Saturday, July 25, 2026
Home Blog Page 275

OPPO K14X 5G स्मार्टफोन भारत में लॉन्च, 16 फरवरी से फ्लिपकार्ट पर उपलब्ध

कोटा। Advertisment News: ओप्पो इंडिया ने भारत में OPPO K14X 5G के लॉन्च के साथ अपनी के-सीरीज़ को आगे बढ़ाया है। यह स्मार्टफोन पॉवर, परफॉर्मेंस और स्मूथनेस के लिए डिज़ाइन किया गया है। यह ओप्पो के पूरा दिन बेफिक्र उपयोग के वादे के साथ आता है। विद्यार्थियों, नौकरी की शुरुआत करने वालों, गेमर्स और किफायत पसंद करने वाले ग्राहकों के लिए बनाया गया OPPO K14X 5G भारी उपयोग के साथ भी लंबे समय तक चलता है।

यह रियल-टाईम मल्टीटास्किंग के साथ यूज़र्स को पूरा दिन केंद्रित और कनेक्टेड रहने में समर्थ बनाता है। OPPO K14X 5G के 4GB और 128GB वैरिएंट का मूल्य 14999 रुपये और 6GB और 128GB वैरिएंट का मूल्य 16999 रुपये है। यह 16 फरवरी से ओप्पो ई-स्टोर और फ्लिपकार्ट पर उपलब्ध होगा। यह दो रंगों, आईसी ब्लू और प्रिज़्म वॉयलेट में आएगा।

OPPO K14X 5G की प्री -बुकिंग शुरू हो गई, जिससे यूज़र्स को यह डिवाईस खरीदने का अवसर समय से पहले ही मिल जाएगा। सेल के दिन इस स्मार्टफोन के 4GB और 6GB वैरिएंट्स पर 1500 रुपये का इंस्टैंट डिस्काउंट और चुनिंदा बैंक ऑफर दिए जा रहे हैं। इसके साथ 3 महीने की नो-कॉस्ट ईएमआई भी मिल रही है।

गोल्डी पटनायक, हेड ऑफ कम्युनिकेशंस, ओप्पो इंडिया ने कहा, ‘‘ओप्पो K सीरीज़ भारत में लाखों ग्राहकों को बहुत पसंद आई है। ओप्पो के OPPO K14X 5G के सीरीज़ की विरासत को आगे बढ़ा रहा है।

अंशुमन भट्ट हेड ऑफ ई-कॉमर्स ने कहा,यह स्मार्टफोन वास्तविक परिस्थितियों में पूरे दिन लगातार इस्तेमाल और मल्टीटास्किंग के लिए बनाया गया है। के14एक्स स्मूथनेस पर हमारा फोकस प्रदर्शित करता है। यह लंबे समय तक भरोसेमंद परफॉर्मेंस और लगातार पॉवर प्रदान करता है। यह क्वालिटी और मजबूत आफ्टर-सेल्स ईकोसिस्टम की ओप्पो की प्रतिबद्धता प्रदर्शित करता है।

Kota Mandi: कमजोर उठाव से कोटा मंडी में उड़द, सोयाबीन, चना मंदा बिका

कोटा। Kota Mandi Price Today: भामाशाह अनाज मंडी में मंगलवार को कमजोर उठाव से उड़द, सोयाबीन 200 रुपये, चना 75 रुपये मंदा रहा। मिलर्स की लिवाली से धान 50 रुपये तेज रहा। मंडी में सभी कृषि जिंसों की मिलाकर करीब 70000 कट्टे और लहसुन की 1000 कट्टे की आवक रही। जिंसों के भाव रुपये प्रति क्विंटल इस प्रकार रहे-

गेहूं 2411 से 2470, बाजरा 2000 से 2350, मक्का लाल 1500 से 1750, मक्का सफेद 2500 से 2800 जौ 2000 से 2300, रुपये प्रति क्विंटल। धान सुगन्धा 2800 से 3201, धान (1509 )3000 से 3861, धान (1847) 3200 से 3761, धान (1718-1885) 3700 से 4350, धान (पूसा-1) 3800 से 4100, धान (1401-1846) 3800 से 4200, धान दागी 1500 से 3000 रुपये प्रति क्विंटल।

