Wednesday, July 8, 2026
Home Blog Page 4626

देश में कोई मंदी नहीं, सिर्फ कुछ सेक्टर्स में डिमांड कम: SBI चेयरमैन

नई दिल्ली।देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के चेयरमैन रजनीश कुमार ने शनिवार को कहा कि देश में कुछ सेक्टरों में डिमांड में गिरावट हुई है, खासतौर से ऑटो सेक्टर में, पर इसे मंदी नहीं कहा जा सकता है। उन्होंने कहा कि अधिकतर बैंकों के पास पर्याप्त मात्रा में नकदी है और अर्थव्यवस्था में क्रेडिट फ्लो करने की जरूरत है।

गुवाहाटी में एक कार्यक्रम में शामिल होने आए रजनीश कुमार ने कहा कि भारत वैश्विक अर्थव्यवस्था का हिस्सा है और अगर वैश्विक स्तर पर परिस्थितियां विपरीत होंगी तो भारत उनसे प्रभावित हुए बिना नहीं रह सकता। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शुक्रवार को 32 उपायों की घोषणा की है जो काफी असरदार साबित होंगे। इन उपायों का उद्देश्य है बैंकिंग और टैक्सेशन में आने वाली बाधाओं को दूर करना।

ऑटो सेल्स में कमी ग्लोबल ट्रेंड
उन्होंने कहा कि एसबीआई जैसे बैंक फिलहाल सुविधाजनक लिक्विडिटी पोजीशन में हैं। इस समय क्रेडिट फ्लो की जरूरत है। एग्रीगेटर मॉडल को लेकर एक नया ट्रेंड आ गया है, लोग अब सफर के लिए ओला, उबर का इस्तेमाल करने लगे हैं। ऐसे में लोग वाहनों को खरीदने में रुचि नहीं दिखा रहे हैं। यह एक ग्लोबल ट्रेंड है और भारत कोई अपवाद नहीं है। ऑटो सेल्स में कमी ग्लोबल ट्रेंड है।

दूसरी छमाही अर्थव्यवस्था के लिए होगी बेहतर
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा खर्चों में बढ़ोतरी और आने वाला त्यौहारी मौसम डिमांड में वृद्धि लाएगा। साल की दूसरी छमाही अर्थव्यवस्था और बैंकिंग के लिए अच्छी होगी। सरकार ने घोषणा की है कि, वह क्रेडिट फ्लो को बढ़ाने के लिए सभी पेमेंट्स को क्लियर करेगी। उम्मीद है कि इससे प्राइवेट सेक्टर इन्वेस्टमेंट भी पुनर्जीवित होगा।

शीर्ष सात कंपनियों को बाजार पूंजीकरण में 86,880 करोड़ का नुकसान

नयी दिल्ली। शीर्ष 10 घरेलू कंपनियों में से सात को बीते सप्ताह बाजार पूंजीकरण में सम्मिलित तौर पर 86,879.7 करोड़ रुपये का नुकसान उठाना पड़ा। एफएमसीजी कंपनी आईटीसी का बाजार पूंजीकरण इस दौरान सर्वाधिक कम हुआ। आलोच्य सप्ताह के दौरान रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी बैंक, एचडीएफसी, कोटक महिंद्रा बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और भारतीय स्टेट बैंक का बाजार पूंजीकरण कम हुआ।

टीसीएस, हिंदुस्तान यूनिलीवर और इंफोसिस का बाजार पूंजीकरण इस दौरान बढ़ा। इस दौरान आईटीसी का बाजार पूंजीकरण 20,748.4 करोड़ रुपये कम होकर 2,89,740.59 करोड़ रुपये, भारतीय स्टेट बैंक का 17,715.4 करोड़ रुपये गिरकर 2,41,946.22 करोड़ रुपये, एचडीएफसी बैंक का 17,335.3 करोड़ रुपये टूटकर 5,91,490.98 करोड़ रुपये और आईसीआईसीआई बैंक का बाजार पूंजीकरण 15,084.5 करोड़ रुपये लुढ़ककर 2,55,484.91 करोड़ रुपये पर आ गया।

