Wednesday, July 8, 2026
Home Blog Page 4625

मानव जीवन को जीवों के कल्याण में लगाओ: आर्यिका सौम्यनन्दिनी

कोटा। महावीर नगर विस्तार योजना स्थित दिगंबर जैन मंदिर में चल रहे आर्यिका सौम्यनन्दिनी माताजी संघ के पावन वर्षायोग के अवसर पर माताजी ने प्रवचन करते हुए कहा कि चातुर्मास धन नहीं, धर्म की कमाई का मौसम है। यह चार मास जीवन में धर्म की वर्षा का समय है। मनुष्य को इस धर्म वर्षा में भीगने के लिए संतों के सानिध्य में जाकर जीवन उपयोगी बातों को आत्मसात करना चाहिए।

चातुर्मास में संतों की शरण में रहकर तप, साधना, संयम और अनुशासन की सीख ले ली तो जीवन के सार्थक और सफलता के पथ पर अग्रसर होने में देर नहीं लगेगी। चातुर्मास में महावीरनगर विस्तार दिगम्बर जैन समाज के लोग नियमित धर्म नियम का पालन करते हुए पूजन विधान एवं प्रवचन में भाग ले रहे हैं।

प्रवचन में सौम्यनन्दिनी माताजी ने कहा कि मानव जीवन दुर्लभ है, इसे सद्कार्यों से सभी जीवों के कल्याण में लगाओ। तभी हमारा कल्याण संभव है। धर्म को मित्र बनाओ। संसारिक मित्र कुछ समय तक ही साथ देते हैं, लेकिन धर्मरूपी मित्र हर समय और अगले भव तक हर कदम पर साथ देते हैं।

एलन चैम्पियन्स डे 2019: देश के चैम्पियन स्टूडेंट्स का किया सम्मान

कोटा। देशभर के इन चैम्पियन विद्यार्थियों के सम्मान के लिए एलन चैम्पियन्स डे का छठा एडिशन एलन समुन्नत कैम्पस के अत्याधुनिक समरस सभागार में आयोजित किया गया। यहां कक्षा 3 से 10 तक के 80 विद्यार्थियों को 41 लाख 50 हजार के नकद पुरस्कार के साथ-साथ हर क्लास के टॉप 3 स्टूडेंट्स को गोल्ड व अन्य को सिल्वर मेडल तथा चैम्पियन्स ट्रॉफी उपहार दिए गए।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सीएफसीएल के वाइस प्रसीडेंट यू.आर.सिंह ने इस अवसर पर कहा कि प्रतिभाओं को निखारना और उनका सम्मान करना कोटा की आदत बन चुकी है। यही कोटा को श्रेष्ठ बनाता है।कार्यक्रम के दौरान निदेशक गोविन्द माहेश्वरी, राजेश माहेश्वरी व नवीन माहेश्वरी मौजूद रहे और एलन चैम्प के विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया।

दिव्यांगों का हौसला बनना चाहती हूं : अरूणिमा
विशिष्ट अतिथि एवरेस्ट फतह करने वाली दिव्यांग पर्वतारोही पद्मश्री अरूणिमा सिन्हा ने कहा कि यदि हम हौसला रखें तो कोई हमें हरा नहीं सकता। हमारी कमजोरी ही हमारी ताकत बन सकती है। बड़े लक्ष्य पालें उन्हें हासिल करने के लिए जी तोड़ मेहनत करें। डर हमारा दुश्मन है, इसे हावी नहीं होने दें।

मैंने माउंट एवरेस्ट के साथ सातो महाद्वीपों की चोटियां पर चढ़ाई की। अब मैं दिव्यांगों की ताकत बनना चाहती हूं। देश ही नहीं दुनिया में दिव्यांगों में ऊर्जा भरना चाहती हूं। भारत में एक ऐसी अकेडमी खोलने की मेरी इच्छा है, जहां दिव्यांगों को आगे बढ़ने की हर स्वतंत्रता हो, हर सुविधा उपलब्ध करवाई जाए। यही नहीं मेरी बायोपिक पर भी काम चल रहा है, जल्द ही आप सभी को मेरी कहानी सिनेमा के पर्दे पर नजर आएगी।