सोयाबीन 4000 से 5311, सरसो 6200 से 6600, सरसों नयी 5500 से 6700, अलसी 6000 से 6700, ज्वार शंकर 1700 से 2300, ज्वार सफेद 2800 से 5000, तिल्ली 7000 से 10500 रुपये प्रति क्विंटल। मूंग 6000 से 6900, उड़द 4500 से 8000, चना देशी 4700 से 5221, चना मौसमी 4700 से 5200, चना पेप्सी 4800 से 5251, चना डंकी 3500 से 4700, चना काबुली 6000 से 7500 रुपये प्रति क्विंटल।

पुराना लहसुन 3000 से 8500, नया लहसुन 7500से 11500 मैथी 4000 से 5300, धनिया बादामी 7500 से 8800 धनिया ईगल 9200 से 9500 रुपये प्रति क्विंटल।

सोच ऊंची तो सफलता की उड़ान भी ऊंची ही होगी: एनवी सर

0

कपिध्वज करियर गाइडेंस कार्यक्रम में 10 हजार से अधिक विद्यार्थियों को मिली नई दिशा

कोटा। ‘सोच ऊंची होगी तो सफलता की उड़ान भी ऊंची होगी।’ यह संदेश दिया मोशन एजुकेशन के फाउंडर और शिक्षाविद् नितिन विजय ने छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के भटगांव स्थित स्टेडियम ग्राउंड में आयोजित कपिध्वज करियर गाइडेंस कार्यक्रम में।

दस हजार से अधिक विद्यार्थियों की मौजूदगी में आयोजित इस भव्य आयोजन की पहल राज्य की महिला, बाल विकास एवं समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने की।

फिजिक्स गुरु के नाम से लोकप्रिय एनवी सर ने विद्यार्थियों से सीधा संवाद करते हुए करियर चयन, प्रतियोगी परीक्षाओं की रणनीति, समय प्रबंधन और आत्मविश्वास निर्माण पर व्यावहारिक मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि सफलता दो बार मिलती है-पहले मन में और फिर वास्तविक जीवन में।

इसलिए लक्ष्य तय करने से पहले अपनी रुचि, क्षमता और व्यक्तित्व को समझना जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल अंक नहीं, बल्कि सकारात्मक सोच, सही दिशा और निरंतर अभ्यास ही बड़ी उपलब्धियों का आधार बनते हैं।

मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने युवाओं को राष्ट्र निर्माण की धुरी बताते हुए कहा कि चुनौतियां ही व्यक्ति को मजबूत बनाती हैं। स्पष्ट लक्ष्य, अनुशासित दिनचर्या और मूल्य आधारित शिक्षा से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं रहता।

उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे अपने दीर्घकालिक उद्देश्यों को ध्यान में रखकर करियर चुनें और ऐसे मार्गदर्शन कार्यक्रमों का अधिकतम लाभ उठाएं।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ वन विकास निगम के अध्यक्ष रामसेवक पैकरा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती चंद्रमणी, जिला पंचायत सीईओ विजेंद्र पाटले, एसडीएम चांदनी कंवर सहित बड़ी संख्या में अभिभावक मौजूद रहे। समापन पर विद्यार्थियों ने माता-पिता के सम्मान, नशामुक्त भारत और बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ के निर्माण का संकल्प लिया।

मन में सदा के लिए अंकित हो गए वे पल

मंत्री राजवाड़े ने कहा कि यह आयोजन केवल करियर गाइडेंस तक सीमित नहीं रहा, बल्कि बच्चों को उनकी आंतरिक शक्ति और आत्मसम्मान से परिचित कराने का माध्यम बना। हजारों विद्यार्थियों द्वारा तिरंगा लहराते हुए राष्ट्रगीत गाने का दृश्य भावुक कर देने वाला था। वहीं नितिन विजय ने इसे अपने जीवन का अविस्मरणीय दिन बताते हुए कहा कि विद्यार्थियों का विश्वास उनकी सबसे बड़ी पूंजी है।