इसी तरह एचडीएफसी का बाजार पूंजीकरण 9,921.2 करोड़ रुपये गिरकर 3,52,202.72 करोड़ रुपये, कोटक महिंद्रा बैंक का एमकैप 5,155.85 करोड़ रुपये कम होकर 2,81,185.14 करोड़ रुपये और रिलायंस इंडस्ट्रीज का बाजार पूंजीकरण 919.16 करोड़ रुपये लुढ़ककर 8,08,836 करोड़ रुपये पर आ गया।

हालांकि इस दौरान टीसीएस का बाजार पूंजीकरण 31,538.79 करोड़ रुपये मजबूत होकर 8,43,367.22 करोड़ रुपये, इंफोसिस का बाजार पूंजीकरण 11,746.94 करोड़ रुपये की बढ़त के साथ 3,44,419.45 करोड़ रुपये और हिंदुस्तान यूनिलीवर का बाजार पूंजीकरण 7,176.31 करोड़ रुपये बढ़कर 4,02,512.28 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।

बाजार पूंजीकरण के हिसाब से टीसीएस शीर्ष पर बनी रही। इसके बाद रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर, एचडीएफसी, इंफोसिस, आईटीसी, कोटक महिंद्रा बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और एसबीआई का स्थान रहा।

चंद्रयान-2 की लैंडिंग देखने का छात्रों को भी मिलेगा मौका, जानिए कैसे

नई दिल्ली। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने छात्रों के लिए एक ऑनलाइन क्विज शुरू की है। इसका मकसद स्कूली बच्चों के बीच अंतरिक्ष कार्यक्रमों से संबंधित जागरूकता को बढ़ाना है। इस क्विज प्रतियोगिता का नाम है स्पेस क्विज चंद्रयान-2। इसके लिए आवेदन की तारीख को इसरो ने बढ़ा दिया है। अब कल यानी 25 अगस्त तक इसके लिए आवेदन कर सकते हैं। इस स्पेस क्विज का आयोजन MyGov.in के सहयोग से इसरो द्वारा किया जा रहा है।

इस संबंध में सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकंड्री एजुकेशन (CBSE) ने अपने संबद्ध स्कूलों को एक नोटिस जारी किया है। नोटिस के मुताबिक, ‘हर राज्य और केंद्रशासित प्रदेश से आठवीं से 10वीं क्लास के टॉप स्कोर करने वाले 2 छात्रों को चुना जाएगा जिनको इसरो के बेंगलुरु सेंटर आने के लिए आमंत्रित किया जाएगा। वहां वे प्रधानमंत्री के साथ चंद्रमा पर चंद्रयान-2 की लाइव लैंडिंग देख सकेंगे।’ प्रत्येक प्रतिभागी को एक पार्टिसिपेशन सर्टिफिकेट भी जारी किया जाएगा।

क्विज समाप्त होने के बाद टॉप स्कोर करने वाले छात्रों को अपने माता-पिता/अभिभावक का नाम और सरकार द्वारा जारी पहचान का प्रमाण पत्र जिसमें पता भी हो देना होगा। छात्रों को स्कूल द्वारा जारी एक शपथपत्र भी देना होगा जिसमें यह पुष्टि की गई हो कि वे स्कूल के छात्र हैं। शपथपत्र का फॉर्मेट शीघ्र ही शॉर्टलिस्ट हुए प्रतिभागियों से साझा किया जाएगा।

कौन होगा विजेता?
जो सबसे ज्यादा सही जवाब देगा, उनको विजेता के तौर पर चुना जाएगा। टाई होने की स्थिति में उन छात्रों को चुना जाएगा जो सबसे कम समय में सबसे ज्यादा सही जवाब देगा।

मॉनी रॉय की तस्वीर देख फैन्स ने कहा, ‘Wow’

मुंबई। मॉनी रॉय उन बॉलिवुड ऐक्ट्रेसस में शुमार हैं जो अपने लुक्स को लेकर काफी सुर्खियां बटोरती हैं। जहां फैन्स मॉनी के हर लुक के दीवाने हो जाते हैं वहीं मॉनी को काफी ट्रोल भी किया जाता है। बीते दिनों मॉनी का लुक जरा बदला-बदला नजर आया और इस बात की खूब चर्चा हुई की मॉनी ने प्लास्टिक सर्जरी कराई है। मॉनी के नए लुक को काफी ट्रोल किया गया। अब मॉनी ने अपनी एक और तस्वीर इंस्टाग्राम पर शेयर की है अब उनके लुक की हर कोई तारीफ कर रहा है।

