Wednesday, July 8, 2026
Home Blog Page 100

Stock Market: सेंसेक्स 114 अंक टूटकर 77844 पर बंद, निफ्टी 24300 के पार

नई दिल्ली। Stock Market Closed, May 7, 2026: विदेशी निवेशकों की बिकवाली के दबाव के बीच घरेलू शेयर बाजार गुरुवार को गिरावट के साथ बंद हुआ। 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 114.00 (0.14%) अंकों की गिरावट के साथ 77,844.52 के स्तर पर बंद हुआ। 50 शेयरों वाला निफ्टी 4.30 (0.02%) अंक टूटकर 24,326.65 पर लगभग सपाट बंद हुआ।

30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 381 अंक की बढ़त लेकर 78,339.24 पर खुला। लेकिन अपनी शुरुआती बढ़त को बरकरार नहीं रख सका। दिन के कारोबार के दौरान इस इंडेक्स ने 78,384.70 के हाई और 77,713.21 के लो रेंज में ट्रेड किया। अंत में सेंसेक्स 114 अंक यानी 0.15% की गिरावट लेकर 77,844.52 पर बंद हुआ।

इसी तरह, 50 शेयरों वाला एनएसई का निफ्टी-50 24,398.50 पर खुला। दिन के कारोबार के दौरान इस इंडेक्स ने 24,482.10 के हाई और 24,284.00 के लो रेंज में ट्रेड किया। अंत में निफ्टी-50 4.40 अंक यानी 0.02% फिसलकर 24,326.65 पर बंद हुआ।

टॉप गेनर्स और लूजर्स
सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में महिंद्रा एंड महिंद्रा, एनटीपीसी, कोटक बैंक, टाटा स्टील और इटरनल टॉप-5 गेनर्स रहे। इनमें 0.66% से 2.04% तक की तेजी देखी गई। इसके अलावा, एशियन पेंट्स, BEL, लार्सन एंड टुब्रो, मारुति, अल्ट्राटेक सीमेंट और ट्रेंट लाभ में रहे।

वहीं, दूसरी तरफ HUL, TCS, टेक महिंद्रा, टाइटन और सन फार्मा टॉप-5 लूजर्स रहे। इनमें करीब 1% से 2% तक की गिरावट देखी गई। इसके अलााव, ITC, बजाज फाइनेंस, अदाणी पोर्ट्स, पावर ग्रिड, बजाज फिनसर्व, HCL टेक, इंफोसिस, एयरटेल, इंडिगो, SBI, रिलायंस, HDFC बैंक और ICICI बैंक घाटे में रहे।

SMIDs चमके
व्यापक बाजार में निफ्टी मिडकैप और निफ्टी स्मॉलकैप क्रमशः 1.20% और 0.97% की बढ़त के साथ बंद हुए। सेक्टोरल मोर्चे पर निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल, निफ्टी आईटी और निफ्टी एफएमसीजी कमजोर प्रदर्शन करने वाले सेक्टर रहे। वहीं, निफ्टी ऑटो ने बेहतर प्रदर्शन किया।

चांदी 2318 रुपये प्रति किलो महंगी, सोना भी चमका, जानिए आज के भाव

नई दिल्ली। Gold Silver Rate 7 May: शादियों के सीजन के बीच आज सोना-चांदी के भाव में तेजी दर्ज की जा रही है। सर्राफा बाजारों में 7 मई यानी आज 24 कैरेट गोल्ड का भाव 377 रुपये महंगा हो गया। आज 24 कैरेट गोल्ड 151237 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया है। दूसरी ओर चांदी के भाव में आज 2318 रुपये प्रति किलो का इजाफा हुआ है। चांदी के रेट अब 251385 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गए हैं।

IBJA रेट के मुताबिक अब सोना सर्राफा मार्केट के अपने ऑल टाइम हाई 176121 से 24884 रुपये ही सस्ता रह गया है। जबकि, चांदी के भाव में ऑल टाइम हाई से 134545 रुपये की गिरावट दर्ज की गई है। अगर ईरान युद्ध के बीच की बात करें तो सोना अबतक 7860 रुपये और चांदी 16515 रुपये गिर चुकी है।