केंद्रीय श्रम संगठनों के साथ 12 फरवरी की हड़ताल में बैंक कर्मी भी शामिल होंगे

कोटा। केंद्र सरकार की मजदूर, किसान एवं राष्ट्र विरोधी कॉरपोरेट समर्थक नीतियों के विरोध में केंद्रीय श्रम संगठनों द्वारा 12 फरवरी की हड़ताल में बैंक कर्मी संगठन एआईबीईए,एआईबीओए तथा बेफी शामिल होंगे।

राजस्थान प्रदेश बैंक एम्पलाइज यूनियन कोटा के चेयरमैन अशोक ढल, अध्यक्ष ललित गुप्ता, सचिव पदम पाटोदी के अलावा आरबी मालव, डीएस साहू, अमित पंचोली, हेमराज सिंह गौड़, यतीश शर्मा, अनिल ऐरन, नरेंद्र सिंह, करनैल सिंह एवं शहाबुद्दीन ने एक संयुक्त बयान बताया कि बैंक कर्मियों विभिन्न मांगों को लेकर यह हड़ताल की जा रही है।

बैंक कर्मियों की प्रमुख मांगों में सभी कैडर में पर्याप्त भर्ती करने, आउटसोर्सिंग बंद करने, बैंकों के निजीकरण के प्रयास बंद करने, श्रम कानूनों में मजदूर हितों की अनदेखी बंद करने, पुरानी पेंशन लागू करने, निजी बैंकों का राष्ट्रीयकरण करने, जनता के लिए प्रभारों में कटौती करने, एनपीए की वसूली के लिए कारगर कदम उठाना आदि शामिल है।

इस हड़ताल को बैंक कर्मचारी संगठन एआईबीओसी, एनसीबीई, इनबेक, इनबॉक ने भी नैतिक समर्थन दिया है। मांगों के समर्थन में इस कमर्चारियों द्वारा बेज लगाए गए।

राजस्थान प्रदेश बैंक एम्पलाइज यूनियन कोटा के सचिव पदम कुमार पाटोदी ने बताया कि 11फरवरी को हड़ताल के समर्थन में बैंक ऑफ इंडिया एरोड्राम चौराहा शाखा पर सायं सवा पांच बजे प्रदर्शन किया जाएगा।

Budget: राजस्थान का बजट कल वित्त मंत्री दीया कुमारी करेंगी पेश

जयपुर। भजनलाल सरकार बुधवार को अपने कार्यकाल का तीसरा बजट पेश करने जा रही है। वित्त मंत्री दीया कुमारी सदन में आय-व्यय अनुमान पेश करेंगी। इस बजट से राजस्थान को अगले साल क्या मिलने वाला है, इस पर सभी की नजरें है।

इस बार का बजट युवाओं, महिलाओं, किसानों, शहरी-ग्रामीण विकास और इंफ्रास्ट्रक्चर पर केंद्रित रहने की संभावना है। सरकार की ओर से नई योजनाओं, भर्तियों और बड़े विकास कार्यों की घोषणाएं की जा सकती हैं।

1.50 लाख नई नौकरियां
भजनलाल सरकार नौकरियों को लेकर लगातार बड़े दावे कर रही है। पिछले बजट में एक लाख नई नौकरियों का ऐलान किया गया था। इस बजट में करीब 1.50 लाख नई भर्तियों की घोषणा की जा सकती है। आरएएस और उच्च पदों को छोड़कर अधिकांश भर्तियों में इंटरव्यू खत्म कर केवल परीक्षा आधारित चयन लागू किया जा सकता है। मुख्यमंत्री फैलोशिप योजना के तहत चयनित युवाओं की संख्या बढ़ाने का भी एलान हो सकता है। सरकारी विभागों में कार्यरत संविदा कर्मचारियों की सैलेरी बढ़ाने का प्रावधान बजट में किया जा सकता है, वहीं सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं में 15 प्रतिशत बढ़ोतरी की घोषणा की संभावना है।