ये बने एलन चैम्प
कक्षा 3 में प्रत्युष महोन्ति, कक्षा 4 में अद्रिका सार, कक्षा 5 में महरूफ अहमद खान, कक्षा 6 में दर्श केडिया, कक्षा 7 में मन्नत बिन्द्रा, कक्षा 8 में प्रियंका सार, कक्षा 9 में ओमप्रकाश बेहेरा तथा कक्षा 10 में मिहिर कोठारी ने विभिन्न राउण्ड में बेहतर प्रदर्शन के बाद रैंक-1 प्राप्त की और एलन चैम्प बने। इसके साथ ही कक्षा 3 में आरव अनिल राव, कक्षा 4 में यश कुमार, कक्षा 5 में कानव तलवार, कक्षा 6 में आदित्य नायक, कक्षा 7 में आर्यन दास, कक्षा 8 में यश मिश्रा, कक्षा 9 माहित राजेश घडीवाला तथा कक्षा 10 में पार्थ हिमांशु पटेल द्वितीय स्थान पर रहे। इसी तरह कक्षा 3 में आरव विजय, कक्षा 4 में आदि पारख, कक्षा 5 में मसरूर अहमद खान, कक्षा 6 में अरनव निगम, कक्षा 7 में अनिश सिंह, कक्षा 8 में अरमान प्रतीक, कक्षा 9 में शीतल तथा कक्षा 10 में ध्येय धर्मेन्द्र तीसरे स्थान पर रहे।

चैम्पियंस को 41 लाख 50 हजार के पुरस्कार
एलन चैम्प रैंक-1 पर कक्षा 3 से 7 तक के विद्यार्थियों को 1 लाख रूपए नकद, 15 ग्राम गोल्ड मेडल, चैम्पियंस ट्रॉफी दी गई। इसके साथ ही कक्षा 8 से 10 तक के टॉप चैम्पियन स्टूडेंट्स को 2 लाख का नकद पुरस्कार 15 ग्राम का गोल्ड मेडल, चैम्पियंस ट्रॉफी दी गई। रैंक-2 पर रहने वाले कक्षा 3 से 7 तक के विद्यार्थियों को 75 हजार रूपए, 10 ग्राम का गोल्ड मेडल, चैम्पियंस ट्रॉफी तथा कक्षा 8 से 10 तक के विद्यार्थियों को 1.50 लाख रूपए नकद, 10 ग्राम गोल्ड मेडल, चैम्पियंस ट्रॉफी दी गई।

रैंक-3 पर चयनित कक्षा 3 से 7 तक के स्टूडेंट्स को 50 हजार रूपए नकद, 5 ग्राम गोल्ड मेडल, चैम्पियंस ट्रॉफी तथा कक्षा 8 से 10 तक एसीआर-3 से 10 तक प्रत्येक कक्षा के विद्यार्थी 1 लाख रूपए नकद 5 ग्राम गोल्ड मेडल, चैम्पियंस ट्रॉफी दी गई। इसके अलावा हर क्लास में रैंक 10 तक रहने वाले विद्यार्थियों को नकद पुरस्कार, मेडल व चैम्पियन ट्रॉफी देकर पुरस्कृत किया गया। इसके साथ ही एलन प्री नर्चर एण्ड कॅरियर फाउण्डेशन के विद्यार्थियों को 4 लाख के प्रतिभा अवार्ड से नवाजा गया।

कंपनी का टर्न ओवर 100 करोड़ हो, तिलक का लक्ष्य
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि युवा आंत्रप्रिन्योर फॉर्ब्स में युवा व्यवसायियों की सूची में नाम शामिल करवाने वाले पेपर्स एण्ड पार्सल्स का फाउण्डर ऑनर तिलक मेहता ने कहा कि वर्तमान युग में जिसके पास तकनीक है, सोचने की क्षमता है वो ही आगे बढ़ने की हिम्मत रखता है। हम नया सोचे और उसे करने में अलग तरीके से जुटें तो दुनिया हमारे साथ होगी। मैंने मुम्बई के डब्बा वालों के साथ मिलकर काम किया और अब मैं अपनी कंपनी पेपर एण्ड पार्सल्स का वर्ष 2020 में टर्नओवर 100 करोड़ करना चाहता हूं।

रूपसा के डांस ने मचाई धूम
चैम्पियन्स के सम्मान के इस कार्यक्रम में आकर्षक रंगारंग प्रस्तुतियों ने स्टूडेंट्स और पेरेन्ट्स को बांधे रखा। कार्यक्रम में गिनिज बुक ऑफ रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज करवा चुके तबला वादक तृप्तराज पाण्डया की अगुलियों ने जैसे ही कमाल दिखाना शुरू किया, कार्यक्रम में शामिल दर्शक तालियां बजाना ही भूल गए।

तृप्तराज ने एक से बढ़कर एक आकर्षक तबला वादन की प्रस्तुति दी। बांसूरी के साथ उनकी संगत ने हर किसी को मुग्ध कर दिया। वहीं नन्ही सुपर डांसर रूपसा बताबयाल के छोटी उम्र के बड़े कमाल को देखकर हर कोई दंग रह गया। रूपसा जैसे ही मंच पर आई और डांस शुरू किया तो लोगों ने एकटक होकर उसे देखा और इसके बाद खड़े होकर उसके नृत्य को सराहा।