बता दें आईबीजेए दिन में दो बार रेट जारी करता है। एक बार दोपहर 12 या सवा 12 बजे के करीब दूसरा 5 बजे के आसपास। अभी यह रेट दोपहर सवा 12 बजे वाला है।

आईबीजेए के मुताबिक आज 10 ग्राम 22 कैरेट गोल्ड 345 रुपये महंगा होकर 138533 रुपये पर पहुंच गया है। इस पर 3 प्रतिशत जीएसटी नहीं लगा है। जीएसटी समेत 22 कैरेट गोल्ड का रेट 142688 रुपये प्रति 10 ग्राम पड़ेगा। 18 कैरेट गोल्ड का रेट भी आज 283 रुपये उछल कर बिना जीएसटी 113428 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया है। 18 कैरेट गोल्ड का जीएसटी के साथ भाव 116830 रुपये प्रति 10 ग्राम हो जाएगा।

14 और 23 कैरेट गोल्ड के रेट
सर्राफा बजारों में आज 23 कैरेट गोल्ड की कीमत 375 रुपये बढ़कर 150631 रुपये पर पहुंच गई है। जीएसटी समेत इसकी कीमत 155149 रुपये पर पहुंच जाएगी। जबकि, 14 कैरेट गोल्ड की कीमत आज 221 रुपये महंगा होकर 88474 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई है। जीएसटी समेत इसकी कीमत 91128 रुपये होगी।

ट्रंप ने दिए ईरान के साथ शांति समझौते के संकेत; बोले हुई सकारात्मक बातचीत

नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने बुधवार को कहा कि पश्चिम एशिया संकट का पूर्ण समाधान निकालने के लिए ईरान के साथ संभावित समझौता अब भी “पूरी तरह संभव” है। उन्होंने कहा कि पिछले दो दिनों में दोनों पक्षों के बीच हुई बातचीत सकारात्मक रही है।

व्हाइट हाउस में UFC Freedom 250 कार्यक्रम की झलक पेश करने के दौरान ओवल ऑफिस में बोलते हुए ट्रंप ने कहा, “वे समझौता करना बहुत चाहते हैं और हम देखेंगे कि क्या हम वहां तक पहुंच पाते हैं। अगर समझौता होता है, तो उनके पास परमाणु हथियार नहीं होने चाहिए।”

उन्होंने दावा किया कि वॉशिंगटन और तेहरान के बीच हालिया बातचीत में प्रगति दिखी है। साथ ही उन्होंने ईरान की सैन्य क्षमताओं को लेकर अपने प्रशासन के कड़े रुख को दोहराया। साथ ही कहा कि तेहरान पर अमेरिकी सैन्य कार्रवाई के बाद इस्लामिक गणराज्य की रणनीतिक ताकत काफी कमजोर हो चुकी है।

ट्रंप ने कहा कि पिछले 44 घंटों में हमारी बहुत अच्छी बातचीत हुई है और यह पूरी तरह संभव है कि हम कोई समझौता कर लें। उन्होंने आगे कहा, “उनके पास 159 जहाजों वाली नौसेना थी और अब हर जहाज पूरी तरह तबाह होकर पानी के नीचे पड़ा है।

उनके पास एयरफोर्स और बहुत सारे विमान थे, अब उनके पास कोई विमान नहीं है। उनके पास एंटी-एयरक्राफ्ट सिस्टम नहीं बचे हैं। उनके रडार खत्म हो चुके हैं। उनकी मिसाइलें लगभग नष्ट हो चुकी हैं… उनके नेता भी मारे जा चुके हैं। इसलिए मुझे लगता है कि हम जीत गए।”

कड़े बयानबाजी के बावजूद ट्रंप ने कहा कि बातचीत अब भी जारी है और सकारात्मक नतीजे की संभावना बनी हुई है। उन्होंने जोर देकर कहा कि यदि शर्तें पूरी होती हैं, तो कूटनीतिक समाधान अब भी संभव है।

