Friday, July 24, 2026
Home Blog Page 274

हरे निशान पर खुला बाजार; सेंसेक्स 69 अंक चढ़कर 84343 पर, निफ्टी 25900 के पार

नई दिल्ली। Stock Market Opened Today: हफ्ते के तीसरे कारोबारी दिन यानी बुधवार को भारतीय बाजार बढ़त के साथ खुला। शुरुआती कारोबार में 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 68.97 अंक या 0.08 प्रतिशत चढ़कर 84,342.89 अंक पर, जबकि 50 शेयरों वाला निफ्टी 40.40 अंक या 0.16 प्रतिशत चढ़कर 25,975.55 अंक पर आ गया।

बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 65 अंकों की तेजी के साथ 84339 पर खुला। जबकि, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज NSE का 50 शेयरों वाला बेंचमार्क इंडेक्स निफ्टी 62 अंकों की बढ़त के साथ 25997 के लेवल से बुधवार के कारोबार की शुरुआत की।

ग्लोबल मार्केट के संकेत

  • एशियन मार्केट
    चीन में मुद्रास्फीति के आंकड़ों से पहले एशियाई बाजारों में बुधवार को तेजी रही। जापान के बाजार सार्वजनिक अवकाश के लिए बंद हैं। दक्षिण कोरिया के कोस्पी में 0.18 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जबकि कोस्डैक में 0.33 प्रतिशत की वृद्धि हुई। हांगकांग के हैंग सेंग इंडेक्स फ्यूचर्स ने उच्च शुरुआत का संकेत दिया।
  • गिफ्ट निफ्टी टुडे
    गिफ्ट निफ्टी 26,056 के आसपास कारोबार कर रहा था, जो निफ्टी फ्यूचर्स के पिछले बंद भाव से करीब 70 अंक का प्रीमियम था। यह भारतीय शेयर बाजार के सूचकांकों के लिए सकारात्मक शुरुआत का संकेत देता है।
  • वॉल स्ट्रीट
    अमेरिकी शेयर बाजार मंगलवार को मिश्रित रूप से समाप्त हुआ, डॉऊ जोन्स लगातार तीसरे रिकॉर्ड के करीब पहुंच गया। डाऊ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 52.27 अंक या 0.10 प्रतिशत बढ़कर 50,188.14 पर पहुंच गया, जो दिन की शुरुआत में इंट्राडे रिकॉर्ड उच्च स्तर पर पहुंचने के बाद था, जबकि एसएंडपी 500 23.01 अंक या 0.33 प्रतिशत गिरकर 6,941.81 पर आ गया। नैस्डैक कंपोजिट 136.20 अंक या 0.59 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,102.47 पर बंद हुआ।

    अमेरिका से प्रथम चरण में 5 लाख टन तक डीडीजीएस के आयात पर शुल्क में छूट

    नई दिल्ली। केन्द्र सरकार ने स्पष्ट किया है कि अंतरिम व्यापारिक करार (ट्रेड डील) के अंतर्गत प्रथम चरण के दौरान अमरीका से 5 लाख टन तक ड्राईड डिस्टीलर्स ग्रेन्स विद सोल्युबल्स (डीडीजीएस) के आयात पर सीमा शुल्क में छूट दी जाएगी। इससे स्वदेशी डिस्टीलर्स एवं मैन्युफैक्चर्स को थोड़ी बहुत राहत मिल सकती है।

    उनका कहना है कि 5 लाख टन तक का वार्षिक आयात उसके कारोबार को ज्यादा प्रभावित नहीं करेगा लेकिन अगर इस कोटे में बढोत्तरी की गई तो संकट उत्पन्न हो सकता है।

    उल्लेखनीय है कि अनाज पर आधारित एथनॉल निर्माण इकाई में खासकर मक्का और चावल की प्रोसेसिंग के दौरान एथनॉल का उत्पादन होता है और जो अवशिष्ट अवयव बच जाता है वह डीडीजीएस कहलाता है।

    इसका उपयोग पशु आहार एवं पॉल्ट्री फीड के निर्माण में बड़े पैमाने पर किया जाता है। पहले भारत में इसका सीमित उत्पादन होता था लेकिन अब से एथनॉल निर्माण में मक्का का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल आरम्भ हुआ है तब से देश में डीडीजीएस का उत्पादन बड़े पैमाने पर होने लगा है।