शटलर पीवी सिंधु गोल्ड मेडल जीतने वाली पहली इंडियन बनीं

नई दिल्ली। भारत की स्टार शटलर पीवी सिंधु ने इतिहास रच दिया। उन्होंने बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप के विमिंस सिंगल्स के फाइनल में जापानी खिलाड़ी नोजोमी ओकुहारा को एकतरफा हराते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया। वह इस टूर्नमेंट का खिताब जीतने वाली पहली भारतीय बन गई हैं। स्विट्जरलैंड के बासेल में 37 मिनट तक चले खिताबी मुकाबले में वर्ल्ड नंबर 5 सिंधु ने 21-7 और 21-7 से जीत दर्ज की।

इसके साथ ही उन्होंने इस टूर्नामेंट में 2017 में ओकुहारा से मिली हार का बदला भी ले लिया। यह उनका वर्ल्ड चैंपियनशिप में पहला गोल्ड मेडल है, जबकि कुल 5वां मेडल है। बता दें कि ओलिंपिक की सिल्वर मेडलिस्ट यह शटलर इससे पहले 2017 और 2018 में सिल्वर और 2013 व 2014 में ब्रॉन्ज मेडल जीत चुकी हैं।

पहला गेम 16 मिनट में जीता
16 मिनट तक चले पहले गेम में इंडियन शटलर ने जबरदस्त शुरुआत की और लगातार 7 पॉइंट्स लेते हुए जापानी खिलाड़ी पर 8-1 की बढ़त बना ली। इस दौरान वर्ल्ड नंबर-4 नाजोमी नेट पर बुरी तरह विफल रहीं, जिसका फायदा सिंधु को मिला। सिंधु ने यहां दबाव बनाए रखा और जोरदार स्मैश लगाया, जिसका विपक्षी खिलाड़ी के पास कोई जवाब नहीं था। पहले गेम में ब्रेक के समय उनकी बढ़त 11-2 हो गई।

ब्रेक के बाद जब गेम शुरू हुआ तो जापानी शटलर ने टक्कर देने की कोशिश, लेकिन वह सफल नहीं हो सकी। लंबी-लंबी रैलियों के बीच सिंधु ने लगातार 5 पॉइंट लेकर बढ़त 16-2 कर ली। यहां नोजोमी को 2 पॉइंट जरूर मिले, लेकिन उसमें सिंधु के आउट शॉट की भूमिका रही। इसके बाद भारतीय शटलर ने कोई मौका नहीं दिया और पहला गेम 21-7 से अपने नाम करते हुए 1-0 की बढ़त ले ली।

दूसरा गेम भी रहा एकतरफा
पीवी सिंधु के खेल का दूसरे दौर में भी ओकुहारा के पास जवाब नहीं था। 21 मिनट तक चले इस गेम में शुरुआत तो रोचक रही, लेकिन जल्द ही सिंधु ने बढ़त बनानी शुरू कर दी। देखते ही देखते उनकी बढ़त 11-4 हो गई। ब्रेक के बाद जब गेम शुरू हुआ तो सिंधु ने लगातार 5 पॉइंट लेकर बढ़त 16-4 कर ली। यहां ओकुहारा ने 3 पॉइंट लिए, लेकिन सिंधु ने यह गेम 21-7 से जीतते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ ही उन्होंने ओकुहारा के खिलाफ जीत हार का अंतर 8-8 से बराबर कर लिया है।

पीएम ने दी बधाई
इस ऐतिहासिक जीत पर पीएम मोदी ने सिंधु को बधाई दी है। उन्होंने ट्वीट में लिखा- करिश्माई प्रतिभा की धनी पीवी सिंधु ने भारत को एक बार फिर गौरवान्वित किया है। वर्ल्ड बैडमिंटन चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतने पर उन्हें बधाई। उनकी बैडमिंटन के प्रति लगन और समर्पण प्रेरणादायक है। पीवी सिंधु की सफलता खिलाड़ियों को प्रेरित करेगी।

ऐसा रहा टूर्नमेंट में प्रदर्शन: सेमीफाइनल में चे यू फेइ को हराया
सिंधु ने अपने अभियान के दौरान सेमीफाइनल में उन्होंने चीन की चे यू फेइ को 21-7, 21-14 से हराया। वह लगातार तीसरे साल इस टूर्नमेंट के फाइनल में पहुंचने में कामयाब रहीं। इसके साथ ही सिंधु ने इस खिलाड़ी के खिलाफ अपने रेकॉर्ड को 6-3 कर लिया।

क्वॉर्टर फाइनल में ताइ जू यिंग को दी थी मात
सिंधु ने क्वॉर्टर फाइनल में चीनी ताइपे की ताइ जू यिंग को हराकर इस टूर्नमेंट में अपना 5वां पदक पक्का किया था। सिंधु ने इस टूर्नमेंट के पिछले दो संस्करणों में सिल्वर मेडल जीते हैं। इससे पहले उन्होंने इस प्रतिष्ठित टूर्नमेंट में दो ब्रॉन्ज मेडल भी जीते हैं। उन्होंने वर्ल्ड नंबर दो जू यिंग को 12-21, 23-21, 21-19 से हराया था। यह मुकाबला कुल 71 मिनट तक चला था।