उनकी यह टिप्पणी ऐसे समय आई है जब पश्चिम एशिया संकट के समाधान के लिए ईरान के साथ कूटनीतिक वार्ता जारी है। दूसरी ओर, ईरानी बंदरगाहों पर अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी जारी है और दोनों देश होर्मुज स्ट्रेट पर रणनीतिक नियंत्रण को लेकर व्यापक शक्ति संघर्ष में उलझे हुए हैं।

इस बीच, वॉशिंगटन और तेहरान के बीच बातचीत कथित तौर पर एक प्रारंभिक समझौते की दिशा में आगे बढ़ रही है, जिसका मकसद मौजूदा संकट को रोकना और व्यापक परमाणु वार्ता के लिए रूपरेखा तैयार करना है।

Axios की रिपोर्ट के अनुसार, जिसने कई अमेरिकी अधिकारियों और बातचीत से जुड़े सूत्रों का हवाला दिया, यह प्रगति संघर्ष शुरू होने के बाद से सबसे बड़ा कूटनीतिक घटनाक्रम मानी जा रही है, हालांकि अंतिम समाधान अभी नहीं निकला है।

रिपोर्ट के मुताबिक प्रस्तावित ढांचे में “एक पन्ने का 14-बिंदुओं वाला समझौता ज्ञापन” शामिल है, जिसका उद्देश्य तत्काल युद्धविराम लागू करना और व्यापक समझौते के लिए “30 दिन की वार्ता अवधि” शुरू करना है।

स्थायी समाधान के लिए बातचीत जरूरी: रुबियो
इससे पहले मंगलवार को अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा था कि ईरान को “स्थिति की वास्तविकता स्वीकार करनी होगी” और पश्चिम एशिया संकट का स्थायी समाधान निकालने के लिए बातचीत की मेज पर लौटना होगा।

प्रेस ब्रीफिंग को संबोधित करते हुए रुबियो ने कहा कि अमेरिकी अधिकारी फिलहाल यह समझने की कोशिश कर रहे हैं कि ईरान किन मुद्दों पर बातचीत के लिए तैयार हो सकता है। उन्होंने संकेत दिया कि शुरुआती समझ किसी विस्तृत समझौते के बजाय व्यापक और उच्च-स्तरीय सिद्धांतों पर आधारित हो सकती है। उन्होंने कहा कि अमेरिका का फोकस बातचीत के प्रमुख विषयों और तेहरान की संभावित रियायतों को लेकर स्पष्टता स्थापित करने पर है।

मलेशियाई क्रूड पाम तेल का वायदा भाव ऊंचा रहने का अनुमान, जानिए क्यों

सिंगापुर। मलेशियाई क्रूड पाम तेल (सीपीओ) का वायदा मूल्य जून 2026 तक बढ़कर 5000 रिंगिट प्रति टन तथा जुलाई में सुधरकर 5200 रिंगिट प्रति टन पर पहुंच सकता है।

यह बात वनस्पति तेल उद्योग एवं व्यापार क्षेत्र के अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त विश्लेषक एवं गोदरेज इंटरनेशनल के डायरेक्टर दोराब मिस्त्री ने कही है।

ध्यान देने वाली बात है कि दोराब मिस्त्री ऐसे गिने-चुने विश्लेषकों में शामिल हैं जिनकी बातों को काफी गौर से सुना जाता है और जिनकी भविष्यवाणी का अक्सर खाद्य तेल के वैश्विक बाजार मूल्य पर गहरा असर पड़ता है।

पिछले सप्ताह क्रूड खनिज तेल का वैश्विक बाजार भाव बढ़कर 126 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया जो गत चार वर्ष का सबसे ऊंचा स्तर था। इससे विभिन्न देशों में जैव ईंधन के निर्माण में वनस्पति तेल का उपयोग बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

जीवाश्म डीजल एवं पाम बायोडीजल की कीमतों में अंतर काफी घट गया है। इससे सरकारों को सब्सिडी में कटौती करने का अवसर मिल रहा है। कुछ देशों में तो पाम बायोडीजल अब जीवाश्म या प्राकृतिक डीजल से भी सस्ता हो गया है।