मॉनी रॉय ने इंस्टाग्राम पर अपनी एक खूबसूरत तस्वीर शेयर की है। वाइट टॉप और खुले बालों में मॉनी का यह बदला-बदला लुक बेहद दिलकश लग रहा है। मॉनी की इस तस्वीरको खूब पसंद किया जा रहा है और देखते ही देखते पोस्ट के कॉमेन्ट्स में मॉनी की तारीफों की झड़ी लग गई।

टीवी पर ‘नागिन’ से अपनी पहचान बनाने वाली मॉनी रॉय ने 2018 में फिल्म ‘गोल्ड’ से बॉलिवुड में अपना डेब्यू किया था। इस फिल्म में वह अक्षय कुमार के ऑपोजिट नजर आई थीं। मॉनी सोशल मीडिया पर काफी ऐक्टिव रहती हैं और अकसर अपनी तस्वीरें शेयर करती रहती हैं।

बीते दिनों लुक्स के कारण उन्हें काफी ट्रोल किया गया था। उनके लुक को लेकर किसी ने उन्हें प्लास्टिक कहा तो किसी ने उन्हें इतनी सर्जरी न कराने की सलाह दे दी। हालांकि. मॉनी को ट्रोलर्स से फर्क नहीं पड़ता है और वह बिना इनकी परवाह किए अपने अपडेट्स फैन्स के साथ शेयर करती रहती हैं।

कश्मीर से बंदिश पूरी तरह हटाने का मोदी सरकार का बड़ा प्लान

नई दिल्ली।केंद्र सरकार जम्मू-कश्मीर पर लगी पाबंदियों को पूरी तरह हटाकर हालात को सामान्य करने के लिए अब बड़े पैमाने पर पहल करने की तैयारी में है। शनिवार को श्रीनगर गए विपक्षी नेताओं को सुरक्षा कारणों का हवाला देकर भले ही एयरपोर्ट से लौटा दिया गया हो, लेकिन सरकार की ओर से वहां नजरबंद उमर अब्दुल्ला, महबूबा मुफ्ती जैसे स्थानीय नेताओं से संपर्क साधने की कोशिश शुरू हो गई है।

इसके अलावा, सर्वदलीय मीटिंग बुलाकर वहां के हालात के बारे में बताने की कवायद हो सकती है। पीएम नरेंद्र मोदी के विदेश से लौटने के बाद होने वाली मीटिंग में इस पर निर्णायक पहल हो सकती है। 5 अगस्त को जम्मू-कश्मीर को विशेष दर्जा देने वाले आर्टिकल 370 को हटाए जाने के बाद से घाटी में लगभग बंदी जैसे हालात हैं।

हालांकि 15 अगस्त के बाद स्थिति को सामान्य करने की दिशा में कई कदम उठाए गए हैं। इसके तहत स्कूलों-दफ्तरों को खोलने के अलावा लैंडलाइन फोन भी चालू किए गए हैं, लेकिन मोबाइल फोन अब भी बंद हैं और दुकानें कम ही खुल रही हैं। सरकार मान रही है कि घाटी में हालात पूरी तरह सामान्य करने के लिए अतिरिक्त प्रयास करने होंगे।

सूत्रों के अनुसार, कुछ शीर्ष अधिकारियों ने श्रीनगर में नजरबंद बड़े नेताओं से संपर्क साधा है। उमर अब्दुल्ला और महबूबा मुफ्ती से मुलाकात कर उन्हें परिस्थितियों की जानकारी दी गई है। सूत्रों का कहना है कि इन नेताओं की रिहाई की प्रक्रिया भी तेज हो गई है। सरकार दूसरे विपक्षी नेताओं को भी विश्वास में लेगी। इसके लिए दिल्ली या श्रीनगर में सर्वदलीय मीटिंग हो सकती है। सरकार चाहती है कि पक्ष-विपक्ष मिलकर विश्व समुदाय को संदेश दें कि अब वहां हालात पूरी तरह सामान्य हैं।

सूत्रों की मानें तो सरकार को पता है कि घाटी में बंदिशों को अब जल्दी से पूरी तरह हटाना होगा। पूरे विश्व समुदाय से भारत को आर्टिकल 370 हटाने पर समर्थन मिला है और तकरीबन सभी देशों ने इसे भारत का अंदरूनी मामला बताया है। हालांकि घाटी में बंदिशों को लेकर चिंता भी जताई गई है। सरकार इसी फिक्र को दूर करना चाहती है। 22 सितंबर से मोदी का अमेरिका दौरा शुरू हो रहा है। वहां यूएन में पीएम सालाना जलसे को संबोधित करेंगे। सरकार इससे पहले कश्मीर मसले को अपने स्तर पर खत्म कर देना चाहती है।