रिलायंस जियो GigaFiber ब्रॉडबैंड ऐसे कराएं रजिस्टर

0

नई दिल्ली।रिलायंस जियो ने अपनी ब्रॉडबैंड सर्विस लाने का ऑफिशल ऐलान कर दिया है और इसके लिए रजिस्ट्रेशन भी शुरू हो गए हैं। अगर आप भी Jio Gigafiber ब्रॉडबैंड कनेक्शन लेना चाहते हैं तो इसका प्रोसेस शुरू हो चुका है। 5 सितंबर को लॉन्च हो रही जियो की ब्रॉडबैंड सर्विस के प्लान्स पहले ही सामने आ चुके हैं।

खास बात यह है कि जियो का गीगाफाइबर प्लान यूजर्स को कनेक्शन के साथ एक कॉम्बो पैक भी ऑफर कर रहा है, जिसमें टीवी सेट-टॉप बॉक्स और लैंडलाइन फोन कनेक्शन भी यूजर्स को मिलेगा। साथ ही इस सर्विस के ब्रॉडबैंड प्लान्स 700 रुपये प्रतिमाह से लेकर प्रीमियम कस्टमर्स के लिए हर महीने 10,000 रुपये तक मिलेंगे।

जियो गीगाफाइबर के कनेक्शन को अभी प्रीव्यू ऑफर के तहत दिया जा रहा है। इसमें यूजर्स को 100Mbps से 1Gbps तक की स्पीड मिलेगी। कंपनी इस कनेक्शन के लिए जरूरी ऑप्टिकल नेटवर्क टर्मिनल डिवाइस (राउटर) के लिए 2,500 रुपये लेगी। यह एक सिक्यॉरिटी डिपॉजिट है जो रिफंडेबल है।

गीगाफाइबर के रजिस्ट्रेशन के लिए आपको https://gigafiber.jio.com/registration पर विजिट करना होगा। पहले पेज पर आपको उस अड्रेस की डीटेल देनी है जहां आप जियो गीगाफाइबर का कनेक्शन चाहते हैं।

अड्रेस डीटेल के बाद आपको अपना नाम, मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी एंटर करना है। ऐसा करने के बाद आपके नंबर पर एक ओटीपी आएगा। इस ओटीएपी को सबमिट करें। ऐसा करने के साथ ही जियो गीगाफाइबर का रजिस्ट्रेशन प्रोसेस पूरा हो जाएगा।

इसके थोड़ी देर बाद आपको एक मेसेज के जरिए बताया जाएगा कि आपके क्षेत्र में जियो गीगाफाइबर कनेक्शन दिए जाने की शुरुआत होते ही आगे की प्रक्रिया के लिए जियो के सेल्स रेप्रिज़ेंटटिव की तरफ से कॉल आ जाएगी।

जरूरी डॉक्युमेंट्स
जियो गीगाफाइबर के कनेक्शन के लिए आपको अड्रेस और आइडेंटिटी प्रूफ दिखाना होगा। इसके लिए आधार कार्ड, वोटर आईडी कार्ड, पैन कार्ड, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस इत्यादि का इस्तेमाल किया जा सकता है।

ऐसे होगा इंस्टॉलेशन
रजिस्ट्रेशन प्रोसेस के पूरा होने और आपके एरिया में जियो गीगाफाइबर की सर्विस के पहुंचते ही आपको इंस्टॉलेशन इंजीनियर की कॉल आ जाएगी। आपके बताए गए समय पर वह आपके घर आकर ब्रॉडबैंड सिस्टम को इंस्टॉल कर देगा। इंस्टॉलेशन पूरा होने के 2 घंटे के अंदर जियो गीगाफाइबर ऐक्टिवेट हो जाएगा। कंपनी ने अपनी वेबसाइट पर बताया है कि शुरुआत में इंस्टॉलेशन के लिए कंपनी कोई चार्ज नहीं लेगी और यह पूरी तरह फ्री होगा।

जियो गीगाफाइबर ब्रॉडबैंड कनेक्शन के साथ यूजर्स को एक लैंडलाइन फोन भी मिलेगा जिससे वे अनलिमिटेड कॉलिंग कर सकेंगे। इसके साथ ही जियो ने वेलकम ऑफर की भी घोषणा की है। इस ऑफर के तहत जो यूजर जियो गीगाफाइबर का ऐनुअल प्लान लेंगे उन्हें HD या 4K LED TV के साथ एक 4K सेट-टॉप बॉक्स फ्री में दिया जाएगा।

