नई दिल्ली। Market Cap: भारतीय शेयर बाजार के लिए पिछला हफ्ता छुट्टियों की वजह से छोटा जरूर था, लेकिन देश की बड़ी कंपनियों के लिए यह काफी मुनाफेदार साबित हुआ।
देश की टॉप-10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में से 6 की मार्केट वैल्यू (मार्केट कैपिटलाइजेशन) में संयुक्त रूप से 88,678.1 करोड़ रुपये का जोरदार इजाफा हुआ है।
इस तेजी में प्राइवेट सेक्टर की दिग्गज कंपनी ICICI बैंक ने बाजी मारी और वह सबसे ज्यादा बढ़त हासिल करने वाली कंपनी बनकर उभरी। पिछले हफ्ते BSE का बेंचमार्क सेंसेक्स 297.57 अंक यानी 0.38 फीसदी चढ़ा, जबकि NSE का निफ्टी 42.9 अंक यानी 0.17 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुआ।
बाजार के जानकारों के मुताबिक, इस छोटे कारोबारी हफ्ते के चार सत्रों में से तीन में बाजार बढ़त के साथ बंद हुआ। रेलीगेयर ब्रोकिंग लिमिटेड के रिसर्च SVP अजीत मिश्रा ने बताया कि कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट, पश्चिम एशिया में सुधरते भू-राजनीतिक हालात और विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) की चुनिंदा खरीदारी से बाजार का माहौल सकारात्मक बना रहा, जिससे निवेशकों का भरोसा बढ़ा।
पिछले हफ्ते मुनाफा कमाने वाली कंपनियों में रिलायंस इंडस्ट्रीज, HDFC बैंक, ICICI बैंक, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI), बजाज फाइनेंस और लार्सन एंड टुब्रो शामिल रहीं। दूसरी ओर भारती एयरटेल, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS), LIC और हिंदुस्तान यूनिलीवर को अपनी बाजार वैल्यू गंवानी पड़ी।
मुनाफे के मामले में सबसे आगे रहे ICICI बैंक की मार्केट वैल्यू 29,588.75 करोड़ रुपये बढ़कर 9,95,610.74 करोड़ रुपये पर पहुंच गई। इसके बाद HDFC बैंक ने अपनी वैल्यू में 24,718.3 करोड़ रुपये जोड़े, जिससे इसका कुल मूल्यांकन 12,25,981.44 करोड़ रुपये हो गया।
देश की सबसे मूल्यवान कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज की वैल्यू भी 12,043.96 करोड़ रुपये बढ़कर 17,83,926.92 करोड़ रुपये हो गई। इसके अलावा बजाज फाइनेंस की वैल्यू में 11,580.28 करोड़ रुपये, एसबीआई की वैल्यू में 9,322.93 करोड़ रुपये और लार्सन एंड टुब्रो की मार्केट वैल्यू में 1,423.88 करोड़ रुपये का इजाफा देखा गया।
इसके विपरीत, भारती एयरटेल को सबसे बड़ा नुकसान उठाना पड़ा और उसकी मार्केट वैल्यू 35,615.21 करोड़ रुपये घटकर 11,27,348.09 करोड़ रुपये रह गई।
सरकारी बीमा कंपनी LIC का मूल्यांकन 21,188.74 करोड़ रुपये कम होकर 5,35,537.56 करोड़ रुपये और IT सेक्टर की दिग्गज TCS की वैल्यू 11,143.71 करोड़ रुपये घटकर 7,58,206.42 करोड़ रुपये पर आ गई। FMCG सेक्टर की दिग्गज कंपनी हिंदुस्तान यूनिलीवर की मार्केट वैल्यू में भी 5,321.83 करोड़ रुपये की गिरावट दर्ज की गई।
देश की टॉप-10 सबसे मूल्यवान कंपनियों की ताजा रैंकिंग में रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले पायदान पर बरकरार है। इसके बाद क्रमशः HDFC बैंक, भारती एयरटेल, ICICI बैंक, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, TCS, बजाज फाइनेंस, लार्सन एंड टुब्रो, LIC और हिंदुस्तान यूनिलीवर का नंबर आता है।