इंडोनेशिया में 1 जुलाई 2026 से बी 50 प्रोग्राम लागू करने का निर्णय लिया गया है जिसके तहत बायोडीजल के निर्माण में 50 प्रतिशत पाम तेल का उपयोग करना आवश्यक हो जाएगा।

इसके साथ-साथ मलेशिया एवं थाईलैंड सहित कुछ अन्य देशों में भी बायोडीजल के निर्माण में पाम तेल का इस्तेमाल बढ़ाने का निर्णय लिया जा रहा है।

इंडोनेशिया दुनिया में पाम तेल का सबसे प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक देश है। वहां फिलहाल बी 40 प्रोग्राम लागू है जबकि 1 जुलाई से बी 50 प्रोग्राम प्रभावी होने की संभावना है।

वैश्विक बाजार में पाम तेल की प्रतिस्पर्धा सोयाबीन तेल के साथ रहती है जिसकी कीमतों में हाल के सप्ताहों में अच्छी बढ़ोत्तरी हुई है क्योंकि अमरीका, ब्राजील एवं अर्जेन्टीना जैसे शीर्ष उत्पादक देशों में बायो डीजल के निर्माण में सोयाबीन तेल का इस्तेमाल बढ़ाया जा रहा है। अमरीका में सोया तेल का वायदा भाव आगे और तेज होने की संभावना है।

खाद्य तेलों के ऊंचे भाव के कारण भारत जैसे अग्रणी खरीदार देशों में मांग कमजोर पड़ गई। अब स्टॉक घटने से भारत को जून से खाद्य तेलों का आयात बढ़ाने की आवश्यकता पड़ सकती है।

फेडरेशन ऑफ बैंक ऑफ इंडिया स्टाफ यूनियंस की प्लेटिनम जुबली मनाई

कोटा। एआईबीईए से संबद्ध फेडरेशन ऑफ बैंक ऑफ इंडिया स्टाफ यूनियंस के 75वर्ष पूर्ण होने पर देश भर के बैंक ऑफ इंडिया के कर्मचारियों के साथ कोटा में भी बुधवार को समारोह पूर्वक मनाया गया।

बैंक ऑफ इंडिया की इंडस्ट्रियल एरिया एरोड्राम चौराहा शाखा पर बैंक के सभी कर्मचारी एकत्रित हुए। वहां पर संगठन के प्रति जिंदाबाद के नारे लगाए गए। इस अवसर पर संगठन के वर्तमान एवं दिवंगत नेताओं जिन्होंने से अपने खून पसीने से इसे आगे बढ़ाया को याद किया गया।

बैंक ऑफ इंडिया एम्प्लॉयज यूनियन राजस्थान के अध्यक्ष पदम पाटोदी, उपाध्यक्ष हेमराज सिंह गौड़, रवि कुमार शर्मा, महावीर माली, रिंकू वर्मा, के एल मीणा, दानिश गनी एवं वक्ताओं ने यूनियन द्वारा कर्मचारी हितों के लिए कार्य की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि फेडरेशन की मांग पर नई भर्ती की जा रही है। कैजुअल कर्मचारियों को नियमित करने मांग की गई है। समय समय पर विभिन्न लाभों के लिए संगठन लगातार प्रयास कर रहा है।

इस अवसर पर राजस्थान प्रदेश बैंक एम्पलाइज यूनियन कोटा के चेयरमैन अशोक ढल, पीसी गोयल, अनिल ऐरन, यतीश शर्मा, अमित पंचोली, देवेंद्र सिंह, प्रतीक सोनी एवं धीरेंद्र ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर बैंक ऑफ इंडिया के सभी कर्मचारियों ने संगठन के प्रत्येक आह्वान को सफल बनाने की शपथ ली।

एलन कोटा में नीट की निशुल्क कोचिंग के लिए प्रवेश परीक्षा 10 को

सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को निशुल्क कोचिंग का मौका

कोटा। एलएन माहेश्वरी परमार्थ न्यास एवं एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट के संयुक्त तत्वावधान में संचालित एलन शिक्षा संबल कार्यक्रम की दूसरी प्रवेश परीक्षा आगामी 10 मई को होगी। इसके लिए आवेदन की अंतिम तिथि 8 मई तक है। विद्यार्थी वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं।

