Friday, July 24, 2026
Home Blog Page 267

स्पीकर बिरला एवं मंत्री नागर कनवास में आज देंगे 37 करोड के विकास कार्यों की सौगात

कोटा/ कनवास। लोकसभा स्पीकर ओम बिरला एवं ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर शनिवार को कनवास क्षेत्र में होने वाले विभिन्न विकास कार्यों की सौगात देंगे। वे अपराह्न 1 बजे खेल मैदान कनवास में होने वाले समारोह में शामिल होंगे। जहां 37.28 करोड रुपए से अधिक की राशि से होने वाले 5 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे।

कनवास भारतीय जनता पार्टी मंडल अध्यक्ष सत्यवान नगर ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लोकसभा स्पीकर ओम बिरला होंगे। वहीं अध्यक्षता ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर करेंगे।

इसके अलावा विशिष्ट अतिथि के रूप में भारतीय जनता पार्टी के देहात जिला अध्यक्ष प्रेम गोचर, जिला प्रमुख मुकेश मेघवाल, सांगोद प्रधान जयवीर सिंह अमृतकुआं, सुल्तानपुर प्रधान कृष्णा शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।

इस दौरान कनवास में 18.10 करोड रुपए की लागत से तैयार 132 केवी जीएसएस का लोकार्पण किया जाएगा। वहीं 9 करोड रुपए की लागत से कनवास में प्रस्तावित पॉलिटेक्निक कॉलेज भवन के निर्माण कार्य का शिलान्यास भी किया जाएगा।

इसके अलावा धूलेट में 5.11 करोड रुपए तथा खजूरना में 4.92 करोड रुपए की लागत से प्रस्तावित 33/11 केवी जीएसएस के निर्माण कार्य का शिलान्यास भी किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जालिमपुरा में पावर ग्रिड के अंतर्गत सीएसआर योजना से सामुदायिक भवन के विस्तार के कार्य का लोकार्पण भी किया जाएगा।

9 करोड़ रुपए की लागत से बनेगा कॉलेज भवन
ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर की अनुशंसा पर बजट घोषणा वर्ष 2025- 26 के अंतर्गत कनवास में घोषित पॉलिटेक्निक कॉलेज के नवीन भवन का निर्माण किया जाएगा। जिसके लिए निदेशक तकनीकी शिक्षा की ओर से 9 करोड रुपए की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति जारी हो चुकी है। कॉलेज भवन के निर्माण के लिए दूधियाखेड़ी माताजी मंदिर के पास जगह चिन्हित की गई है। इस कॉलेज से कनवास के अलावा देवली, सांगोद और बपावर तक के बच्चे लाभान्वित हो सकेंगे। विशेषकर बेटियों के लिए अत्यंत उपयोगी साबित होगा।

132 केवी जीएसएस का होगा लोकार्पण
ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर के प्रयासों से क्षेत्र में बिजली संकट का समाधान करते हुए कनवास में 132 केवी जीएसएस का निर्माण रिकॉर्ड समय में पूरा कर लिया गया है। जनवरी 2026 से यहाँ सप्लाई प्रारंभ हो चुकी है। जिससे क्षेत्र के हजारों परिवारों और किसानों को लाभ मिल रहा है।
इससे कनवास उपखण्ड के लगभग 5,500 कृषि और 9,000 घरेलू उपभोक्ताओं को निर्बाध व गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध होने लगी है। क्षैत्र की कनवास, जालिमपुरा, बास्याहेड़ी, हिंगोनिया और आंवा पंचायतों के गाँवों को सीधा लाभ मिलेगा। इसके अलावा दांता, धूलेट, लालाहेड़ा, नयागांव, बाछीहेड़ा पंचायतों के कुल 18 गाँव लाभान्वित होंगे।
मोरुकलां पंचायत के 4 गाँवों को बेहतर वोल्टेज की सुविधा मिलेगी।