    अब देश में डीडीजीएस का पर्याप्त उत्पादन होने लगा है इसलिए विदेशों से इसके आयात की आवश्यकता लगभग समाप्त हो गई है। ऐसी हालत में यदि अमरीका से इसका बेतहाशा आयात हुआ तो डिस्टीलर्स की आमदनी पर गंभीर प्रतिकूल असर पड़ सकता है।

    उल्लेखनीय है कि अमरीका दुनिया में मक्का का सबसे बड़ा उत्पादक एवं निर्यातक देश है और वहां इसकी घरेलू क्रशिंग-प्रोसेसिंग भी बड़े पैमाने पर होती है। इससे वहां डीडीजीएस का विशाल निर्यात योग्य अधिशेष स्टॉक उपलब्ध रहता है।

    Budget 2026: वित्त मंत्री दीया कुमारी आज विधानसभा में पेश करेगी राजस्थान बजट

    जयपुर। राजस्थान का बहुप्रतीक्षित बजट आज 11 फरवरी को विधानसभा में पेश किया जाएगा। उप मुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री दीया कुमार इस कार्यकाल का अहम बजट सदन के पटल पर रखेंगी। सरकार के संकेत साफ है, यह बजट युवाओं, महिलाओं, किसानों के साथ-साथ शहरी और ग्रामीण विकास को केंद्र में रखकर तैयार किया गया है।

    नई योजनाओं के साथ-साथ कई मौजूदा योजनाओं के दायरे को बढ़ाने की तैयारी है, जिससे बजट को “समावेशी विकास” की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। बजट से पहले ही प्रदेशभर में उम्मीदों का माहौल है। खासतौर पर युवा, किसान और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़े वर्ग सरकार की घोषणाओं पर नजरें टिकाए बैठे हैं।

    युवाओं पर सबसे बड़ा दांव
    इस बार के बजट में युवाओं को बड़ी राहत मिलने की संभावना जताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार सरकार करीब एक लाख नई सरकारी नौकरियों की घोषणा कर सकती है। आरएएस और उच्च पदों को छोड़कर अधिकतर भर्तियों में इंटरव्यू प्रक्रिया समाप्त करने का ऐलान संभव है, जिससे भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी और समयबद्ध हो सके।

    इसके साथ ही संविदा कर्मचारियों की सैलरी बढ़ाने और उनकी सेवा शर्तों में सुधार को लेकर भी प्रावधान किए जा सकते हैं। बेरोजगारी से जूझ रहे युवाओं के लिए यह बजट अहम माना जा रहा है।

    सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने की तैयारी
    बुजुर्गों, दिव्यांगों और विधवाओं के लिए सरकार सामाजिक सुरक्षा पेंशन में लगभग 15 प्रतिशत की बढ़ोतरी कर सकती है। यदि यह प्रस्ताव लागू होता है, तो लाखों परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा। सरकार का फोकस कमजोर वर्गों को आर्थिक सुरक्षा देने पर दिख रहा है।

    किसानों के लिए राहत और भरोसा
    कृषि क्षेत्र को लेकर भी बजट में कई अहम घोषणाओं की उम्मीद है। किसान सम्मान निधि की राशि को चरणबद्ध तरीके से बढ़ाकर 12 हजार रुपये तक ले जाने की तैयारी बताई जा रही है।

    इसके अलावा सहकारी बैंकों के जरिए बिना ब्याज फसली ऋण योजना का दायरा बढ़ाने, गेहूं सहित कुछ फसलों पर एमएसपी बोनस बढ़ाने और बाजरा-ज्वार की सरकारी खरीद को प्रोत्साहन देने के संकेत हैं। सूखे और मौसम की मार झेल रहे किसानों के लिए यह कदम राहत देने वाला हो सकता है।