न्यास के सदस्य नवीन माहेश्वरी ने बताया कि सरकारी स्कूलों के हिन्दी माध्यम की प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने के लिए यह कार्यक्रम शुरू किया था। अब नीट-2027 की तैयारी के लिए एडमिशन प्रक्रिया चल रही है।

इसके तहत 10 मई 2026 प्रवेश परीक्षा होगी। इस परीक्षा में 2025 व 2026 दोनों वर्षों में साइंस बाॅयलोजी से 12वीं पास करने वाले विद्यार्थी शामिल हो सकते हैं। इच्छुक विद्यार्थी https://lnmpnyas.org/  पर आवेदन कर सकते हैं।

इस योजना के तहत उत्तर भारत के हिन्दी भाषी प्रदेशों के सरकारी स्कूलों के चयनित 126 विद्यार्थियों को नीट-यूजी के लिए निशुल्क कोचिंग के साथ-साथ निशुल्क आवास व भोजन भी उपलब्ध करवाया जा रहा है। इसमें 81 छात्राएं एवं 45 छात्र शामिल हैं।

योजना के तहत एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट की ओर से कोटा में मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट-यूजी की एक साल के लिए निशुल्क कोचिंग (100 प्रतिशत स्कॉलरशिप) दी जा रही है। वहीं एल एन माहेश्वरी परमार्थ न्यास की ओर से इन विद्यार्थियों के निशुल्क आवास और भोजन की व्यवस्था भी की जा रही है।

शिक्षा संबल योजना के तहत मध्य भारत के राजस्थान, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और उत्तराखंड राज्यों के हिन्दी माध्यम के सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।

लाल निशान में खुले बाजार, सेंसेक्स 77900 से नीचे और निफ्टी 24314 पर

नई दिल्ली। Stock Market Opened, May 7, 2026: भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत कमजोरी के साथ हुई। सुबह करीब 9:25 बजे सेंसेक्स 95 अंक गिरकर 77,862 पर कारोबार करता दिखा, जबकि निफ्टी 16 अंक टूटकर 24,314 के स्तर पर पहुंच गया। शुरुआती कारोबार में बाजार पर दबाव देखने को मिला और निवेशकों ने सतर्क रुख अपनाया।

निफ्टी बैंक इंडेक्स में भी कमजोरी रही और यह 139 अंक फिसलकर 55,841 के स्तर पर कारोबार करता दिखा। वहीं निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज इंडेक्स और निफ्टी 50 भी हल्की गिरावट में रहे। हालांकि निफ्टी नेक्स्ट 50 में मजबूती देखने को मिली।

शुरुआती कारोबार में महिंद्रा ऐंड महिंद्रा, इटरनल, मारुति, अल्ट्राटेक सीमेंट और टाटा स्टील जैसे शेयरों में खरीदारी देखने को मिली। एशियन पेंट्स, एनटीपीसी, ट्रेंट और कोटक महिंद्रा बैंक भी हरे निशान में कारोबार करते दिखे।

वहीं दूसरी ओर अदाणी पोर्ट्स, टीसीएस, हिंदुस्तान यूनिलीवर, पावर ग्रिड, सन फार्मा, बजाज फिनसर्व और एचडीएफसी बैंक जैसे दिग्गज शेयरों में दबाव देखने को मिला। रिलायंस इंडस्ट्रीज, एसबीआई और भारती एयरटेल भी मामूली कमजोरी के साथ कारोबार करते नजर आए।

ग्लोबल बाजारों के हाल
वैश्विक बाजारों से मिले-जुले संकेत देखने को मिल रहे हैं। एशियाई बाजारों में जापान का निक्केई 225 इंडेक्स लंबी छुट्टी के बाद कारोबार शुरू होने पर जोरदार तेजी के साथ पहली बार 62,000 के स्तर के पार पहुंच गया। इंडेक्स में 5 प्रतिशत से ज्यादा की तेजी दर्ज की गई।