फैक्ट फाइल

  • कुल लागत: 27 करोड़ रुपए के निवेश से आधुनिक ऊर्जा बुनियादी ढाँचे का निर्माण।
  • त्वरित कार्य: मार्च 2024 में शिलान्यास के बाद अत्यंत कम समय में निर्माण पूर्ण कर लोकार्पण।
  • सशक्त नेटवर्क: 33 केवी के 3 फीडर स्वीकृत, जिनमें से कनवास फीडर चालू हो चुका है।
  • ट्रिपिंग से मुक्ति: 33 केवी दरा फीडर को जोड़ने से मंडाना से आने वाली लंबी लाइन की ट्रिपिंग समस्या का स्थायी समाधान।

होली पर सोगरिया–दानापुर के लिए 28 फरवरी एवं 7 मार्च को विशेष ट्रेन

कोटा। होली पर्व के अवसर पर अपने परिवार के साथ त्योहार मनाने के इच्छुक यात्रियों की सुविधा हेतु सोगरिया (कोटा)– (पटना/बिहार)–सोगरिया (कोटा) विशेष ट्रेन का संचालन किया जा रहा है। वर्तमान में विभिन्न श्रेणियों में सीटें उपलब्ध हैं।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि गाड़ी संख्या 09821 सोगरिया (कोटा) से 28 फरवरी एवं 7 मार्च को प्रस्थान कर दानापुर(पटना/बिहार) पहुंचेगी।

कोटा में बड़ी संख्या में बिहार क्षेत्र के विद्यार्थी एवं परिवार निवास करते हैं। जो समय पर अपना आरक्षण सुनिश्चित कर अपने परिवारजनों के साथ होली का पर्व घर पर मना सकेंगे।

यह गाड़ी मार्ग में बारां, सालपुरा, छबड़ा गुगोर, रूठियाई, गुना, अशोक नगर, महादेवखेड़ी, सागर, दमोह, कटनी, मैहर, सतना, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी, मिर्जापुर, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर एवं आरा स्टेशनों पर ठहराव करेगी।

Kota Mandi: प्लांटों की लिवाली से कोटा मंडी में सोयाबीन 100 रुपये उछली

वायदा मंदा रहने से धनिया 150 रुपये गिर कर 8800 रुपये रह गया

कोटा। Kota Mandi Price Today: वायदा मंदा रहने से भामाशाह अनाज मंडी में शुक्रवार को धनिया 150 रुपये प्रति क्विंटल गिरकर 7500 से 8800 रुपये रह गया। प्लांटों की लिवाली से सोयाबीन 100 रुपये उछल गई।

लिवाली के अभाव में चना 50 रुपए और उड़द 100 रुपये लुढक गया। एनसीडीईएक्स पर अप्रैल का धनिया वायदा 204 रुपये गिरकर 10856 रुपये और मई वायदा 256 रुपये टूटकर 10900 रुपये प्रति क्विंटल रह गया। मंडी में सभी कृषि जिंसों की मिलाकर करीब 60 हजार कट्टे और लहसुन की 500 कट्टे की आवक रही। जिंसों के भाव रुपये प्रति क्विंटल इस प्रकार रहे-

गेहूं 2351 से 2425, ज्वार शंकर 1700 से 2300, ज्वार सफेद 2800 से 5000, बाजरा 1800 से 2050, मक्का लाल 1400 से 1550, मक्का सफेद 1600 से 2200, जौ 2000 से 2300 रुपये प्रति क्विंटल।

धान सुगन्धा 2800 से 3201, धान (1509) 3000 से 3761, धान (1847) 3200 से 3701, धान (1718-1885) 3700 से 4250, धान (पूसा-1) 3800 से 4100, धान (1401-1846) 3800 से 4200, धान दागी 1500 से 3000 रुपये प्रति क्विंटल।

सोयाबीन 4000 से 5451, सरसो 6200 से 6750, सरसों नयी 5500 से 6750, अलसी 6000 से 6700, तिल्ली 7000 से 8500 रुपये प्रति क्विंटल। मूंग 6000 से 6900, उड़द 4500 से 8200, चना देशी 4700 से 5151, चना मौसमी 4700 से 5100, चना पेप्सी 4800 से 5251, चना डंकी 3500 से 4700, चना काबुली 6000 से 6500 रुपये प्रति क्विंटल।

पुराना लहसुन 3000 से 8000, नया लहसुन 3500 से 10500, मैथी 4000 से 5300, धनिया बादामी 7500 से 8800, धनिया ईगल 9200 से 9500 रुपये प्रति क्विंटल।

