नई दिल्ली। Stock Market: Opened : शेयर मार्केट की गिरावट मंगलवार को भी नहीं थमी। बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स आज 74000 के नीचे खुला। इसमें 322 अंकों का नुकसान रहा। वहीं, एनएसई 50 शेयरों वाला बेंचमार्क इंडेक्स निफ्टी गिरावट के शतक के साथ 153 अंक नीचे 23229 के लेवल से कारोबार की शुरुआत की।
बड़े शेयरों के साथ-साथ व्यापक बाजार में भी कमजोरी देखने को मिली। निफ्टी मिडकैप इंडेक्स करीब 0.95 प्रतिशत और निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स 0.96 प्रतिशत तक गिर गया। इससे निवेशकों की जोखिम लेने की धारणा पर दबाव साफ नजर आया।
सेक्टोरल मोर्चे पर आईटी शेयरों में खरीदारी जारी रही। निफ्टी आईटी इंडेक्स करीब 2 प्रतिशत की बढ़त के साथ सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाले सेक्टर्स में शामिल रहा। मेटल शेयरों में भी मजबूती देखने को मिली। इसके विपरीत, फार्मा और हेल्थकेयर सेक्टर में दबाव बना रहा और ये सबसे कमजोर प्रदर्शन करने वाले सेक्टर्स में शामिल रहे।
ग्लोबल मार्केट के संकेत
- डॉऊ जोंस
अमेरिकी बाजार में टेक्नोलॉजी शेयरों की अगुवाई में मामूली बढ़त दर्ज हुई। डॉऊ जोंस 46 अंक बढ़कर 51,078 पर, एसएंडपी 500 19 अंक चढ़कर 7,599 पर और नैस्डैक 114 अंक की तेजी के साथ 27,086 पर बंद हुआ। - गिफ्ट निफ्टी हाल
गिफ्ट निफ्टी लगभग 23,312 के स्तर पर कारोबार कर रहा था, जो निफ्टी फ्यूचर्स के पिछले बंद स्तर से करीब 150 अंकों की छूट दर्शाता है, यह भारतीय बाजार के लिए नकारात्मक शुरुआत का संकेत है। - अमेरिका-ईरान वार्ता
अमेरिका ने मध्य-पूर्व में युद्ध समाप्त करने के लिए ईरान के साथ शांति समझौते में तेज प्रगति का दावा किया था, लेकिन खबरों के अनुसार ईरान ने लेबनान में इजरायली कार्रवाई और दक्षिणी बेरूत को निशाना बनाने के सैन्य अभियान के विरोध में सभी शांति वार्ताएं स्थगित कर दीं। - कच्चे तेल की कीमतें
युद्ध की अनिश्चितता के चलते कच्चे तेल की कीमतें पिछले सत्र की तेज बढ़त को बनाए हुए हैं। ब्रेंट क्रूड 0.06 प्रतिशत बढ़कर 95.04 डॉलर प्रति बैरल पर और वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट 0.18 प्रतिशत घटकर 91.99 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।