कश्मीर सचिवालय की बिल्डिंग पर अब सिर्फ तिरंगा

श्रीनगर। जम्मू कश्मीर में अबतक अलग निशान (झंडे) और अलग विधान की परंपरा चली आ रही थी। आर्टिकल 370 को खत्म करने के साथ अलग विधान को सरकार पहले ही खत्म कर चुकी है, अब वहां अलग निशान भी देखने को नहीं मिलेगा। इसी क्रम में रविवार को श्रीनगर स्थित राज्य सचिवालय की बिल्डिंग से जम्मू-कश्मीर का झंडा हटा दिया गया।

बता दें कि अनुच्छेद 370 हटने के बाद भी कुछ दिनों पहले तक दोनों झंडे लगे हुए थे। अधिकारियों के मुताबिक, अब राज्य सरकार से जुड़ी सभी इमारतों पर सिर्फ तिरंगा ही फहराया जाएगा। अनुच्छेद 370 के प्रावधानों के हटने के बाद भारतीय दंड संहिता और भारत का पूरा संविधान जम्मू-कश्मीर पर भी लागू हो गया।

पहले लगते थे दोनों झंडे
आर्टिकल 370 हटने से पहले तक सचिवालय पर दोनों झंडे लगते थे। यह तस्वीर इसी महीने की 6 तारीख की है। इसमें तिरंगे के साथ-साथ जम्मू कश्मीर का झंडा भी लगा दिख रहा है।

अब दिखेगा सिर्फ तिरंगा
राज्य के सचिवालय की ताजा तस्वीर आप ऊपर देख रहे हैं। यह फोटो रविवार को आई है। इसमें सिर्फ तिरंगा लहराता दिख रहा है। वहीं जम्मू कश्मीर का झंडा अब हटा दिया गया है।

5 अगस्त को हुआ था ऐतिहासिक फैसला
5 अगस्त को अनुच्छेद 370 हटाने से पहले ही केंद्र सरकार पूरी तरह तैयार थी। समूचे जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई थी। ज्यादातर इलाकों में अभी भी धारा 144 लागू है, जिसमें धीरे-धीरे ढील दी जा रही है। राज्य के कई प्रमुख नेता अभी नजरबंद हैं। हालांकि, सूत्रों के मुताबिक कहा जा रहा है कि जल्द ही इन नेताओं से बातचीत करके और उन्हें विश्वास में लेकर पूरे राज्य से पाबंदियां हटाई जा सकती हैं।

दो हिस्सों में बंटा जम्मू कश्मीर राज्य
अनुच्छेद 370 हटाने के साथ ही जम्मू-कश्मीर को दो हिस्सों में बांट दिया गया है। पहला जम्मू-कश्मीर और दूसरा लद्दाख। दोनों केंद्र शासित प्रदेश बना दिए हैं। जम्मू-कश्मीर में विधानसभा होगी और वहां चुनाव भी कराए जाएंगे लेकिन लद्दाख चंडीगढ़ की तरह बिना विधानसभा वाला केंद्र शासित प्रदेश बना रहेगा।

वायदा-विकल्प और आर्थिक सुधारों से तय होगी शेयर बाजार की चाल

नई दिल्ली। अगले सप्ताह भारतीय शेयर बाजारों में उतार-चढ़ाव का रुख बना रह सकता है, क्योंकि निवेशक अगस्त 2019 से सितंबर 2019 सीरीज के वायदा और विकल्प खंड में अपनी स्थिति तय करेंगे। जबकि अगस्त 2019 की डेरिवेटिव निविदा की समाप्ति गुरुवार (29 अगस्त ) को हो रही है।

इसके अलावा बाजार की चाल घरेलू और वैश्विक व्यापक आर्थिक आंकड़े, वैश्विक बाजारों के प्रदर्शन, मॉनसून की चाल, विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) और घरेलू संस्थापक निवेशकों (डीआईआई) द्वारा किए गए निवेश, डॉलर के खिलाफ रुपए की चाल और कच्चे तेल की कीमतों के प्रदर्शन के आधार पर तय होंगे।

वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने शुक्रवार (23 अगस्त) को एक प्रेस वार्ता में घोषणा की कि अर्थव्यवस्था की खस्ता हालात को सुधारने के लिए केंद्र सरकार सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में 70,000 करोड़ रुपए की अतिरिक्त पूंजी डालेगी, जिससे वे 5 लाख करोड़ रुपए के अतिरिक्त कर्ज मुहैया करा पाएंगे। इससे कॉर्पोरेट्स, खुदरा कर्जदारों, और छोटे व्यापारियों समेत अन्य को फायदा होगा।

इस कदम से क्रेडिट की वृद्धि दर को बढ़ावा मिलेगा, जो करीब 12 फीसदी तक होगी। बैंकों में 70,000 करोड़ रुपए पुर्नपूंजीकरण की घोषणा इस साल जुलाई में पेश किए गए पूर्ण बजट में की गई थी। यह कदम क्रेडिट ग्रोथ (कर्ज उठाव) को बढ़ावा देने के लिए उठाया गया है, ताकि भारत को वित्तवर्ष 2024-15 तक 5 ट्रिलियन वाली अर्थव्यवस्था बनाया जा सके। बैंकरों का कहना है कि इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए कर्ज देने की दर को सालाना 18-20 फीसदी की दर से बढ़ाना होगा।