अमेरिका ने दिया अंबानी को वेनेजुएला से तेल खरीद का लाइसेंस, जानिए क्या होगा फायदा

0

नई दिल्ली। देश की सबसे वैल्यूएबल कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज के हाथ बड़ी कामयाबी लगी है। रॉयटर्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका ने रिलायंस को वेनेजुएला का तेल खरीदने के लिए जनरल लाइसेंस जारी कर दिया है। वेनेजुएला के पास दुनिया का सबसे बड़ा तेल भंडार है।

अमेरिका ने हाल में वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को गिरफ्तार किया था। उसके बाद अमेरिकी अधिकारियों ने कहा था कि अमेरिका वेनेजुएला की एनर्जी इंडस्ट्री में लगी पाबंदियों में ढील देगा ताकि दोनों देशों के बीच 2 अरब डॉलर की ऑयल सप्लाई डील हो सके। अमेरिका ने साथ ही वेनेजुएला की ऑयल इंडस्ट्री के पुनर्गठन के लिए 100 अरब डॉलर की योजना बनाई है।

रिलायंस को जनरल लाइसेंस मिलने का मतलब है कि कंपनी वेनेजुएला पर लगे प्रतिबंधों का उल्लंघन किए बिना सीधे तेल खरीद सकती है। साथ ही वह वेनेजुएला से खरीदे गए तेल को बेच भी सकती है।

इससे रिलायंस को अपनी क्रूड कॉस्ट कम करने में मदद मिलेगी। रिलायंस के पास दुनिया का सबसे बड़ा रिफाइनिंग कॉम्प्लेक्स है जो हर तरह के कच्चे तेल को प्रोसेस कर सकती है।

रिलायंस ने जनवरी में लाइसेंस के लिए आवेदन किया था। कंपनी ने इस बारे में भेजे गए ईमेल का जवाब नहीं दिया। यूएस ऑफिस ऑफ फॉरेन एसेट्स कंट्रोल ने भी तत्काल कोई जवाब नहीं दिया।

इस महीने रिलायंस ने वेनेजुएला से 20 लाख बैरल कच्चा तेल खरीदा था। यह खरीदारी ट्रेडर कंपनी Vitol से की गई थी। Vitol और Trafigura को पहले ही अमेरिका से लाइसेंस मिल चुका है।

सूत्रों के मुताबिक वेनेजुएला से सीधे तौर पर तेल खरीदने से रिलायंस को काफी बचत होने की उम्मीद है। रूस के तेल की तुलना में वेनेजुएला का तेल सस्ता है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल में भारत पर से 25 फीसदी अतिरिक्त टैरिफ हटा दिया था।

भारत पर रूसी से तेल खरीदने के लिए यह टैरिफ लगाया गया था। माना जा रहा है कि अब भारत अमेरिका और वेनेजुएला से ज्यादा तेल खरीदेगा।

सैमसंग Galaxy S26 Ultra फोन के फीचर्स लीक, जानिए कब होगा लांच

नई दिल्ली। Samsung Galaxy S26 Ultra: सैमसंग कम्पनी उसकी नई फ्लैगशिप Galaxy S26 सीरीज 25 फरवरी को ग्लोबली लॉन्च होगी। लॉन्च से पहले ही सामने आए लेटेस्ट रेंडर्स ने इस सीरीज के लगभग सभी डिजाइन डीटेल्स लीक कर दिए हैं।

टिप्स्टर Evan Blass की ओर से शेयर किए गए इन रेंडर्स को Android Police ने भी पब्लिश किया है, जिसके बाद यह साफ हो गया है कि इस बार डिजाइन में कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा।

रेंडर्स के मुताबिक Galaxy S26 सीरीज का लुक काफी हद तक पिछले साल की S25 सीरीज जैसा ही है। कैमरा मॉड्यूल का प्लेसमेंट, फ्लैट एज डिजाइन और प्रीमियम फिनिश लगभग वैसी ही दिखाई देती है।

हालांकि, एक अहम बदलाव की चर्चा जरूर है कि Galaxy S26 Ultra में इस बार टाइटेनियम फ्रेम की जगह एल्युमिनियम फ्रेम देखने को मिल सकता है। अगर ऐसा होता है तो यह मटीरियल के लिहाज से बड़ा बदलाव माना जाएगा।

