नई दिल्ली। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू के सचिव और वरिष्ठ आईएएस अधिकारी कार्तिकेय मिश्रा एक बड़े विवाद में घिर गए हैं। वह राष्ट्रीय राजमार्ग-16 से होकर विजयवाड़ा से अमरावती जा रहे थे।
इस दौरान वेंकटपालेम टोल प्लाजा पर उनकी कार रोकी गई। टोल कर्मी ने उनके ड्राइवर से टोल टैक्स मांगा। इससे वह काफी नाराज हो गए। टोल प्लाजा की जिम्मेदारी संभाल रही निजी कंपनी से उन्होंने इसकी शिकायत की। इसके बाद कंपनी ने अपने पांच कर्मियों को नौकरी से निकाल दिया।
एक रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से कहा है कि कार्तिकेय मिश्रा विजयवाड़ा से अमरावती जा रहे थे। उनकी सरकारी गाड़ी पर कोई लाल बत्ती, झंडा या सरकारी चिह्न नहीं लगा था। टोल कर्मी को शुरुआत में कार के भीतर बैठे अधिकारी नजर नहीं आए, इसलिए उसने ड्राइवर से टोल टैक्स मांगा। आपको बता दें कि कार्तिकेय मिश्रा के पास मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) में आईटी, उद्योग, बुनियादी ढांचा और परिवहन सहित 11 महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी है।
जब ड्राइवर ने बताया कि यह सीएमओ में काम करने वाले एक वरिष्ठ आईएएस अधिकारी की गाड़ी है तो टोल कर्मी ने पहचान पत्र दिखाने को कहा। इसी बात पर ड्राइवर और टोल एजेंट के बीच कहासुनी शुरू हो गई। दो अन्य टोल कर्मी भी शामिल हो गए। टोल कर्मियों को ड्राइवर के दावे पर संदेह हुआ।
बहस बढ़ती देख खुद कार्तिकेय मिश्रा ने हस्तक्षेप किया। कर्मचारियों के रवैये पर कड़ी आपत्ति जताई। इसके बाद टोल कर्मियों ने बूम बैरियर उठा दिया, लेकिन अधिकारी वहां करीब 10 मिनट तक रुके रहे और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के वरिष्ठ अधिकारियों की जानकारी लेकर वहां से निकले।
सूत्रों ने बताया कि बाद में कार्तिकेय मिश्रा ने विजयवाड़ा और अमरावती स्थित एनएचएआई अधिकारियों को अपने कार्यालय में तलब किया और टोल संचालक एजेंसी स्काईलार्क इन्फ्रा इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड के पांच कर्मचारियों को हटाने को कहा। उनमें तीन टोल कर्मी, एक पर्यवेक्षक और एक शिफ्ट प्रभारी शामिल हैं। उसी शाम इन पांचों कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया।
इस पूरे विवाद पर जब कार्तिकेय मिश्रा से प्रतिक्रिया मांगी गई तो उन्होंने केवल एक शब्द कहा कलियुग। वहीं, एनएचएआई मुख्यालय में आंध्र प्रदेश के टोल बूथों के प्रभारी महाप्रबंधक विपिन मंगला ने घटना की जानकारी होने की बात तो कही, लेकिन इस पर आगे कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया।
विवादों में रहा है वेंकटपालेम टोल प्लाजा
विजयवाड़ा बाईपास पर स्थित वेंकटपालेम टोल प्लाजा पहले भी कई बार विवादों में रहा है। एक पुलिस अधिकारी के अनुसार, स्थानीय लोगों और गैर-व्यावसायिक वाहनों को मुफ्त सर्विस रोड का उपयोग करने की अनुमति है, लेकिन टोल कर्मचारी अक्सर बैरिकेड लगाकर सर्विस रोड का रास्ता बंद कर देते हैं और टोल वसूलते हैं। इस वजह से सरकारी कर्मचारियों, वकीलों, हाईकोर्ट और सचिवालय के कर्मियों के साथ आए दिन नोकझोंक होती है।
अगस्त महीने में आंध्र प्रदेश हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति चीमलपाटी रवि ने स्थानीय यात्रियों की याचिका पर सुनवाई करते हुए टोल संचालक और एनएचएआई को सर्विस रोड से बैरिकेड हटाने का अंतरिम आदेश दिया था।