ग्रीन फील्ड व सिटी इकोनॉमिक रीजन स्कीम
राजस्थान में इंफ्रा सेक्टर के लिए बजट में कई बड़े ऐलान हो सकते हैं। इसमें बीकानेर, जैसलमेर, जोधपुर, सीकर, झालावाड़, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, धौलपुर सहित 15 शहरों में रिंग रोड व नए ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस वे के लिए बजट का प्रावधान हो सकता है। इसके साथ ही प्रदेश की धार्मिक स्थलों से जुड़े शहरों के विकास के लिए ‘सिटी इकोनॉमिक रीजन’ में ऐलान किया जा सकता है। जयपुर में मेट्रो फेज टू के लिए तय रूट में एयरपोर्ट टर्मिनल्स को शामिल करने सहित- दूसरे चरण का का काम शुरू करने के लिए बजट का प्रावधान किया जा सकता है।

जयपुर में पार्किंग से जुड़ी समस्या को लेकर पीपीपी पर नए पार्किंग जोन्स डवलप प्रोजेक्ट का एलान किया जा सकता है। वेडिंग डेस्टिनेशन साइट्स डवलप करने के लिए आर्थिक सहायता और शेखावाटी हैरिटेज टूरिज्म संरक्षण के लिए भी बजट में प्रावधान किए जाने की संभावना है।

किसान सम्मान निधि में बढ़ोतरी
किसान सम्मान निधि की राशि को चरणबद्ध तरीके से 12 हजार रुपये तक बढ़ाने की घोषणा संभव है। ब्याजमुक्त फसली कर्ज योजना का दायरा बढ़ेगा और लाखों नए किसानों को इससे जोड़ा जाएगा। एमएसपी पर गेहूं समेत कुछ फसलों पर बोनस, बाजरा और ज्वार की सरकारी खरीद, हाईटेक खेती योजनाओं और नई सिंचाई परियोजनाओं के लिए बजट बढ़ाया जा सकता है।

दूध खरीद पर मिलने वाले बोनस में बढ़ोतरी, पशुधन बीमा योजना का विस्तार और महिलाओं के लिए डेयरी प्रोत्साहन योजना की घोषणा संभव है। बाड़मेर में अनार और सवाई माधोपुर में अमरूद प्रोसेसिंग यूनिट्स का भी ऐलान हो सकता है।

महिलाओं और बच्चों के लिए योजनाएं
लखपति दीदी योजना का दायरा बढ़ाने, मेधावी छात्राओं को स्कूटी योजना के विस्तार और महिला स्वयं सहायता समूहों के बजट में बढ़ोतरी की संभावना है। आंगनवाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहन राशि देने का एलान भी हो सकता है। दो से अधिक बच्चों वाले लोगों पर चुनाव लड़ने की रोक हटाने के लिए बिल लाने की घोषणा भी बजट सत्र में संभव है।

शिक्षा और स्वास्थ्य
सीएसआर की सहायता से प्रदेश के सरकारी स्कूलों की मरम्मत के लिए बजट का प्रावधान किया जा सकता है। इसके अलावा जिन जिलों में मेडिकल कॉलेज नहीं है वहां नए मेडिकल कॉलेजों का ऐलान किया जाना भी संभव है। मेडिकल में चिकित्सकों व पैरा मेडिकल स्टॉफ के पद बड़ी संख्या में खाली चल रहे हैं इन पर भी भर्तियों का ऐलान हो सकता है।

GDP: गोल्डमैन सैक्स ने भारत की जीडीपी ग्रोथ का अनुमान बढ़ाकर 6.9% किया

नई दिल्ली। वैश्विक ब्रोकरेज फर्म गोल्डमैन सैक्स ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील के एलान के बाद भारत की आर्थिक संभावनाओं को लेकर सकारात्मक रुख अपनाया है। फर्म ने कैलेंडर ईयर 2026 के लिए भारत की वास्तविक जीडीपी ग्रोथ का अनुमान 20 आधार अंक बढ़ाकर 6.9 प्रतिशत कर दिया है।

बाहरी क्षेत्र पर भी तस्वीर सुधरी है। फर्म ने भारत के चालू खाता घाटा के अनुमान को करीब 0.25 प्रतिशत जीडीपी घटाकर कैलेंडर वर्ष 2026 में 0.8 प्रतिशत कर दिया है। यह संशोधन अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा भारतीय निर्यात पर टैरिफ कम करने के एलान के बाद किया गया है।