पहले की तरह मिला रहेगा S-पेन सपोर्ट
S-Pen को लेकर भी जो अफवाहें चल रही थीं कि इसे हटाया जा सकता है, वे रेंडर्स के बाद लगभग साफ हो गई हैं। Galaxy S26 Ultra में S-Pen की मौजूदगी बरकरार दिख रही है। खास बात यह है कि व्हाइट और स्काई ब्लू वेरिएंट में व्हाइट S-Pen मिल सकता है, जबकि वायलेट और ब्लैक वेरिएंट के साथ ब्लैक S-Pen दिया जा सकता है।

स्पेसिफिकेशंस की बात करें तो Galaxy S26 में 6.3 इंच का HD+ AMOLED 2x डिस्प्ले मिलने की उम्मीद है, जबकि S26 Plus में 6.7 इंच का Quad HD+ पैनल दिया जा सकता है। दोनों मॉडल 120Hz रिफ्रेश रेट और Corning Gorilla Armor 2 प्रोटेक्शन के साथ आ सकते हैं। परफॉर्मेंस के लिए इनमें Exynos 2600 चिपसेट मिलने की संभावना है। कैमरा सेटअप में 50MP मेन सेंसर (OIS के साथ), 10MP टेलीफोटो (3x जूम) और 12MP अल्ट्रा-वाइड कैमरा मिल सकता है, जबकि फ्रंट में 12MP सेल्फी कैमरा हो सकता है।

Ultra मॉडल के स्पेसिफिकेशंस
वहीं Galaxy S26 Ultra में 6.9 इंच का AMOLED डिस्प्ले, Snapdragon 8 Elite Gen 5 चिपसेट और 200MP का प्राइमरी कैमरा दिए जाने की उम्मीद है। इसके अलावा 50MP अल्ट्रा-वाइड, 50MP पेरिस्कोप (5x जूम) और 10MP टेलीफोटो कैमरा भी मिल सकता है। बैटरी की बात करें तो S26 में 4300mAh, S26 Plus में 4900mAh और Ultra में 5000mAh बैटरी के साथ 60W फास्ट चार्जिंग सपोर्ट मिलने की संभावना है।

Stock Market: शेयर बाजार में हाहाकार, निवेशकों के 4.62 लाख करोड़ फुर्र

सेंसेक्स 1048 अंक लुढ़ककर 82627 पर और निफ्टी 25500 से नीचे बंद

नई दिल्ली। Stock Market Closed: शेयर बाजार शुक्रवार को कारोबारी सप्ताह के अंतिम दिन भारी गिरावट साथ बंद हुआ। बीएसई सेंसेक्स 1,048 अंक यानी 1.25 फीसदी गिरावट के साथ 82,626.76 अंक पर और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 50 इंडेक्स भी 336 अंक यानी 1.3 फीसदी गिरावट के साथ 25,471.10 अंक पर बंद हुआ है। इस गिरावट से बीएसई लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 4.62 लाख करोड़ रुपये की गिरावट के साथ 467 लाख करोड़ रुपये रह गया।

आईटी शेयरों में लगातार दूसरे दिन भारी गिरावट आई है। शुरुआती कारोबार में आईटी इंडेक्स 5 फीसदी गिर गया। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 26 में गिरावट आई है। इन्फोसिस में 5 फीसदी से ज्यादा गिरावट आई है जबकि टीसीएस और एचसीएल टेक के शेयरों में 4 फीसदी से ज्यादा गिरावट आई है। दूसरी ओर भारती एयरटेल, मारुति सुजुकी, एक्सिस बैंक और एसबीआई बैंक में मामूली तेजी आई है। इससे पहले गुरुवार को सेंसेक्स में 559 अंक की गिरावट आई थी जबकि निफ्टी 146.65 अंक गिरा था।

