सांगोद में बनेगा अत्याधुनिक बहुउद्देशीय पशु चिकित्सालय भवन

0
4

ऊर्जा मंत्री के प्रयासों से पॉलीक्लीनिक के लिए 12,500 वर्गमीटर भूमि आवंटित

कोटा। ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर की अनुशंसा पर सांगोद में स्वीकृत बहुउद्देशीय पशु चिकित्सालय के लिए राज्य सरकार की ओर से भूमि का आवंटन कर दिया गया है। स्वायत्त शासन विभाग, जयपुर द्वारा सांगोद में बहुउद्देशीय पशु चिकित्सालय (पॉलीक्लीनिक) भवन निर्माण के लिए 12,500 वर्गमीटर भूमि आवंटित करने की सक्षम स्वीकृति प्रदान कर दी गई है।

स्वायत्त शासन विभाग के निदेशक एवं विशिष्ट सचिव द्वारा जारी आदेश के अनुसार, नगर पालिका सांगोद से प्राप्त प्रस्तावानुसार एवं मुख्य नगर नियोजक, निदेशालय की तकनीकी राय के आधार पर खसरा नंबर 335/2865 रकबा 04 हैक्टेयर में से कुल 12500 वर्गमीटर भूमि निःशुल्क आवंटित की गई है। अब भूमि पर सड़क का मार्गाधिकार कायम करने तथा एचटी लाईन का सुरक्षात्मक मापदंडों के अनुसार निर्धारित सेफ्टी कॉरिडोर सुनिश्चित किया जाएगा।

​उल्लेखनीय है कि सांगोद स्थित प्रथम श्रेणी पशु चिकित्सालय को राज्य सरकार द्वारा क्रमोन्नत किया गया है। जिसके बाद अब यहाँ इस बहुउद्देशीय पशु चिकित्सालय का भव्य व आधुनिक निर्माण किया जाएगा।

सांगोद क्षेत्र के पशुपालकों और किसानों के लिए यह एक अत्यंत हर्ष का विषय है, क्योंकि वर्तमान में पशुओं की सोनोग्राफी, एक्स-रे और जटिल ऑपरेशनों के लिए उन्हें अपने बीमार पशुओं को लेकर जिला मुख्यालय कोटा जाना पड़ता था।

इससे न केवल उनका समय और धन बर्बाद होता था, बल्कि गंभीर स्थिति में पशुओं की जान का जोखिम भी बना रहता था। अब सांगोद में ही पॉलीक्लीनिक की स्थापना होने से ये सभी अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकेंगी।

इस नवसृजित बहुउद्देशीय पशु चिकित्सालय में पशुओं के इलाज के लिए अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। चिकित्सालय का विस्तृत नक्शा बनकर पूरी तरह तैयार हो चुका है।

इस पॉलीक्लीनिक में पशुओं के लिए विशेष सोनोग्राफी मशीन, डिजिटल एक्स-रे मशीन, आधुनिक ऑपरेशन थिएटर, अत्याधुनिक ऑपरेशन टेबल, मूविंग स्टूल तथा बड़े व छोटे पशुओं को लाने-ले जाने के लिए एनिमल लार्ज एवं स्मॉल स्ट्रेचर सहित कई प्रकार के सर्जिकल और डायग्नोस्टिक आईटम उपलब्ध कराए जाएंगे।

इसके सुचारू संचालन के लिए राज्य सरकार द्वारा चिकित्सा अधिकारियों सहित अन्य तकनीकी व सहायक स्टाफ के पदों का भी सृजन कर दिया गया है।

अस्पताल भवन के निर्माण के साथ ही चिकित्सालय में आवश्यक फर्नीचर और आधुनिक सर्जिकल उपकरणों की त्वरित खरीद के लिए भी सरकार द्वारा वित्तीय राशि की स्वीकृति जारी कर दी गई है।

पूर्व में सांगोद का यह बहुउद्देशीय पशु चिकित्सालय मोखापाड़ा (कोटा) में ही स्थापित व संचालित था, लेकिन अब सांगोद नगर पालिका क्षेत्र में स्वयं की विशाल और सर्वसुविधायुक्त भूमि आवंटित होने से यहाँ स्थाई व सुदृढ़ ढांचा खड़ा होगा।

इस महत्वाकांक्षी परियोजना के धरातल पर उतरने से सांगोद और आसपास के ग्रामीण अंचलों के हजारों पशुपालकों और किसानों को बड़ी राहत मिलेगी तथा क्षेत्र में पशुधन संरक्षण को एक नई मजबूती मिलेगी।