राहुल समेत 12 नेताओं को श्रीनगर एयरपोर्ट से लौटाया
कश्मीर घाटी का जायजा लेने शनिवार को राहुल गांधी समेत विपक्ष के 12 नेता श्रीनगर पहुंचे, लेकिन प्रशासन ने एयरपोर्ट से ही लौटा दिया। इनमें कांग्रेस, सीपीएम, सीपीआई, डीएमके, एनसीपी, जेडीएस, आरजेडी और तृणमूल के नेता थे। दिल्ली लौटकर जारी बयान में इन्होंने कहा कि राज्यपाल ने सबके सामने राहुल गांधी से कहा था कि वह श्रीनगर आए और खुद हालात देखें। इसी के बाद हम लोग गए थे, लेकिन हमें एयरपोर्ट पर ही रोक दिया गया। हमारी यात्रा का मकसद कश्मीरियों से एकजुटता दिखाना और हालात सामान्य बनाने में मदद करने का था। विपक्ष ने स्थानीय नेताओं की नजरबंदी को अलोकतांत्रिक करार दिया।

‘कश्मीर पर भी बात करेंगे मोदी-ट्रंप’
पीएम मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप की सोमवार को होने वाली बैठक से पहले अमेरिका ने कहा है कि इस दौरान कश्मीर पर भी चर्चा होगी। ट्रंप कश्मीर में मानवाधिकारों की रक्षा के लिए उठाए गए कदम की जानकारी लेंगे। हालांकि अमेरिका ने एक बार फिर आर्टिकल 370 हटाने को भारत का आंतरिक मामला बताया।

शनिवार को ट्रंप प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि अमेरिका भारत-पाक के बीच तनाव कम करने के लिए दोतरफा रणनीति पर काम रहा है। पहला, सीमापार घुसपैठ रोकने और भारत, खासकर कश्मीर में टेरर फंडिंग और अन्य मदद रोकने के लिए पाकिस्तान पर दबाव बनाना। दूसरा, भारत को कश्मीर में हालात सामान्य बनाने के लिए प्रोत्साहित करना और मानवाधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

Lenovo की Note सीरीज का नया फोन भारत में 5 सितंबर को होगा लॉन्च

नई दिल्ली। चीन की कंपनी Lenovo भारत में 5 सितंबर को अपना नया स्मार्टफोन लॉन्च करने वाली है। कंपनी ने इसके लिए मीडिया इनवाइट्स भी भेजने शुरू कर दिए हैं, जिसमें #KillerNote लिखा नजर आ रहा है। जैसा कि नाम से ही पता चलता है कि 5 तारीख को आयोजित होने वाले इस इवेंट में कंपनी Note सीरीज के नए फोन से पर्दा उठाएगी।

आखिरी नोट सीरीज का फोन मई में लॉन्च किया गया था जिसका नाम Lenovo K9 Note था। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि यह फोन इसी का सक्सेसर होगा यानी इसे Lenovo K10 Note नाम से पेश किया जा सकता है। अब जो कि यह पिछले साल के फोन का अपग्रेडेड वेरियंट हो सकता है, ऐसे में इसके फीचर्स भी K9 नोट से बेहतर होंगे।

ड्यूल सिम वाले लेनोवो K9 की- इस फोन में 5.7 इंच एचडी+ डिस्प्ले है जिसका आस्पेक्ट रेशियो 18:9 है। प्रोटेक्शन के लिए 2.5डी ग्लास दिया गया है। फोन में 2.0 गीगाहर्ट्ज मीडियाटेक एमटी6762 प्रोसेसर का इस्तेमाल किया गया है। रैम 3 जीबी है। 32 जीबी इनबिल्ट स्टोरेज को माइक्रोएसडी कार्ड के जरिए 128 जीबी तक बढ़ाया जा सकता है।