    सिंचाई, डेयरी और पशुपालन पर फोकस
    बजट में नई छोटी सिंचाई परियोजनाओं, माइक्रो इरिगेशन और आदिवासी क्षेत्रों में सिंचाई योजनाओं की घोषणा संभव है। डेयरी और पशुपालन क्षेत्र में दूध खरीद पर बोनस बढ़ाने, पशुधन बीमा योजना का विस्तार और महिलाओं के लिए विशेष डेयरी प्रोत्साहन योजना लाने की भी संभावना है।

    महिलाओं और स्वयं सहायता समूहों के लिए सौगात
    महिला सशक्तिकरण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। लखपति दीदी योजना का दायरा बढ़ाने, महिला स्वयं सहायता समूहों की संख्या और उनके बजट में इजाफा किया जा सकता है। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा सहयोगियों के लिए प्रोत्साहन राशि बढ़ाने की घोषणा भी बजट में जगह पा सकती है।

    सड़क, परिवहन और शहरी विकास
    इंफ्रास्ट्रक्चर के मोर्चे पर भी बजट से बड़ी उम्मीदें हैं। नए स्टेट एक्सप्रेसवे, सड़कों के उन्नयन, ओवरब्रिज और अंडरब्रिज निर्माण की घोषणाएं संभव हैं। रोडवेज के लिए करीब 1000 नई बसें खरीदने, जयपुर रिंग रोड फेज-2 और जयपुर मेट्रो फेज-2 के पहले पैकेज के लिए बजट प्रावधान किए जा सकते हैं।

    बिजली, पानी और उद्योग
    सरकार 24 घंटे बिजली आपूर्ति की कार्ययोजना, स्मार्ट मीटर, नए ग्रिड सब स्टेशन और किसानों की बिजली दरें नहीं बढ़ाने का भरोसा दे सकती है। अमृत-2 योजना के तहत सीवरेज और पेयजल परियोजनाओं पर फोकस रहेगा। उद्योगों के लिए सिंगल विंडो सिस्टम, डिफेंस, एयरोस्पेस और सेमीकंडक्टर सेक्टर को बढ़ावा देने के ऐलान भी संभव हैं।

    शिक्षा और स्वास्थ्य ढांचे का विस्तार
    बजट में नए मेडिकल कॉलेज, अस्पताल, पीएचसी-सीएचसी निर्माण और मेडिकल-पैरामेडिकल सीटें बढ़ाने की घोषणा की जा सकती है। जर्जर स्कूल भवनों की मरम्मत और नए स्कूल भवनों के लिए अलग बजट प्रावधान भी संभावित है।

    अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाना राज्य सरकार की मंशा: ऊर्जा मंत्री

    आमली घटाल को ग्राम पंचायत का दर्जा मिलने पर ग्रामीणों ने किया ऊर्जा मंत्री का अभिनंदन

    कोटा/ सांगोद। सांगोद उपखंड में आमली घटाल को नवीन ग्राम पंचायत के रूप में सृजित किए जाने पर राजस्थान सरकार के ऊर्जा मंत्री एवं सांगोद विधायक हीरालाल नागर का क्षेत्रवासियों द्वारा भव्य अभिनंदन किया गया। ग्राम पंचायत गठन की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होने पर ग्रामीणों में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला।

    इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, ग्रामवासियों, सामाजिक संगठनों एवं कार्यकर्ताओं ने ऊर्जा मंत्री नागर का माल्यार्पण कर स्वागत किया और उनका आभार व्यक्त किया। उपस्थित जनसमूह ने कहा कि ग्राम पंचायत का दर्जा मिलने से क्षेत्र में प्रशासनिक मजबूती आएगी तथा विकास कार्यों को गति मिलेगी। अब ग्रामीणों को अपने कार्यों के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा और योजनाओं का लाभ सीधे ग्राम स्तर पर मिलेगा।

    ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार की मंशा है कि अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुँचे। ग्राम पंचायत गठन से आमली घटाल क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, बिजली और स्वच्छता जैसी मूलभूत सुविधाओं के विकास को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने कहा कि सांगोद विधानसभा क्षेत्र का संतुलित और सतत विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

    नागर ने क्षेत्रवासियों को आश्वस्त किया कि आने वाले समय में और भी विकास कार्य स्वीकृत कराए जाएंगे तथा ग्रामीणों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।

    कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामवासी, जनप्रतिनिधि, पंचायत स्तर के पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने ग्राम पंचायत गठन के लिए राज्य सरकार और ऊर्जा मंत्री का आभार व्यक्त किया।

    काशीपुरी में 100 बेड के नए उप जिला अस्पताल के भवन निर्माण का कार्यादेश जारी

    उर्जा मंत्री नागर के प्रयासों से सांगोद क्षेत्र को मिली बड़ी सौगात

    कोटा/सांगोद। ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर के प्रयासों से सांगोद में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। राज्य सरकार द्वारा सांगोद में 100 बेड के काशीपुरी नवीन उप जिला अस्पताल भवन निर्माण के लिए कार्यादेश जारी कर दिया गया है।

    इस भव्य अस्पताल भवन के निर्माण पर तकरीबन 22.43 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। जिसमें 100 बेड की क्षमता के साथ अन्य चिकित्सा सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। इसमें आंतरिक विद्युतीकरण का कार्य भी शामिल है। ​इस अस्पताल का निर्माण कार्य 2028 तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।

    ​ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने बताया कि इस परियोजना से सांगोद और आसपास के दर्जनों गांवों के ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उनके घर के समीप ही उपलब्ध हो सकेंगी। विभाग को निर्देशित किया गया है कि निर्माण कार्य सार्वजनिक निर्माण विभाग के मानकों और उच्च गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए।

    तीन मंजिला होगी इमारत
    उपजिला चिकित्सालय काशीपुरी सांगोद में भूतल के अलावा दो मंजिलें बनाई जाएगी। जिन पर चिकित्सा से संबंधित विभिन्न ब्लॉक तैयार होंगे। यहां भूतल पर ओपीडी ब्लॉक, इमरजेंसी ब्लॉक, आईएनसी, पीएनसी वार्ड, लेबर जॉन बनेंगे। वहीं प्रथम तल पर ओपीडी ब्लॉक, ऑपरेशन थिएटर, आईसीयू जॉन, रेडियोलॉजी डिपार्टमेंट, ब्लड बैंक होंगे। द्वितीय तल पर अस्पताल के प्रशासनिक कार्य सम्पन्न होंगे।

    राउंड टेबल इंडिया ने बृजराजपुरा के सरकारी स्कूल के नए भवन का लोकार्पण किया

    कोटा। शिक्षा को सामाजिक बदलाव का मजबूत आधार मानते हुए राउंड टेबल इंडिया ने अपने राष्ट्रीय अभियान ‘फ्रीडम थ्रू एजुकेशन’ के अंतर्गत राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, बृजराजपुरा-द्वितीय, डाइट परिसर में चार कक्षाओं के नए भवन का लोकार्पण किया।

    कोटा राउंड टेबल-281 के चेयरमेन सिद्धार्थ पोद्दार ने बताया कि बृजराजपुरा में निर्मित चार कक्षाओं की कुल लागत लगभग 25 लाख रुपये रही। उन्होंने बताया कि बीते 10 वर्षों में कोटा नगर निगम क्षेत्र में संस्था द्वारा 50 से अधिक कक्षाओं का निर्माण कराया जा चुका है।

    एरिया चेयरमैन धर्मवीर पांड्या ने कहा कि ‘फ्रीडम थ्रू एजुकेशन’ अभियान का उद्देश्य वंचित और कमजोर वर्ग के बच्चों के लिए विद्यालयों में जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराकर शिक्षा को आसान, सुरक्षित और बेहतर बनाना है।

    उन्होंने बताया कि राउंड टेबल इंडिया देशभर के सरकारी विद्यालयों में कक्षाओं के निर्माण के साथ-साथ शौचालय, पेयजल व्यवस्था, पुस्तकालय, विज्ञान प्रयोगशालाएं, खेल मैदान और अन्य बुनियादी सुविधाएं विकसित कर रहा है।

    बृजराजपुरा स्थित नए विद्यालय भवन में चार आधुनिक कक्षाओं के साथ बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास को ध्यान में रखते हुए खेल एवं मनोरंजन की सुविधाएं भी विकसित की गई हैं, जिनमें स्लाइड, झूले, सी-सॉ और मेरी-गो-राउंड शामिल हैं। इस परियोजना से हर वर्ष आसपास के क्षेत्रों के 262 वंचित बच्चों को सीधा लाभ मिलेगा।

