सेंसेक्स में 350 अंक की गिरावट, निफ्टी 10700 के नीचे फिसला

800

मुंबई। शेयर बाजार में सोमवार को शुरुआत से ही गिरावट बनी हुई है। कारोबार के दौरान सेंसेक्स 350 से ज्यादा अंक गिरकर 35,667.94 के निचले स्तर पर पहुंच गया। निफ्टी में 105 अंक की गिरावट दर्ज की गई। यह 10,663 तक फिसल गया। बैंकिंग, ऑटो और मेटल शेयरों में बिकवाली का दबाव ज्यादा है। ब्रोकर्स का कहना है कि कुछ बड़ी कंपनियों के तिमाही नतीजे कमजोर रहने और अमेरिका-चीन के बीच व्यापार वार्ता को लेकर अनिश्चितता की वजह से निवेशकों के मन में चिंता है।

इंडियाबुल्स हाउसिंग फाइनेंस में 6% गिरावट
एनएसई पर अडानी पोर्ट्स के शेयर में 9% से ज्यादा गिरावट आ गई। इंडियाबुल्स हाउसिंग फाइनेंस का शेयर 6% लुढ़क गया। कारोबार के दौरान वोडाफोन-आईडिया का शेयर 13% गिरकर 28.45 रुपए के अब तक के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया।

डिश टीवी के शेयर में 9% नुकसान
एस्सेल ग्रुप की कंपनी जी एंटरटेनमेंट में 12% और एस्सेल प्रोपैक में 14% उछाल आया है। शुक्रवार को शेयर 33% गिरने के बाद एस्सेल ग्रुप ने रविवार को कहा कि कर्जदाता प्रमोटरों को डिफॉल्टर घोषित नहीं करेंगे। प्रमोटरों ने कर्ज लेने के लिए बैंकों, एनबीएफसी और म्यूचुअल फंडों के पास शेयर गिरवी रखे हैं। इस ऐलान से शेयर में तेजी आई। ग्रुप की 3 अन्य कंपनियों जी मीडिया में 19%, डिश टीवी में 9%, और जी लर्न में 4.5% की गिरावट आई है।

शेयर बाजार में लगातार दूसरे सत्र में गिरावट
सेंसेक्स शुक्रवार को 169 अंक की गिरावट के साथ 36,025.54 पर बंद हुआ था। निफ्टी की क्लोजिंग 69.25 प्वाइंट नीचे 10,780.55 पर हुई थी। उस दिन विदेशी निवेशकों ने 689.28 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे थे। घरेलू निवेशकों ने 147.35 करोड़ की बिकवाली की थी।