बात की जाए कैमरे की तो लेनोवो K9 में 13 मेगापिक्सल प्राइमरी और 5 मेगापिक्सल सेकंडरी सेसर वाला ड्यूल रियर कैमरा सेटअप है। फोन में सेल्फी के लिए 13 मेगापिक्सल प्राइमरी व 5 मेगापिक्सल सेकंडरी सेटअप दिया गया है। दोनों कैमरे फ्लैश के साथ आते हैं।

कनेक्टिविटी के लिए फोन में एलटीई, वाई-फाई, ब्लूटूथ, यूएसबी टाइप-सी, 3.5 एमएम ऑडियो जैक जैसे फीचर्स है। लेनोवो K9 में एक्सीलेरोमीटर, एम्बियंट लाइट सेंसर और प्रॉक्सिमिटी सेंसर दिए गए हैं। पावर देने के लिए 3000mAh बैटरी दी गई है। स्मार्टफोन का डाइमेंशन 153.8×72.9×7.95 मिलीमीटर है।

ट्रिपल रियर कैमरे के साथ OnePlus 7T की तस्वीर लीक

नई दिल्ली। OnePlus 7 और 7 Pro के बाद अब कंपनी OnePlus 7T लॉन्च करने वाली है। हाल ही में सर्कुलर कैमरा मॉड्यूल की एक तस्वीर सामने आई थी जिसके बारे में दावा किया जा रहा था कि यह वनप्लस 7T की तस्वीर है।

नई रिपोर्ट की मानें तो वाकई में यह सर्कुलर कैमरा मॉड्यूल वनप्लस 7T का ही है, पॉप्युलर लिक्सटर OnLeaks ने इसकी जानकारी दी है। साथ ही इसकी एक तस्वीर भी शेयर की है, जिसमें फोन के डिजाइन को साफ देखा जा सकता है।

फोन का फ्रंट साइड बिल्कुल नॉन-टी वेरियंट जैसा ही है, जिसमें पतले बेजल के साथ नॉच डिस्प्ले दिया गया है। लेकिन फोन का बैक पैनल नॉन-टी वेरियंट से बिल्कुल अलग है। फोन के बैक पर तीन कैमरे दिए गए हैं जो कि एक सर्कल के अंदर हैं। कैमरे का यह मॉड्यूल फोन के डिजाइन को एक अलग ही लुक दे रहा है।

वैसे वनप्लस 7T के लॉन्च को लेकर अभी तक कंपनी की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। अब तक लीक हुई रिपोर्ट के मुताबिक, वनप्लस 7T में क्वॉलकम स्नैपड्रैगन 855 प्रोससर दिया जाएगा। वहीं, ऐसा भी कहा जा रहा है कि कंपनी वनप्लस 7T का 5G वेरियंट भी लॉन्च कर सकती है।

इस बीच वनप्लस ने कन्फर्म किया है कि इसके पहले टीवी का नाम OnePlus TV रखा जाएगा और इसमें 55 इंच का QLED डिस्प्ले दिया जाएगा। वनप्लस के ऑफिशल ट्विटर अकाउंट से इस बात की जानकारी दी गई है। कंपनी ने सितंबर में ही भारत में इस टीवी के लॉन्च का ऐलान किया था। भारत में इसकी बिक्री एक्सक्लूसिव तौर पर ऐमजॉन के जरिए की जाएगी। ऐसा कहा जा रहा है कि यह नया टीवी एक ऐंड्रॉयड टीवी होगा।

फाइव स्टार होटल में एक्ट्रेस मीरा चोपड़ा के खाने में निकले कीड़े

नई दिल्लीl फिल्म अभिनेता राहुल बोस के केला कांड के बाद फाइव स्टार होटल के खाने को लेकर एक नया विवाद सामने आया हैl फिल्म आर्टिकल 375 में नजर आनेवाली फिल्म अभिनेत्री मीरा चोपड़ा के खाने में कीड़े नजर आए हैंl खास बात यह है कि मीरा चोपड़ा इस समय जिस फाइव स्टार होटल में रुकी हुई हैl वहां की यह घटना हैंl

मीरा चोपड़ा ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया हैl इसमें मीरा चोपड़ा यह कह रही है कि वह अहमदाबाद के डबलट्री अहमदाबाद नामक होटल में रुकी हुई है और उन्हें उनके खाने में कीड़े मिले हैंl उन्होंने साथ में यह भी लिखा है कि इस होटल के लिए उन्होंने अच्छी खासी कीमत चुकाई हैं लेकिन उनके खाने में इस प्रकार की लापरवाही बरती गई हैl
इसके कारण उनकी तबीयत भी खराब हो रही है और वह सदमे में हैl