    भवन के लोकार्पण अवसर पर एरिया चेयरमैन धर्मवीर पांड्या, एरिया सेक्रेटरी किंशुक जैन एवं एरिया प्रोजेक्ट कन्वीनर वरुण मालू उपस्थित रहे। यह निर्माण कार्य कोटा राउंड टेबल-281 द्वारा ओरिलाइट एवं रियल टेम्पल्स ऑफ इंडिया के सहयोग से पूरा किया गया।

    इस अवसर पर शंकी बंसल, मुदित गोयल, निखिल जैन, तरुण जैन, अपूर्व अग्रवाल, क्रिना जैन, गौरव गोयल, ध्रुव गुप्ता, स्वप्निल मदान, मेहक मेहता, उदिता पांड्या, सिद्धार्थ मुनोत, एवं अर्चिता पोद्दार सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।

    हाड़ौती के पर्यटन स्थलों के प्रचार-प्रसार के लिए फिल्म जगत को कोटा से जोड़ा जाएगा

    कोटा। हाड़ौती टूरिज्म डेवलपमेंट सोसायटी पिछले करीब 20 वर्षों से कोटा शहर एवं हाड़ौती क्षेत्र में पर्यटन विकास के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रही है। इसी क्रम में सोसायटी ने हाड़ौती के पर्यटन स्थलों के प्रचार-प्रसार के लिए फिल्म जगत को कोटा से जोड़ने की दिशा में ठोस पहल करने का निर्णय लिया है।

    इसके तहत हाडौती के प्रमुख फिल्म निर्माताओं को कोटा लाकर यहां के पर्यटन स्थलों को फिल्मों और अन्य माध्यमों से राष्ट्रीय पहचान दिलाने की योजना बनाई जा रही है। इस संबंध में आगामी मई माह में विस्तृत परियोजना तैयार की जाएगी।

    इस विषय को लेकर आयोजित बैठक में वरिष्ठ उपाध्यक्ष गीतेश कंजोलिया, नीरज भटनागर, वीरेंद्र विजय एवं सुभाष सोरल ने भाग लिया। बैठक में उपस्थित सदस्यों ने हाड़ौती क्षेत्र के पर्यटन विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण सुझाव रखे।

    इस अवसर पर सुभाष सोरल ने कहा कि किसी भी क्षेत्र के पर्यटन विकास में फिल्म जगत की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि लद्दाख, जैसलमेर, चित्तौड़गढ़ सहित राजस्थान के कई पर्यटन स्थल फिल्मों के माध्यम से ही देश-दुनिया में प्रसिद्ध हुए हैं। यही नहीं, यूरोप के कई पर्यटन स्थल भी फिल्म उद्योग के कारण लोकप्रिय बने हैं, जिनमें स्विट्जरलैंड इसका प्रमुख उदाहरण है।

    बैठक में यह महत्वपूर्ण सुझाव सामने आया कि आगामी सत्र में सोसायटी द्वारा फिल्म जगत से जुड़े निर्देशकों, लाइन प्रोड्यूसर्स एवं अन्य प्रमुख फिल्म निर्माताओं का एक ‘फेम टूर’ आयोजित किया जाए। लगभग 30 फिल्म निर्माताओं को आमंत्रित करने पर सभी सदस्यों ने सहमति जताई।

    इसी क्रम में नीरज भटनागर ने सुझाव दिया कि कुछ चुनिंदा इनबाउंड टूर ऑपरेटर्स, जो सीरीज बुकिंग्स के क्षेत्र में कार्यरत हैं, उनके लिए भी एक अलग फेम टूर आयोजित किया जाना चाहिए।

    गीतेश कंजोलिया ने सुझाव दिया कि पर्यटन विकास को गति देने के लिए संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों, जिनमें पर्यटन विभाग, वन्यजीव विभाग एवं पर्यटन से जुड़े अन्य विभाग शामिल हैं, उनसे समन्वय स्थापित कर आगामी सत्र के लिए ठोस कार्य योजना बनाई जाए।

    बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से भेंट कर उन्हें प्रस्तावित योजनाओं से अवगत कराया जाएगा तथा उनके मार्गदर्शन में आगामी कार्ययोजना की रूपरेखा तैयार की जाएगी।

    OPPO K14X 5G स्मार्टफोन भारत में लॉन्च, 16 फरवरी से फ्लिपकार्ट पर उपलब्ध

    कोटा। Advertisment News: ओप्पो इंडिया ने भारत में OPPO K14X 5G के लॉन्च के साथ अपनी के-सीरीज़ को आगे बढ़ाया है। यह स्मार्टफोन पॉवर, परफॉर्मेंस और स्मूथनेस के लिए डिज़ाइन किया गया है। यह ओप्पो के पूरा दिन बेफिक्र उपयोग के वादे के साथ आता है। विद्यार्थियों, नौकरी की शुरुआत करने वालों, गेमर्स और किफायत पसंद करने वाले ग्राहकों के लिए बनाया गया OPPO K14X 5G भारी उपयोग के साथ भी लंबे समय तक चलता है।

    यह रियल-टाईम मल्टीटास्किंग के साथ यूज़र्स को पूरा दिन केंद्रित और कनेक्टेड रहने में समर्थ बनाता है। OPPO K14X 5G के 4GB और 128GB वैरिएंट का मूल्य 14999 रुपये और 6GB और 128GB वैरिएंट का मूल्य 16999 रुपये है। यह 16 फरवरी से ओप्पो ई-स्टोर और फ्लिपकार्ट पर उपलब्ध होगा। यह दो रंगों, आईसी ब्लू और प्रिज़्म वॉयलेट में आएगा।

    OPPO K14X 5G की प्री -बुकिंग शुरू हो गई, जिससे यूज़र्स को यह डिवाईस खरीदने का अवसर समय से पहले ही मिल जाएगा। सेल के दिन इस स्मार्टफोन के 4GB और 6GB वैरिएंट्स पर 1500 रुपये का इंस्टैंट डिस्काउंट और चुनिंदा बैंक ऑफर दिए जा रहे हैं। इसके साथ 3 महीने की नो-कॉस्ट ईएमआई भी मिल रही है।

    गोल्डी पटनायक, हेड ऑफ कम्युनिकेशंस, ओप्पो इंडिया ने कहा, ‘‘ओप्पो K सीरीज़ भारत में लाखों ग्राहकों को बहुत पसंद आई है। ओप्पो के OPPO K14X 5G के सीरीज़ की विरासत को आगे बढ़ा रहा है।

    अंशुमन भट्ट हेड ऑफ ई-कॉमर्स ने कहा,यह स्मार्टफोन वास्तविक परिस्थितियों में पूरे दिन लगातार इस्तेमाल और मल्टीटास्किंग के लिए बनाया गया है। के14एक्स स्मूथनेस पर हमारा फोकस प्रदर्शित करता है। यह लंबे समय तक भरोसेमंद परफॉर्मेंस और लगातार पॉवर प्रदान करता है। यह क्वालिटी और मजबूत आफ्टर-सेल्स ईकोसिस्टम की ओप्पो की प्रतिबद्धता प्रदर्शित करता है।

    Kota Mandi: कमजोर उठाव से कोटा मंडी में उड़द, सोयाबीन, चना मंदा बिका

    कोटा। Kota Mandi Price Today: भामाशाह अनाज मंडी में मंगलवार को कमजोर उठाव से उड़द, सोयाबीन 200 रुपये, चना 75 रुपये मंदा रहा। मिलर्स की लिवाली से धान 50 रुपये तेज रहा। मंडी में सभी कृषि जिंसों की मिलाकर करीब 70000 कट्टे और लहसुन की 1000 कट्टे की आवक रही। जिंसों के भाव रुपये प्रति क्विंटल इस प्रकार रहे-

    गेहूं 2411 से 2470, बाजरा 2000 से 2350, मक्का लाल 1500 से 1750, मक्का सफेद 2500 से 2800 जौ 2000 से 2300, रुपये प्रति क्विंटल। धान सुगन्धा 2800 से 3201, धान (1509 )3000 से 3861, धान (1847) 3200 से 3761, धान (1718-1885) 3700 से 4350, धान (पूसा-1) 3800 से 4100, धान (1401-1846) 3800 से 4200, धान दागी 1500 से 3000 रुपये प्रति क्विंटल।