IT शेयरों में भारी गिरावट
निफ्टी आईटी इंडेक्स में दो दिन में करीब 10 फीसदी गिरावट आई है। टीसीएस, इन्फोसिस, विप्रो, टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक और एमफेसिस में 4 से 6 फीसदी गिरावट आई है। देश की दूसरे बड़ी आईटी कंपनी इन्फोसिस का शेयर बीएसई पर कारोबार के दौरान करीब 6 फीसदी गिरावट के साथ 1,281.55 रुपये पर आ गया जो इसका 52 हफ्ते का न्यूनतम स्तर है। टीसीएस का शेयर भी 4 फीसदी से ज्यादा गिरावट के साथ अपने 52 हफ्ते के न्यूनतम स्तर 2,579 रुपये पर आ गया।

बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) बड़ी गिरावट के साथ 82,902 अंक पर खुला। खुलने के बाद इंडेक्स में गिरावट और बढ़ गई। अंत में यह 1048.16 अंक या 1.25 फीसदी की गिरावट लेकर 82,626.76 पर बंद हुआ।

इसी तरह, नैशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी-50 (Nifty-50) भी बड़ी गिरावट में खुला और खुलने के कुछ ही देर में 25,500 के लेवल से नीचे चला गया। अंत में यह 336.10 अंक या 1.30 फीसदी गिरकर 25,471 पर बंद हुआ।

टॉप लूजर्स एंड गेनर्स
बीएसई की कंपनियों में बजाज फाइनेंस और एसबीआई को छोड़कर लगभग सभी शेयरों में गिरावट रही। एचयूएल, आयशर मोटर्स, टाटा स्टील और टाइटन सबसे ज्यादा गिरने वाले शेयरों में शामिल रहे। सेक्टर की बात करें तो निफ्टी मेटल इंडेक्स में सबसे ज्यादा गिरावट आई और यह 3% से ज्यादा टूट गया। वहीं निफ्टी आईटी इंडेक्स पहले 5% से ज्यादा गिर गया था, लेकिन बाद में थोड़ी रिकवरी हुई और आखिर में 1.44% की गिरावट के साथ बंद हुआ।

ब्रॉडर मार्केट में भी कमजोरी रही। निफ्टी मिडकैप इंडेक्स 1.71% गिरा, जबकि निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स 1.79% नीचे आया। इस बीच, बाजार की घबराहट मापने वाला इंडेक्स इंडिया VIX 15.18% उछल गया, जो बताता है कि बाजार में अनिश्चितता काफी बढ़ गई है।

अमेरिका ने पहले भारत के मैप पर पूरा कश्मीर दिखाया, बाद में हटाया

वाशिंगटन। संयुक्त राज्य अमेरिका के व्यापार प्रतिनिधि (USTR) के कार्यालय द्वारा सोशल मीडिया पर शेयर किए गए भारत के एक मानचित्र ने अंतरराष्ट्रीय कूटनीतिक गलियारों में एक नई बहस छेड़ दी है।

इस मानचित्र में पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) और अक्साई चिन को भारतीय क्षेत्र के भीतर दिखाया गया था। इसके बाद पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने अमेरिका से संपर्क कर अपनी कड़ी आपत्ति दर्ज कराई। यह घटना पाकिस्तान के लिए भारी शर्मिंदगी का कारण बनी है।

मैप के सार्वजनिक होने के बाद पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने तुरंत हरकत में आते हुए अमेरिकी अधिकारियों के सामने यह मामला उठाया। पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ताहिर अंद्राबी ने एक ब्रीफिंग में कहा कि यह चित्रण गलत है और संयुक्त राष्ट्र (UN) द्वारा मान्यता प्राप्त क्षेत्र के प्रतिनिधित्व के अनुरूप नहीं है।

प्रवक्ता ने जोर देकर कहा, “मैप कुछ हैंडल्स द्वारा लगाया गया था। हमने अमेरिकी अधिकारियों से संपर्क किया। उन्हें एहसास हुआ कि नक्शा गलत था।” पाकिस्तान का तर्क है कि जम्मू-कश्मीर पर अंतरराष्ट्रीय मानचित्र, जो पाकिस्तानी और भारतीय क्षेत्रों को अलग करता है, संयुक्त राष्ट्र द्वारा कानूनी रूप से स्वीकृत है।

विवाद बढ़ने के बाद अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि के कार्यालय ने उस पोस्ट को अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट से पूरी तरह से हटा दिया। पाकिस्तान ने इस बात पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि अमेरिका ने आवश्यक सुधार किए।