उन्होंने FSSAI को भी इसकी शिकायत की हैंl उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा है, ‘कृपया कर इसके खिलाफ कोई कठोर कार्रवाई करें अब स्वास्थ्य सुरक्षा के नियम कहां है?’ गौरतलब है कि हाल ही में राहुल बोस ने भी एक होटल के बारे में बताया था कि उन्होंने दो केले के बदले उनसे साढ़े चार सौ से अधिक रुपए वसूले थेl

अब मीरा चोपड़ा के साथ भी ऐसा हो रहा हैl मीरा चोपड़ा जल्द आर्टिकल 375 फिल्म में नज़र आएंगीl इस फिल्म में उनके अलावा रिचा चड्ढा और अक्षय खन्ना की अहम भूमिका हैl हाल ही में इस फिल्म के पोस्टर जारी किए जा चुके हैंl

दया ही व्यक्ति को बनाती है धर्मात्मा: आर्यिका सौम्यनन्दिनी

कोटा। महावीर नगर विस्तार योजना स्थित दिगंबर जैन मंदिर में चल रहे आर्यिका सौम्यनन्दिनी माताजी संघ के पावन वर्षायोग के अवसर पर माताजी ने प्रवचन करते हुए कहा कि इस संसार में सभी जीव चाहते हैं कि हमारे जीवन में सुख शांति हो। यदि आप भी जीव में सुख की चाहना करते हैं, तो हमेशा दीन, दुखियों के कष्ट को दूर करने का प्रयास करो। तुम्हारे जीवन से दुख अपने आप दूर हो जाएंगे।

इस दुनिया में इस मनुष्य पर्याय में आपने महान पुण्ययोग से जन्म पाया है। इस छोटे से जीवन में अपने शत्रु नहीं मित्र पैदा करो। यदि आप किसी से शत्रुत्व का व्यवहार करते हैं तोे आप इस भव और पर भव में अपने लिए शत्रु ही पैदा करते हैं। आर्यिका सौम्यनन्दिनी माताजी ने कहा कि दया वो शक्ति है, जो मनुष्यों को ही नहीं बल्कि कर तिर्यचों को, पशुओं को भी मित्र बना देती है।

सब धर्मों का सार है दया। दया ही व्यक्ति को धर्मात्मा बनाती है, आप यदि किसी जीव पर दया कर रहें हैं तो अंजान व्यक्ति भी आपके उस व्यवहार को देखकर कह देगा कि आप बड़े धर्मात्मा हैं। जगत में ये बात अच्छी तरह से प्रसिद्धि को प्राप्त है कि दुनिया में मारने वाले से बचाने वाला श्रेष्ठ माना जाता है। जिसके अंदर दया होती है वो ही दूसरों को जीवन दान दे सकता है।

बैंकिंग सेक्टर को बदहाली से बाहर निकालने की चुनौती स्वीकारी थी जेटली ने

नई दिल्ली। वर्ष 2014 में जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार बनी तब बैंकिंग सेक्टर फंसे कर्ज और पूंजी की भारी कमी जैसे संकट से गुजर रहा था। वित्त मंत्री बनते ही अरुण जेटली ने इस सेक्टर पर प्रमुखता से ध्यान दिया। मोदी की पहली सरकार में वित्त मंत्री रहते उन्होंने इस सेक्टर को मजबूत करने के लिए लगातार काम किया। जेटली का शनिवार दोपहर एम्स में निधन हो गया। भारतीय बैंकिंग सेक्टर उनके योगदान को आसानी से नहीं भूल पाएगा।

कारोबारी साल 2014-15 के बजट भाषण में जेटली ने कहा था कि वित्तीय स्थिरता तेज आर्थिक विकास की बुनियादी जरूरत है। हमारी बैंकिंग प्रणाली को मजबूत करने की जरूरत है। उन्होंने कहा था कि 2018 तक बैंकों को 2.4 लाख करोड़ रुपये की शेयर पूंजी की जरूरत है, ताकि वे बासेल-तीन मानक पर खरे उतर सकें। उन्होंने स्पष्ट कर दिया था कि सरकार बिना नियंत्रण खोए बैंकों में हिस्सेदारी घटाएगी।