हांगकांग का हैंगसेंग इंडेक्स भी बढ़त के साथ कारोबार करता दिखा, जबकि चीन का CSI 300 इंडेक्स लगभग सपाट रहा। अमेरिकी बाजारों में बुधवार को मजबूत तेजी देखने को मिली। डॉव जोंस इंडस्ट्रियल एवरेज 1.24 प्रतिशत और एसएंडपी 500 इंडेक्स 1.46 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ। वहीं नैस्डैक कंपोजिट 2.02 प्रतिशत चढ़ गया। एसएंडपी 500 और नैस्डैक ने नए रिकॉर्ड स्तर भी छुए।

अमेरिका में एआई और टेक्नोलॉजी कंपनियों में खरीदारी से बाजार को मजबूती मिली। निवेशकों का भरोसा मजबूत रहने से वैश्विक बाजारों में सकारात्मक माहौल बना हुआ है। हालांकि, कच्चे तेल की कीमतों में तेजी चिंता बढ़ा सकती है।

अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण ब्रेंट क्रूड की कीमतों में उछाल देखा गया। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को चेतावनी दी है कि यदि वह शांति समझौते के लिए तैयार नहीं होता, तो उस पर बड़े स्तर पर कार्रवाई की जा सकती है। ब्रेंट क्रूड का मई वायदा भाव एशियाई कारोबार के दौरान 0.56 प्रतिशत बढ़कर 101.84 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

सोना और चांदी की कीमतों में भी तेजी देखने को मिली। गोल्ड फ्यूचर्स 0.72 प्रतिशत और सिल्वर फ्यूचर्स 1.82 प्रतिशत की बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के बीच निवेशक सुरक्षित निवेश विकल्पों की ओर रुख कर रहे हैं।

कोटा विश्वविद्यालय में जामवंत सीरीज पर नेशनल सेमिनार कल

कोटा। कोटा विश्वविद्यालय एवं दिवाथर्व विकास फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में विकसित भारत के तहत जामवंत सीरीज पर अपने भीतर छिपी आंतरिक शक्ति को पहचाने के लिये यूनिवर्सिटी सभागार में 8 मई को प्रातः 10 बजे से एक दिवसीय नेशनल सेमिनार आयोजित होगी।

फाउंडेशन की निदेशक अनिता चौहान एवं कोटा विवि में डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रो.डॉ. नीलू चौहान ने बताया कि इस नेशनल सेमिनार में मेड इन भारत के एम्बेसेडर व अफ्रीका में विशेष सलाहकार डॉ. दीपक वोहरा मुख्य अतिथी एवं प्रमुख वक्ता होंगे।

सेमिनार में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो.बी.पी.सारस्वत, ले.कर्नल हिमांशी सिंह, आईएसटीडी देहरादून के चेयरमैन अनूप कुमार, अर्थशास्त्री डॉ गोपाल सिंह, साइक्लोजिस्ट व लेखिका डॉ. सुरभि गोयल, मोदी इंस्टीट्यूट के निदेशक डॉ.एन.के.जोशी विभिन्न पैनल सत्रों में उद्बोधन देंगे।

उन्होंने बताया कि बदलती दुनिया में प्रत्येक क्षेत्र में भारत की भूमिका महत्वपूर्ण होती जा रही है। देश के युवाओं में लीडरशिप क्षमता विकसित करने के लिये मानसिक दक्षता के साथ हर क्षेत्र में एक्सीलेंस से आगे आना होगा।

भारतीय शास्त्रों में भी उल्लेख है कि हनुमान को उनकी शक्ति याद दिलाना ही जामवंत का धर्म है। इसलिये युवा वर्ग अपनी छिपी हुई शक्ति को पहचानें और पुरूत्थानशील भारत का नेतृत्व करें।

सेमीनार में आईएसटीडी कोटा के चेयरमैन डॉ अमित सिंह राठौड, दिवाथर्व विकास फाउंडेशन के सलाहकार केबी नंदवाना, समाजसेवी जीडी पटेल सहित शहर के कई शिक्षाविद, गणमान्य नागरिक, शिक्षक एवं छात्र उपस्थित रहेंगे। सेमिनार में सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र द्वारा सम्मानित किया जायेगा।

कोटा डेयरी में चेयरमैन राठौड़ ने किया एक करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण

कोटा। कोटा-बूंदी जिला दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लि. में बुधवार को विकास की नई इबारत लिखी गई, जब कोटा डेयरी परिसर में विभिन्न विकास कार्यों का भव्य लोकार्पण किया गया। संघ के अध्यक्ष चैनसिंह राठौड़ ने फीता काटकर इन परियोजनाओं का शुभारंभ किया।

डेयरी के प्रबंध संचालक दिलखुश मीणा ने बताया कि लगभग एक करोड़ रुपये से अधिक लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण अध्यक्ष राठौड़ ने किया।

इन कार्यों में प्रशासनिक भवन परिसर में लेखा शाखा का विस्तार, डेयरी संयंत्र परिसर में दुग्ध उत्पाद भवन, आधुनिक प्रयोगशाला एवं एगमार्क भवन का निर्माण तथा डेयरी डॉक के विस्तार जैसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट शामिल हैं।

इस अवसर पर अध्यक्ष चैनसिंह राठौड़ ने कहा कि डेयरी क्षेत्र में आधारभूत संरचना का सुदृढ़ होना समय की आवश्यकता है। इन विकास कार्यों से न केवल दुग्ध प्रसंस्करण क्षमता में वृद्धि होगी, बल्कि गुणवत्ता नियंत्रण को भी मजबूती मिलेगी।

उन्होंने कहा कि संघ किसानों और दुग्ध उत्पादकों के हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा भविष्य में भी इसी प्रकार के विकास कार्य निरंतर जारी रहेंगे, जिससे क्षेत्र के दुग्ध व्यवसाय को नई ऊंचाइयां मिल सकें।

भारत के भू भाग पर रहने वाला प्रत्येक व्यक्ति हिंदू: मुरलीधर

कोटा। भारत विश्व को आदिकाल से ही ज्ञान और दिशा देने का कार्य करता रहा है। क्योंकि हिंदुत्व सदियों से प्रकृति पूजक एवं प्रकृति का संरक्षक रहा है।

यह बात राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के चित्तौड़ प्रांत प्रचारक मुरलीधर ने महावीर नगर तृतीय स्थित स्वामी विवेकानंद उच्च माध्यमिक विद्यालय मे चल रहे क्षेत्रीय प्रधानाचार्य वर्ग में अपने उद्बोधन में कहीं।

प्रांत प्रचारक ने बताया कि हिंदुत्व, ज्ञान और विवेक का संगम है। इसलिए हिंदुत्व एक वैश्विक धर्म है किंतु अन्य पंथ एवं पूजा पद्धति में अपने विचारों से भ्रम पैदा कर भारतीय धर्म को नीचा दिखाने का प्रयत्न किया है।

लुटेरों, आक्रांताओं ने लंबे समय तक के गुलामी काल में भारत देश की मूल छवि को कमजोर करने का प्रयत्न किया है। नई पीढ़ी के लोग राष्ट्रीयता पर भ्रमित कर दिए गए, एवं सेकुलर जैसे शब्द पैदा किए गए, जो संकीर्ण मानसिकता को दर्शाता है। भारत के भू भाग पर रहने वाला प्रत्येक व्यक्ति हिंदू है, जो जड़ चेतन में ईश्वरीय सत्ता की अनुभूति करता है।

नदियों, पहाड़ों की पूजा करता है। विद्यालय प्रधानाचार्य एवं वर्ग सह प्रबंध प्रमुख महेश शर्मा ने बताया कि प्रारंभ में मंचस्थ अतिथियों ने मां सरस्वती के सम्मुख दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। फिर एकल गीत प्रस्तुत किया गया।

कार्यक्रम में विद्या भारती राजस्थान क्षेत्र के संगठन मंत्री गोविंद कुमार, वर्ग के पालक एवं क्षेत्रीय उपाध्यक्ष भरतराम कुम्हार, वर्ग संयोजक नवीन कुमार झा, जोधपुर प्रांत निरीक्षक भगवत दान, वर्ग प्रबंध प्रमुख सतीश कुमार गौतम, प्रशिक्षक टोली के अधिकारी व प्रधानाचार्य उपस्थित रहे।