अंद्राबी ने कहा, “हम संतोष व्यक्त करते हैं कि अमेरिकी पक्ष ने हमारे क्षेत्र के कानूनी UN-स्वीकृत मानचित्र को उजागर करने के लिए आवश्यक सुधार किए, जो स्पष्ट रूप से जम्मू-कश्मीर को एक विवादित क्षेत्र के रूप में चित्रित करता है, जिसका निपटारा UNSC प्रस्तावों के अनुसार UN-प्रशासित जनमत संग्रह के माध्यम से किया जाना है।”

व्यापार समझौते के बीच आया मानचित्र
यह घटना तब घटी जब भारत और संयुक्त राज्य अमेरिका ने पिछले सप्ताह एक व्यापार समझौते के ढांचे की घोषणा की, जिसमें टैरिफ को कम स्तर पर रीसेट किया गया। समझौते के विवरण जारी करते समय, USTR कार्यालय ने भारत का एक मानचित्र प्रकाशित किया था जिसमें पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) सहित पूरे जम्मू-कश्मीर क्षेत्र को देश का हिस्सा दिखाया गया था। मानचित्र में अक्साई चिन भी शामिल था, जिस पर चीन दावा करता है।

दो दिवसीय कोटा महोत्सव में होंगे घूमर शो, कचौरी फेस्ट जैसे कई मनोरंजक कार्यक्रम

कोटा। शहर में 21 फरवरी से आयोजित होने वाले दो दिवसीय कोटा महोत्सव के लोगो का विमोचन जिला कलेक्टर पीयूष समारिया ने कलेक्ट्रेट सभागार में किया। इस अवसर पर महोत्सव से जुड़े विभिन्न एसोसिएशन और संस्थानों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। कार्यक्रमों की रूपरेखा और आमंत्रण पत्र का भी विमोचन किया गया।

कलेक्टर ने बताया कि महोत्सव की शुरुआत 21 फरवरी को सुबह 8 बजे गोदावरी धाम में श्री गणेश वंदना, महाशृंगार और भजन गायन से होगी। इसके बाद सुबह 11 बजे शौर्य घाट, चंबल रिवर फ्रंट पर लोकल टैलेंट हंट प्रतियोगिता आयोजित होगी।

दोपहर 12 बजे मास्टर शेफ प्रतियोगिता, 1:30 बजे सुरीला कोटा के तहत संगीत प्रस्तुति और शाम 4 बजे घूमर शो होगा। शाम 5:30 बजे चंबल रिवर फ्रंट (पश्चिमी घाट) पर चंबल महाआरती आयोजित की जाएगी। रात 7 बजे शौर्य घाट पर सेलिब्रिटी नाइट का आयोजन होगा।

22 फरवरी को सुबह 7 बजे मथुराधीश मंदिर से हैरिटेज वॉक शुरू होगी, जो गढ़ पैलेस, पद्मनाभ मंदिर, किशोरपुरा गेट, कोटड़ा हाउस, कैथूनीपोल, सुभाष चौक होते हुए रामपुरा कोतवाली तक जाएगी। प्रतिभागी साफा पहनकर इसमें शामिल होंगे। गढ़ पैलेस के दरीखाने में कचौरी फेस्ट आयोजित होगा।

सुबह 11 बजे शौर्य घाट पर म्हारो राजस्थान के तहत लोक कलाकारों की प्रस्तुतियां होंगी। निरोगी कोटा कार्यक्रम के अंतर्गत टॉक शो भी आयोजित किए जाएंगे दोपहर 2:30 बजे कोटा ऑन स्क्रीन्स फिल्म फेस्टिवल में चयनित फिल्मों का प्रदर्शन होगा।

शाम 4:30 बजे बॉलीवुड गायक क्षितिज तारे की प्रस्तुति और 6 बजे कोटा डोरिया फैशन शो आयोजित होगा। रात 8:30 बजे दशहरा मैदान स्थित विजयश्री रंगमंच पर मेगा सेलिब्रिटी नाइट होगी।

22 फरवरी को सुबह 11 बजे से सेवन वंडर्स पार्क में पेट शो आयोजित होगा। पेट ऑनर्स को क्यूआर कोड स्कैन कर ऑनलाइन पंजीकरण करना होगा।

