गीता भवन में धर्म संस्कार शिविर शुरू: बच्चे सीखेंगे सर्वांगीण विकास और आत्मरक्षा के गुर

0
7

​कोटा। श्री महाराजा अग्रसेन सोशल ग्रुप एवं गीता सत्संग आश्रम समिति के संयुक्त तत्वावधान में 11 दिवसीय धर्म संस्कार शिविर का भव्य शुभारंभ सोमवार को हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि चेयरमैन संजय गोयल एवं परमानंद गर्ग द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ की गई।

इस अवसर पर चेयरपर्सन पुष्पा गर्ग ने शिविर के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि वर्तमान समय में बच्चों में संस्कारों के समग्र विकास की अत्यंत आवश्यकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए शिविर के दौरान धर्म-ध्यान, रोजगारोन्मुखी कौशल, आत्मविश्वास वृद्धि और आत्मरक्षार्थ तकनीकों के माध्यम से प्रतिभागियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष प्रयोग करवाए जाएंगे।

संभागीय महामंत्री सपना गोयल ने जानकारी दी कि शिविर में 6 वर्ष से लेकर 18 वर्ष तक के 50 से अधिक बच्चों ने पंजीकरण कराया है। वहीं, बड़ी उम्र के वर्ग में 65 वर्ष तक के वयस्कों और महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर रजिस्ट्रेशन कराया है।

जिलाध्यक्ष राजकुमार गोयल ने बताया कि शिविर के माध्यम से दैनिक जीवन को अनुशासित और स्वस्थ बनाने की कला सिखाई जा रही है। प्रथम दिन प्रातःकाल की बेला में शरीर को निरोगी रखने के उपाय साझा किए गए। इस दौरान योगाचार्य ने बैठकर किए जाने वाले विभिन्न आसनों का अभ्यास कराया, विशेषकर कमर की अतिरिक्त चर्बी को कम करने वाले आसनों को बारीकी से समझाया।

​शिविर के आगामी दिनों के सत्रों में शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ नैतिक और व्यावहारिक शिक्षा पर भी जोर दिया जाएगा। इसके तहत आत्मरक्षार्थ दण्ड संचालन, रामायण के प्रेरक प्रसंग, महापुरुषों का जीवन दर्शन तथा अपना दैनिक कार्य स्वयं करने के लिए आत्मनिर्भरता का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

शिविर के पहले दिन सपना गोयल व अर्चना राजावत ने सभी बच्चों का सामूहिक परिचय करवाकर उनका झिझक दूर किया। इसके बाद बच्चों को भोजन करने का सही तरीका और साफ-सफाई से जुड़ी आवश्यक बातें सिखाई गईं।

इस मौके पर गीता भवन के महामंत्री रामेश्वर विजय ने श्रीमद्भगवद्गीता के संस्कारों और मानव जीवन में उनकी उपयोगिता को रेखांकित किया। आगामी सत्रों के बारे में जानकारी देते हुए अर्चना शेखावत ने बताया कि आगे बच्चों के बोलने के संकोच को दूर करने और व्यावहारिक प्रश्नोत्तर के माध्यम से उनका मंच का डर खत्म करने के विशेष प्रयास किए जाएंगे।