गोल्डमैन सैक्स ने कहा कि ट्रेड डील के बाद भारतीय रुपये पर दबाव घटा है और बीते एक हफ्ते में रुपया उभरते बाजारों की सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाली मुद्रा रहा। हालांकि, ब्रोकरेज का मानना है कि मौजूदा स्तर से रुपये में ज्यादा मजबूती की गुंजाइश सीमित है, क्योंकि संभावित पोर्टफोलियो इनफ्लो को आरबीआई द्वारा फॉरेक्स रिजर्व बढ़ाने और शॉर्ट फॉरवर्ड पोजिशन के अनवाइंड से संतुलित किया जा सकता है।

ब्याज दरों को लेकर फर्म ने अपना रुख बरकरार रखा है। गोल्डमैन सैक्स को उम्मीद है कि भारतीय रिजर्व बैंक कैलेंडर ईयर 2026 में ब्याज दरों में 5.25 प्रतिशत पर स्थिर रखेगा। ब्रोकरेज का कहना है कि बेहतर बाहरी परिस्थितियों के चलते ग्रोथ से जुड़े डाउनसाइड जोखिम कम हुए हैं और रेट कट चक्र खत्म हो चुका है।

ट्रेड डील से निवेशकों का भरोसा बढ़ा
यह सकारात्मक आकलन भारत और अमेरिका के बीच 6 फरवरी को जारी संयुक्त बयान के बाद आया है, जिसमें पारस्परिक और लाभकारी अंतरिम व्यापार समझौते के ढांचे की घोषणा की गई थी। इसके तहत सेक्टर-विशिष्ट टैरिफ कटौती की रूपरेखा तय की गई है। इससे पहले 2 फरवरी को अमेरिकी राष्ट्रपति ने भारतीय निर्यात पर रेसिप्रोकल टैरिफ को 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत करने का एलान किया था। विश्लेषकों के मुताबिक, सीएडी में कमी और बेहतर ग्रोथ आउटलुक भारत की मैक्रोइकॉनॉमिक स्थिरता के लिए सकारात्मक संकेत हैं।

Stock Market: सेंसेक्स 208 अंक उछलकर 84273 पर, निफ्टी 25900 के पार बंद

नई दिल्ली। Stock Market Closed Today: हफ्ते के दूसरे कारोबारी दिन यानी मंगलवार को मामूली बढ़त के साथ बंद हुआ। 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 208.17 अंक या 0.25 प्रतिशत बढ़कर 84,273.92 पर और 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 67.85 अंक या 0.26 प्रतिशत बढ़कर 25,935.15 पर बंद हुआ।

छोटी और मझोली कंपनियों के शेयरों ने सबसे ज्यादा कमाल दिखाया। निफ्टी स्मॉलकैप 250 इंडेक्स 0.50 फीसदी और स्मॉलकैप 50 करीब 0.41 फीसदी मजबूत हुए। मिडकैप में भी जोरदार खरीदारी रही, निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 0.49 फीसदी चढ़कर 60,736 के स्तर पर बंद हुआ।

टॉप गेनर्स और लूजर्स
सेंसेक्स पैक में इटरनल लिमिटेड ने सबको पीछे छोड़ दिया। इसका शेयर 5.14 फीसदी उछलकर 303.70 पर पहुंच गया। टाटा स्टील ने 2.82 फीसदी की बढ़त के साथ 207.80 पर ट्रेडिंग खत्म की। महिंद्रा एंड महिंद्रा 1.79 फीसदी ऊपर 3,675 पर और टेक महिंद्रा 1.66 फीसदी बढ़कर 1,648 के करीब बंद हुए। पावर ग्रिड, NTPC, L&T, TCS और मारुति सुजुकी जैसे बड़े नाम भी 1.14 से 1.36 फीसदी तक चढ़े।