चंबल रिवर फ्रंट पर नि:शुल्क प्रवेश
कोटा विकास प्राधिकरण ने आदेश जारी कर 21 और 22 फरवरी को चंबल रिवर फ्रंट के पश्चिमी हिस्से पर आयोजित कार्यक्रमों के लिए नि:शुल्क प्रवेश की घोषणा की है। आमजन और उनके दोपहिया वाहनों के लिए प्रवेश निःशुल्क रहेगा, जबकि चार पहिया वाहनों के लिए 10 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। जिला प्रशासन ने शहरवासियों से महोत्सव में बढ़-चढ़कर भाग लेने और आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।

Gold Price: सोना 2000 रुपये और चांदी 5600 रुपये महंगी हुई, जानिए आज के भाव

नई दिल्ली। Gold Silver Price Today: कारोबार के शुरुआत में ही आज एमसीएक्स पर सोने की कीमत 1% से अधिक उछल गई। पिछले सत्र में हुए भारी नुकसान के बाद निवेशकों ने कम कीमतों पर खरीदारी की, जिससे यह तेजी देखने को मिली। ए

मसीएक्स पर अप्रैल डिलीवरी वाले गोल्ड कॉन्ट्रैक्ट 2,000 रुपये (1.30%) उछलकर 1,54,837 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गए। वहीं, एमसीएक्स सिल्वर मार्च फ्यूचर्स में 5,600 रुपये (2.4%) से अधिक की तेजी रही और यह 2,42,081 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुआ।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने की कीमतों में खरीदारी देखी गई। अमेरिका में अप्रैल डिलीवरी वाले गोल्ड फ्यूचर्स 0.7% बढ़कर 4,985.40 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गए। रॉयटर्स के अनुसार, स्पॉट सिल्वर में 2.1% का उछाल आया और यह 76.76 डॉलर प्रति औंस हो गया, जबकि बुधवार को इसमें 11% की गिरावट आई थी।

इंडसइंड सिक्योरिटीज के सीनियर रिसर्च एनालिस्ट जिगर त्रिवेदी ने कहा, “पिछले सत्र में 3% से अधिक की गिरावट के बाद सोना 4,960 डॉलर के आसपास पहुंच गया, क्योंकि बाजार में भारी उतार-चढ़ाव का दौर जारी है। गुरुवार को आई गिरावट व्यापक बाजार बिकवाली के दौरान आई, जिसमें निवेशकों ने नकदी जुटाने के लिए कीमती धातुओं को बेचा।”

उन्होंने आगे कहा, “इस सप्ताह की शुरुआत में जारी उम्मीद से बेहतर जनवरी के रोजगार आंकड़ों ने बाजार में यह संकेत दिया है कि ब्याज दरों में पहली कटौती जून की बजाय अब जुलाई में हो सकती है।” बता दें चांदी ने 2025 में लगभग 167% से 170% की तेजी दर्ज की थी। जबकि, सोने ने 2025 में लगभग 70% का रिटर्न दिया।

अमेरिकी डेटा का असर
रॉयटर्स के अनुसार, बुधवार को जारी अमेरिकी आंकड़ों में जनवरी में गैर-कृषि पेरोल में 1,30,000 नौकरियां जुड़ीं, जबकि दिसंबर में यह आंकड़ा घटकर 48,000 रह गया था। वहीं, बेरोजगारी दर घटकर 4.3% पर आ गई। गुरुवार को जारी साप्ताहिक आंकड़ों में 7 फरवरी को समाप्त सप्ताह में बेरोजगारी लाभ के लिए आवेदन घटकर 2,27,000 रह गए।

2026 में एशिया की सबसे तेज रफ्तार वाली अर्थव्यवस्था बना रहेगा भारत: फिच

नई दिल्ली। भारत 2026 में एशिया की सबसे तेजी से बढ़ने वाली प्रमुख अर्थव्यवस्था बना रहेगा। फिच रेटिंग्स की हालिया रिपोर्ट के मुताबिक उम्मीद है कि भारत की अर्थव्यवस्था 2026 में 6.4 प्रतिशत की दर से विस्तार करेगी, जो फिलीपींस, इंडोनेशिया और मलेशिया जैसे क्षेत्रीय देशों से आगे होगी।

