय में मीडिया की एंट्री पर पाबंदी? निर्मला ने दिया स्पष्टीकरण

नई दिल्ली।केंद्रीय वित्त मंत्रालय ने नॉर्थ ब्लॉक में मीडिया के प्रवेश पर रोक लगा दी है। फिलहाल सिर्फ उन्हीं मान्यता प्राप्त पत्रकारों को अंदर जाने दिया जा रहा है जिन्होंने पहले से अधिकारियों से मिलने का समय ले रखा है। हालांकि, इस संबंध में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के कार्यालय से जारी एक स्पष्टीकरण में कहा गया है कि वित्त मंत्रालय के भीतर मीडियाकर्मियों के प्रवेश के संबंध में एक प्रक्रिया तय की गई है और मंत्रालय में पत्रकारों के प्रवेश पर कोई प्रतिबंध नहीं है।

पुरानी परिपाटी के तहत वित्त मंत्रालय के कार्यालय वाला नॉर्थ ब्लॉक सिर्फ बजट पेश होने से पहले दो महीने तक मीडिया की पहुंच से दूर रहता था लेकिन इस साल 5 जुलाई को 2019-20 वर्ष का बजट पेश होने के बाद भी मंत्रालय के गेट पर तैनात गार्ड बिना अपॉइंटमेंट के पत्रकारों को भीतर नहीं जाने दे रहे हैं।

यहां तक कि पीआईबी कार्ड धारक मान्यता प्राप्त पत्रकारों को भी रोका जा रहा है। इस संबंध में पत्रकारों की चिंता और सोशल मीडिया पर चर्चा होने के बाद सीतारमण के कार्यालय ने ट्वीट कर वित्त मंत्रालय में पत्रकारों के प्रवेश पर प्रतिबंध से जुड़ी खबरों पर अपना रुख स्पष्ट किया है।

स्पष्टीकरण में कहा गया है कि पीआईबी से मान्यता प्राप्त सहित सभी मीडियाकर्मियों को पहले से लिए गए अपॉइंटमेंट के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा। वित्त मंत्रालय, नॉर्थ ब्लॉक में प्रवेश पर और कोई प्रतिबंध नहीं लगाया गया है। मीडियाकर्मी अधिकारियों से मिलने के लिए समय ले सकते हैं। मिलने का समय लेने के बाद पीआईबी कार्ड धारकों को अलग से प्रवेश पास बनवाने की जरूरत नहीं होगी।

उसमें लिखा गया है कि यह स्पष्ट किया जाता है कि वित्त मंत्रालय में मीडियाकर्मियों के प्रवेश पर कोई प्रतिबंध नहीं है। विभिन्न मीडिया संस्थानों के संपादकों सहित वरिष्ठ पत्रकारों ने इस मुद्दे पर वित्त मंत्री से मुलाकात के लिए समय मांगा था। यह बैठक तो हुई लेकिन मंत्रालय से बाहर।

100 अंकों की मजबूती के साथ खुला सेंसेक्स, निफ्टी 11600 से ऊपर

मुंबई। बुधवार को गिरावट के साथ खुलने के बाद कुछ ही देर में शेयर बाजार हरे निशान में आ गया। एफएमसीजी और बैंकिंग स्टॉक्स में लिवाली के दम पर फिलहाल (10 बजे) सेंसेक्स 100 अंकों की मजबूती के साथ 38,800 के स्तर के ऊपर कारोबार कर रही है।

निफ्टी 32 अंकों की बढ़त के साथ 11,600 के करीब बना हुआ है। ब्लूचिप स्टॉक्स की बात करें तो यस बैंक, ज़ी एंटरटेनमेंट, टाइटन और कोल इंडिया में 1 से 3 फीसदी के बीच मजबूती देखने को मिल रही है। टीसीएस के नतीजों के बाद आईटी शेयरों में बिकवाली दिख रही है।

9:28 बजे तक शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स के 17 शेयरों के भाव चढ़ते दिखे जबकि शेष 14 शेयरों में गिरावट आई। वहीं, निफ्टी के 50 में से 26 शेयरों में खरीदारी जबकि शेष 24 शेयरों में बिकवाली हो रही थी।

सेंसेक्स के जिन शेयरों में खरीदारी का जोर था, उनमें यस बैंक 1.48%, टाटा स्टील 0.85%, कोटक महिंद्रा बैंक 0.63%, एनटीपीसी 0.62% जबकि हिंदुस्तान यूनिलीवर 0.55% तक मजबूत हो गया। वहीं, निफ्टी के उछाल वाले शेयरों में जी एंटरटेनमेंट का भाव 1.81%, कोल इंडिया 1.79%, यस बैंक 1.48%, गेल 0.95% जबकि ब्रिटैनिया 0.92% का भाव चढ़ गया।

बात कमजोर हुए शेयरों की करें तो टीसीएस (1.94%), बजाज फाइनैंस (1.71%), टाटा मोटर्स (1.16%), बजाज ऑटो (0.72%) और टाटा मोटर्स डीवीआर (0.54%) सेंसेक्स के कमजोर हुए शेयरों में शामिल रहे। वहीं, निफ्टी के टूटते शेयरों में टीसीएस 2.19%, बजाज फाइनैंस 1.38%, टाटा मोटर्स 1.16%, अल्ट्राटेक सीमेंट 1.16% और हिंडाल्को 1.16% तक कमजोर हो गए।

9:37 बजे तक बाजार में मजबूती के संकेत दिखने लगे। इस वक्त तक निफ्टी ऑटो, निफ्टी आईटी, निफ्टी फार्मा और निफ्टी रीयल्टी के सिवा निफ्टी के अन्य सात सेक्टोरल इंडिसेज हरे निशान में आ चुके थे। तब सेंसेक्स औ निफ्टी भी हरे निशान में आ गए थे। सेंसेक्स जहां 39.77 अंक (0.10%) मजबूत होकर 38,770.59 पर पहुंच गया, वहीं निफ्टी 9.20 अंक (0.08%) की उछाल के साथ 11,565.10 पर आ गया।