कर्ज की दर में कटौती करेंगे बैंक
एक अन्य नीतिगत उपाय में, सीतारमण ने कहा कि बैंक अब सभी कर्जदाताओं को लाभान्वित करने के लिए एमसीएलआर कटौती के हिसाब से कर्ज की दर में कटौती करेंगे। इन दोनों कदमों से होम लोन, वाहन और अन्य खुदरा कर्ज की ईएमआई कम हो जाएगी, क्योंकि अब इन्हें सीधे रेपो दर से जोड़ दिया जाएगा।

निर्मला ने कहा कि उद्योग के लिए कार्यशील पूंजी कर्ज भी सस्ता होगा। सरकार ने सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों को कर्ज चुकाने के 15 दिनों के भीतर अनिवार्य रूप से कर्ज से जुड़े दस्तावेज लौटाने का निर्देश दिया है। इससे उधारकर्ताओं को लाभ होगा, जिनके संपत्ति गिरवी रखी होती है, क्योंकि इससे उन्हें आगे भी कर्ज जुटाने में मदद मिलेगी।

बाजार में तरलता प्रदान करने और लोगों के खर्च करने के लिए अधिक पैसा देने के अन्य उपायों के अलावा, सरकार ने एनबीएफसी और एमएसएमई को अधिक क्रेडिट सहायता (कर्ज) देने का फैसला किया है।

एफपीआई पर लिया सरचार्ज वापस लिया
केंद्र सरकार ने विदेशी पोर्टफोलियो निवेश को बड़ी मात्रा में बाहर जाने से रोकने के लिए शुक्रवार को इस पर लगाया गया सरचार्ज वापस ले लिया। इस कदम के परिणामस्वरूप एफपीआई के लिए कर चार-सात प्रतिशत तक घट जाएगा। इस कदम से घरेलू निवेशक भी खुश हैं, क्योंकि यह उनके ऊपर भी लागू होगा।

सरकार ने यह कदम ऐसे समय में उठाया है, जब कई सप्ताहों से एफपीआई सिर्फ बिकवाली कर रहे थे, क्योंकि केंद्रीय बजट में सरचार्ज लगा दिया गया था। एफपीआई ने बजट घोषणा के बाद से लगभग 8,500 करोड़ रुपए निकाल लिए हैं।

केंद्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने अपने पहले बजट में सुपर-रिच लोगों पर या जिनकी वार्षिक कर योग्य आय दो करोड़ रुपए से अधिक है, उनपर सरचार्ज बढ़ा दिया था। जिन लोगों की कर योग्य आय दो करोड़ रुपए और पांच करोड़ के बीच उनपर सरचार्ज 25 प्रतिशत और जिनकी आय पांच करोड़ रुपए से अधिक है, उनपर सरचार्ज 39 प्रतिशत कर दिया गया था।

एचएफसीज को मिलेंगे 20 हजार करोड़ रुपए
हाउसिंग फाइनेंस कंपनियों और रियल एस्टेट क्षेत्र को बड़ी राहत प्रदान करते हुए वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने शुक्रवार को कहा कि नेशनल हाउसिंग बैंक (एनएचबी) एचएफसीज को 20,000 करोड़ रुपए अतिरिक्त प्रदान करेंगे, जिससे कुल तरलता सहायता 30,000 करोड़ रुपए की हो जाएगी।

उन्होंने यह भी कहा कि गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों (एनबीएफसीज) और एचएफसीज को एक लाख करोड़ रुपए तक की संपत्ति खरीदने के लिए बजट में घोषित आंशिक क्रेडिट गारंटी योजना की निगरानी प्रत्येक बैंक में उच्चतम स्तर पर की जाएगी। इसके अलावा, उन्होंने एक और कदम की घोषणा की, जिससे होम लोन की दरें कम होंगी।

उन्होंने कहा कि बैंक अब रेपो रेट से जुड़े लोन उत्पाद पेश करेंगे। आर्थिक मोर्चे पर, देश के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) की वृद्धि दर चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में घटकर 5.8 फीसदी हो गई, जोकि पहली तिमाही के दौरान 6.6 फीसदी दी। सरकार ने शुक्रवार (23 अगस्त) को यह आंकड़े जारी किए।

राजकीय सम्मान के साथ पंचतत्व में विलीन हुए अरुण जेटली, बेटे रोहन ने दी मुखाग्नि

नई दिल्ली। पूर्व वित्तमंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता अरुण जेटली राजनीति, वकालत, खेल और समाजिक जीवन की तमाम यादों को छोड़कर पंचतत्व में विलीन हो गए हैं। निगमबोध घाट पर दोपहर तीन बजे उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया गया। बेटे रोहन ने उन्हें मुखाग्नि दी। इस दौरान उपराष्ट्रपति वैंकेया नायडू, गृहमंत्री अमित शाह, पार्टी के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के अलावा कांग्रेस सहित अन्य दलों के नेता मौजूद थे।