फिच ने कहा कि भारत, इंडोनेशिया और फिलीपींस की इकनॉमिक ग्रोथ पर ट्रेड पैटर्न में बदलाव का फिलहाल कम असर पड़ेगा, क्योंकि ये अपेक्षाकृत बंद अर्थव्यवस्थाएं हैं और इनका मैन्यूफैक्चरिंग एक्सपोर्ट्स कम है। भारत अमेरिकी टैरिफ के जोखिम को कम करने के लिए कई व्यापार समझौतों के जरिए अमेरिका के अलावा दूसरे देशों के साथ अपने व्यापार संबंध बढ़ा रहा है। हाल ही में उसने यूरोपीय संघ के साथ भी समझौता किया है।

पिछले दो महीनों में भारत ने अमेरिका और यूरोपीय संघ के साथ सौदे किए हैं। अमेरिका के साथ यह समझौता 6 फरवरी को घोषित किया गया था। रेटिंग एजेंसी ने यह भी कहा कि अमेरिकी टैरिफ का वास्तविक असर अभी स्पष्ट नहीं है।

नीतिगत मोर्चे पर फिच का कहना है कि भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) फिलहाल ब्याज दरों में बदलाव नहीं करेगा। दिसंबर में दर में कटौती के बाद अब RBI नीतिगत दर 5.25 प्रतिशत पर बनाए रख सकता है।

रिपोर्ट के अनुसार, भारत ने वित्तीय पारदर्शिता बढ़ाई है और बजट में अधिक खर्च मदों को शामिल किया है। वहीं, तेज वृद्धि और वस्तु एवं सेवा कर (GST) लागू होने से राजस्व भी मजबूत हुआ है, जिससे मध्यम अवधि में सरकारी कर्ज में मामूली गिरावट की संभावना बढ़ी है। हालांकि, एजेंसी ने यह भी स्पष्ट किया कि कर्ज का जीडीपी अनुपात अभी भी उच्च स्तर पर बने रहने का अनुमान है।

भारत का इकनॉमिक ग्रोथ लगातार दुनिया का ध्यान खींच रहा है। दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में, देश 2030 तक 7.3 ट्रिलियन डॉलर की जीडीपी के साथ तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने के लक्ष्य पर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है। विकास की यह रफ्तार निर्णायक नीति-निर्माण, संरचनात्मक सुधारों और वैश्विक स्तर पर बढ़ते एकीकरण की मजबूती को दर्शाती है।

तेज वृद्धि के साथ भारत ने एक बार फिर वैश्विक साथियों को पीछे छोड़ दिया है। यह उछाल मजबूत घरेलू मांग, नियंत्रित महंगाई और बढ़ती श्रम भागीदारी पर टिकी है। घरेलू निवेश में आई तेजी और निवेशकों के मजबूत विश्वास से स्थिर और व्यापक आधार वाली अर्थव्यवस्था की झलक मिलती है।

जीडीपी आंकड़े
कुछ दिन पहले पीआईबी पर जारी एक रिपोर्ट में कहा गया है कि वित्त वर्ष 2025-26 की दूसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर) में मुद्रास्फीति-समायोजित वास्तविक जीडीपी 8.2% बढ़ने का अनुमान है, जबकि पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में यह 5.6% थी। वहीं, चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में वास्तविक जीडीपी 7.8% की दर से बढ़ी, जो पिछले साल की समान तिमाही में 6.5% थी। सकल मूल्य वर्धन (जीवीए) के आंकड़े भी बताते हैं कि दूसरी तिमाही में प्राथमिक क्षेत्र में 3.1%, द्वितीयक क्षेत्र में 8.1% और सेवा क्षेत्र में 9.2% की वृद्धि दर्ज की गई।

पहली छमाही में 8% की रफ्तार
वित्त वर्ष 2025-26 की पहली छमाही (अप्रैल-सितंबर) में वास्तविक जीडीपी 8% की दर से बढ़ी है, जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में यह 6.1% थी। इस दौरान प्राथमिक क्षेत्र में 2.9% की मध्यम वृद्धि हुई, जबकि द्वितीयक (7.6%) और तृतीयक क्षेत्र (9.3%) ने लगातार शानदार विस्तार किया।