सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को निशुल्क कोचिंग का मौका
कोटा। एलएन माहेश्वरी परमार्थ न्यास एवं एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट के संयुक्त तत्वावधान में संचालित एलन शिक्षा संबल कार्यक्रम की दूसरी प्रवेश परीक्षा आगामी 10 मई को होगी। इसके लिए आवेदन की अंतिम तिथि 8 मई तक है। विद्यार्थी वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं।
न्यास के सदस्य नवीन माहेश्वरी ने बताया कि सरकारी स्कूलों के हिन्दी माध्यम की प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने के लिए यह कार्यक्रम शुरू किया था। अब नीट-2027 की तैयारी के लिए एडमिशन प्रक्रिया चल रही है।
इसके तहत 10 मई 2026 प्रवेश परीक्षा होगी। इस परीक्षा में 2025 व 2026 दोनों वर्षों में साइंस बाॅयलोजी से 12वीं पास करने वाले विद्यार्थी शामिल हो सकते हैं। इच्छुक विद्यार्थी https://lnmpnyas.org/ पर आवेदन कर सकते हैं।
इस योजना के तहत उत्तर भारत के हिन्दी भाषी प्रदेशों के सरकारी स्कूलों के चयनित 126 विद्यार्थियों को नीट-यूजी के लिए निशुल्क कोचिंग के साथ-साथ निशुल्क आवास व भोजन भी उपलब्ध करवाया जा रहा है। इसमें 81 छात्राएं एवं 45 छात्र शामिल हैं।
योजना के तहत एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट की ओर से कोटा में मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट-यूजी की एक साल के लिए निशुल्क कोचिंग (100 प्रतिशत स्कॉलरशिप) दी जा रही है। वहीं एल एन माहेश्वरी परमार्थ न्यास की ओर से इन विद्यार्थियों के निशुल्क आवास और भोजन की व्यवस्था भी की जा रही है।
शिक्षा संबल योजना के तहत मध्य भारत के राजस्थान, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और उत्तराखंड राज्यों के हिन्दी माध्यम के सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।