उन्होंने बैंकिंग सेक्टर में विलय के भी संकेत दे दिए थे। उन्होंने वित्तीय समावेशीकरण की नीति की जरूरत बताई थी। इसके कारण बाद में जनधन योजना को बढ़ावा दिया गया और यह योजना दुनिया की सबसे बड़ी वित्तीय समावेशीकरण योजना बन गई। इसी बजट में अर्थव्यस्था के खास क्षेत्र की जरूरत पूरी करने के लिए आरबीआई द्वारा एक फ्रेमवर्क बनाने पर भी चर्चा की गई थी। यह बाद में लधु बैंकों और भुगतान बैंकों की स्थापना की बुनियाद बनी।

फंसे कर्ज से निकालने की प्रक्रिया तेज की
लंबे समय से कई कंपनियां बैंकों के अरबों-खरबों रुपये का कर्ज दबाए बैठी थी। इसके कारण बैंकों के फंसे कर्ज (एनपीए) का स्तर काफी बढ़ गया था। इसका असर बैंकों के बैलेंस शीट पर पड़ रहा था और वे कर्ज दे पाने में कठिनाई का सामना कर रहे थे। इस समस्या के समाधान के लिए जेटली ने इन्सॉल्वेंसी एंड बैंक्रप्सी कानून बनाया। इसके कारण बैंक कर्जदार कंपनियों से अपने कर्ज की वसूली कर पाने में अधिक सक्षम हो गए। इस कानून के बल पर बैंक कर्ज न चुकाने वाली कंपनियों से करीब डेढ़ लाख करोड़ रुपये की वसूली कर चुके हैं।

बैंकों की पूंजी बढ़ाई
नोटबंदी और जनधन योजना के कारण बैंकों की जमा पूंजी का स्तर काफी बढ़ गया। इसके कारण बैंक अधिक कर्ज देने में सक्षम हो गए। कम लागत पर बड़े पैमाने पर पूंजी मिलने के कारण बैंक कम दरों पर कर्ज देने में भी सक्षम हुए। इसके साथ ही सरकार ने बड़े पैमाने पर बैंकों में शेयर पूंजी का निवेश किया। इससे बैंकों की वित्तीय स्थिति और मजबूत हुई।

विलय के जरिये बढ़ाई ताकत
जेटली ने शुरू से ही विलय के जरिये बैंकों को शक्तशाली बनाने का इरादा स्पष्ट कर दिया था। उन्होंने इस नीति को स्पष्ट कर दिया था कि देश को कम संख्या में लेकिन अंतरराष्ट्रीय स्तर के बड़े बैंकों की जरूरत है। इसके तहत पहली अप्रैल 2017 को भारतीय स्टेट बैंक में उसके पांच सहयोगी बैंकों का विलय कर दिया गया। इसके बाद जेटली ने विजया बैंक और देना बैंक को बैंक ऑफ बड़ौदा में विलय करने की प्रक्रिया तेज की। इन तीनों बैंकों का इसी साल पहली अप्रैल को विलय हो गया। इसके बाद बैंक ऑफ बड़ौदा एसबीआई के बाद देश का दूसरा सबसे बड़ा सरकारी बैंक बन गया।

बैंक बोर्ड ब्यूरो का गठन
बैंकिंग व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सरकार ने बैंक बोर्ड ब्यूरो का गठन किया। ब्यूरो ने पहली अप्रैल 2016 से काम करना शुरू कर दिया। इससे बैंकों के शीर्ष पदों पर बेहतरीन प्रतिभाओं के चयन की प्रक्रिया मजबूत हुई। ब्यूरो सरकारी बैंकों में गवर्नेंस सुधार के लिए भी काम करता है। यह बैंकों को रणनीति बनाने और पूंजी जुटाने में भी मदद करता है।

सुविधा से वंचित लोगों तक बैंकिंग सुविधा पहुंचाई
जेटली ने एक ओर जनधन खातों के सहारे सुविधा से वंचित करोड़ों लोगों तक बैंकिंग सुविधा पहुंचाई। जनधन योजना के तहत खुले खातों में आधे से अधिक महिलाओं के खाते हैं। वहीं, दूसरी ओर पोस्टल बैंक के सहारे डाक घर के विशाल नेटवर्क का उपयोग भी बैंकिंग सुविधा को देश के कोने-कोने तक पहुंचाने में किया।