लेकिन कुछ बड़े शेयर नीचे भी आए। HCL टेक्नोलॉजीज सबसे ज्यादा लुढ़का, 2.03 फीसदी गिरकर 1,569.50 पर आ गया। बजाज फाइनेंस 1.74 फीसदी टूटकर 965.90 पर, भारती एयरटेल 1.27 फीसदी नीचे 2,012.60 पर और एशियन पेंट्स 0.77 फीसदी घटकर 2,399 के आसपास बंद हुए। अदानी पोर्ट्स, रिलायंस इंडस्ट्रीज, ITC, अल्ट्राटेक सीमेंट और HDFC बैंक भी लाल निशान में रहे।

सेक्टर्स की बात करें तो मीडिया में धमाल मचा, निफ्टी मीडिया 2.40 फीसदी उछला। ऑटो सेक्टर ने 1.37 फीसदी और मेटल ने 0.81 फीसदी की बढ़त दर्ज की। IT में हल्की-फुल्की 0.30 फीसदी की कमाई हुई। बैंकिंग में थोड़ा कन्फ्यूजन रहा, जिसमें निफ्टी बैंक 0.07 फीसदी नीचे जबकि प्राइवेट बैंक 0.18 फीसदी ऊपर रहा। फार्मा और PSU बैंक सेक्टर दबाव झेलते नजर आए।

अब 10 लाख या उससे अधिक की नकद जमा या निकासी पर PAN अनिवार्य होगा

0

नई दिल्ली। पैन कार्ड से जुड़े कई नियमों में बदलाव होने वाले हैं। दरअसल, हाल ही में केंद्र सरकार ने नए आयकर नियम-2026 का ड्राफ्ट जारी किया है। इस ड्राफ्ट के अनुसार, अब किसी व्यक्ति के एक या एक से अधिक बैंक खातों में एक वित्तीय वर्ष के दौरान कुल ₹10 लाख या उससे अधिक की नकद जमा या निकासी पर PAN अनिवार्य होगा।

बता दें कि वर्तमान में एक ही दिन में ₹50,000 से अधिक की नकद जमा पर पैन कार्ड देना जरूरी होता है। इसी तरह, मोटर वाहन खरीदते समय पैन नंबर बताने की राशि सीमा में भी बदलाव किया गया है। पहले मोटर वाहन, जिनमें मोटरसाइकिल भी शामिल हैं, खरीदते समय 5 लाख रुपये से अधिक कीमत होने पर पैन नंबर बताना अनिवार्य था। वर्तमान नियमों के तहत, दोपहिया वाहन खरीदते समय पैन नंबर बताने का कोई प्रावधान नहीं है। मोटर वाहनों के लिए, कीमत चाहे कितनी भी हो, पैन नंबर बताना अनिवार्य है।

हॉस्पिटैलिटी और इवेंट मैनेजमेंट पर भी असर
हॉस्पिटैलिटी और इवेंट मैनेजमेंट सेक्टर पर भी इन नियमों का असर पड़ेगा। होटल या रेस्टोरेंट के बिल, कन्वेंशन सेंटर, बैंक्वेट हॉल या किसी इवेंट मैनेजमेंट सेवा के भुगतान पर यदि राशि 1 लाख रुपये से अधिक है तो पैन कार्ड देना जरूरी होगा। अभी यह सीमा 50,000 रुपये है। वहीं, अभी तक किसी भी संपत्ति की खरीद, बिक्री, गिफ्ट या जॉइंट डेवलपमेंट एग्रीमेंट के लिए ₹10 लाख की सीमा थी, जिसे बढ़ाकर 20 लाख रुपये करने का प्रस्ताव है। बीमा कंपनियों के साथ अकाउंट-आधारित संबंध शुरू करने के लिए पैन कार्ड अनिवार्य होगा। अभी केवल ₹50,000 से अधिक के वार्षिक भुगतान पर पैन कार्ड जरूरी होता है।

नया आयकर अधिनियम, 2025 कब लागू होगा
नया आयकर अधिनियम 1 अप्रैल, 2026 से लागू होने वाला है। पीटीआई की एक रिपोर्ट के अनुसार, वित्त मंत्रालय के सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि सीबीडीटी हितधारकों से परामर्श के बाद नियमों को अंतिम रूप देगा और मार्च के पहले सप्ताह तक उन्हें अधिसूचित कर देगा।

