क्या प्रधान से छिन जायेगा शिक्षा मंत्रालय, जानिए क्या है आलाकमान की तैयारी

0
6

नई दिल्ली। शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के मंत्रालय को लेकर अटकलों का दौर जारी है। कहा जा रहा है कि उनका विभाग बदला जा सकता है। दरअसल, ये घटनाक्रम ऐसे समय पर हो रहे हैं, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाली कैबिनेट में फेरबदल की सुगबुगाहट है।

हालांकि, कहा यह भी जा रहा है कि इस दौरान केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, निर्मला सीतारमण समेत कई बड़े नामों को लेकर भी विचार विमर्श का दौर जारी है। बहरहाल, भाजपा या एनडीए की तरफ से इसे लेकर अब तक आधिकारिक रूप से कुछ नहीं बताया गया है।

रिपोर्ट के मुताबिक, शीर्ष स्तर से मिल रहे संकेतों के अनुसार, यह फेरबदल अब कभी भी और शायद संसद का मानसून सत्र शुरू होने से पहले किया जा सकता है।

इस संबंधी विचार-विमर्श की जानकारी रखने वाले सूत्रों ने बताया कि केंद्रीय मंत्रिपरिषद में फेरबदल भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व में पार्टी की नई टीम की घोषणा के साथ किया जाएगा।

सूत्रों ने संकेत दिया कि अगर फेरबदल होता है तो यह जुलाई में कभी भी हो सकता है। संसद का मानसून सत्र आम तौर पर जुलाई के तीसरे सप्ताह में शुरू होता है। मंत्रिमंडल में फेरबदल की तारीख प्रधानमंत्री के व्यस्त कार्यक्रम को ध्यान में रखकर तय किए जाने की संभावना है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 27 से 29 जून तक सेशेल्स की तीन दिवसीय यात्रा पर हैं। उनके छह से 11 जुलाई के बीच इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड जाने की भी संभावना है। जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची का भी एक से तीन जुलाई तक नई दिल्ली की यात्रा का कार्यक्रम है।

भाजपा का शीर्ष नेतृत्व पदाधिकारियों की सूची को अंतिम रूप दे चुका है और ‘नितिन नवीन की टीम’ की घोषणा जल्द होने की संभावना है। पार्टी के युवा चेहरों को संगठन में प्रमुख पदों की जिम्मेदारी दिए जाने की संभावना है। सूत्रों के अनुसार, भाजपा अध्यक्ष ने पिछले सप्ताह कुछ केंद्रीय राज्य मंत्रियों के साथ भी विचार-विमर्श किया था।

बदले जाएंगे विभाग
कुछ मंत्रियों के विभाग बदले जाने की भी अटकलें हैं। NEET के प्रश्नपत्र लीक और केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की डिजिटल मूल्यांकन प्रणाली में अनियमितताओं सहित मंत्रालय से जुड़े कई विवादों के कारण शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के भविष्य को लेकर भी अनिश्चितता बनी हुई है। इस बात की प्रबल संभावना है कि भाजपा ‘एक व्यक्ति, एक पद’ के अपने नियम का पालन करेगी जिसके कारण दोनों को सरकार से हटना पड़ सकता है।

न्यूज24 की रिपोर्ट के मुताबिक, नीतीश कुमार, शक्तिकांत दास, सुखेंदु शेखर रे, तरुण चुघ, राघव चड्ढा और श्रीकांत शिंदे की एंट्री कैबिनेट में हो सकती है। वहीं, मनोहर लाल खट्टर, रवनीत सिंह बिट्टू, अश्विनी वैष्णव, धर्मेंद्र प्रधान, निर्मला सीतारमण, हरदीप सिंह पुरी और नितिन गडकरी के विभागों को लेकर विचार हो सकता है।