मुखाग्नि से ठीक पहले मौसम तेजी से बदला और जोरदार बारिश होने लगी। जेटली के पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए बीजेपी मुख्यालय से निगम बोध घाट फूलों से सजी तोप गाड़ी में ले जाया जाया गया। पूरा माहौल ‘जेटली जी अमर रहें’ के नारों से गूंज रहा था। पार्टी कार्यकर्ता और शोकाकुल लोग सुबह से ही बीजेपी मुख्यालय के बाहर जेटली को अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए कतार में खड़े थे।

निगम बोध घाट की ओर से जाने वाली सड़कों पर जेटली को याद करने वाले पोस्टर लगे हुए थे। 66 वर्षीय जेटली का शनिवार को दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में इलाज के दौरान निधन हो गया था। उन्हें 9 अगस्त को एम्स में भर्ती कराया गया था।

निधन के बाद उनके पार्थिव शरीर को एम्स से दक्षिणी दिल्ली के कैलाश कॉलोनी स्थित उनके आवास में रखा गया था। सुबह उनके पार्थिव शरीर को बीजेपी मुख्यालय लाया गया, जहां बड़ी संख्या में लोग उनके अंतिम दर्शन करने के लिए पहुंचे।

Jio की नई सर्विस: 6 स्मार्टफोन्स से कर सकेंगे फ्री कॉल

0

नई दिल्ली। Reliance Jio यूजर्स के लिए नई-नई सर्विस लाता रहता है। इसी कड़ी में कंपनी ने कुछ दिन पहले अपनी JioFixedVoice सर्विस को लॉन्च किया था। जियो फाइबर के यूजर्स इस सर्विस के जरिए लैंडलाइन फोन से फ्री वॉइस कॉलिंग का लुत्फ उठा रहे हैं। इस सर्विस की खास बात है कि यूजर्स इसके जरिए अपने स्मार्टफोन्स से भी फ्री कॉलिंग कर सकते हैं। जियो की यह सर्विस ऐंड्रॉयड और आईओएस के लिए उपलब्ध है। आइए जानते हैं क्या है जियो फिक्स्ड वॉइस सर्विस और कैसे इसे स्मार्टफोन पर ऐक्टिवेट किया जा सकता है।

ऐसे करें ऐक्टिवेट
स्मार्टफोन्स से फ्री कॉलिंग के लिए यूजर्स को अपने स्मार्टफोन पर जियो फिक्स्ड वॉइस सर्विस को सेटअप करना होगा। इसके बाद ही वे जियो कॉल मोबाइल ऐप से फ्री कॉलिंग कर सकेंगे। इसके लिए सबसे पहले यूजर्स को अपने स्मार्टफोन पर MyJio ऐप डाउनलोड करना होगा। ऐप के इंस्टॉल होने के बाद रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से जियो फाइबर अकाउंट में लॉग इन करें। इसके बाद स्क्रीन पर आ रहे स्टेप्स को फॉलो करते हुए फ्री कॉलिंग को आसानी से ऐक्टिवेट किया जा सकता है।

स्मार्टफोन पर ऐसे सेट करें जियो कॉल ऐप
जियो अपने यूजर्स को जियो फिक्स्ड वॉइस कनेक्शन के साथ स्मार्टफोन्स से फ्री कॉलिंग करने की सुविधा देता है। बता दें कि कंपनी का जियो कॉल ऐप स्मार्टफोन्स के लिए एक वैकल्पिक डायलर है, लेकिन यहां फ्री कॉलिंग बेनिफिट पाने के लिए यूजर्स को 10 डिजिट वाले लैंडलाइन नंबर से जियो फिक्स्ड वॉइस सर्विस पर रजिस्टर करना होगा। जियो कॉल को गूगल प्ले स्टोर और ऐपल ऐप स्टोर से फ्री में डाउनलोड किया जा सकता है। इसके बाद ऐप द्वारा मांगी जाने वाली परमिशन को आपको OK करना है।

इसके बाद यह ऐप आपको तीन ऑप्शन देगा। इसमें आपको जियो 4G सिम कार्ड, जियोफाई कनेक्शन और फिक्स्ड लैंडलाइन सर्विस सेटअप करने को कहा जाएगा। अगर आपका स्मार्टफोन VoLTE सपॉर्ट के साथ नहीं आता है तो आपको पहला ऑप्शन सिलेक्ट करना होगा। वहीं अगर आप जियोफाई नंबर से वॉइस कॉल करना चाहते हैं तो दूसरा ऑप्शन सिलेक्ट करें। अगर आपके पास जियो फिक्स्ड वॉइस सर्विस है तो आप तीसरे ऑप्शन पर क्लिक कर सकते हैं।

