नई दिल्ली। Stock Market Holiday: भारतीय शेयर बाजार शुक्रवार, 26 जून को मुहर्रम के अवसर पर बंद रहेगा। इस दिन नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) दोनों में सभी तरह का कारोबार स्थगित रहेगा। एनएसई और बीएसई की हॉली डे लिस्ट के अनुसार, इस दिन इक्विटी, डेरिवेटिव, करेंसी डेरिवेटिव, एनडीएस-आरएसटी और ट्राई-पार्टी रेपो सेगमेंट में भी ट्रेडिंग नहीं होगी।
मुहर्रम की यह छुट्टी बकरीद (28 मई) के बाद आई है, जो करीब एक महीने पहले पड़ी थी। मुहर्रम के बाद अगली बड़ी छुट्टी गणेश चतुर्थी के मौके पर सोमवार, 14 सितंबर को होगी। बता दें कि साल 2026 के लिए कुल 16 शेयर मार्केट हॉलीडे निर्धारित किए गए हैं, जिनमें से 9 छुट्टियां बीत चुकी हैं। अब साल के बाकी बचे दिनों में बाजार सात और मौकों पर बंद रहेगा।
साल 2026 की बाकी छुट्टियां
आने वाले समय में बाजार 2 अक्टूबर (गांधी जयंती), 20 अक्टूबर (दशहरा), 10 नवंबर (दिवाली बलिप्रतिपदा), 24 नवंबर (गुरु नानक जयंती) और 25 दिसंबर (क्रिसमस) के दिन भी बंद रहेगा। यह 25 दिसंबर साल 2026 का आखिरी एक्सचेंज अवकाश होगा।
वहीं, साल 2026 में चार छुट्टियां ऐसी भी हैं, जो शनिवार या रविवार को पड़ती हैं, इसलिए उनकी वजह से अतिरिक्त ट्रेडिंग अवकाश नहीं मिलेगा। इनमें महाशिवरात्रि (15 फरवरी), ईद-उल-फितर (21 मार्च), स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) और दिवाली लक्ष्मी पूजन (8 नवंबर) शामिल हैं।
कमोडिटी बाजार
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर 26 जून को आंशिक अवकाश रहेगा। यानी कमोडिटी बाजार में सुबह के सत्र (सुबह 9:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक) में ट्रेडिंग बंद रहेगी, लेकिन शाम के सत्र (शाम 5:00 बजे से रात 11:30/11:55 बजे तक) में ट्रेडिंग फिर से शुरू हो जाएगी। एमसीएक्स ने साल 2026 के लिए कुल 16 ट्रेडिंग हॉलीडे तय किए हैं, जिनमें कुछ पूरे दिन और कुछ आंशिक अवकाश हैं।