Oppo का नया 5G फोन 6500mAh बैटरी, 50MP AI कैमरा के साथ लॉन्च

नई दिल्ली। OPPO ने आज 10 फरवरी 2026 को भारत में अपना नया OPPO K14x 5G स्मार्टफोन लॉन्च कर दिया है। यह फोन कंपनी की पॉपुलर K सीरीज का लेटेस्ट मॉडल है। इसे बजट-फ्रेंडली 5G सेगमेंट में पेश किया गया है।

OPPO K14x 5G में 6500mAh की बड़ी बैटरी, 120Hz रिफ्रेश रेट वाला बड़ा डिस्प्ले जैसे फीचर्स दिए गए हैं। कैमरा के मामले में भी फोन में 50MP का AI-पावर्ड मुख्य लेंस है। OPPO K14x 5G को IP64 डस्ट और स्प्लैश रेज़िस्टेंस भी मिला हुआ है। यह फोन पुराने K13x 5G का अपग्रेड वर्जन है। आइए आपको डिटेल में बताते हैं Oppo K14x 5G की कीमत और फीचर्स:

भारत में कीमत और उपलब्धता
Oppo K14x 5G के 4GB रैम और 128GB स्टोरेज वाले बेस वेरिएंट के लिए की कीमत 14,999 रुपये रखी गई है। वहीं, 6GB रैम और 128GB स्टोरेज वाले टॉप वेरिएंट की कीमत 16,999 रुपये है। कंपनी SBI, HDFC और ICICI बैंक के कार्ड पर 1500 रुपये तक की इंस्टेंट बैंक छूट दी जा रही है।

यह नया स्मार्टफोन 16 फरवरी से Flipkart और Oppo के ऑनलाइन स्टोर के माध्यम से भारत में सेल के लिए उपलब्ध होगा। Oppo K14x 5G आइसी ब्लू और प्रिज्म वायलेट कलर में उपलब्ध है। एक्सचेंज ऑफर के तहत फोन को और सस्ते में खरीदा जा सकता है।

Oppo K14x 5G की खासियत

  • OPPO के इस फोन में 6.75-इंच का HD+ LCD डिस्प्ले मिलता है, जो 120Hz रिफ्रेश रेट के साथ आता है। फोन का डिज़ाइन क्लासी और स्लीक है, जिसमें फ्लैट एजेस और नार्मल बैक पैनल दिया गया है।
  • OPPO K14x 5G में MediaTek Dimensity 6300 5G चिपसेट दिया गया है, जो 5G नेटवर्क के लिए तैयार है। फोन बैलेंस्ड परफॉर्मेंस और स्मूद मल्टीटास्किंग को सपोर्ट करता है। फोन में ColorOS 15 आधारित Android 15 सॉफ्टवेयर मिलता है। इसमें 6GB तक LPDDR4x RAM और 128GB UFS 2.2 इंटरनल स्टोरेज है।
  • कैमरा की बात करें तो ओप्पो K14x 5G में डुअल रियर कैमरा यूनिट है, जिसमें 50 मेगापिक्सल का प्राइमरी कैमरा और 2 मेगापिक्सल का मोनोक्रोम कैमरा शामिल है। सेल्फी और वीडियो कॉल के लिए फोन में 5 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा भी है। फोन में सेकंडरी कैमरा सेंसर भी है, जो डेप्थ इफेक्ट या पोर्ट्रेट शॉट्स को सपोर्ट करता है। सेल्फी के लिए सामने की तरफ 5MP फ्रंट कैमरा मिलता है, जो वीडियो कॉल और सेल्फी के लिए ठीक रिज़ल्ट देता है।
  • OPPO K14x 5G की सबसे बड़ी खूबियों में से एक है इसकी 6500 mAh की बड़ी बैटरी। फोन में 45W फ्लैश चार्जिंग का सपोर्ट भी मिलता है, जिससे बैटरी जल्दी चार्ज हो जाती है।
  • OPPO K14x 5G फोन IP64 डस्ट और स्प्लैश रेज़िस्टेंस के साथ आता है। इसका मतलब है कि फोन धूल और हल्की बारिश के छींटों से सुरक्षित रहेगा जो यूजर को थोड़ी और सुरक्षा देता है। चाहे हल्की बरसात हो या धूल-भरा रास्ता।