फिक्स्ड ऑप्शन पर क्लिक करने के बाद SSID पर टैप करें। ऐसा करते ही आपके जियो फाइबर के रजिस्टर्ड नंबर पर एक ओटीपी भेजा जाएगा। इस ओटीपी को एंटर करें। इस प्रक्रिया के पूरा होने के बाद आप जियो फिक्स्ड वॉइस लैंडलाइन नंबर की मदद से अपने स्मार्टफोन से फ्री कॉलिंग कर सकेंगे।

इसकी सबसे बड़ी खासियत है कि जियो फिक्स्ड वॉइस लैंडलाइन के एक ही नंबर से आप 6 स्मार्टफोन पर जियो कॉल ऐप को सेटअप कर सकते हैं। इसमें ध्यान देने वाली बात यह है कि जियो कॉल से फ्री कॉलिंग करने के लिए स्मार्टफोन का जियो फाइबर राउटर से कनेक्ट रहना जरूरी है।

जिराफ ने रिया सेन को किया किस, विडियो हुआ वायरल

मुंबई। ऐक्ट्रेस रिया सेन याद हैं? वही रिया सेन जो ‘सिलसिले’ में ऐक्टर अश्मित पटेल के साथ किए किसेज को लेकर चर्चा में आईं। रिया सेन ने कई हिंदी फिल्मों में काम किया, लेकिन कोई खास पहचान नहीं मिल पाई। हालांकि वह अपनी एक बोल्ड छवि बनाने में कामयाब रहीं। खैर, आज रिया सेन की बात इसलिए हो रही है क्योंकि उनका एक विडियो सोशल मीडिया पर छा गया है।

इस विडियो में वह जिराफ को करीब से निहारती दिख रही हैं और तभी जिराफ उनके मुंह को चाटने लगता है। रिया के मुताबिक, यह जिराफ का फ्रेंच किस है। इसका विडियो रिया सेन ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया है।

रिया इन दिनों अफ्रीका में छुट्टियां मना रही हैं और यह विडियो उसी दौरान का है। लोग इस विडियो को खूब देख रहे हैं और कॉमेंट कर रहे हैं। बात करें रिया सेन के प्रफेशनल फ्रंट की, तो वह पिछली बार साल 2016 में ‘हीरो 420’ और ‘डार्क चॉकलेट’ नाम की फिल्मों में नजर आईं थी। फिलहाल उनके पास कोई फिल्म नहीं है।

सिंगर फाल्गुनी पाठक के गाने ‘याद पिया की आने लगी’ से उन्हें काफी चर्चा मिली थी। उन्होंने ‘झंकार बीट्स’, ‘अपना सपना मनी मनी’, ‘शादी नं. 1’ और ‘स्‍टाइल’ जैसी बॉलिवुड फिल्‍मों में काम किया है। बात करें उनकी पर्सनल लाइफ की, तो रिया ने 2017 में अपने बॉयफ्रेंड शिवम तिवारी से शादी की थी।

जेटली की भतीजी टीवी ऐक्ट्रेस रिधी डोगरा उनके निधन से हैं बेहद दुखी

मुंबई। पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली ने निधन की खबर से पूरा देश शोक में डूब गया है। जेटली ने शनिवार को दोपहर 12 बजे अंतिम सांस ली। इस खबर से क्या नेता-अभिनेता और क्या आम लोग, हर कोई गमगीन है।

लोग सोशल मीडिया साइट्स पर लगातार जेटली के निधन पर अपना शोक जता रहे हैं। कई बॉलिवुड सिलेब्रिटीज ने भी अरुण जेटली की मृत्यु पर अपना शोक जताया है। टीवी ऐक्ट्रेस रिधी डोगरा जो अरुण जेटली की भतीजी हैं और वह उनकी मौत से बेहद दुखी हैं।

ऐक्ट्रेस रिधी डोगरा ‘वो अपना सा’, ‘सावित्री एक प्रेम कहानी’, ‘मर्यादा लेकिन कब तक’ जैसे डेली सोप्स में नजर आ चुकी हैं। अरुण जेटली रिधी के फूफा थे। पीएम नरेन्द्र मोदी ने जेटली के निधन पर ट्विटर पर शोक जताया है। रिधी ने पीएम के ट्वीट को शेयर करते हुए एक हार्टब्रेक, सैड और धन्यवाद के इमोजी के साथ शेयर किया।

रिधी ने एक और ट्वीट शेयर किया है जिसमें एक फैन ने उनके फूफा जी की मौत पर दुख जताया है और रिधी को अपने परिवार का ध्यान रखने के लिए कहा है। इसके पहले 2017 में रिधी ने पूर्व वित्त मंत्री के जन्मदिन के मौके पर उनके साथ कुछ तस्वीरें शेयर की थीं और उनके स्वास्थ्य और खुशहाली के लिए दुआ की थी।