    सोयाबीन 4000 से 5311, सरसो 6200 से 6600, सरसों नयी 5500 से 6700, अलसी 6000 से 6700, ज्वार शंकर 1700 से 2300, ज्वार सफेद 2800 से 5000, तिल्ली 7000 से 10500 रुपये प्रति क्विंटल। मूंग 6000 से 6900, उड़द 4500 से 8000, चना देशी 4700 से 5221, चना मौसमी 4700 से 5200, चना पेप्सी 4800 से 5251, चना डंकी 3500 से 4700, चना काबुली 6000 से 7500 रुपये प्रति क्विंटल।

    पुराना लहसुन 3000 से 8500, नया लहसुन 7500से 11500 मैथी 4000 से 5300, धनिया बादामी 7500 से 8800 धनिया ईगल 9200 से 9500 रुपये प्रति क्विंटल।

    सोच ऊंची तो सफलता की उड़ान भी ऊंची ही होगी: एनवी सर

    0

    कपिध्वज करियर गाइडेंस कार्यक्रम में 10 हजार से अधिक विद्यार्थियों को मिली नई दिशा

    कोटा। ‘सोच ऊंची होगी तो सफलता की उड़ान भी ऊंची होगी।’ यह संदेश दिया मोशन एजुकेशन के फाउंडर और शिक्षाविद् नितिन विजय ने छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के भटगांव स्थित स्टेडियम ग्राउंड में आयोजित कपिध्वज करियर गाइडेंस कार्यक्रम में।

    दस हजार से अधिक विद्यार्थियों की मौजूदगी में आयोजित इस भव्य आयोजन की पहल राज्य की महिला, बाल विकास एवं समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने की।

    फिजिक्स गुरु के नाम से लोकप्रिय एनवी सर ने विद्यार्थियों से सीधा संवाद करते हुए करियर चयन, प्रतियोगी परीक्षाओं की रणनीति, समय प्रबंधन और आत्मविश्वास निर्माण पर व्यावहारिक मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि सफलता दो बार मिलती है-पहले मन में और फिर वास्तविक जीवन में।

    इसलिए लक्ष्य तय करने से पहले अपनी रुचि, क्षमता और व्यक्तित्व को समझना जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल अंक नहीं, बल्कि सकारात्मक सोच, सही दिशा और निरंतर अभ्यास ही बड़ी उपलब्धियों का आधार बनते हैं।

    मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने युवाओं को राष्ट्र निर्माण की धुरी बताते हुए कहा कि चुनौतियां ही व्यक्ति को मजबूत बनाती हैं। स्पष्ट लक्ष्य, अनुशासित दिनचर्या और मूल्य आधारित शिक्षा से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं रहता।

    उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे अपने दीर्घकालिक उद्देश्यों को ध्यान में रखकर करियर चुनें और ऐसे मार्गदर्शन कार्यक्रमों का अधिकतम लाभ उठाएं।

    कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ वन विकास निगम के अध्यक्ष रामसेवक पैकरा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती चंद्रमणी, जिला पंचायत सीईओ विजेंद्र पाटले, एसडीएम चांदनी कंवर सहित बड़ी संख्या में अभिभावक मौजूद रहे। समापन पर विद्यार्थियों ने माता-पिता के सम्मान, नशामुक्त भारत और बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ के निर्माण का संकल्प लिया।

    मन में सदा के लिए अंकित हो गए वे पल

    मंत्री राजवाड़े ने कहा कि यह आयोजन केवल करियर गाइडेंस तक सीमित नहीं रहा, बल्कि बच्चों को उनकी आंतरिक शक्ति और आत्मसम्मान से परिचित कराने का माध्यम बना। हजारों विद्यार्थियों द्वारा तिरंगा लहराते हुए राष्ट्रगीत गाने का दृश्य भावुक कर देने वाला था। वहीं नितिन विजय ने इसे अपने जीवन का अविस्मरणीय दिन बताते हुए कहा कि विद्यार्थियों का विश्वास उनकी सबसे बड़ी पूंजी है।