स्पीकर बिरला के खिलाफ 118 सांसदों ने दिया अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस

0

लोकसभा में विपक्षी नेताओं को बोलने नहीं देने का विपक्ष का आरोप

नई दिल्ली। लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ विपक्ष अविश्वास प्रस्ताव ले आया है और उनके खिलाफ 118 सांसद एकसाथ खड़े हो गए हैं। मंगलवार को कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई की अगुआई में प्रस्ताव का नोटिस सचिवालय को सौंप दिया। इस प्रस्ताव में टीएमसी विपक्ष के साथ नहीं है।

लोकसभा में कांग्रेस के उप नेता गौरव गोगोई, कांग्रेस के मुख्य सचेतक कोडिकुनिल सुरेश और सांसद मोहम्मद जावेद तथा अन्य ने लोकसभा सचिवालय को यह नोटिस सौंपा। नोटिस सौंपे जाने के बाद लोकसभा अध्यक्ष ने सचिवालय को अविश्वास प्रस्ताव की जांच करने और प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए कहा है।

नोटिस पर कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, डीएमके और कई अन्य विपक्षी दलों के 118 सांसदों ने हस्ताक्षर किए हैं। संविधान के अनुच्छेद 94 (सी) के तहत यह प्रस्ताव संबंधी नोटिस लोकसभा सचिवालय को सौंपा गया है।

बीते दो फरवरी को, राहुल गांधी को राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान पूर्व सेना प्रमुख एम एम नरवणे के अप्रकाशित संस्मरण से जुड़ा विषय उठाने की अनुमति नहीं मिलने, सदन की अवमानना के मामले में आठ विपक्षी सांसदों को निलंबित किए जाने तथा अन्य मुद्दों पर सदन में गतिरोध की स्थिति बनी हुई है। विपक्ष का आरोप है कि लोकसभा में विपक्षी नेताओं को बोलने नहीं दिया जा रहा है, जबकि सत्तापक्ष के लोगों को कुछ भी बोलने की छूट दी गई है।

कब-कब लाया गया अविश्वास प्रस्ताव
इस तरह के अब तक तीन प्रस्ताव लाए जा चुके हैं। पहली बार 18 दिसंबर 1954 को तत्कालीन स्पीकर जीवी मावलंकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया गया था जिसे बहस के बाद खारिज कर दिया गया। दूसरी बार 24 नवंबर 1966 को स्पीकर हुकम सिंह के खिलाफ प्रस्ताव लाया गया। हालांकि इसके समर्थन में 50 से कम सदस्य थे। ऐसे में प्रस्ताव गिर गया था। तीसरी बार 15 अप्रैल 1987 में प्रस्ताव लाया गया था जो कि लोकसभा स्पीकर रहे बलराम झाकड़ के खिलाफ था। बहस के बाद इसे भी खारिज कर दिया गया था।

क्या है स्पीकर को हटाने की प्रक्रिया
लोकसभा स्पीकर को हटाने के लिए संविधान के अनुच्छेद 94 और लोकसभा में कार्यप्रणाली और कामकाज के नियमों के अनुच्छेद 200 का पालन किया जाता है। इस तरह के प्रस्ताव को पास करवाने के लिए साफ शब्दों में स्पीकर के लगे आरापों का जिक्र करते हुए प्रस्ताव पेश किया जाता है। इसमें व्यंग्य या अनुमान की जगह नहीं होती है। इसके बाद उनियम 1 के तहत नोटिस को कामकाज की सूची में दर्ज किया जाता है।

लोकसभा सचिवालय प्रस्ताव लाने का दिन तय करता है। नोटिस मिलने के 14 दिन के भीतर ही तारीख तय करनी होती है। प्रस्ताव को कम से कम 50 सदस्यों का समर्थन मिलना चाहिए। लोकसभा में बहुमत के साथ प्रस्ताव पारित होने पर ही स्पीकर को हटाया जा सकता है।