टेंट व्यवसायियों के महाधिवेशन एवं अनन्त उर्जा, EV एक्सपो का उद्धघाटन लोकसभा अध्यक्ष करेंगे
कोटा। राजस्थान टेन्ट डीलर्स किराया व्यवसायी समिति, हाड़ोती एवं कोटा टेंट डीलर्स समिति के संयुक्त तत्वावधान में राजस्थान के टेन्ट व्यवसाइयों के 16वें प्रान्तीय महाधिवेशन का उद्घाटन लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला 6 सितम्बर को करेंगे ।
कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव अशोक माहेश्वरी के नेतृत्व में दिल्ली में मिले प्रतिनिधिमण्डल को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने अपनी सहमति प्रदान कर दी है ।

प्रतिनिधिमंडल में मौजूद होटल फेडरेशन आफ राजस्थान कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी एवं मुख्य सलाहकार अनिल मूंदड़ा ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को बताया कि कोटा के बेहतरीन पर्यटन स्थलों की लोकेशन को देखते हुए लगातार यहां पर मुंबई से फिल्म प्रोड्यूसरों की टीमें हाड़ोती में शूटिंग के लिए निरंतर आ रही हैं।
14 अगस्त को ही मुंबई से एक टीम हाड़ोती में लोकेशन देखने के लिए आ रही है। उन्होंने बिरला से अपील की कि पर्यटन विभाग एवं जिला प्रशासन द्वारा उन्हे सहयोग दिया जाना चाहिए ।
माहेश्वरी ने कहा कि हाड़ोती में फिल्मों की शूटिंग होगी तो हमारे यहां के पर्यटन स्थलों का प्रचार प्रसार राष्ट्रीय स्तर पर होगा। राजस्थान फिल्म फेस्टिवल एवं जयपुर फिल्म फेस्टिवल की तरह चंबल फिल्म फेस्टिवल को भी राज्य सरकार द्वारा आर्थिक मदद दी जानी चाहिए।
वैसा सहयोग चंबल फिल्म फेस्टिवल को भी मिले तो हाड़ोती को भी फिल्म सिटी बनाने में सहयोग मिलेगा। उन्होंने बताया कि कोटा में लगातार 9 वर्षों से चम्बल फिल्म फेस्टिवल का आयोजन किया जाता रहा है। इसमें 100 से भी अधिक देशों की फिल्में का प्रदर्शन किया जाता है।
बिरला ने आश्वस्त किया कि वह राज्य सरकार से इस मसले पर बात करेंगे । उन्होंने कहा हाड़ोती के पर्यटन और व्यापार के विकास के लिए वह निरंतर सहयोग एवं प्रोत्साहन करते रहेंगे ।
हाड़ोती टेन्ट डीलर्स समिति के अध्यक्ष दीपक सिंघल, कोटा टेन्ट डीलर्स समिति के अध्यक्ष सोरभ पोरवाल, सचिव गुरमीत सिंह सन्नी एवं कोषाध्यक्ष मोहरमन सिंह ने बताया की इस महाधिवेशन का आयोजन 6 से 8 सितम्बर को कोटा के दशहरा मैदान फेस 2 में किया जा रहा है जिसकी तैयारियां शुरू कर दी गई है। इस सम्मेलन मे देश भर से 10 से 15 हजार टेन्ट, वेंडिंग एवं इवेन्ट से जुड़े व्यवसायी भाग लेंगे।
कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव अशोक माहेश्वरी ने बताया कि कोटा व्यापार महासंघ के प्रयासों से 24 वर्षों के अंतराल के बाद यह राज्य स्तरीय प्रांतीय महाधिवेशन कोटा में होने जा रहा है। इसमें 300 से अधिक स्टॉल लगाई जा रही हैं। महाधिवेशन में देश भर के टेंट डेकोर एवं इवेंट उद्योग व्यवसाय भाग ले रहे हैं।
अनंत ऊर्जा सोलर एंड ई वी एक्सपो का भी आयोजन
माहेश्वरी ने बताया कि इसी के साथ टीपीएन सॉल्यूशन एंड हाडोती सोलर पावर सोसायटी द्वारा अनंत ऊर्जा सोलर एंड ई वी एक्सपो 2026 का उद्घाटन भी लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला द्वारा किया जाएगा। टी पी एन सॉल्यूशन के आयोजक जितेंद्र गोयल ने बताया कि यह आयोजन सौर ऊर्जा, इलेक्ट्रिक वाहन (EV), एवं Green Technology के क्षेत्र में कार्यरत निर्माताओं, MSMES, EPC कंपनियों, डीलर्स, डिस्ट्रीब्यूटर्स, निवेशकों एवं उद्योग विशेषज्ञों को एक साझा मंच प्रदान करने के उद्देश्य से किया जा रहा है। इस एक्सपो में देशभर से 100+ कंपनियों के भाग लेने तथा बड़ी संख्या में उद्योग प्रतिनिधियों एवं व्यापारिक आगंतुकों के आने की संभावना है।

